Connect with us

कोरबा

बालको की उत्पादन क्षमता होगी 10 लाख टन-सीईओ राजेश कुमार सिंह

Published

on

हॉट मेटल की सीधी आपूर्ति से बढ़ेगा डाउनस्ट्रीम उद्योग, रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
कोरबा/बालकोनगर। बालको उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ कोरबा को एल्युमिनियम डाउनस्ट्रीम उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। विस्तारित परियोजना पूरी होने के बाद बालको की एल्युमिनियम उत्पादन क्षमता 10 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी, जिससे वेदांता एल्युमिनियम की कुल क्षमता लगभग 28.5 लाख टन प्रति वर्ष पहुंच जाएगी और समूह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एल्युमिनियम उत्पादक बन जाएगा।
उक्त बातें मीडिया से चर्चा के दौरान बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व पूर्णकालिक निदेशक (सीईओ) राजेश कुमार सिंह ने कही। श्री सिंह ने बताया कि निजीकरण के समय बालको की उत्पादन क्षमता केवल एक लाख टन थी। लगातार निवेश और आधुनिक तकनीक के उपयोग से इसे पांच लाख टन तक पहुंचाया गया। नए स्मेल्टर की स्थापना के बाद उत्पादन क्षमता बढ़कर 10 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विस्तार केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि कोरबा को देश के प्रमुख एल्युमिनियम केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा एल्युमिनियम पार्क के निर्माण से यहां स्थापित होने वाले लघु और मध्यम उद्योगों को सीधे हॉट मेटल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे परिवहन लागत घटेगी और मूल्य संवर्धित एल्युमिनियम उत्पादों का निर्माण बढ़ेगा। इससे स्थानीय रोजगार और औद्योगिक निवेश को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय समाज का विकास भी समान रूप से होना चाहिए। इसी सोच के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है, ताकि औद्योगिक विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंच सके।
बर्रा कोल ब्लाक को 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य
सीईओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ ऊर्जा और कोयले की आवश्यकता भी बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ जिले के बर्रा कोल ब्लाक को वर्ष 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने पर कंपनी की बाहरी स्रोतों से कोयला खरीद पर निर्भरता कम होगी। वर्तमान में बालको अपने कैप्टिव बिजली संयंत्र से आवश्यकता पूरी करने के बाद लगभग 300 मेगावाट अतिरिक्त बिजली खुले बाजार में बेच रहा है।
बालको में भी कैंसर उपचार सुविधा विकसित करने की संभावना पर विचार
राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वेदांता समूह के रायपुर स्थित कैंसर अस्पताल की तर्ज पर बालको क्षेत्र में भी विशेष कैंसर उपचार सुविधा विकसित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। योजना साकार होने पर कोरबा और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
फोरलेन निर्माण के लिए बालको उपलब्ध करा चुका है 30 करोड़
श्री सिंह ने कहा कि परसाभाटा से रूमगरा तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बालको, प्रशासन को 30 करोड़ रुपए उपलब्ध करा चुका है। बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने से भारी वाहनों का दबाव कम होगा और बालको क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

Continue Reading

कोरबा

नवरात्रि का दूसरा दिन: माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में आस्था का सैलाब

Published

on

माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में लम्बी लाईन

कोरबा। आज नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को कोरबा के आस्था का केन्द्र माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में आस्था का सैलाब देखने को मिला।

अलसुबह जब माँ के दरबार का कपाट खुला, सबसे पहले आदिशक्ति माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा श्री सर्वमंगला देवी का पुजारियों ने महाश्रृंगार किया और उसके बाद आम लोगों के दर्शन एवं पूजन के लिए कपाट खुला। महाश्रृंगार के बाद माता का दिव्य रूप देखकर श्रद्धालुओं के मन में असीम शांति का अनुभव हुआ। नयनाभिराम माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा में डूबा कोरबा अलसुबह से समाचार लिखे जाने तक परिसर में अगाध श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला।
मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से सौंदर्य बढ़ा

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में कलश कक्षों में स्थापित 12000 मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से परिसर का सौंदर्य देखते ही बन रहा है।
परिसर की लाईंटिंग से सजा मनमोह रहा

मंदिर प्रबंधन द्वारा नवरात्रि से पूर्व मंदिर सहित परिसर का रंग-रोगन के साथ परिसर में मनोहारी लाईटिंग की सजावट भी की गई है, जिससे परिसर का सौंदर्य निखर आया है और यहां दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं का मन आनंदित भी हो रहा है।
माँ ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा से मिलता है मोक्ष-नमन पाण्डेय

आज नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा की पूजा अर्चना की गई। प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ ब्रह्मचारिणी मोक्षदायनी है और इनकी पूजा करने से जीवन के संकट का हरण होता है और घर में सुख-शांति का वास होता है।
आज माँ को अर्पित छप्पन भोग में मिश्री और फल को भी शामिल किया गया, क्योंकि माँ ब्रह्मचारिणी देवी को भोग में मिश्री और फल अतिप्रिय हैं।
जसगीत, शंख, घंटे की नाद से परिसर हुआ भक्तिमय

वैसे तो माँ सर्वमंगला देवी का परिसर स्वर्ग से कम नहीं। यहां कभी भी दर्शन करने जाओ, तो लगता है स्वर्ग में सैर कर रहे हैं, लेकिन नवरात्रि में यहां का माहौल कुछ अलग सा ही मन में पवित्रता और आध्यात्मिकता का जागरण करता है। 09 दिन तक टीम द्वारा जसगीत से यहां उपस्थित लोगों में भक्ति का भाव जगाया जा रहा है, वहीं शंख एवं घंटे की नाद से परिसर भक्तिमय हो गया है।

Continue Reading

कोरबा

घुड़देवा में रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण

Published

on

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया लोकार्पण
कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। नवीन भवन से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस मद से जिले के जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि नवीन शाला भवन से विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नवीन भवन विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।

कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा, विकास झा, उदय शर्मा एवं मनीष मिश्रा, पार्षद अश्विनी मिश्रा एवं श्रीमती देवकी साहू, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, विद्यालय के प्राचार्य जय सिंह मोहलीकर सहित जितेंद्र सिंह, श्रीमती शशि साहू, संतोष कर्ष, श्रीमती अनीता राजपूत, रामेश्वर वैष्णव, संतोष यादव, श्रीमती अनूपा साहू, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

Published

on

कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में वनपट्टा की जांच, अवैध शराब विक्रय बंद कराने,  लंबित वेतन, प्रधानमंत्री आवास की लम्बित किश्त भुगतान, पीएम आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, राशन वितरण में अनियमितता तथा आजीविका से जुड़ी मांगों सहित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों पर कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर दिया।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677