मुफ्त रक्त सेवा, रक्तदान शिविर और मजबूत आर्थिक फंड के साथ पेश की मिसाल
जल्द ही सभी जिला कलेक्टरों की बुलाई जाएगी विशेष बैठक कोरबा। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। राज्य चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में कोरबा जिला शाखा के कार्यों का लेखा-जोखा और रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में कोरबा जिला शाखा के कार्यों की गहन समीक्षा की गई, जहाँ सभापति रामसिंह अग्रवाल के कुशल नेतृत्व और जनसेवा कार्यों की प्रदेश स्तर पर सराहना की गई। सभापति रामसिंह अग्रवाल के मार्गदर्शन में कोरबा जिला शाखा वर्ष 2026-27 में सेवा और पारदर्शिता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है।
कोरबा रेड क्रॉस की प्रमुख उपलब्धियां और वित्तीय स्थिति
मुफ्त रक्त सेवा जिले में गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले एनीमिया, सिकलसेल और थैलेसीमिया के 11,924 गंभीर मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया है।
रक्तदान शिविर सभापति रामसिंह अग्रवाल की सक्रियता से पिछले दो वर्षों में रिकॉर्ड 66 शिविरों के माध्यम से 2000 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया है।
आर्थिक मदद इलाज के लिए 376 कमजोर मरीजों को रू.6,32,376 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
मजबूत फंड स्थिति संस्था की कुल आय में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में संस्था के पास रू.26,80,000 का फिक्स्ड डिपॉजिट सुरक्षित है।
सदस्यता और अंशदान जिले में कुल 1772 पंजीकृत सदस्य हैं। जिला शाखा द्वारा राज्य मुख्यालय को रू.19.27 लाख से अधिक की सदस्यता राशि भेजी जा चुकी है।
जूनियर रेड क्रॉस कोरोना काल में छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया गया, जबकि इसके बाद के वर्षों में कुल रू.6,17,470 का अंशदान प्राप्त हुआ है।
संसाधनों और बुनियादी ढांचे की वास्तविक स्थिति राज्य प्रबंध समिति के कड़े एजेंडे के जवाब में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव द्वारा हस्ताक्षरित रिपोर्ट में जिले की वास्तविक जमीनी स्थिति साफ की गई है। जिला शाखा को डी.एम.एफ. मद से एक ब्लड डोनेशन वाहन प्राप्त हुआ है। जिले में रेड क्रॉस द्वारा स्वतंत्र रूप से कोई ब्लड बैंक, शव वाहन या वृद्धाश्रम संचालित नहीं किया जा रहा है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय कोरबा के ब्लड बैंक को केवल सहयोग दिया जा रहा है। संरक्षक, सह संरक्षक एवं आजीवन सदस्यों की सदस्यता प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से प्रदान करने की माँग की गई है। रेड क्रॉस की समस्त गतिविधियों के समन्वित सुचारू रूप से क्रियान्वयन हेतु कलेक्ट्रेदर पर एलडीसी कर्मचारी की भर्ती करने की माँग की गई है।
कलेक्टर संभालेंगे कमान बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, जल्द ही प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों की विशेष बैठक बुलाई जा रही है। चूंकि कलेक्टर जिला शाखा के पदेन अध्यक्ष होते हैं, इसलिए इस कदम से कोरबा में प्रशासनिक समन्वय मजबूत होगा। राज्य नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि मानव सेवा के कार्यों में किसी भी विभाग की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में सभापति राम सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में नई प्रबंधन टीम के गठन के साथ ही कोरबा में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और स्वास्थ्य शिविरों का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जाएगा।
कोरबा/कटघोरा। करीब 02 साल से अधिक समय तक कटघोरा वनमंडल में पदस्थ रहे आईएफएस कुमार निशांत का स्थानांतरण मरवाही डीएफओ के रूप में हो गया है। उनके स्थान पर शासन ने आईएफएस जितेन्द्र कुमार उपाध्याय को पोस्टिंग दी है। श्री उपाध्याय इसके पूर्व धरमजयगढ़ में डीएफओ थे। निशांत का भ्रष्टाचार और तानाशाही से रहा नाता कटघोरा में पदस्थ कुमार निशांत का कटघोरा डीएफओ बनते ही तानाशाही और भ्रष्टाचार से नाता रहा। कटघोरा डीएफओ रहते कैम्पा मद में भारी गड़बड़ी की शिकायत रही और विधानसभा तक इसकी गूंज रही। एक विधायक के सवाल के जवाब में छत्तीसगढ़ के उन आईएफएस अधिकारियों का नाम वनमंत्री केदार कश्यप ने बताया, जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत