कोरबा। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की कोरबा इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल से सौजन्य भेंट की गई। इस अवसर पर संघ की और से उन्हें पूर्व सामाजिक कार्य की स्मृति संग्रह भेंट किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला अध्यक्ष विपेंद्र कुमार साहू, जिला सचिव जय सिंह नेताम एवं कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर अन्य पदाधिकारियों सहित मॉर्निंग वॉक टीम उपस्थित थी।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से मिली राशि से जमा की बेटी की फीस कोरबा 12 अक्टूबर 2026। जिले के गणेश चौक, पोड़ीबहार निवासी श्रीमती सावित्री बाई तंवर के पति बुढवा सिंह तंवर मिस्त्री का काम करते हैं। परिवार की आजीविका मेहनत-मजदूरी पर निर्भर है। श्रीमती सावित्री बाई का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में पंजीयन है।
श्रम विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत उनकी द्वितीय संतान को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपनी बेटी की आईटीआई की फीस जमा की। बेटी तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। श्रीमती सावित्री बाई को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। वे कहती हैं कि शासन की योजनाओं से परिवार को सहारा मिला है और बेटी की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिली है। उन्होंने श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोरबा। एसईसीएल के चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले में पड़ने वाले रानी अटारी एवं विजय वेस्ट भूमिगत खदान में आउट सोर्सिंग कंपनी जेएमएस द्वारा 32 मजदूरों को बिना नोटिस दिए खनन कार्य से निकाले जाने पर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। इस आक्रोश को स्वर दिया है अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ किसान सभा ने। किसान सभा के राज्य अध्यक्ष प्रशांत झा ने इन मजदूरों को काम पर रखे जाने के साथ ही, इन मजदूरों को निकाले जाने की अवधि की मजदूरी देने की भी मांग की है।
उल्लेखनीय है कि रानी अटारी कोयला खदान में खनन प्रभावित गांवों के किसान ठेका मजदूर के रूप में काम करते हैं। इनमें से अधिकांश आदिवासी छोटे किसान परिवार से आते हैं, खदान में होने वाले सभी कार्यों में प्रभावित क्षेत्र के प्रभावितों को नियमित और स्थाई रोजगार देने की जिम्मेदारी एसईसीएल की है। एसईसीएल अपनी यह जिम्मेदारी तो पूरा कर ही नहीं रहा है बल्कि ठेका मजदूरों के रूप में काम कर रहे किसानों को रोजगार की सुरक्षा देने से भी इंकार कर रहा है, जबकि इन ठेका मजदूरों का सेवायोजक एसईसीएल ही है।
हड़ताल से पूर्व प्रबंधन और किसान सभा नेताओं के बीच हुई वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला, जिसके बाद 13 अक्टूबर को किसान सभा ने खदान बंद का आह्वान किया है। वार्ता में प्रबंधन की ओर से सब एरिया मैनेजर सौरभ कुमार, नंद किशोर मीणा, राहुल बंसोड, सी एस जोशिया तथा किसान सभा की ओर से प्रशांत झा, दामोदर श्याम, बृजलाल, रामेश्वर समेत कई ठेका श्रमिक शामिल थे। खदान बंदी में खनन प्रभावित गांवों के किसानों के भी भारी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने आरोप लगाया है कि पूरे एसईसीएल क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियां किसानों और मजदूरों का बेरहमी से शोषण कर रही है और एसईसीएल प्रबंधन की इन कंपनियों के साथ पूरी मिलीभगत है।
किसान सभा के कोरबा जिला सचिव दीपक साहू ने कहा है कि एक तरफ तो केंद्र सरकार नए लेबर कोड का कड़ाई से पालन कराने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कंपनी एसईसीएल में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। इसलिए खदान बंद होने तथा आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना और कानून-व्यवस्था की स्थिति या वित्तीय नुकसान की संपूर्ण जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
मांगें
आउट सोर्सिंग कंपनी जेएमएस द्वारा काम से निकाले गए सभी 32 कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए एवं बैठाए गए दिनों की भी मजदूरी दी जाए।
जिन प्रभावितों का वीटीसी कराया गया है, उन्हें तत्काल खदान में काम उपलब्ध कराया जाएं।
JNU प्रकरण को लेकर टी.पी. नगर में विशाल धरना-प्रदर्शन, महिला मोर्चा ने उठाई जवाबदेही तय करने की मांग
कोरबा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को टी.पी. नगर, कोरबा में विशाल आक्रोश धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की शीर्ष नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें महापौर संजू देवी राजपूत की विशेष उपस्थिति रही। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
महिलाओं के सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि JNU की छात्राओं द्वारा शिकायत किए जाने और मामले में कार्रवाई होने के बावजूद कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं किया जायेगा। उन्होंने संबंधित सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
सांसद के आचरण पर भी हो कार्रवाई -संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि JNU की छात्राओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में महिला मोर्चा सड़कों पर उतरा है। उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित व्यक्ति को पद से हटाए जाने के साथ-साथ सांसद के रूप में उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े ऐसे गंभीर मामले में उचित कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा।
प्रीति स्वर्णकार ने उठाया नारी सम्मान का मुद्दा
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए और संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी परिस्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, राज्य हाथकरधा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, रुक्मणी नायर, जिला मंत्री सतीश झा, अजय कंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, कुलसिंह कंवर, राजेश लहरे, रामनारायण सराफ, बी.डी. शर्मा, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संबंधित मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।