Connect with us

कोरबा

एसईसीएल मुख्यालय के 03 कर्मियों के सेवानिवृत्त पर भावभीनी विदाई दी गयी

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। आज दिनाँक 31.08.2026 को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर से सेवानिवृत्त हुए 03 कर्मियों को मुख्यालय बिलासपुर स्थित सीएमडी कक्ष में उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पहार से सम्मानित कर समस्त भुगतान का चेक प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गयी।

मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कान्फ्रेन्स हाल में मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के मुख्य आतिथ्य, विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में विवेक सिंह चंदेल, लाइब्रेरियन, मानव संसाधन विभाग, आलोक कुमार जायसवाल, सहायक अभियंता, ईएनटी विभाग तथा जसपर कार्ल, वरिष्ठ डीईओ , सामग्री प्रबंधन विभाग को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गयी।

इस अवसर पर शीर्ष प्रबंधन ने अपने-अपने उद्बोधन में कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान एवं कार्यकौशल से ही कम्पनी सफलता के मुकाम पर पहुँची है। सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। अंत में उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के सपरिवार उज्ज्वल भविष्य की ईश्वर से कामना की।

सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने कम्पनी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यहाँ के कर्मचारियों में कार्य के प्रति बहुत ही निष्ठा है। यहाँ के अधिकारी-कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर साथ में कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय पढ़ते हुए सफलतापूर्वक उद्घोषणा का दायित्व प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने निभाया।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को किया निलंबित

Published

on

कोरबा, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका, तहसील दीपका में पदस्थ राजस्व निरीक्षक नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर द्वारा यह कार्रवाई अवकाश आवेदन अस्वीकृत होने के बावजूद 21 जुलाई 2026 से 4 अगस्त 2026 तक बिना सक्षम अनुमति के कर्तव्य से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने तथा उक्त अवधि में बिना सक्षम अनुमति के विदेश यात्रा किए जाने के मामले में की गई है।
इस संबंध में नीलकांत यादव को कार्यालयीन पत्र के माध्यम से 11 अगस्त 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। आदेश में उनके कृत्य को पदीय कर्तव्यों के प्रति प्रमाद एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं नियम-7 के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत नीलकांत यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा, जिला कोरबा निर्धारित किया गया है।
साथ ही, नीलकांत यादव के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-14 के तहत छह माह के भीतर विभागीय जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व निरीक्षक मंडल दीपका का प्रभार किसी अन्य राजस्व निरीक्षक/पटवारी को सौंपकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Continue Reading

कोरबा

पशुधन विकास विभाग द्वारा 52 पशुओं को लगाए गए रेडियम बेल्ट

Published

on

कोरबा, 31 अगस्त 2026। पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा पशुओं की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नगर पंचायत छुरी, विकासखंड कटघोरा में विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा इस संबंध में निर्देश दिए गए थे।
अभियान के दौरान मुख्य मार्ग पर विचरण करने वाले 52 पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए गए। रेडियम बेल्ट के माध्यम से रात्रि के समय सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही आसानी से दिखाई देंगे, जिससे पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में सहायता मिलेगी।
पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुपालकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में सड़कों पर न छोड़ें तथा पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें।
पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा पशु एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत इस प्रकार के जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई आमजनों की समस्याएं, 45 आवेदन प्राप्त

Published

on

प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरबा, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लंबित राशि का भुगतान, बिजली बिल में सुधार, ऋण पुस्तिका प्रदान करने, अंत्योदय राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लंबित वेतन एवं मानदेय भुगतान, अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, मुआवजा प्रकरणों की जांच, अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय पर रोक लगाने तथा पात्र लोगों को जीविकोपार्जन एवं आजीविका के साधनों से जोड़ने सहित अन्य जनहित से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ परीक्षण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन के नियमानुसार शीघ्र लाभ एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677