Connect with us

कोरबा

स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का जनअभियान तेज

Published

on

जिला कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारियों को वितरित किए गए प्रपत्र, जनता से मांगी जाएगी बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर संबंधी जानकारी
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बोले—जनता की जेब पर बोझ डालने वाली बिजली नीति का कांग्रेस करेगी पुरजोर विरोध
कोरबा। बिजली के बढ़ते टैरिफ, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि तथा बिजली कटौती की समस्या को लेकर कांग्रेस ने अपना जनअभियान और तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज जिला कांग्रेस कार्यालय, टी.पी. नगर, कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में पार्टी के सभी पदाधिकारियों को प्रपत्र वितरित किए गए। इन प्रपत्रों को व्यापक रूप से आम जनता तक पहुंचाकर उपभोक्ताओं से बिजली बिल, स्मार्ट मीटर एवं बिजली दरों में वृद्धि से संबंधित वास्तविक जानकारी प्राप्त की जाएगी। प्राप्त जानकारी को संकलित कर कांग्रेस कार्यालय में जमा कराया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से 400 यूनिट प्रतिमाह तक हाफ बिजली बिल की योजना लागू की गई थी। इससे लाखों परिवारों को सीधे आर्थिक राहत मिलती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद बिजली की दरों में दो बार वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला, वहीं कांग्रेस शासन की 400 यूनिट तक आधे बिल की योजना को समाप्त कर दिया गया। जनता के व्यापक विरोध और कांग्रेस के आंदोलन के बाद सरकार ने केवल 100 यूनिट तक आधे बिल की व्यवस्था की है, जो प्रदेश की जनता के साथ न्याय नहीं है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि बिजली उत्पादन के मामले में कोरबा को प्रदेश की ऊर्जाधानी कहा जाता है, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि इसी कोरबा की जनता को आज भी कई-कई घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में 4 से 5 घंटे तक बिजली बंद रहना आम बात हो गई है। जब कोरबा प्रदेश का प्रमुख विद्युत उत्पादन केंद्र है, तो यहां के नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति क्यों नहीं मिल पा रही है, यह सरकार और बिजली विभाग से जवाब मांगने वाला गंभीर प्रश्न है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में कोरबा की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनेक पुराने एवं कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को बदलकर नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर स्थापित कराए गए थे। साथ ही बिजली संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कोरबा में स्टोर-कम-यार्ड की व्यवस्था भी शुरू कराई गई थी, ताकि आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहने से खराबी आने पर उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आज सरकार स्मार्ट मीटर को आधुनिक व्यवस्था बताकर लागू कर रही है, लेकिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायत कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को केवल यह कहकर जिम्मेदारी से नहीं बचना चाहिए कि स्मार्ट मीटर में कोई समस्या नहीं है। यदि मीटर सही हैं तो बढ़े हुए बिलों का वास्तविक कारण क्या है? बिजली की दरों में वृद्धि का आधार क्या है? फिक्स चार्ज, ऊर्जा शुल्क एवं अन्य शुल्कों में कितना परिवर्तन किया गया है? आम उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक भार क्यों डाला जा रहा है? इन सभी सवालों का स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब सरकार को जनता के सामने देना चाहिए।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता की जेब और अधिकार से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय मानती है। इसी उद्देश्य से पार्टी पदाधिकारियों को प्रपत्र दिए गए हैं, जिसके माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में जाकर उपभोक्ताओं से वास्तविक जानकारी जुटाई जाएगी। कितने उपभोक्ताओं के बिलों में वृद्धि हुई, स्मार्ट मीटर लगने के बाद खपत एवं बिल में क्या अंतर आया, बिजली कटौती कितनी हो रही है और बिजली दरों में वृद्धि से परिवारों पर कितना अतिरिक्त बोझ पड़ा है—इन सभी तथ्यों को एकत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त तथ्यों के आधार पर कांग्रेस सरकार को विस्तृत ज्ञापन सौंपेगी और बिजली दरों में की गई वृद्धि, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों तथा बिजली कटौती की समस्या के निराकरण की मांग करेगी। यदि सरकार ने जनभावनाओं और उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया तथा उचित समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस बड़े जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यवस्था का विरोध मात्र करना नहीं, बल्कि जनता को राहत दिलाना और प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं दर्ज करें और अधिक से अधिक लोगों को इस जनअभियान से जोड़ें।
कार्यक्रम में शहर जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व निगम सभापति श्यामसुंदर सोनी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष (शहर) कुसुम द्विवेदी, पूर्व शहर जिलाध्यक्ष सपना चौहान, ब्लाक अध्यक्ष पालूराम साहू, ए.डी.जोशी, बसंत चंद्रा, मंडल अध्यक्ष जवाहर निर्मलकर, मनीष शर्मा, प्रदीप जायसवाल, पार्षद रवि सिंह चंदेल, सुखसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर, नारायण लाल कुर्रे के साथ ही अर्चना उपाध्याय, रेखा त्रिपाठी, सुधीर जैन, मस्तूल सिंह कँवर,सांता मंडावे, एफ.डी.मानिकपुरी, रामगोपाल यादव, महेंद्र थवाईत, देवीदयाल तिवारी, रवि खूंटे, हिमांशु सिंह, मुन्ना खान, गणेश दस महंत, पुष्पा पात्रे, ग्रेडिंन गैलियर, एहसान अली, चन्द्रकुमार पाण्डेय, निर्मलकुमार साहू, लीलूराम केवंत, पतंग कुमार केवट, पवन चौहान, जीवन चौहान, संजय कँवर, संजय पटेल, मुस्लिम खान, समसुद्दीन, हरनारायण राठोर, सुखनंदन सिंह सोनकर, ज्योतिदास दीवान, धनराज साह, कुंजबिहारी साहू, चालेस्वर सिंह, हरवेन्द्र सिंह, मनोज सिंह राठौर, संगीता श्रीवास, लक्ष्मी महंत, सुभद्रा सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल तथा विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठों व विभागों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई  आमजनों की समस्याएं, कुल 80 आवेदन हुए प्राप्त

