Connect with us

कोरबा

विस्थापित ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे:3 दिन में गांव खाली कराने का आरोप, बोले-6 जगह बसाया, लेकिन सड़क-पानी जैसी सुविधाएं नहीं मिली

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन और SECL कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ दंडवत न्याय यात्रा निकाली। ग्रामीण सड़क पर लेटकर घंटाघर अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

उनका आरोप है कि एसईसीएल ने बिना बसाहट की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया और परिवारों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसा दिया। विस्थापन के बाद से इन जगहों पर सड़क, पानी, नाली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं।

उन्होंने कहा कि तूफान और बारिश में अस्थायी मकान टूट गए। ऐसे में ग्रामीणों ने जल्द सुविधाएं देने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर खदान बंद कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

वहीं, SECL प्रबंधन का कहना है कि विस्थापित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास एसईसीएल की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों में सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें, उनका समाधान संवाद से किया जाएगा।

विस्थापित ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली।

विस्थापित ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली।

ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

ग्रामीणों ने घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की।

ग्रामीणों ने घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की।

सड़क पर दंडवत होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने सोमवार सुबह 10 बजे घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की। वे हाथों में आवेदन लेकर सड़क पर दंडवत होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यात्रा देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

6 जगहों पर बसाया, लेकिन नहीं मिलीं बुनियादी सुविधाएं

ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने बिना रहने की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया। इसके बाद गांव के लोगों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसाया गया। विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

ग्रामीणों के मुताबिक, इन जगहों पर सड़क, नाली, पीने का पानी, चारागाह, मुक्तिधाम, देव स्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान, सार्वजनिक शौचालय और मवेशी शेड की व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि कई बैठकों में एसईसीएल प्रबंधन ने मकान किराया देने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली।

आरोप है कि विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

आरोप है कि विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

तूफान और बारिश में टूटे अस्थायी मकान

ग्रामीणों ने बताया कि बसाहट स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल के चक्रवाती तूफान और बारिश में टूट गए। पक्के मकान बनाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है।

उनका कहना है कि खदान के पहाड़ के किनारे हाई वॉल नहीं बनाई गई है। इसके कारण पहाड़ से मलबा और पानी निर्माणाधीन मकानों में घुस रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार चक्रवात, भारी बारिश और ठंड में भी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। महिलाओं और पुरुषों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी।

ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी।

कई बार आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि बसाहट स्थलों पर सुविधाएं देने की मांग को लेकर उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन दिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

उन्होंने 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही बसाहट स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे खदान बंद कर आंदोलन करेंगे।

एसईसीएल बोला- विस्थापितों का सम्मानजनक पुनर्वास प्राथमिकता

इस मामले में एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार एसईसीएल के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है।

पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

ग्रामीणों को अगर कोई समस्या है तो संवाद और समन्वय के जरिए उसका समाधान किया जाएगा। हम ग्रामीणों से अपील करते हैं कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करें।

Continue Reading

कोरबा

क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा बालको : मंत्री लखन लाल

Published

on

बालकोनगर, 23 नवंबर, 2026। वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने दैहानपारा सहित क्षेत्र में लगभग 400 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी और समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।

कंपनी के निर्माण परियोजना के अंतर्गत यह कार्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और स्थानीय आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित सड़क निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क बेहतर संपर्क, सुगम आवाजाही और क्षेत्र के लोगों की दैनिक गतिविधियों को सहज बनाने में सहायक होगी। इस निर्माण कार्य से स्थानीय आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ लोगों के जीवन में सुविधा और सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।

बालको की सामुदायिक विकास परियोजनाओं की सराहना करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा, “बालको आसपास के क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास में निरंतर अपनी भूमिका निभा रहा है। औद्योगिक विकास के साथ-साथ कंपनी स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए सार्थक पहल कर रही है। कंपनी द्वारा सामुदायिक भवन, सड़क, पुल और नाली निर्माण जैसे आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। दैहानपारा में सड़क निर्माण जैसी पहल स्थानीय लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। बालको सामुदायिक विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।”

क्षेत्र में सामुदायिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बालको निरंतर प्रयासरत है। पिछले चार वर्षों में कंपनी ने 45 समुदाय में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण एवं विकास किया है, जिनमें सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, सामुदायिक शौचालय, सड़क, पुल और नाली अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन विकास कार्यों से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में मदद मिल रही है। आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक कल्याण के माध्यम से बालको आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में योगदान दे रहा है।

Continue Reading

कोरबा

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित

Published

on

आज दिनांक तक कुल 9409.20 क्विंटल धान की हुई खरीदी

सोमवार को कुल 2272.80 क्विंटल धान की हुई खरीदी

कोरबा 23 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केन्द्रो में माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर ने बताया कि 15 नवम्बर  से आज दिनांक तक जिले में कुल 9409.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। सोमवार 23 नवम्बर को कुल 2272.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।  समितियों में 25 नवम्बर बुधवार को 3522.00 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि  धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सहूलियत हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की  गई है।  धान विक्रय हेतु आए किसानो ने पारदर्शी एवं त्वरित धान  प्रकिया के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए  समर्थन मूल्य में धान की बिक्री होने पर खुशी जाहिर की है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक, शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
साथ ही राजस्व, खाद्य, मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम का गठन कर खरीदी केंद्रों में अवैध धान के आवक पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Continue Reading

कोरबा

सेजेस के रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन 25 नवंबर से

Published

on

27 एवं 28 नवंबर को सत्यापन और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग के बाद जारी होंगे नियुक्ति आदेश

कोरबा, 23 नवंबर 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया का आगामी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 25 और 26 नवंबर को जिला मुख्यालय में किया जाएगा। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को शेष सत्यापन तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग की कार्यवाही पूरी कर नियमानुसार नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 1/463863/2026/सेजेस भर्ती/2026-27 के अनुसार, जिले के आरक्षण रोस्टर के अनुरूप तैयार मेरिट एवं चयन सूची 21 नवंबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकृत पोर्टल पर जारी की गई है। अभ्यर्थी सूची में अपना नाम और चयन संबंधी विवरण देख सकते हैं।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, आयु तथा आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जाँच की जाएगी। प्रस्तुत मूल दस्तावेजों का ऑनलाइन आवेदन और चयन सूची में दर्ज जानकारी से मिलान किया जाएगा। विज्ञापन में निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर जाँच के बाद सत्यापन प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तावेज सत्यापन तथा कंप्यूटर संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख लेकर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सत्यापन एवं आगे की नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677