और जांच चल रही है, जिनमें कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत का नाम शामिल है। भ्रष्टाचार की शिकायत और जांच चलने के बाद भी कुमार निशांत को सालों तक अभयदान मिलता रहा और काफी समय कटघोरा डीएफओ के रूप में बिताने के बाद 08 अगस्त को उनका स्थानांतरण मरवाही वनमंडल में डीएफओ के रूप में हुआ है। भ्रष्टाचार में जहां वे चर्चा में रहे, वहीं वे तानाशाही के लिए भी चर्चित रहे। जब जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा-कटघोरा डीएफओ कार्यालय में जा कर लेंगे बैठक उनकी हिटलरशाही आम जनता के लिए तो चर्चा का विषय रहा ही, वे जनप्रतिनिधियों के निर्देशों की भी अवहेलना करने में भी चर्चित रहे। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को एक साल से अधिक हो गए। एक साल में जिला पंचायत की सामान्य सभा जितनी बार हुई, उसमें एक बार भी कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत नहीं पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ एवं अध्यक्ष डॉ. पवन के निर्देशों को भी वे हवा में उड़ा देते रहे और अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच कहते-फिरते रहे कि उनका कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। हुआ भी यही, वे राजा की तरह दम्भ के साथ कटघोरा में अपना पूरा कार्यकाल बिताया और अब 08 अगस्त को शासन स्तर पर हुए तबादला आदेश में वे मरवाही जा रहे हैं।
एक साल की एक भी सामान्य सभा में डीएफओ कुमार निशांत की उपस्थिति न होने पर कई बार कटघोरा डीएफओ को नोटिस दिया गया, लेकिन कोई प्रभाव नहीं पड़ा, इससे खिन्न हो कर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि अबकी बार कटघोरा डीएफओ उपस्थित नहीं होते, तो वे सभी सदस्यों के साथ कटघोरा वनमंडल कार्यालय में डीएफओ की बैठक लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं कर सके। सीएम तक हुई शिकायत, लेकिन नौकरशाही हावी रही डॉ. पवन सिंह सहित जिला पंचायत सदस्यों, भाजपा नेताओं ने कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत की तानाशाही एवं भ्रष्टाचार की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास पहुंचे, लेकिन महीनों-महीनों बीत गए, लेकिन उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिला पंचायत सीईओ के आदेश को मानने के लिए वे अपने आपको बाध्य नहीं मानते थे, क्योंकि वे फ्रेश आईएफएस हैं, जबकि जिला पंचायत सीईओ प्रमोटिव एडीएम/जिला पंचायत सीईओ थे।
कोरबा। कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। बांगो जलाशय के कार्यपालन अभियंता एस.के.भारती से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जलभराव 89.55 प्रतिशत है। जलाशय में पानी की आवक बढ़ने पर कभी भी मिनीमाता जलाशय का गेट खोलकर पानी बहाया जा सकता है।
बाढ़ क्षेत्र से परिसम्पतियां हटाने की सूचना जारी
वर्षाकाल 2026 के दौरान आवश्यकता होने पर मिनी माता बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जायेगा। कार्यपालन अभियंता एस.के.भारती मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक 03 माचाडोली ने सर्व साधारण एवं कार्य संबंधितों को सूचित किया है कि मिनीमाता बांगो जलाशय में बारिश के साथ ही जलभराव में वृद्धि हुई है। आज की स्थिति में बांगो जलाशय में जल भराव मीटर 89.55 प्रतिशत है।
उक्त बांध से नीचे, हसदेव नदी के किनारे, बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल सम्पत्ति सुरक्षित स्थानों पर ले जायें। बाढ़ क्षेत्र में स्थापित खनिज खदान ठेकेदार, औद्योगिक इकाईयां, संस्थानों आदि को भी सूचित किया गया है कि वे अपनी परिसम्पत्तियों को बाढ़ क्षेत्र से बाहर कर लेवें। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने कहा है कि अकस्मात बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। कार्यपालन अभियंता मिनीमाता बांगो बांध ने बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र में आने वाले संभावित गांवो में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं।
कोरबा। कोरबा के कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में बुंदेली से चांदनी चौक तक जर्जर पीएमजीएसवाई सड़क और क्षतिग्रस्त खोलार नदी के पुल को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (जेसीपी) ने शुक्रवार, 7 अगस्त को चांदनी चौक पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और बारिश का पानी भर गया है। इसके कारण सड़क तालाब जैसी हो गई है। ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को रोज जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