Published

on

आवेदनो का समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत  ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित करते हुए सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की लम्बित राशि दिलाने, बिजली बिल में सुधार, सड़क मरम्मत,  नाली निर्माण,  अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मानदेय भुगतान, मुआवजा, रोजगार दिलाने, आजीविका से जोड़ने सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

इंडिपेंडेंस कप-2026 : बैडमिंटन के रोमांच के साथ एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में मनाया जाएगा आजादी का उत्सव

Published

on

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस पर एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा के तत्वावधान में एक बार फिर खेल के माध्यम से आजादी का उत्सव सेलिब्रेट किया जाएगा। 14 एवं 15 अगस्त को इंडिपेंडेंस कप 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी श्रेणियों में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में विजेता और उपविजेता दोनों के लिए नकद पुरस्कार और ट्राफियां रखी गई हैं। स्पर्धा में भाग लेने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त है।
एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि इस दो दिवसीय टूर्नामेंट के पहले दिन शुक्रवार, 14 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे से पुरुष एकल (आयु: 0-20) के मुकाबले होंगे। सभी मैच योनेक्स मेविस 350 शटलकॉक से खेले जाएंगे।

कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने कहा कि टूर्नामेंट के दूसरे दिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 9:00 बजे से पुरुष एकल (आयु: 20-35, 35-50 एवं 50 वर्ष से अधिक) और महिला एकल (खुली श्रेणी) में मुकाबले होंगे। इस श्रेणी के सभी मैच योनेक्स फेदर शटलकॉक से खेले जाएंगे।

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि प्रत्येक इवेंट के लिए कम से कम 8 खिलाड़ियों की अनिवार्यता है। स्वतंत्रता कप 2026 में भाग लेने वाले सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए केडीबीए आईडी अनिवार्य है।

Continue Reading

कोरबा

12वें जेबीसीसीआई के तत्काल गठन की मांग को लेकर कोयला मजदूर पंचायत का जोरदार प्रदर्शन

