Connect with us

कोरबा

बालको ने डिजिटल कंट्रोल टावर्स के माध्यम से प्रचालन को बनाया अधिक स्मार्ट

Published

on

बालकोनगर, 31 अगस्त 2026। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने लॉजिस्टिक्स और प्रचालन को अधिक स्मार्ट और कनेक्टेड बनाने की दिशा में पांच एआई-सक्षम डिजिटल कंट्रोल टावर्स को एकीकृत किया है। ये कंट्रोल टावर्स कोयला लॉजिस्टिक्स, फिनिश्ड प्रोडक्ट, फ्लाई फ्लाई ऐश प्रबंधन, आंतरिक वाहनों और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े संचालन को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाते हैं। इससे महत्वपूर्ण प्रचालन गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी, बेहतर समन्वय और डेटा आधारित निर्णय लेने में मदद मिल रही है। यह पहल तकनीक-सक्षम और मजबूत घरेलू विनिर्माण मूल्य श्रृंखला विकसित करने की भारत की व्यापक दिशा के अनुरूप है।

इस डिजिटल व्यवस्था में जीपीएस, आईओटी आधारित वाहन ट्रैकिंग, एआई आधारित वीडियो टेलीमैटिक्स, जियो-फेंसिंग और रियल-टाइम एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इनके माध्यम से लॉजिस्टिक्स गतिविधियों की शुरुआत से अंत तक निगरानी और बेहतर प्रबंधन संभव हो रहा है। एजेंटिक एआई से लैस ये कंट्रोल टावर्स उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर प्रचालन के रुझानों को समझने, संभावित आवश्यकताओं की पहचान करने और समय पर कार्रवाई के लिए सुझाव देने में मदद करते हैं। इससे संसाधनों के बेहतर उपयोग, प्रक्रियाओं में अनुशासन और प्रचालन की प्रभावशीलता को बढ़ावा मिलता है।

कोयला लॉजिस्टिक्स कंट्रोल टावर कोयले के परिवहन की डिजिटल ट्रैकिंग और मूवमेंट प्लानिंग में मदद करता है। इससे कोयले की आवाजाही की निगरानी और आपूर्ति श्रृंखला में बेहतर समन्वय सुनिश्चित होता है। फिनिश्ड प्रोडक्ट कंट्रोल टावर प्लांट के भीतर तैयार उत्पादों की आवाजाही को डिजिटल रूप से प्रबंधित करता है। इसमें डिजिटल प्रूफ ऑफ डिलीवरी, जियो-फेंसिंग आधारित रूटिंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो उत्पादों की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित बनाती हैं। फ्लाई ऐश मैनेजमेंट कंट्रोल टावर राख की आवाजाही और निर्धारित मार्गों की रियल-टाइम निगरानी करता है। इससे राख के परिवहन की बेहतर ट्रैकिंग, संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन में सहायता मिलती है। वेस्ट मैनेजमेंट कंट्रोल टावर अपशिष्ट पदार्थों की आवाजाही और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन की निगरानी करता है, जिससे बेहतर ट्रेसबिलिटी और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।

वहीं, इंटरनल व्हीकल कंट्रोल टावर प्लांट परिसर में संचालित तकनीकी और उपयोगिता वाहनों की केंद्रीकृत निगरानी करता है। इसमें मीडियम टैक्टिकल व्हीकल्स (एमटीवी), लाइट मीडियम टैक्टिकल व्हीकल्स (एलटीवी), फोर्कलिफ्ट, हाइड्रा, कैंपर और बस जैसे वाहन शामिल हैं। इन सभी वाहनों को साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने से उनकी गतिविधियों की निगरानी और प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।

ये कंट्रोल टावर्स बालको की व्यापक डिजिटलाइजेशन रणनीति का हिस्सा हैं। वाहनों, मार्गों, आवाजाही और अन्य प्रचालन गतिविधियों से प्राप्त आंकड़ों को एकीकृत कर यह व्यवस्था टीमों को महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स कार्यों की समग्र जानकारी उपलब्ध कराती है। इससे प्रचालन में होने वाले बदलावों की पहचान, प्रदर्शन का विश्लेषण और आवश्यक कार्रवाई तेजी से करने में मदद मिलती है।

कंट्रोल टावर्स के माध्यम से कच्चे माल, फिनिश्ड प्रोडक्ट, आंतरिक वाहनों और विनियमित अपशिष्ट की आवाजाही में बेहतर निगरानी और समन्वय स्थापित हुआ है। इससे जवाबदेही, संसाधनों के बेहतर उपयोग और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती को बढ़ावा मिल रहा है।

