दशकों से विकास से कटे इलाकों में पहुंचा रोजगार, राशन और शिक्षा, सुरक्षित आवास; 5 लाख मानव दिवस हुए सृजित
वापस लौटे गांव, बदली जिंदगी: नक्सल इलाके में विकास की कहानी
बीजापुर। लंबे समय तक नक्सल प्रभाव के कारण विकास से अछूते रहे बीजापुर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में अब बदलाव की बयार देखने को मिल रही है। नियद नेल्लानार योजना और मनरेगा के संयुक्त प्रयासों से उन गांवों तक विकास पहुंचा है, जहां दशकों तक नक्सल प्रभाव के कारण बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही थी।
बीजापुर जिले में नियद नेल्लानार योजना के तहत 42 सुरक्षा कैम्पों के माध्यम से 67 ग्राम पंचायतों के 224 गांवों को शामिल किया गया है। इस पहल में मनरेगा की सक्रिय भागीदारी से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे के निर्माण को गति मिली है।
16 हजार से अधिक परिवारों को रोजगार का सहारा
इन ग्रामों में अब तक 16671 जॉबकार्ड पंजीकृत हैं, जिनमें से 7,271 नए जॉब कार्ड बनाए गए हैं। जिससे हजारों परिवारों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया है। इसमें 966 आत्मसमर्पित नक्सली, 178 घायल पीड़ित परिवार और 477 मृतक नक्सल पीड़ित परिवारों के जॉब कार्ड बनाकर मनरेगा योजना से जोड़ा गया है।
पहली बार दिखा विकास का असर
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत नियद नेल्लानार क्षेत्रों में 1,744 विकास कार्य कराए गए हैं, जिसमें 5 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित हुए हैं। इन कार्यों के जरिए न केवल स्थानीय स्तर पर ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिला है, अपितु पलायन में भी कमी आई है और ग्रामीणों का शासन पर भरोसा मजबूत हुआ है।
आजीविका डबरी बन रही आय का जरिया नियद नेल्लानर क्षेत्र में 372 आजीविका डबरी की स्वीकृति देकर ग्रामीणों को आजीविकामूलक गतिविधियों से जोड़ने की पहल की जा रही है। जनपद पंचायत भैरमगढ़ के नियद नेल्लानार ग्राम पंचायत बेलनार जहां कभी नक्सली दहशत के कारण ग्रामीण गांव छोड़कर विस्थापित होने पर मजबूर थे। नियद नेल्लानार योजना में शामिल होने के बाद ग्रामीण पुनः अपने गांव लौट आये है। उनके आजीविका संवर्धन के लिए महात्मा गाँधी नरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 में हितग्राही श्री सहदेव कोरसा, लखु, सुदरू कोरसा की आजीविका डबरी पूर्ण हो चुके हैं। इन डबरी में मत्स्य पालन एवं हॉर्टिकल्चर विभाग से अभिसरण के माध्यम से मछली पालन एवं सब्जी उत्पादन का कार्य प्रस्तावित है।
2977 परिवारों को मिला पक्का आवास
नियद नेल्लनार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस योजना के तहत कुल 2977 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से अब तक 690 हितग्राहियों का उनके पक्के आवास बनकर तैयार हैं। पूर्ण हो चुके आवासों में अब परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
गांव-गांव में बदलाव की कहानी
दुगाली का कुआं बना जीवनरेखा: 100 से अधिक ग्रामीणों को मिला पेयजल- जनपद पंचायत बीजापुर के नियद नेल्लानार अंतर्गत ग्राम दुगाली में मनरेगा से निर्मित कुआं 100 से अधिक ग्रामीणों की प्यास बुझा रहा है। दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण इस गांव में बोरिंग संभव नहीं थी, वहां यह कुआं स्थायी समाधान बनकर उभरा है। इससे ग्रामीणों को सुलभ पेयजल के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिला है।
पालनार- जहां पहले प्रशासन नहीं पहुंचता था, आज पंचायत भवन, आंगनबाड़ी और गौठान निर्माण कार्य जारी हैं, वर्तमान में 200 से अधिक श्रमिक काम कर रहे हैं।
कावड़गांव – 50 वर्षों के भय और अलगाव के बाद 100 प्रतिशत ग्रामीण श्रमिकों को जॉब कार्ड वितरण कर लिया गया है। साथ ही इस गांव में सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल और मोबाइल टॉवर जैसी सुविधाएं पहुंच चुकी हैं।
सावनार (तोड़का पंचायत)- 9.35 लाख की लागत से बने आंगनबाड़ी भवन से 40–45 बच्चों को नियमित शिक्षा और पोषण मिल रहा है।
पुसुकोण्टा (उसूर) – 11.69 लाख की लागत से बने आंगनबाड़ी भवन ने बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण दिया है।
