Connect with us

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर प्रगति नगर की पहल: कलमीडुग्गु में संस्कार केंद्र का हुआ शुभारंभ, बच्चों को मिलेगी भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों की सीख

Published

on

वार्ड पार्षद राधा महंत ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर दिया आशीर्वाद

कोरबा। भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और संस्कारों की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा बच्चों में नैतिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रगति नगर, एनटीपीसी, कोरबा के तत्वावधान में कलमीडुग्गु, दर्री में संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह पहल बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील तथा कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलमीडुग्गु की वार्ड पार्षद श्रीमती राधा महंत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सरस्वती शिक्षा संस्थान, रायपुर के मार्गदर्शन से संबद्ध वनांचल शिक्षा सेवा न्यास, छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रमुख नरेश जायसवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण जायसवाल, प्रधानाचार्य परस राम देवांगन, विशिष्ट आचार्य अशोक कुमार चन्द्रवंशी, आचार्या श्रीमती शैल कैवर्त, संस्कार केंद्र की आचार्या श्रीमती प्रिया राजपूत तथा कलमीडुग्गु महिला मंडल की सदस्याओं की सहभागिता रही।

वनांचल शिक्षा सेवा न्यास, छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रमुख नरेश जायसवाल ने कहा कि संस्कार केंद्र की स्थापना का मूल उद्देश्य नन्हे-मुन्ने भैया-बहिनों के मन में भारतीय संस्कृति, नैतिकता, अनुशासन, सदाचार, सेवा, सहयोग और आत्मीयता जैसे गुणों का विकास करना है। बाल्यावस्था जीवन-निर्माण की महत्वपूर्ण आधारभूमि है, जहां व्यक्तित्व, चरित्र और जीवन-दृष्टि का निर्माण होता है।

उन्होंने कहा कि संस्कार केंद्र के माध्यम से बच्चों को माता-पिता के प्रति आदर, परिवार के प्रति आत्मीयता, बड़ों के प्रति सम्मान तथा समाज के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का बोध कराया जाएगा। इसका लक्ष्य बच्चों में राष्ट्रप्रेम, परोपकार, सहिष्णुता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास करना है।

सरस्वती शिक्षा संस्थान, रायपुर के मार्गदर्शन में संचालित यह संस्कार केंद्र केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। इसके माध्यम से बालमन में छिपे सद्गुणों को जागृत करने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान प्रदान करती है, जबकि संस्कार उसे जीवन में सही दिशा चुनने की प्रेरणा देते हैं। संस्कारित बच्चे अपने परिवार की गरिमा बनाए रखने, समाज की मर्यादाओं का सम्मान करने और देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्य अतिथि श्रीमती राधा महंत ने सभी भैया-बहिनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यालय के प्रतिनिधियों, आचार्यों और महिला मंडल की सदस्याओं ने संस्कार केंद्र की इस पहल में सहभागिता निभाई।

शांति मंत्र के पश्चात प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कलमीडुग्गु, दर्री में संस्कार केंद्र का शुभारंभ बाल्यावस्था से ही बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। यह प्रयास परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में संस्कारों की भूमिका को रेखांकित करता है।

Continue Reading

कोरबा

12000 ज्योति कलशों से जगमग हुआ माँ श्री सर्वमंगला देवी का दरबार

Published

on

शुभं करोति कल्याणं आरोग्यम गुण: सम्पदाम्।
दुष्ट बुद्धि विनाशाय दीप ज्योति नमोस्तुते।।
की कामना के साथ नमन पाण्डेय ने सपत्नीक ज्योति कलश किए प्रज्ज्वलित
दिव्य मंत्रोच्चार से गूंजा मंदिर परिसर

कोरबा। कोरबा की आराध्य देवी माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के दरबार में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किया गया। विद्वान आचार्यों एवं पंडितों के सानिध्य में मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) सपत्नीक शुभ मुहूर्त में ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किया। लगभग 12000 मनोकामना ज्योति कलशों की दिव्य रोशनी से परिसर जगमग हो उठा।
घट स्थापना के बाद प्रथम दिन शैलपुत्री की पूजा अर्चना

