Connect with us

कोरबा

श्री सप्तदेव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियाँ पूर्ण, 4 सितम्बर को भव्य एवं दिव्य उत्सव

Published

on

भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनोहारी झाँकियाँ रहेंगी आकर्षण का केन्द्र

लड्डू गोपाल सजाओ एवं श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता का आयोजन

मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन होंगे शामिल

कोरबा, 2 सितम्बर 2026। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धर्म, भक्ति, प्रेम, कर्म और लोककल्याण की महान परंपरा का विश्वव्यापी उत्सव है। भारत की पावन धरती से लेकर विश्व के अनेक देशों तक करोड़ों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाते हैं। इसी दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी शुक्रवार, 4 सितम्बर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

ज्ञात हो कि श्री सप्तदेव मंदिर में यह जन्माष्टमी का 33वां उत्सव हो रहा है. जन्माष्टमी उत्सव को लेकर श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में तैयारियाँ लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुँचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन के साथ-साथ नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया जा रहा है।

मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन करेंगे भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, छत्तीसगढ़ के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक श्री सप्तदेव मंदिर पहुँचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।

नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू सिंह राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं कलेक्टर तथा आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर आने का आश्वासन दिया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूर्व वर्षों की भाँति यथासंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की जीवंत एवं मनोहारी झाँकियाँ होंगी विशेष आकर्षण

जन्माष्टमी उत्सव का सबसे प्रमुख आकर्षण मंदिर परिसर में विशाल पंडालों के माध्यम से सजाई जा रही भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित भव्य एवं मनोहारी झाँकियाँ होंगी।

इन झाँकियों में भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में अवतरण, माता देवकी एवं वसुदेव जी के साथ दिव्य जन्म प्रसंग, वसुदेव जी द्वारा नवजात श्रीकृष्ण को यमुना पार कर गोकुल पहुँचाना, बकासुर वध, कालिया नाग मर्दन, गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर धारण करना सहित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रजा पिता ब्रह्माकुमारी के द्वारा भी श्री सप्तदेव मंदिर में नशा मुक्ति अभियान के ऊपर भी भव्य झांकी लगाई जा रही है.

श्रद्धालुगण इन मनोहारी झाँकियों का दर्शन सायं 4 बजे से रात्रि 1 बजे तक कर सकेंगे। झाँकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा धर्म एवं लोककल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है।

पूजन सामग्री एवं धार्मिक साहित्य भी रहेगा उपलब्ध

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के लिए पूजन सामग्री उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित विभिन्न उपयोगी वस्तुएँ तथा गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे श्रद्धालु धर्म एवं आध्यात्मिक ज्ञान से संबंधित साहित्य अपने साथ ले जा सकेंगे।

लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता से सजेगा मंदिर परिसर

जन्माष्टमी के पूर्व दिवस 3 सितम्बर 2026 को दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक मंदिर परिसर में आकर्षक ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा एवं वात्सल्य की अभिव्यक्ति के इस आयोजन में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए मंदिर में पंजीयन प्रारंभ हो चुका है।

नन्हे-मुन्ने बच्चे बनेंगे कान्हा

जन्माष्टमी के दिन 4 सितम्बर 2026 को दोपहर 3 बजे से सायं 5 बजे तक 0 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोहेंगे। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन मंदिर में प्रारंभ हो चुका है।

इसी अवसर पर सायं 5 बजे विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

भजन-कीर्तन से गूँजेगा मंदिर परिसर

जन्माष्टमी की संध्या को मंदिर परिसर भक्ति एवं संगीत से सराबोर रहेगा। रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक श्री शुभम गोयल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के भजन एवं कीर्तन की मनोहारी तथा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों के माध्यम से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय एवं भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा।

रात्रि 12 बजे होगा भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जन्मोत्सव

रात्रि 12 बजे, भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की पावन बेला में पूर्ण विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव संपन्न कराया जाएगा। जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की मंगल बेला आएगी, पूरा मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूँज उठेगा।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में भव्य आतिशबाजी की जाएगी। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को भगवान का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

धर्म, संस्कृति और संस्कारों का संदेश देगा जन्माष्टमी उत्सव

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल भक्ति और आस्था का विषय नहीं, बल्कि धर्म की स्थापना, सत्य के मार्ग पर चलने, कर्म करने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा मानवता और लोककल्याण का संदेश देने वाला महान जीवन दर्शन है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी बाल लीलाओं से परिचित कराने, भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के प्रति श्रद्धा जागृत करने तथा परिवार एवं समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कारों को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट का श्रद्धालुओं से सादर आमंत्रण

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं, भक्तजनों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं बच्चों से सादर आग्रह किया है कि 3 एवं 4 सितम्बर 2026 को श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें।

ट्रस्ट परिवार ने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव को भक्ति, श्रद्धा, उल्लास और भारतीय संस्कृति की गरिमा के साथ मनाएँ, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लें और इस पावन अवसर पर उनके दिव्य दर्शन एवं जन्मोत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

जय श्रीकृष्ण!
नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की!

Continue Reading

कोरबा

बांस शिल्प के लिए बिरहोर परिवारों को दिया जा रहा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

Published

on

परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल

कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।

प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Continue Reading

कोरबा

पाली के राजा का भव्य आगमन कल

Published

on

शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी
कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।

गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

शराब पीने के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित

कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट

दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई
कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677