Published

on

गेवरा-दीपका मुख्यालय का घेराव कर प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन, 1 जुलाई 2026 से लागू होना है नया वेतन समझौता

कोरबा/गेवरा/दीपका। कोयला उद्योग में कार्यरत लगभग 2.50 लाख श्रमिकों के हितों की रक्षा और 12वें वेतन समझौते के समयबद्ध क्रियान्वयन की मांग को लेकर कोयला मजदूर पंचायत संबद्ध: हिन्द मजदूर सभा (HMS) ने आज गेवरा-दीपका क्षेत्रीय मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया ।

आज प्रातः 11 बजे संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय मुख्यालय का घेराव करते हुए प्रबंधन और कोल इंडिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की प्रदर्शन के पश्चात क्षेत्र प्रबंधन को कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) तथा उसकी अनुषंगी कंपनियों में 12वें जेबीसीसीआई (JBCCI) के तत्काल गठन की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया ।

प्रमुख बिंदु एवं मांगें

वेतन समझौते का समयबद्ध कार्यान्वयन

ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि कोयला श्रमिकों का 12वां वेतन समझौता 1 जुलाई 2026 से लागू होना प्रस्तावित है नियमानुसार प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए जेबीसीसीआई का तत्काल गठन अति आवश्यक है ।

समानता और पारदर्शिता

जेबीसीसीआई (Joint Bipartite Committee for the Coal Industry) की कोल इंडिया एवं इसकी सभी अनुषंगी कंपनियों के श्रमिकों के वेतन निर्धारण और सेवा शर्तों में एकरूपता बनाए रखने में निर्णायक भूमिका होती है ।

व्यापक विरोध प्रदर्शन

चार प्रमुख केंद्रीय श्रम संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आज 10 अगस्त 2026 को सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों पर प्रदर्शन एवं ध्यानाकर्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

यूनियन पदाधिकारियों का वक्तव्य

संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा 2.50 लाख कोयला श्रमिकों के हक और वेतन से जुड़ा यह अति-महत्वपूर्ण विषय है यदि 12वें जेबीसीसीआई के गठन की प्रक्रिया तत्काल शुरू नहीं की गई तो श्रमिक हितों के लिए आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा ।

प्रदर्शन में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता

इस विशाल प्रदर्शन में कोयला मजदूर पंचायत (HMS) के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सम्मानजनक उपस्थिति रही ।

प्रमुख पदाधिकारी रेशम लाल यादव, अनिरुद्ध सिंह, शिव शंकर पटेल, एस. सी. मंसूरी, मोहम्मद कलीम, एस. डी. मानिकपुरी, ओम प्रकाश, तरुण राहा, सृष्टिधर तिवारी, अमृतलाल चंद्र, S.P. तांती, विनोद पटेल, सुशील कुमार श्रीवास, अनिल कुमार, सोनू राम, छोटू राम, राम कृष्ण, अजेश्वर सिंह, मनीष कुमार राठौर, मुकेश यादव , मनीष कुमार सिंह, नागराज पटेल, वाल्मीकि पाण्डेय, प्रेम लाल मार्तण्ड सिंह, वी. जयन नायर, संजय कुमार श्रीवास्तव, विमल दास महंत, C.B. सिंह, लखन लाल यादव, मनोज कुमार शर्मा, एस. के. दिनकर, रावेन्द्र सिंह, मनोज पाटले, राम सुभावन, जी. उदयन, मनमीत सिंह, राजकुमार राठौर, जीत सिंह, फैयाज अंसारी, ललित राठौर, संतोष भोई, लालबाबू यादव, दीपक तिवारी, राम सरोज विश्वकर्मा, संतोष साहू, दीपक कुमार, बाल मुकुंद देवांगन, प्रकाश डहरिया, महादेव सतनामी, हरीश राजवाड़े, ओ. सी. गुप्ता, परवेज अजीजी, शैलेन्द्र तिवारी, अजय सेंगर, सत्यप्रकाश मिश्रा, रमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677