Connect with us

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में आदिम जाति विकास विभाग का बदला नाम:अब जनजातीय कार्य विभाग से जाना जाएगा, कैबिनेट में पूर्व अग्निवीरों के लिए 36 पद मंजूर

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने पूर्व अग्निवीरों के लिए गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। इन पदों पर खाली जगहों के हिसाब से भर्ती की जाएगी। राज्य सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षक भर्ती में 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण देने का प्रावधान कर चुकी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के कार्य आवंटन नियम में बदलाव किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक।

कैबिनेट बैठक में अभिनंदन प्रस्ताव पारित

वहीं, कैबिनेट बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम साय ने मीडिया से बातचीत की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में बड़ी बाधा बन गया था। एक समय ऐसा लगता था कि इसका अंत हो भी पाएगा या नहीं। बस्तर के भोले-भाले लोग कहीं लंबे समय तक विकास से दूर न रह जाएं, ऐसी चिंता बनी रहती थी।

नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद इस दिशा में बदलाव आया है। नक्सलवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई हुई और अब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की ओर बढ़ा है। उन्होंने इसे प्रदेश के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

सीएम साय ने गिनाईं पीएम मोदी की उपलब्धियां

साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार 13 साल तक काम कर चुके हैं। इस दौरान गुजरात में विकास का एक मॉडल तैयार हुआ, जिसे ‘गुजरात मॉडल’ के नाम से पहचान मिली। कई राज्यों ने भी इसे अपनाया।

उन्होंने कहा कि कच्छ में आए भीषण भूकंप से पूरा इलाका तबाह हो गया था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी मेहनत और दूरदृष्टि से उसे फिर से विकसित करने का काम किया। गुजरात में वाइब्रेंट गुजरात जैसे आयोजन भी शुरू किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी 2014 से देश के प्रधानमंत्री हैं। उनके नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। साय के मुताबिक, 2014 से पहले भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में दसवें स्थान पर था, जबकि अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री की मेहनत और दूरदृष्टि को दिया।

कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल की मौजूदगी में ये फैसले लिए गए।

कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल की मौजूदगी में ये फैसले लिए गए।

2047 तक विकसित देश बनाने का लक्ष्य: CM साय

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना और अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने सशक्त भारत का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले पाकिस्तान की ओर से बार-बार उकसाने वाली घटनाएं होती थीं। उस समय की सरकार बातचीत के जरिए मामले सुलझाने की कोशिश करती थी।

उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सैनिक के सिर को धड़ से अलग कर उसके साथ फुटबॉल की तरह व्यवहार किया गया था, लेकिन तब भी सरकार ने बातचीत से आगे कोई कार्रवाई नहीं की।

सीएम साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयां कीं।

उन्होंने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई उसे छेड़ता है तो उसे जवाब जरूर देता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने वाला मजबूत देश बनकर खड़ा है।

इससे पहले 30 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में अतिथि व्याख्याता नीति-2026 को मंजूरी दी गई थी। साथ ही पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने और फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने का फैसला लिया गया था।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 35 विधायक जाएंगे दिल्ली:कल होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे, जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक भी जुटेंगे

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत पार्टी के सभी 35 विधायक और वरिष्ठ नेता आज दिल्ली रवाना होंगे। यहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पूर्व विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी दिल्ली जाएंगे।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस का यह प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में कल होने वाले प्रदर्शन में शामिल होगा। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और विधायकों की भागीदारी रहेगी। इसके लिए पार्टी के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि दिल्ली पहुंचेंगे।

प्रदेश स्तर पर तैयारियां, दिल्ली में जुटेंगे नेता

दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं का एक साथ पहुंचना अहम माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधायकों, जिला अध्यक्षों और पूर्व विधायकों की मौजूदगी से पार्टी की प्रदेश इकाई की भागीदारी रहेगी। हालांकि, प्रदर्शन का मुद्दा, आयोजन स्थल और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

Continue Reading

खेल

भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, कैप्टन स्मृति मंधाना रायपुर पहुंचीं:कल प्रैक्टिस करेगी टीम इंडिया, 16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का रोमांच जल्द शुरू होने वाला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन स्मृति मंधाना रविवार शाम रायपुर पहुंचीं। टीम की बाकी खिलाड़ी भी आज ही पहुंचेंगी। जिम्बाब्वे की टीम कल पहुंचेगी।

दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। दोनों टीमें कल प्रैक्टिस भी करेंगी।

कैप्टन स्मृति मंधाना से मीडिया ने सवाल किए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

कैप्टन स्मृति मंधाना से मीडिया ने सवाल किए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

12 अक्टूबर को अभ्यास करेगी टीम इंडिया

रायपुर पहुंचने के अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को भारतीय टीम अभ्यास करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और 13 अक्टूबर को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। इसके बाद दोनों टीमें सीरीज के मुकाबलों के लिए मैदान पर उतरेंगी।