एल्यूमिनियम उद्योग तेजी से तकनीक आधारित और कनेक्टेड विनिर्माण व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इस दिशा में बालको आधुनिक तकनीकों और औद्योगिक अनुभव के संयोजन से अपनी डिजिटल क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रहा है। पांच डिजिटल कंट्रोल टावर्स का एकीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो बालको के प्रचालन को अधिक एकीकृत, प्रभावी और भविष्य के लिए तैयार बनाने में योगदान दे रहा है।

Continue Reading

कोरबा

समय पर खुले स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सक सहित स्टाफ की हो उपस्थिति सुनिश्चित:कलेक्टर

Published

on

हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़ योजना के तहत सितंबर तक शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश

टीकाकरण में प्रगति लाने और स्वास्थ्य केंद्रों को समय पर खोलने के दिए निर्देश

चिकित्सकों को समय पर उपस्थित होकर मरीजों का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश

कोरबा 31अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की हमर स्वस्थ छत्तीसगढ़ योजना के अंतर्गत किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण में सितंबर माह तक शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाए। उन्होंने टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, सिकल सेल सहित विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ एवं बीसीएम को घर-घर जाकर रैंडम स्वास्थ्य जांच करने तथा विभिन्न रोगों की पहचान कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने मीजल्स-रूबेला टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के नियमित टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा शत-प्रतिशत पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित होकर मरीजों का उपचार करें। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को निर्धारित समय पर खोलने तथा वहां आने वाले मरीजों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर समय पर नहीं खुलने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बीएमओ एवं बीपीएम को शासन की योजनाओं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की पूरी जानकारी रखने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले निजी क्लीनिक एवं संस्थानों द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्तर पर लंबित विभिन्न पदों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड एवं संबंधित स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र एवं छूटे हुए हितग्राहियों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच खाद्य विभाग से 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों की सूची प्राप्त कर मितानिनों के सहयोग से उनके आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य अभियान के रूप में किया जाए।

उन्होंने जन्म एवं मृत्यु से संबंधित जानकारी के आधार पर डाटा का नियमित संधारण करने तथा मृत्यु हो चुके हितग्राहियों के नाम संबंधित योजनाओं के अभिलेखों से नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय योजनाओं का डाटा अद्यतन रहे।

कलेक्टर ने आभा आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की और इसमें अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीवीसी कार्ड वितरण की समीक्षा करते हुए सितंबर माह में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। उन्होंने सभी सेक्टरवार सुपरवाइजरों की बैठक लेकर पीवीसी कार्ड वितरण की स्थिति तथा शेष बचे कार्डों की जानकारी प्राप्त करने और पात्र हितग्राहियों को कार्ड वितरित करने के निर्देश दिए।

टीबी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वल्नरेबल जनसंख्या की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने एक्स-रे जांच के माध्यम से टीबी के संभावित एवं संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टीबी जांच एवं उपचार कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

कलेक्टर ने लेप्रोसी, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), जननी पोर्टल, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी), मातृ मृत्यु, यू-विन, डिलीवरी रिपोर्टिंग, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों तथा आवासीय छात्रावासों में बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सिकल सेल, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, डेंगू, स्वाइन फ्लू, मीजल्स-रूबेला, डिप्थीरिया तथा आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत मोतियाबिंद के मरीजों की समय पर पहचान कर उनका उपचार एवं आवश्यकतानुसार ऑपरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मौसम के अनुरूप मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने तथा आवश्यक जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

995.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Published

on

कोरबा 31 अगस्त 2026। कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 995.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील अजगरबहार में 879.1, कोरबा 1337.9 मिलीमीटर, भैंसमा, 1106.2, करतला 1097.6, बरपाली 876.8, कटघोरा 971.2, दीपका 1075.4, दर्री 1081.9, पाली 972.3, हरदीबाजार 743.8, पोंड़ी-उपरोड़ा 971, और पसान तहसील में 830.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 4.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को किया निलंबित

Published

on

कोरबा, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका, तहसील दीपका में पदस्थ राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर द्वारा यह कार्रवाई अवकाश आवेदन अस्वीकृत होने के बावजूद 21 जुलाई 2026 से 4 अगस्त 2026 तक बिना सक्षम अनुमति के कर्तव्य से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने तथा उक्त अवधि में बिना सक्षम अनुमति के विदेश यात्रा किए जाने के मामले में की गई है।
इस संबंध में नीलकांत यादव को कार्यालयीन पत्र के माध्यम से 11 अगस्त 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। आदेश में उनके कृत्य को पदीय कर्तव्यों के प्रति प्रमाद एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं नियम-7 के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा, जिला कोरबा निर्धारित किया गया है।
साथ ही, नीलकांत यादव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-14 के तहत छह माह के भीतर विभागीय जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका का प्रभार किसी अन्य राजस्व निरीक्षक/पटवारी को सौंपकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677