भोपाल, एजेंसी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एथनॉल के इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ाने और पेट्रोलियम आयात पर देश की निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। गडकरी यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ मध्य प्रदेश की नई सार्वजनिक बस सेवा की शुरुआत के बाद आयोजित कार्यक्रम में कहा, ”आज किसान केवल हमारा अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जादाता भी है।”
गडकरी ने कहा कि एथनॉल उत्पादन से किसानों को पहले ही फायदा हुआ है और इसके उत्पादन की शुरुआत के बाद मक्के की कीमत करीब 1,200 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 2,600 रुपए प्रति क्विंटल हो गई। उन्होंने कहा, ”यही स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता का अर्थ है।” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 100 प्रतिशत एथनॉल पर चलने में सक्षम ‘फ्लेक्स-फ्यूल’ इंजन (एथनॉल और पेट्रोल पर चलने वाले) विकसित किए जा रहे हैं और इस तकनीक वाले वाहनों को बाजार में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत करीब 22 लाख करोड़ रुपए का पेट्रोलियम आयात करता है और एथनॉल, बिजली, हाइड्रोजन तथा अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के इस्तेमाल से आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने की जरूरत है।
गडकरी ने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को भी बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर पेश किए जा चुके हैं और हाइड्रोजन से चलने वाले वाहनों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ”मैं हाइड्रोजन वाहन में यात्रा करता हूं। इसका नाम मिराई है, जिसका अर्थ भविष्य है। 10 मार्गों पर हाइड्रोजन बसें शुरू की जाएंगी।” गडकरी ने कहा कि स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल से सुरक्षा से समझौता किए बिना प्रदूषण और ईंधन आयात को कम करने में मदद मिलेगी। मंत्री ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में शुरू की गई नई बस सेवा विशेष रूप से गरीब वर्ग के लोगों को सुरक्षित, किफायती और जवाबदेह परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा, ”गरीब लोगों को सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्हें एसी बसों में बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए और टिकट का किराया डीजल बसों की तुलना में 30 प्रतिशत कम होना चाहिए। यही हमारा सपना है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बसों की सुरक्षा और गुणवत्ता में सुधार के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें पंजीकरण से पहले कड़े परीक्षण की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बसों को अधिक सुगम बनाया जाएगा और बसों की डिजाइन ऐसी होगी जिससे उन पर चढ़ना आसान हो। गडकरी ने कहा कि सरकार पुराने वाहनों को कबाड़ में बदलने और वाहन स्क्रैपिंग तथा परीक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ाने को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चालकों की कमी दूर करने के लिए मध्यप्रदेश में 32 ड्राइविंग केंद्र शुरू किए गए हैं।
गडकरी ने कचरे को ईंधन में बदलने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नागपुर में कचरे से प्रतिदिन 28 टन सीएनजी का उत्पादन किया जा रहा है और देशभर में ऐसे करीब 4,000 परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। ऐसी परियोजनाओं से किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने में मदद मिलेगी तथा आयात और प्रदूषण को कम किया जा सकेगा। गडकरी ने कहा कि केंद्र की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत 57,000 करोड़ रुपए के निवेश से 10,000 बसें चलाने की परिकल्पना है और इससे 45 लाख से 55 लाख रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। योजना के तहत 972 बसों को मंजूरी दी जा चुकी है।
नई दिल्ली, एजेंसी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है। वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है।
सीतारमण ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया, ”गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी नहीं है। एक सुरक्षित छत, साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सेवाओं के बिना कोई भी परिवार आय बढ़ने के बाद भी असुरक्षित बना रहता है। एक बीमारी सारी बचत खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे। साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है। सीतारमण ने कहा, ”अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें। विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है।” ‘विकसित भारत’ के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है। अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है। वित्त मंत्री ने कहा, ”सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।” सीतारमण ने लिखा कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
नई दिल्ली, एजेंसी। शादी-ब्याह के सीजन में सोने की मांग बढ़ने के बीच सर्राफा बाजार में मिलावट की खबरों ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने में दुर्लभ धातु रेनियम पाउडर मिलाए जाने की आशंकाओं से इसकी शुद्धता पर सवाल उठने लगे हैं। इस खुलासे ने न सिर्फ गहने खरीदने वाले लोगों का भरोसा डगमगाया है, बल्कि सरकारी हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि ग्राहक अब सोना खरीदने से पहले उसकी शुद्धता को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इसका असर खुदरा बाजार की खरीदारी पर भी दिखाई देने लगा है और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है।
कैसे हो रही है सोने में मिलावट?