स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान

इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं।

15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा।

सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।

सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।

कलेक्टर की अध्यक्षता में बनाई गई लोकल सपोर्ट कमेटी

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।

E-टिकट से एंट्री, ओपन वाई-फाई की सुविधा

दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।

एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर तैयार रहेगा

स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और VIP आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की भी व्यवस्था रहेगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।

2 जुलाई 2026 को NGT ने अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर समेत 3 स्टेडियमों में ट्रिब्यूनल की अनुमति के बिना आगे खेल गतिविधियां कराने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगी गई थी। मामले की सुनवाई के बाद NGT ने 3 मैचों के लिए यह रोक संशोधित कर दी।

Continue Reading

कोरबा

12000 ज्योति कलशों से जगमग हुआ माँ श्री सर्वमंगला देवी का दरबार

Published

on

शुभं करोति कल्याणं आरोग्यम गुण: सम्पदाम्।
दुष्ट बुद्धि विनाशाय दीप ज्योति नमोस्तुते।।
की कामना के साथ नमन पाण्डेय ने सपत्नीक ज्योति कलश किए प्रज्ज्वलित
दिव्य मंत्रोच्चार से गूंजा मंदिर परिसर

कोरबा। कोरबा की आराध्य देवी माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के दरबार में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किया गया। विद्वान आचार्यों एवं पंडितों के सानिध्य में मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) सपत्नीक शुभ मुहूर्त में ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किया। लगभग 12000 मनोकामना ज्योति कलशों की दिव्य रोशनी से परिसर जगमग हो उठा।
घट स्थापना के बाद प्रथम दिन शैलपुत्री की पूजा अर्चना

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि रविवार 11 अक्टूबर क्वांर शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2083 के शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई और उसके बाद शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री देवी की पूजा अर्चना की गई। श्री पाण्डेय ने बताया कि माँ शैलपुत्री की पूजा अर्चना से संतान और घर की सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। पूजा अर्चना के बाद दोपहर 12.00 बजे माँ शैलपुत्री को छप्पन भोग अर्पित किया गया। माँ शैलपुत्री को गाय का घी और फल अतिप्रिय हैं। आज ही सुबह 05.00 बजे शैलपुत्री देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी का महाश्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई। नमन पाण्डेय सहित उपस्थित पंडितों एवं आचार्यों ने माँ की पूजा अर्चना कर भक्तों, कोरबा, छत्तीसगढ़ सहित सार्वभौम के लिए सुख, समृद्धि एवं शांति के लिए माँ से आशीर्वाद मांगा।
12000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित

नमन पाण्डेय ने बताया कि इस शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तों के 12000 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। वेदी पूजन किया गया और माँ सर्वमंगला का, माँ शैलपुत्री के रूप में पूजन कर विश्व कल्याण के लिए माँ से आशीर्वाद मांगा गया।
श्री पाण्डेय ने बताया कि करीब 10900 तेल मनोकामना ज्योति कलश एवं लगभग 1100 घी ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए।
शैलपुत्री स्वरूपा माँ सर्वमंगला का दर्शन करने उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन माँ श्री सर्वमंगला देवी का दर्शन करने श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर से सड़क तक लम्बी लाईन श्रद्धालुओं की देखी गई। शांति पूर्वक श्रद्धालु कतार में खड़े होकर माँ का दर्शन करने अपनी पारी का इंतजार करते देखे गए। प्रथम दिन शैलपुत्री स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना की गई।
माता के जयकारों से परिसर भक्तिमय
ज्योति कलशों की लालिमा और माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। हसदेव नदी के पावन तट पर विराजमान आदिशक्ति जगत जननी माँ श्री सर्वमंगला देवी का दर्शन करने दूर दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की शांतिपूर्ण सख्त सुरक्षा व्यवस्था
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में नवरात्रि का पर्व आते ही श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी होती है, इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहती है। कुसमुंडा थाना और सर्वमंगला पुलिस चौकी के जवान परिसर में तैनात रहते हैं। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी टीम के साथ सुबह से परिसर में मार्च करते देखे गए।
अदभूत सजावट से मंदिर का दिव्य दृश्य


दीप ज्योति नमोस्तुते

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि घर, मंदिर एवं अन्य देव स्थानों में दीप प्रज्ज्वलित करने से मन में सात्विक गुणों का संचार होता है। बुद्धि की दुर्बलता नष्ट होती है और सद्बुद्धि का विस्तार होता है। मनोकामना ज्योति कलशों के प्रज्ज्वलन से क्षेत्र में सत्व का संचार होता है, पर्यावरण शुद्ध होता है और सभी देवी-देवताओं का आह्वान से पूजा स्थल पहुंचकर हमें आशीर्वाद प्रदान करते हैं। मैं समस्त श्रद्धालुओं, धर्म प्रेमियों और भक्तों की ओर से सभी दीप ज्योतियों का नमन करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि सभी के मन में देवगुणों का वास हो और सभी के मस्तिष्क में सद्बुद्धि, सुविचार और मानवीय गुणों अद्भूत संचार हो। घर की कलह दूर हो और सबके घरों में माँ लक्ष्मी और समृद्धि का वास हो।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677