Connect with us

देश

रुपया 14 पैसे टूटकर 94.82 प्रति डॉलर पर

Published

on

मुंबई, एजेंसी। रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह अब तक के अपने सबसे निचले स्तर के करीब है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से रुपए पर दबाव बना हुआ है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चा तेल लगभग 115 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जिससे भारत के आयात खर्च पर असर पड़ने की आशंका है। साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संकट और इसके व्यापक संघर्ष में बदलने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।

विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, इस साल अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारी बिकवाली ने भी निवेश धारणा को कमजोर किया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.79 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.86 के निचले स्तर तक गया। अंत में यह 94.82 (अस्थायी) पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट है। मंगलवार को रुपया 53 पैसे की गिरावट के साथ 94.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपए का सर्वकालिक निचला बंद स्तर 27 मार्च को 94.85 प्रति डॉलर दर्ज किया गया था। 

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) की लगातार निकासी और ऊंचे कच्चे तेल के दाम (ब्रेंट करीब 114 डॉलर प्रति बैरल) रुपए पर दबाव बनाए हुए हैं। ऊंचे तेल दाम से आयात बिल और मुद्रास्फीति का जोखिम बढ़ रहा है, जिससे रुपए में सुधार की संभावना सीमित हो रही है। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, “रुपए में कमजोरी का रुझान बना हुआ है और जब भी इसमें उछाल आता है, तब भी बिकवाली का दबाव बना रहता है, जिससे यह ऊंचे स्तर पर टिक नहीं पाता। निकट अवधि में 94.40 रुपए प्रति डॉलर का स्तर पार करना कठिन हो सकता है, जबकि 95.25 रुपए प्रति डॉलर के आसपास यह और कमजोर हो सकता है। आने वाले समय में रुपए में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और इसकी दिशा कच्चे तेल की कीमतों तथा पूंजी के प्रवाह पर निर्भर करेगी।” 

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़कर 98.72 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 3.13 प्रतिशत बढ़कर 114.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को कहा कि वह एक मई से ओपेक से बाहर हो जाएगा, जो वैश्विक तेल समूह के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 609.45 अंक उछलकर 77,496.36 अंक पर रहा, जबकि एनएसई निफ्टी 181.95 अंक चढ़कर 24,177.65 अंक पर पहुंच गया। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,103.74 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस बीच, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के बीच विनिर्माण क्षेत्र की धीमी वृद्धि और बिजली क्षेत्र में लगभग स्थिर विस्तार के कारण मार्च में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर घटकर पांच महीने के निचले स्तर 4.1 प्रतिशत पर आ गई। 2025 के मार्च में यह 3.9 प्रतिशत रही थी।  

Continue Reading

देश

Baleno-Swift को पीछे छोड़ बनी ये सस्ती कार नंबर 1, जानें कीमत और फीचर्स के बारे में

Published

on

मुंबई, एजेंसी। भारत में भले ही SUV गाड़ियों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही हो, लेकिन छोटी कारों यानी हैचबैक सेगमेंट की मांग अभी भी बनी हुई है। मार्च 2026 के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि इस सेगमेंट में कुल 87,702 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो मार्च 2025 की 86,591 यूनिट्स के मुकाबले केवल 1.28% अधिक है। इसका मतलब है कि इस सेगमेंट की ग्रोथ लगभग स्थिर बनी हुई है। इसके बावजूद, बाजार में Maruti Suzuki का दबदबा साफ नजर आता है।

मार्च 2026 में Maruti WagonR सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। इसकी 17,025 यूनिट्स बिकीं, हालांकि पिछले साल के मुकाबले इसमें 0.87% की हल्की गिरावट दर्ज की गई। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 4.99 लाख रुपये है। दूसरे स्थान पर Maruti Baleno रही, जिसकी 16,392 यूनिट्स की बिक्री हुई और इसमें 32.65% की मजबूत बढ़त देखने को मिली। वहीं Maruti Swift की 14,545 यूनिट्स बिकीं, लेकिन इसमें 18.04% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

एंट्री लेवल कारों में भी दिखा दम
Maruti Alto ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 11515 यूनिट बिक्री के साथ अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। इस कार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली जो यह दिखाता है कि कम बजट वाली कारों की डिमांड अभी भी बरकरार है। वहीं Tata Tiago की बिक्री में गिरावट देखने को मिली जिससे यह साफ होता है कि इस सेगमेंट में मुकाबला काफी कड़ा हो गया है।

