रायपुर, एजेंसी। सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक की यादें ताजा करने वाला AI फोटो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर यूजर्स अपनी मौजूदा तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से 1980 के दशक के रेट्रो लुक में बदलकर शेयर कर रहे हैं।
अब इस ट्रेंड का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनकी कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने 80 के दशक के रेट्रो लुक में अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। AI से तैयार इन तस्वीरों में मंत्री अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं।
तस्वीरों में उस दौर के कपड़े, हेयरस्टाइल, रंग, कैमरा क्वॉलिटी और विंटेज बैकग्राउंड का इस्तेमाल किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल।
वन मंत्री केदार कश्यप।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल।
महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब।
अफसर भी पीछे नहीं
IPS अजय यादव, IG राजनांदगांव।
AI ऐसे बदल रहा तस्वीरों का लुक
1980s Retro AI Trend में किसी व्यक्ति की सामान्य तस्वीर को AI टूल की मदद से 80 के दशक की फोटो जैसा बनाया जाता है। AI तस्वीर में कपड़े, हेयरस्टाइल, कलर टोन, फोटो की क्वॉलिटी और बैकग्राउंड को उस दौर के हिसाब से बदल देता है। इससे तस्वीर देखने पर ऐसा लगता है, जैसे वह कई दशक पुरानी हो।
आम लोगों में भी ट्रेंड का क्रेज
यह ट्रेंड सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं है। आम सोशल मीडिया यूजर्स, कलाकार और दूसरे चर्चित चेहरे भी अपनी तस्वीरों को रेट्रो अंदाज में बदलकर शेयर कर रहे हैं। कोई अपनी फोटो को पुराने फिल्मी अंदाज में तैयार कर रहा है, तो कोई शादी, कॉलेज या पारिवारिक तस्वीर जैसा लुक दे रहा है। पुरानी फिल्मों का फैशन और विंटेज फोटो इफेक्ट इस ट्रेंड को खास बना रहा है।
ऐसे बना सकते हैं 80s जैसा AI फोटो
80s इंस्पायर्ड AI फोटो बनाने के लिए ChatGPT जैसे AI इमेज जनरेशन टूल में अपनी साफ तस्वीर अपलोड करें। चेहरे की पहचान बरकरार रखते हुए उसे 80s लुक में बदलने का प्रॉम्प्ट दें।
प्रॉम्प्ट में वॉल्यूमिनस हेयरस्टाइल, रंगीन कपड़े, डेनिम जैकेट, स्टेटमेंट एक्सेसरीज, विंटेज इंटीरियर, बॉलीवुड इंस्पायर्ड बैकग्राउंड, वॉर्म लाइटिंग, फीके रंग और फिल्म-ग्रेन इफेक्ट जैसी डिटेल्स जोड़ें।
हेयरस्टाइल, आउटफिट और बैकग्राउंड को अपनी पसंद के मुताबिक बदलकर फोटो को कस्टमाइज किया जा सकता है।
भारत में वायरल हुए कुछ प्रमुख सोशल मीडिया ट्रेंड
जनवरी 2026 में सोशल मीडिया पर 10 साल पुरानी तस्वीरें शेयर करने का ट्रेंड चला था। इसमें लोग अपनी 2016 की तस्वीरें शेयर कर रहे थे। आलिया भट्ट, करीना कपूर खान और सोनम कपूर समेत कई सेलेब्स ने भी इस ट्रेंड में 2016 की अपनी तस्वीरें शेयर की थीं।
मार्च 2025 में घिबली लुक का ट्रेंड भी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ था। यह AI फोटो ट्रेंड था, जिसमें लोग AI टूल्स की मदद से अपनी सामान्य तस्वीरों को स्टूडियो घिबली की एनिमेशन शैली में बदल रहे थे। तस्वीरें ऐसी नजर आती थीं, जैसे वे किसी एनिमेशन फिल्म का हिस्सा हों।
इस ट्रेंड में लोगों ने अपनी, परिवार और दोस्तों की तस्वीरों को घिबली अंदाज में बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। अमिताभ बच्चन, परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर समेत कई सेलेब्स भी इस ट्रेंड में शामिल हुए थे।
10 इयर्स चैलेंज भी रहा चर्चित फोटो ट्रेंड
10 इयर्स चैलेंज सोशल मीडिया के सबसे चर्चित फोटो ट्रेंड्स में से एक रहा। जनवरी 2019 में इस ट्रेंड के तहत लोग अपनी 10 साल पुरानी और मौजूदा तस्वीर एक साथ शेयर करते थे।
दोनों तस्वीरों में लोग 10 साल के दौरान अपने लुक में आए बदलाव को दिखाते थे। कई लोगों ने अपनी पुरानी और नई तस्वीर शेयर कर बताया कि इतने सालों में उनका लुक कितना बदल गया।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।