जेसीपी ने बताया कि सड़क और पुल की समस्या को लेकर पहले प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया था। समय पूरा होने के बाद भी कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ। इसके बाद पार्टी ने चांदनी चौक पर चक्काजाम कर विरोध जताया।
पुल के लिए 5.36 करोड़ का प्रस्ताव
जेसीपी के जिला सचिव महावीर यादव ने बताया कि खोलार नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए सीजीआरआरडीए कोरबा ने डीएमएफटी मद से 536.01 लाख रुपए का प्राक्कलन तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा है। यह प्रस्ताव कई महीनों से मंजूरी के इंतजार में है।
घोषणा और शिकायत के बाद भी काम शुरू नहीं
महावीर यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री की घोषणा और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी मौके पर काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया। उनका कहना है कि खराब सड़क और पुल के कारण रोजाना स्कूली बच्चों, किसानों और आम लोगों को परेशानी हो रही है।
अस्पताल और मंडी जाने में भी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क कई गांवों को शहर से जोड़ती है। पुल टूटने और सड़क खराब होने से मरीजों को अस्पताल ले जाने, बच्चों को स्कूल पहुंचाने और किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
जेसीपी ने कहा है कि सड़क की मरम्मत और खोलार नदी पर नए पुल का निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने किसानों, युवाओं और आम लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी, जिसे स्थानीय लोगों का समर्थन मिला।
नियमित नौकरी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने राखड़ डैम बंद किया
कोरबा में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह के राखड़ बांध से प्रभावित ग्रामीणों ने शुक्रवार को डैम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। गोढ़ी, बेन्द्रकोना और पडरीपानी के ग्रामीण 2007 में अधिग्रहित जमीन के बदले अब तक नियमित नौकरी नहीं मिलने से नाराज हैं।
ग्रामीण राखड़ डैम पंडोपानी पहुंचे और डैम का काम बंद कराकर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 46 परिवार ऐसे हैं, जिन्हें जमीन अधिग्रहण के बाद अब तक स्थायी नौकरी नहीं मिली है।
प्रभावित ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें नियमित नौकरी देने के बजाय सिर्फ तीन साल की संविदा नौकरी का प्रस्ताव दिया जा रहा है। कुछ लोगों ने यह नौकरी स्वीकार कर ली है, जबकि कई ग्रामीणों ने इसे लेने से इनकार कर दिया है।
2010 में नियमित नौकरी देने की हुई थी घोषणा
ग्रामीणों के अनुसार, 29 नवंबर 2010 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि राखड़ बांध के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले 308 प्रभावित परिवारों के एक-एक सदस्य को CSPGCL में नियमित नौकरी दी जाएगी। इस घोषणा को संचालक मंडल से भी मंजूरी मिलने की बात ग्रामीणों ने कही है।
308 में से आधे से ज्यादा परिवारों को मिली नौकरी
प्रभावितों का कहना है कि 308 परिवारों में से आधे से ज्यादा को ही अब तक नौकरी मिल पाई है। बाकी परिवारों को नियमित पद देने के बजाय तीन साल की संविदा नौकरी दी जा रही है। इसमें हर साल अनुबंध बढ़ाने की बात है, लेकिन तीन साल बाद नियमित नौकरी देने की कोई गारंटी नहीं है।
जमीन गई, अब रोजगार भी नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि 2007 में उनकी पुश्तैनी जमीन अधिग्रहित की गई थी। यही जमीन उनके परिवार की आय का मुख्य साधन थी। जमीन जाने के बाद परिवारों के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि उन्हें भी पहले नौकरी पा चुके प्रभावित परिवारों की तरह नियमित पद दिया जाए।
15 साल से सिर्फ आश्वासन मिलने का आरोप
किसानों ने कहा कि वे पिछले 15 साल से नौकरी के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। कई बार ज्ञापन दिए गए और बैठकें भी हुईं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने नियमित नौकरी नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।