Altroz और छोटे मॉडल्स का प्रदर्शन
अन्य मॉडलों की बात करें तो Tata Altroz ने 2,344 यूनिट्स की बिक्री के साथ 41.38% की तेज ग्रोथ हासिल की, जो इस सेगमेंट में सुधार का संकेत है। वहीं Maruti Celerio और Maruti Ignis की बिक्री में बड़ी गिरावट आई। Celerio की बिक्री 40.34% घटकर 1,353 यूनिट्स और Ignis की 34.21% गिरकर 1,250 यूनिट्स रह गई। Maruti S-Presso की स्थिति सबसे कमजोर रही, जिसकी बिक्री 87.36% गिरकर सिर्फ 226 यूनिट्स रह गई। वहीं Renault Kwid की बिक्री भी 15.60% घटकर 449 यूनिट्स रही।

छोटी कारों और EV में मिला मिला जुला असर
कुछ छोटे मॉडल्स जैसे Celerio Ignis और S Presso की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गई जिससे साफ है कि इन कारों की मांग घट रही है। दूसरी तरफ MG Comet EV और Citroen C3 जैसे नए मॉडल्स में तेजी से ग्रोथ देखी गई जो आने वाले समय में नए ट्रेंड का संकेत देती है।

कुल मिलाकर, हैचबैक सेगमेंट में ग्रोथ सीमित बनी हुई है। Maruti Baleno, Maruti Alto और Tata Altroz जैसे मॉडल्स ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन Maruti Swift और अन्य छोटे मॉडलों की गिरावट ने कुल ग्रोथ को संतुलित कर दिया। SUV की बढ़ती मांग का असर साफ तौर पर हैचबैक कारों की बिक्री पर दिखाई दे रहा है, फिर भी बाजार में Maruti Suzuki की पकड़ मजबूत बनी हुई है।

Continue Reading

देश

गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण में एक लाख से अधिक किसानों का अत्यंत महत्वपूर्ण  योगदान : योगी आदित्यनाथ

Published

on

हरदोई, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में किसानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक लाख से अधिक किसानों ने इस परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराई जिससे इसका समय पर निर्माण संभव हो सका। गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”12 जिलों के एक लाख से अधिक किसानों ने इस एक्सप्रेसवे के लिए अपनी भूमि दी। मैं उन सभी ‘अन्नदाता’ किसानों का आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग से यह परियोजना साकार हो सकी।” 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के लिए हरदोई के मल्लावां में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। यह एक्सप्रेसवे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ता है और राज्य के 12 जिलों से होकर गुजरता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की आधारशिला दिसंबर 2021 में रखी गई थी और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया गया, जो राज्य सरकार की बुनियादी ढांचा विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 

उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे न केवल परिवहन को सुगम बनाएगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगा। आदित्यनाथ ने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 18,000 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई, जबकि एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर और ‘लॉजिस्टिक्स’ केंद्र विकसित करने के लिए करीब 7,000 एकड़ भूमि अलग से चिह्नित की गई है। उन्होंने कहा, ”यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित होगा और सड़क संपर्क, कृषि विपणन तथा क्षेत्रीय विकास को मजबूती प्रदान करते हुए ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को गति देगा।” 

Continue Reading

देश

गुरुग्राम के 10 बड़े स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मची भगदड़, बीच में ही बंद हुई कक्षाएं

Published

on

गुरुग्राम, एजेंसी। देश की राजधानी से सटे गुरुग्राम में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के 10 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले। इस खबर के फैलते ही स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई और डरे हुए अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। धमकी भरे ईमेल मिलने से तुरंत पुलिस ने परिसरों की तलाशी शुरू कर दी। इस मौके पर पुलिस ने बताया कि श्री राम, एमिटी और एचडीएफसी स्कूल समेत कम से कम 10 स्कूलों को सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर धमकी भरे ईमेल मिले। उस समय तक कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं जोकि बीच में ही बंद कर दी गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्कूल प्रशासन को सुबह करीब नौ बजे धमकियों के बारे में पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। अधिकारी ने बताया कि स्कूलों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी और अभिभावकों से अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने को कहा। 

बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक स्कूलों के बाहर जमा हो गए और पुलिस व बम निरोधक दल मौके पर पहुंचकर तलाशी में जुट गए। अधिकारी ने कहा, सुबह से अब तक करीब 10 स्कूलों ने बम से उड़ाने की धमकी के संबंध में पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस टीम सतर्क हैं और सभी परिसरों की तलाशी जारी है।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677