धरमारम और तोड़का- क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानों के निर्माण से अब ग्रामीणों को गांव में ही राशन मिल रहा है।
बांगोली- जहां पहले 18 किमी दूर जाकर राशन लाना पड़ता था, अब 524 परिवारों को गांव में ही यह सुविधा उपलब्ध है।
युवाओं का कौशल विकास पुनर्वासित आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राजमिस्त्री प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे निर्माण कार्यों में रोजगार पा रहे हैं।
नियद नेल्लानार योजना और मनरेगा के अभिसरण ने बीजापुर के अंदरूनी गांव में अब विकास ने रफ्तार पकड़ रही है। रोजगार, बुनियादी ढांचे और शासन के प्रति बढ़ते विश्वास से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक बदलाव आ रहा है।
कोरबा। ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ( पूर्व महापौर रायपुर ) अध्यक्षता संजय कुमार पांडेय, (जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ ) विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पांडे, बी के शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा,राजेंद्र पाण्डेय, वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया । परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार हुए इस सम्मेलन में युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय दिया गया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से 12 जिले के ब्राह्मण परिवार शामिल हुए थे। एक परिवार भोपाल से भी शामिल हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण परिवार के युवक-युवती को एक दूसरे से परिचय करके विवाह करवाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार हुए इस आयोजन का लाभ बहुत सारे ब्राह्मण परिवार को मिलेगा ऐसे कार्य समाज के लिए बहुत अच्छे होते हैं समाज के सभी कार्यों में सभी ब्राह्मणों को तन मन धन से सहयोग करना चाहिए ताकि समाज आगे बढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण परिवार हमेशा एक होकर काम करते हैं और साथ में सभी का सहयोग करते हैं ब्राह्मण वह है जो हमेशा सभी के शुभ कार्यों को आगे बढ़ते हैं ऐसे में यह आयोजन पूरे समाज के लिए बेहतरीन कार्य है। आप सभी समाज के कार्यों में हमेशा सहयोग करके ब्राह्मणों को आगे बढ़ने का कार्य करें। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक, ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया गया है। बी.के. शुक्ला, अध्यक्ष परशुराम ब्राह्मण समाज ने कहा कि सामाजिक एकजुटता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
परशुराम ब्राह्मण समाज के इस आयोजन में 500 लोग शामिल हुए।
नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग 27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट कोरबा। इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की। शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।
कोरबा। 19 नवम्बर 2026 को भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया, जिसमें नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षक अंकुश लाल यादव एवं शिक्षिकता जयंती कंवर ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, समाजसेवा एवं स्काऊट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विद्यालय के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धी बताया और कहा कि यह विद्यालय के उज्ज्वल भाविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण नई शुरूवात है।
सेमिनार एवं सम्मान समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के के खण्डेलवाल सम्बोधित किया और राज्य संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूलभावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।
सेमिनार रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बालअधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के सम्पादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी युवा नेतृत्व एवं सेवा गतिविधियों के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने किया।
मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।