Connect with us

कोरबा

सीएसईबी (वितरण) के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं क्षेत्र के लब्धप्रतिष्ठित समाजसेवी कार्तिक राम जायसवाल का निधन: पंचतत्व में हुए विलीन

Published

on

प्रदेश सचिव संघ के महासचिव सुनील जायसवाल के पिता हैं कार्तिक राम जायसवाल
कोरबा/पाली। जिले के विकासखण्ड पाली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत परसदा निवासी सीएसईबी (वितरण) से सेवानिवृत्त वरिष्ठ क्लर्क 82 वर्षीय कार्तिक राम जायसवाल का 04 अगस्त को रायपुर स्थित संजीवनी हास्पिटल में निधन हो गया। वे कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके पार्थिव शरीर को रायपुर से परसदा लाया गया और अंतिम दर्शन के लिए निवास स्थान पर रखा गया तथा 05 अगस्त को उनका अंतिम संस्कार परसदा स्थित स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया।
प्रदेश सचिव संघ के महासचिव सुनील जायसवाल को पितृशोक
प्रदेश ग्राम पंचायत सचिव संघ के महासचिव सुनील जायसवाल के पिता श्री कार्तिक राम जायसवाल 81 वर्ष की उम्र में अनंत यात्रा पर चले गए। वे अपने पीछे धर्मपत्नी, दो पुत्र अम्बिका जायसवाल (अधिवक्ता), सुनील जायसवाल (महासचिव-प्रदेश पंचायत सचिव संघ छत्तीसगढ़), पांच पुत्रियां सहित नाती-नातिन, पोता-पोतियों से भरापूरा परिवार रोता बिलखता छोड़ गए।
पंचतत्व में विलीन हुए कार्तिक राम जायसवाल

क्षेत्र के लब्धप्रतिष्ठित समाजसेवी एवं ग्राम पंचायत परसदा के वरिष्ठ नागरिक स्वर्गीय श्री कार्तिक राम जायसवाल के पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान से मुक्तिधाम तक ले जाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में क्षेत्र के लोग भारी संख्या में उपस्थित थे। उनका अंतिम संस्कार के बाद मुक्तिधाम में शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी पवित्र आत्मा की शांति के लिए अनंत ब्रह्म से प्रार्थना की। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिवार को इस दुखद घड़ी को सहने की क्षमता प्रदान करे।
भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता थे स्व. श्री जायसवाल

सीएसईबी से सेवानिवृत्त होने के बाद वे भाजपा में शामिल हुए और बचपन से ही जनसंघ और भाजपा के विचारों से प्रभावित थे। वे आजीवन भाजपा के लिए कार्य करते रहे।
आकर्षक व्यक्तित्व एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित थे स्व.श्री जायसवाल

स्व.श्री कार्तिक राम जायसवाल को बचपन से ही संस्कार मिले थे और लोगों की सेवा, माँ भारती की सेवा और संकट के समय लोगों का साथ निभाना। उनका व्यक्तित्व विशाल था और ग्राम पंचायत परसदा सहित पूरे पाली ब्लाक के वे ख्यातिलब्ध समाजसेवी थे और वे सामूहिक जीवन को तवज्जो देते थे। वे संयुक्त परिवार के हिमायती थे और लोगों को रिश्ते की अहमियत समझाते थे। वे धार्मिक और सामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्ति होने के साथ-साथ एक राष्ट्रभक्त भी थे। माँ भारती की सेवा के लिए वे खेत, खलिहान के साथ अति लगाव रखने के साथ ही पेड़-पौधे लगाने लोगों को प्रेरित करते रहे।
अपूरणीय क्षति

स्व.श्री कार्तिक राम जायसवाल के निधन से ग्राम पंचायत परसदा सहित क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। वे एक लब्ध प्रतिष्ठित नागरिक होने के साथ-साथ लोगों के सुख-दुख में सदैव खड़े रहते थे, उनके निधन से एक विशाल व्यक्तित्व की अपूरणीय क्षति लोग महसूस कर रहे हैं। दिव्य आकाश परिवार की ओर से स्व.श्री कार्तिक राम जायसवाल को शत-शत नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का निधन

