महान वैज्ञानिक डॉ. कलाम का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और समर्पण का प्रतीक — वक्ताओं ने किया उनके योगदान का स्मरण
रायगढ़। जिला भाजपा कार्यालय रायगढ़ में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के तत्वावधान में भारत रत्न, देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी, अनुशासन, समर्पण और ज्ञान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से भारत को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की रक्षा एवं वैज्ञानिक क्षमता को सुदृढ़ बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि डॉ. कलाम ने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी अपनी सादगी, विनम्रता और जनसामान्य से जुड़ाव बनाए रखा। वे विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के बीच लोकप्रिय रहे। उनका मानना था कि जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उनका प्रेरणादायी जीवन आज भी देश के युवाओं को सपने देखने, ज्ञान अर्जित करने और उन सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से करोड़ों देशवासियों के मन में देशभक्ति एवं सकारात्मक सोच का संचार किया। उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरुपाल सिंह भल्ला, श्रीकांत सोमावार एवं सुभाष पाण्डेय, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री रविन्द्र सिंह भाटिया, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल, अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मेहरून निशा, प्रदेश हज कमेटी के सदस्य गुलाम रहमान खान, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान, जिला महामंत्री विकास केडिया, जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष असलम हुसैन, जिला महामंत्री सतनाम सिंह पोथीवाल, जूटमिल मंडल अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष साहेब सिंह हाजरा, शहर मंडल महामंत्री राकेश सिंह, पार्षद पंकज कंकरवाल, एमआईसी सदस्य अमित शर्मा तथा एल्डरमैन मनीष गांधी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
कोरबा 15 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम सेन्द्रीपाली का जय सेवा नवयुवक स्व सहायता समूह खेती पर निर्भरता और सीमित आय जैसी चुनौतियों के बीच आजीविका के नए अवसर तलाश रहा है। समूह ने मत्स्य पालन को आय के अतिरिक्त साधन के रूप में अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
मत्स्य पालन विभाग की राज्य पोषित प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत समूह को वर्ष 2025-26 में तीन दिवसीय प्रशिक्षण और जिले से बाहर अध्ययन भ्रमण का अवसर मिला। इस दौरान सदस्यों ने मत्स्य पालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपने कार्य को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने के तरीके सीखे। प्रशिक्षण से मिले मार्गदर्शन को समूह ने अपने मत्स्य पालन कार्य में उपयोग किया।
खेती के साथ मछली पालन से जुड़ने से समूह के सदस्यों को आजीविका का एक और विकल्प मिला है। यह पहल सीमित आय के स्रोतों को बढ़ाने और समूह को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में सहायक बनी है। जय सेवा नवयुवक स्व सहायता समूह का प्रयास बताता है कि प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण समूह स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह बना सकते हैं।
कोरबा, 15 अक्टूबर 2026। जिला कोरबा में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं जुआ खेलने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक कोरबा से प्राप्त हुआ था जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना बालकोनगर पुलिस टीम के द्वारा सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 08 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट के सार्वजनिक स्थान पर कुछ व्यक्ति ताशपत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना बालकोनगर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा जुआ खेल रहे 08 व्यक्तियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
विजय कुमार वर्मा, पिता स्व. हरिदास वर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी पोड़ीबहार, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा।
सूरजमल देवांगन, पिता स्व. लगन राम देवांगन, उम्र 54 वर्ष, निवासी बुधवारी, काशीनगर।
जब्त सामग्री
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे एवं मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई है—
रू.14,700 नगद राशि।
07 दोपहिया वाहन।
07 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन।
52 पत्ती ताश एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री।
वैधानिक कार्रवाई
उक्त मामले में थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। जिले में शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
68 पीडीएस भवन,35 ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनवाड़ी भवन को मिली स्वीकृति
666 बालिका शौचालय, 210 मुक्तिधाम और 215 सैंड फिल्टर बोरवेल के निर्माण कार्यों को मंजूरी
जल संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता, 1283 कृषि डबरी, 215 परकोलेशन टैंक और 203 तालाब गहरीकरण के कार्य स्वीकृत
कोरबा। विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत कोरबा जिले में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अब तक 127 करोड़ रुपये की लागत के 3056 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन, बालिका शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम, सैंड फिल्टर बोरवेल तथा ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन प्रयासों से विकसित भारत की तरह विकसित कोरबा बनाने के संकल्प को गति मिल रही है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारमूलक एवं उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। योजना के तहत जिले के सभी पांच विकासखंडों के 600 से अधिक शासकीय विद्यालयों में 666 बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 210 मुक्तिधाम और 215 सैंड फिल्टर बोरवेल,68 पीडीएस भवन, 35ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनवाड़ी भवन निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
सभी पांच विकासखंडों में बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता
विद्यालयों में बालिका शौचालयों के निर्माण से छात्राओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने में मदद मिलेगी। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान से जल संरक्षण को बढ़ावा
जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के अंतर्गत 1283 कृषि डबरी, 215 परकोलेशन टैंक, 80 कंटूर ट्रेंच तथा 203 तालाब गहरीकरण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन और कृषि कार्यों के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी और आजीविका गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन, महिला स्व-सहायता समूहों के वर्कशेड तथा अन्य उपयोगी ग्रामीण अधोसंरचनाओं के निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इन कार्यों से सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
125 दिनों तक रोजगार का प्रावधान
विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक अकुशल रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांवों में टिकाऊ एवं उपयोगी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निर्माण करना है। जल संरक्षण, कृषि आधारित संरचनाओं, तालाबों तथा अन्य सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
रोजगार के साथ मजबूत होगी ग्रामीण अधोसंरचना
योजना के तहत स्वीकृत कार्यों से गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, जल संसाधनों का संरक्षण और आजीविका के साधनों का विकास किया जा रहा है। बालिका शौचालयों, मुक्तिधामों, सैंड फिल्टर बोरवेल तथा जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कोरबा जिले में विकसित भारत-जी राम जी योजना के माध्यम से रोजगार सृजन और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इन कार्यों के जरिए गांवों को सुविधायुक्त, जल समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा मे प्रयास किये जा रहे हैं।