Connect with us

छत्तीसगढ़

छठ पर रेलवे ने बदले 3 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म:रायपुर स्टेशन पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म-7 से होगा संचालन, 15 नवंबर को चलेगी पूजा स्पेशल

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रायपुर रेल मंडल ने खास व्यवस्था की है। इसके तहत बिहार जाने वाली तीन ट्रेनें 14 नवंबर तक रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 से रवाना होंगी। इनमें 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस शामिल हैं।

इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्री गुढ़ियारी की ओर बने प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म-7 पर पहुंच सकेंगे। त्योहार के दौरान स्टेशन पर भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है। यात्रियों की सुरक्षा और आने-जाने की सुविधा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

15 नवंबर को दुर्ग से चलेगी स्पेशल ट्रेन

यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग-निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है। इसका अगला फेरा 15 नवंबर को दुर्ग से रवाना होगा। गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन स्पेशल सुबह 10:45 बजे दुर्ग से चलेगी और 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद आगे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।

16 नवंबर को होगी वापसी

वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। यह ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा होते हुए अगले दिन सुबह 4:18 बजे उमरिया पहुंचेगी।

इसके बाद शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड और उसलापुर होते हुए दोपहर 12:10 बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुककर दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन

पूजा स्पेशल में कुल 20 कोच रहेंगे। इनमें 4 जनरल, 11 स्लीपर, 2 एसी थर्ड, 1 एसी सेकंड और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रहेगा। इससे छत्तीसगढ़ से उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

यात्रा से पहले देख लें समय-सारिणी

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर ले लें। ट्रेन की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस और रेलवन ऐप से भी ली जा सकती है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

चांपा में युवक के गले पर कत्ता अड़ाकर पैसे लूटे:जान से मारने की दी धमकी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा साथी फरार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में दो युवकों ने युवक को रोककर उसके गले पर लोहे का कत्ता अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर 400 रुपए लूट लिए। पुलिस ने मामले में आरोपी गौरव साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उसका साथी विनय उर्फ नेपाली फरार है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित राजेश मांझी बिलासपुर जिले का रहने वाला है। वह दीपावली मनाने अपने मामा के घर चांपा आया था। 9 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपने बड़े मामा के बेटे लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़े खरीदने गया था।

कपड़े खरीदकर लौटते समय सुबह करीब 11 बजे दोनों भोजपुर चौक पहुंचे। वहां विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ बाइक से आया और उन्हें रोक लिया। आरोप है कि विनय ने लकेश्वर की मां को लेकर धमकी दी और उसे समझाने की बात कही।

गले पर कत्ता अड़ाकर मांगे पैसे

इसके बाद आरोपियों ने राजेश के गले पर लोहे का कत्ता अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और पैसे मांगे। डर के कारण राजेश ने जेब में रखे 400 रुपए उन्हें दे दिए। इसी दौरान मौके पर 112 पुलिस वाहन आता देखकर दोनों आरोपी भाग निकले।

राजेश ने मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी और चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

रकम बांटकर खर्च कर चुका था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के बाद गौरव साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि दोनों ने लूट की रकम आपस में बांट ली थी और उसने अपने हिस्से के रुपए खर्च कर दिए।

पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी विनय उर्फ नेपाली की तलाश की जा रही है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

बोर्ड परीक्षा ड्यूटी के लिए सेंटर-हेड को मिलेंगे 200 रुपए:चपरासी को 40 रुपए, 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स होने पर 2 असिस्टेंट सेंटर हेड होंगे

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के संचालन के लिए सेंटर हेड, असिस्टेंट सेंटर हेड और अन्य स्टाफ की पेमेंट रेट तय की हैं। अब 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स वाले एग्जाम सेंटर के सेंटर हेड को 200 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे।

वहीं, 500 तक स्टूडेंट्स वाले सेंटर हेड को 180 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे। मंडल ने एग्जाम सेंटर में स्टूडेंट्स की संख्या के आधार पर स्टाफ की नियुक्ति के नियम भी तय किए हैं।

यह व्यवस्था हाईस्कूल, हायर सेकंडरी, शारीरिक शिक्षा पत्रोपाधि और डीएलएड की मेन-सेकंड मेन एग्जाम के लिए लागू होगी। फाइनेंस कमेटी की 6 अक्टूबर और एग्जीक्यूटिव कमेटी की 15 अक्टूबर 2026 की मीटिंग में पेमेंट बढ़ाने का फैसला लिया गया था। नई रेट एग्जाम ईयर 2026-27 से लागू होंगी।

500 से ज्यादा स्टूडेंट्स पर दो असिस्टेंट सेंटर हेड

मंडल के आदेश के मुताबिक, 500 तक स्टूडेंट्स वाले सेंटर में एक और 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स वाले सेंटर में दो असिस्टेंट सेंटर हेड नियुक्त किए जाएंगे। इन्हें 150 रुपए प्रतिदिन पेमेंट मिलेगा।

हर 15 अतिरिक्त स्टूडेंट्स पर बढ़ेगा एक सुपरवाइजर

एग्जाम रूम में 30 स्टूडेंट्स तक दो सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद हर 15 अतिरिक्त स्टूडेंट्स पर एक सुपरवाइजर बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक सुपरवाइजर को 75 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे।

400 स्टूडेंट्स पर एक क्लर्क, 500 पर चार चपरासी

क्लर्क: 400 तक स्टूडेंट्स पर एक क्लर्क और इसके बाद हर 400 अतिरिक्त स्टूडेंट्स पर एक क्लर्क नियुक्त होगा। पेमेंट 60 रुपए प्रतिदिन रहेगा।

चपरासी: 500 तक स्टूडेंट्स पर चार चपरासी नियुक्त होंगे। इसके बाद हर 150 अतिरिक्त स्टूडेंट्स पर एक चपरासी बढ़ाया जाएगा। पेमेंट 40 रुपए रहेगा।

सिक्योरिटी गार्ड: क्वेश्चन पेपर थाने से लाने और बिना जांची आंसरशीट थाने में जमा कराने के लिए 40 रुपए दिए जाएंगे।

नैमित्तिक खर्च के लिए प्रति स्टूडेंट के हिसाब से पेमेंट

एग्जाम सेंटर को अन्य खर्च के लिए भी स्टूडेंट्स की संख्या के आधार पर पेमेंट मिलेगा। 200 तक स्टूडेंट्स वाले सेंटर के लिए 4 रुपए प्रति स्टूडेंट और 200 से ज्यादा स्टूडेंट्स वाले सेंटर के लिए 3 रुपए प्रति स्टूडेंट की रेट तय की गई है।

जिन मदों में पेमेंट रेट नहीं बढ़ाई गई है, उनमें पहले से लागू रेट ही जारी रहेंगी। नई रेट 2026-27 की परीक्षाओं से लागू होंगी।

Continue Reading

कोरबा

खड़े ट्रेलर से बाइक टकराई,2 युवकों की मौत:अंधेरा और बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, SECL प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन

Published

on

कोरबा। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सिरकी मोड़-बतारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम किया। उन्होंने सड़क पर रोशनी और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई।

भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हुए। भोलू की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मनमोहन को मामूली चोटें आईं।

सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ी करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। चक्काजाम के कारण करीब 7 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677