Connect with us

कोरबा

मालगाड़ी से कोयला-चोरी करते नाबालिग करंट की चपेट में आया:गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, कोरबा में 24 घंटे में दूसरी घटना

Published

on

कोरबा। कोरबा के ढोढ़ीपारा में मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय एक नाबालिग करंट की चपेट में आ गया, उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर को 14 वर्षीय नाबालिग अपने दोस्तों के साथ ढोढ़ीपारा बस्ती के सामने बालको रेलवे ट्रैक मालगाड़ी से कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

नाबालिग ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।

नाबालिग ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।

मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाला

बताया जा रहा है कि उन्होंने चलती मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाला, जिससे ट्रेन धीमी होकर रुक गई। पीयूष कोयला चोरी करने के लिए मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ा, तभी वह ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।

झुलसकर डिब्बे पर ही गिरा नाबालिग

करंट लगने से वह झुलसकर डिब्बे पर ही गिर गया। उसके दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिन्होंने पीयूष को डिब्बे से नीचे उतारा और एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी मालगाड़ी टीपी नगर से बालको पावर प्लांट की ओर जा रही थी।

मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार दोपहर उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा के पास भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे रेफर किया गया था।

Continue Reading

कोरबा

ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन

Published

on

कोरबा। ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ( पूर्व महापौर रायपुर ) अध्यक्षता संजय कुमार पांडेय, (जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ ) विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पांडे, बी के शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा,राजेंद्र पाण्डेय, वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया ।
परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार हुए इस सम्मेलन में युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय दिया गया।
इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से 12 जिले के ब्राह्मण परिवार शामिल हुए थे।
एक परिवार भोपाल से भी शामिल हुआ।
इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण परिवार के युवक-युवती को एक दूसरे से परिचय करके विवाह करवाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार हुए इस आयोजन का लाभ बहुत सारे ब्राह्मण परिवार को मिलेगा ऐसे कार्य समाज के लिए बहुत अच्छे होते हैं समाज के सभी कार्यों में सभी ब्राह्मणों को तन मन धन से सहयोग करना चाहिए ताकि समाज आगे बढ़े।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण परिवार हमेशा एक होकर काम करते हैं और साथ में सभी का सहयोग करते हैं ब्राह्मण वह है जो हमेशा सभी के शुभ कार्यों को आगे बढ़ते हैं ऐसे में यह आयोजन पूरे समाज के लिए बेहतरीन कार्य है। आप सभी समाज के कार्यों में हमेशा सहयोग करके ब्राह्मणों को आगे बढ़ने का कार्य करें।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक, ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया गया है। बी.के. शुक्ला, अध्यक्ष परशुराम ब्राह्मण समाज ने कहा कि सामाजिक एकजुटता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

परशुराम ब्राह्मण समाज के इस आयोजन में 500 लोग शामिल हुए।

आयोजक – परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा

Continue Reading

कोरबा

नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में कई वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों का पट्टा के लिए सर्वे में नाम ही नहीं

Published

on

नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में
पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग
27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति
जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट
कोरबा।
इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की।
शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान
वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।

Continue Reading

कोरबा

रायपुर में आयोजित सेमीनार में एनकेएम एलपीएस खरहरकुड़ा की स्काऊट्स एवं गाईड्स टीम की सहभागिता

Published

on

कोरबा। 19 नवम्बर 2026 को भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया, जिसमें नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षक अंकुश लाल यादव एवं शिक्षिकता जयंती कंवर ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, समाजसेवा एवं स्काऊट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विद्यालय के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धी बताया और कहा कि यह विद्यालय के उज्ज्वल भाविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण नई शुरूवात है।

सेमिनार एवं सम्मान समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के के खण्डेलवाल सम्बोधित किया और राज्य संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूलभावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।

सेमिनार रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बालअधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के सम्पादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी युवा नेतृत्व एवं सेवा गतिविधियों के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने किया।

मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677