अब तक सोने में मिलावट के लिए तांबा और चांदी जैसी धातुओं का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब रेनियम पाउडर के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेनियम का घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व लगभग 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है।
आरोप है कि सोना पिघलाते समय इसमें रेनियम मिलाने से गहने का आकार बदले बिना उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। इससे कम शुद्धता वाले सोने को ज्यादा कैरेट का बताकर बेचने का खतरा पैदा हो गया है।
XRF मशीन भी नहीं पकड़ पा रही मिलावट?
इस मामले में सबसे बड़ी चिंता जांच तकनीक को लेकर है। ज्वेलरी शोरूम में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरोसेंस (XRF) मशीन मुख्य रूप से गहने की सतह की जांच करती है। ऐसे में अंदर छिपाई गई मिलावट का पता लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी वजह से जांच के मौजूदा तरीकों को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही है।
इंडस्ट्री में नाराजगी
कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों की मिलीभगत से फर्जी शुद्धता रिपोर्ट जारी होने के आरोपों ने पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से रेनियम के आयात पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) जैसे शीर्ष संगठनों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। ज्वेलर्स इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि जब तक जांच की नई तकनीकें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक ग्राहकों को सतर्क रहना होगा।
ज्वेलर्स एसोसिएशन की चेतावनी
ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मुंबई जवेरी बाजार ज्वेलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कुमार जैन कहते हैं कि सोने में रेनियम धातु की मिलावट को लेकर रिपोर्ट सामने आ रही हैं इसमें सच्चाई है। इस धातु को सोने के अंदर एक खास जगह पर फिट किया जाता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। जैन ने बताया कि मुंबई में सोने की शुद्धता जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के जरिए सोने में मौजूद अलग-अलग धातुओं और उनकी मात्रा की जानकारी मिलती है।
BIS ने बुलाई विशेष बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने 23 नवंबर को विशेष बैठक बुलाई। ज्वेलरी संगठनों ने भी सरकार से मामले की जांच और रेनियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
ज्वेलर्स एसोसिएशन ने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खरीदारी करते समय प्रतिष्ठित ज्वेलर को प्राथमिकता दें। गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID नंबर को BIS Care App पर जरूर जांचें। इसके अलावा पक्का GST बिल लें, जिसमें सोने का कैरेट और वजन स्पष्ट लिखा हो।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल घबराने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। सोने की खरीदारी में हॉलमार्क, बिल और ज्वेलर की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत में सोने का आयात इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान सालाना आधार पर लगभग 40 प्रतिशत घट गया। इन सात महीनों के दौरान देश ने 24.7 अरब डॉलर मूल्य का सोना खरीदा है। उद्योग निकाय चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गोयल के अनुसार भारत ने अप्रैल से अक्टूबर, 2025 के बीच 41.24 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि इस साल समान अवधि में यह आंकड़ा 24.7 अरब डॉलर रहा यानी इसमें 16.46 अरब डॉलर की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष के दौरान सोने की खरीद में आई बड़ी कमी को दर्शाते हैं। गोयल ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात लगभग 72 अरब डॉलर रहा था, जबकि 2026-27 के लिए इसके 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने का अनुमान है।
गोयल ने सोने की खरीद में आई इस गिरावट का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को देते हुए कहा कि यह कमी व्यापारिक आंकड़ों में साफ दिख रही है। उन्होंने सोने की कीमतों में आई गिरावट का भी जिक्र किया और कहा कि इससे उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों के लिए इस कीमती धातु को खरीदने की लागत कम हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत लगभग 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम थी और तब से यह घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है यानी लगभग 65 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है। गोयल ने कहा कि कीमतों में इस बदलाव से आभूषण विक्रेताओं और व्यापारियों को अपना स्टॉक संभालने में मदद मिली है, जबकि उपभोक्ता तुलनात्मक रूप से कम कीमतों पर सोना खरीद पाए हैं।