Published

on

कोरबा। सिंचाई कालोनी रामपुर कोरबा निवासी भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का आज प्रात: आकस्मिक निधन हो गया। अरूण मिश्रा पूर्व एल्डमेन एवं भाजपा नेता बाल महराज एवं भाजपा नेता राकेश मिश्रा के बड़े भाई हैं।
वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियां, दो भाई सहित भरापूरा परिवार छोड़कर स्वर्गलोक सिदार गए। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आज प्रात: ह्दयाघात आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन और नियति के इस असहनीय आघत से सम्पूर्ण मिश्रा परिवार को असहनीय वेदना पहुंची है।
उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3.00 बजे पोड़ीबहार स्थित आदर्श नगर मुक्तिधाम में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास वार्ड क्र. 37 सिंचाई कालोनी रामपुर से निकल कर पोड़ीबहार मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनके पुत्र विभव मिश्रा ने उनका अग्रिसंस्कार विधि विधान से पंडित जी की उपस्थिति में किया। उनकी अंतिम यात्रा में कोरबा के भाजपा नेता, स्थानीय नागरिकगण एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पप्पू महराज सरल और व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से शुभचिंतक हतप्रभ हैं। वे वनविभाग सहित अन्य विभागों में ठेकेदार थे।

Continue Reading

कोरबा

मानवीय प्रेरणा:अस्पताल में भर्ती अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पहुंचे

Published

on

रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, पत्रकार गेंदलाल शुक्ला भी पहुंचे
एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन स्वयं कर रहे रामा का ईलाज
कोरबा। कोरबा में कभी-कभी ऐसे दृश्य आ जाते हैं, जो लोगों के लिए प्रेरणा का सबब बन जाते हैं। आर्थिक दृष्टि से यदि समाज का आंकलन करें तो नीचे तबके में अखबार वितरक भी आते हैं। अखबार वितरक रामा उर्फ रामायण सिंह को कोरबा के अधिकांश लोग जानते हैं और करीब 40 साल से भी अधिक समय से अखबार वितरण कर परिवार का लालन-पोषण कर रहे हैं। तीन दिन पूर्व रामायण सिंह को कमजोरी लगी और अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू एवं टीम ने रामा को एमजेएम हास्पिटल टीपी नगर कोरबा में भर्ती कराया।

एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन रामा से परिचित थे और विपेन्द्र कुमार साहू ने जब डॉ. जैन से सम्पर्क किया तो डॉ. प्रिंस जैन रामा को सहृदयता से अपने अस्पताल में भर्ती किया और स्वयं की देख-रेख में उनका ईलाज प्रारंभ किया। यह मानवता के प्रति उत्कृष्ट उदाहरण कहा जा सकता है।

यह दृश्य हमें प्रेरणा देता है। इतना ही नहीं जब रामा की तबियत खराब होने की सूचना पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल को मिली तो वे भी वरिष्ठ अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने एमजेएम अस्पताल पहुंचे। श्री अग्रवाल पहले डॉ. प्रिंस जैन के केबिन में पहुंचे और रामा के बारे में जानकारी ली। दोनों साथ मिलकर रामा से मिले और उनका हालचाल जाना। यह दृश्य भी हमें प्रेरित करता है कि एक कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित राजनेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल नीचे तबके के व्यक्ति का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचते हैं। श्री अग्रवाल ने डॉ. प्रिंस जैन से कहा कि रामा का ईलाज बेहतर ढंग से करें और खर्च की परवाह न करें।

चेम्बर आफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं रेडक्रास सोसायटी के कोरबा जिला अध्यक्ष तथा कोरबा के समाजसेवी रामसिंह अग्रवाल भी रामा को देखने एमजेएम अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। रामसिंह अग्रवाल ने रामा से कहा- फिकर करे के जरूरत नई हे… सब बंदोबस्त हो जाही। पैसा कौड़ी के जरूरत नई हे। उन्होंने भी डॉ. प्रिंस जैन को रामा का ईलाज पूरी सिद्दत से करने की बात कही। वरिष्ठ पत्रकार गेंदलाल शुक्ला सहित कोरबा के कई मूर्धन्य लोग भी रामा को देखने पहुंचे थे।
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष सहित उनकी टीम ने भी रामा को सहयोग प्रदान किया और लगातार तीन दिन से संघ के सदस्य उनकी निगरानी कर रहे हैं और हौसला बढ़ा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवरों के तट पर हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ निकली तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

जल एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ सामुदायिक सहभागिता का दिया संदेश

कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न अमृत सरोवर परिसरों में ध्वजारोहण सहित सामुदायिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से गांव और सरोवर परिसर गूंज उठे।

अमृत सरोवर बने सामुदायिक सहभागिता के केंद्र

आयोजन का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण के स्थलों तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवंत सामुदायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना तथा ग्रामीणों में सामुदायिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्व-सहायता समूहों, युवा क्लबों, पर्यावरण प्रेमियों एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वृक्षारोपण और स्वच्छता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमृत सरोवर परिसरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों ने सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ, जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।

इन आयोजनों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सतत आजीविका के बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, वीबी-जी राम जी योजना के हितग्राही, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677