कोरबा 10 सितंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशन में 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के अंतर्गत रीजनल कॉन्फ्रेस ऑन ईएलसी एंड ईसीआईनेट का आयोजन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित उक्त कार्यक्रम के पूर्व तैयारी हेतु दिनांक 10.09.2026 को कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों द्वारा वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई। उक्त वीडियो कांफ्रेंस में श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सतीश प्रकाश सिंह सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी एवं विधानसभा स्तरीय ईएलसी नोडल अधिकारी सहायक प्राध्यापकगण,स्वीप नोडल अधिकारी, सामान्य निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित हुए। उक्ताशय की जानकारी देते हुए सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय वीडियो कांफ्रेंस में 8 अक्टूबर 2026 के रीजनल कॉन्फ्रेस की समुचित तैयारी तथा समस्त जिलों के स्कूलों, कॉलेजों एवं यूनिवर्सिटी में गठित इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के गठन एवं ईसीआई नेट पर ऑनबोर्डिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि राजधानी रायपुर में आयोजित किए जा रहे रीजनल कॉन्फ्रेस ऑन ईएलसी के कार्यक्रम में कोरबा जिले से प्रत्येक विधानसभा से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चिन्हांकित शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल हायर सेकेंडरी, उच्च शिक्षण संस्थानों से चयनित किए जाने वाले युवा छात्र-छात्राये, ईएलसी के प्रभारी नोडल अधिकारी, विधान सभा इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब म्स्ब् के प्रभारी नोडल अधिकारी कोऑर्डिनेटर आदि सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब म्स्ब् के गठन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रियाओं तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका व कार्यप्रणाली से परिचित कराना हैं। इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के गठन का उद्देश्य हर युवा भारतीय नागरिक को भारत की चुनावी प्रणाली प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदार बनाना हैं।
गर्भवती महिला को स्वास्थ्य सुविधा से नहीं किया गया वंचित
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। कोरबा विकासखण्ड के ग्राम राजाडाही निवासी गर्भवती महिला श्रीमती माधुरी तिर्की को जांच के दौरान पेट में दर्द की शिकायत थी। सूचना प्राप्त होने पर मितानिन द्वारा महिला को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की कार्यवाही की गई। महिला को दिनांक 07 सितम्बर 2026 को लगभग प्रातः 9.30 बजे उप स्वास्थ्य केन्द्र बासिन ले जाया गया, जहां पदस्थ एएनएम श्रीमती पॉलिना तिर्की द्वारा आवश्यक जांच की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। जांच के समय तत्काल प्रसव की स्थिति अथवा आपातकालीन प्रसव पीड़ा के स्पष्ट लक्षण नहीं पाए गए। जांच की सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गईं। आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा मिलने के बाद महिला को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निगरानी में रखा गया है। वर्तमान में श्रीमती माधुरी तिर्की स्वस्थ हैं। श्रीमती तिर्की की प्रसव की अनुमानित तिथि 23 सितम्बर 2026 निर्धारित है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार तथा प्रसव पूर्व आवश्यक परामर्श एवं निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मैदानी स्वास्थ्य अमले के माध्यम से लगातार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि गर्भवती महिला को स्वास्थ्य सुविधा से वंचित नहीं किया गया। महिला के घर से मुख्य मार्ग तक की कुछ ही मीटर का रास्ता अत्यंत खराब एवं दलदली होने के कारण उक्त दूरी महिला को खाट के सहारे तय कराई गई। यह परिस्थिति स्थानीय मार्ग की भौगोलिक स्थिति के कारण उत्पन्न हुई, न कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं कराने के कारण। गर्भवती महिला को अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मितानिन द्वारा तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कार्यवाही की गई तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र में आवश्यक जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में राजाडाही के मार्ग के मरम्मत एवं सीसी रोड निर्माण स्थल हेतु पंचायत विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार किया जा है। यथाशीघ्र राशि आबंटन की कार्यवाही पूर्ण कर निर्माण प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही राजाडाही बस्ती को पक्के मार्ग से जोड़ने हेतु प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग को भी निरीक्षण करके आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चत करने के निर्देश दिए गए हैं।