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि रविवार 11 अक्टूबर क्वांर शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत् 2083 के शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई और उसके बाद शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री देवी की पूजा अर्चना की गई। श्री पाण्डेय ने बताया कि माँ शैलपुत्री की पूजा अर्चना से संतान और घर की सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। पूजा अर्चना के बाद दोपहर 12.00 बजे माँ शैलपुत्री को छप्पन भोग अर्पित किया गया। माँ शैलपुत्री को गाय का घी और फल अतिप्रिय हैं। आज ही सुबह 05.00 बजे शैलपुत्री देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी का महाश्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई। नमन पाण्डेय सहित उपस्थित पंडितों एवं आचार्यों ने माँ की पूजा अर्चना कर भक्तों, कोरबा, छत्तीसगढ़ सहित सार्वभौम के लिए सुख, समृद्धि एवं शांति के लिए माँ से आशीर्वाद मांगा।
12000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित

नमन पाण्डेय ने बताया कि इस शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तों के 12000 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। वेदी पूजन किया गया और माँ सर्वमंगला का, माँ शैलपुत्री के रूप में पूजन कर विश्व कल्याण के लिए माँ से आशीर्वाद मांगा गया।
श्री पाण्डेय ने बताया कि करीब 10900 तेल मनोकामना ज्योति कलश एवं लगभग 1100 घी ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए।
शैलपुत्री स्वरूपा माँ सर्वमंगला का दर्शन करने उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन माँ श्री सर्वमंगला देवी का दर्शन करने श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर से सड़क तक लम्बी लाईन श्रद्धालुओं की देखी गई। शांति पूर्वक श्रद्धालु कतार में खड़े होकर माँ का दर्शन करने अपनी पारी का इंतजार करते देखे गए। प्रथम दिन शैलपुत्री स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना की गई।
माता के जयकारों से परिसर भक्तिमय
ज्योति कलशों की लालिमा और माता के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। हसदेव नदी के पावन तट पर विराजमान आदिशक्ति जगत जननी माँ श्री सर्वमंगला देवी का दर्शन करने दूर दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की शांतिपूर्ण सख्त सुरक्षा व्यवस्था
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में नवरात्रि का पर्व आते ही श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी होती है, इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहती है। कुसमुंडा थाना और सर्वमंगला पुलिस चौकी के जवान परिसर में तैनात रहते हैं। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी टीम के साथ सुबह से परिसर में मार्च करते देखे गए।
अदभूत सजावट से मंदिर का दिव्य दृश्य


दीप ज्योति नमोस्तुते

माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि घर, मंदिर एवं अन्य देव स्थानों में दीप प्रज्ज्वलित करने से मन में सात्विक गुणों का संचार होता है। बुद्धि की दुर्बलता नष्ट होती है और सद्बुद्धि का विस्तार होता है। मनोकामना ज्योति कलशों के प्रज्ज्वलन से क्षेत्र में सत्व का संचार होता है, पर्यावरण शुद्ध होता है और सभी देवी-देवताओं का आह्वान से पूजा स्थल पहुंचकर हमें आशीर्वाद प्रदान करते हैं। मैं समस्त श्रद्धालुओं, धर्म प्रेमियों और भक्तों की ओर से सभी दीप ज्योतियों का नमन करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि सभी के मन में देवगुणों का वास हो और सभी के मस्तिष्क में सद्बुद्धि, सुविचार और मानवीय गुणों अद्भूत संचार हो। घर की कलह दूर हो और सबके घरों में माँ लक्ष्मी और समृद्धि का वास हो।

Continue Reading

कोरबा

सुनालिया फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज निर्माण का शुभारंभ, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम

Published

on

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा—जनसुविधाओं का विस्तार और कोरबा का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
कोरबा। शहर के सुनालिया फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अंडरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही रेलवे फाटक के कारण होने वाली यातायात संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि सुनालिया फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप एक महत्वपूर्ण विकास कार्य है। इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले नागरिकों को रेलवे फाटक के कारण होने वाली असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। अंडरब्रिज के निर्माण से आवागमन को अधिक सुगम बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर के विकास को नई गति देना हमारी प्राथमिकता है। केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग तथा जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से कोरबा में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार हो और आमजन को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि कोरबा औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में यहां की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना, आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना और नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करना अत्यंत आवश्यक है। सुनालिया फाटक रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महापौर ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त पवन वर्मा, रायपुर संभाग सहप्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर कंवर, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, सरोज सांडिल्य, अजय चंद्रा, मथुरा चंद्रा, हितानंद अग्रवाल, श्रीमती धनश्री साहू, श्रीमती रूबी सागर, श्रीमती शिलोचना यादव, युगल किशोर केवर्ट, कोरबा मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, दर्री मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, एल्डरमेन दीपक यादव, सुशील गर्ग, राकेश नगरमल सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुनालिया फाटक रेलवे अंडरब्रिज का शुभारंभ कोरबा में बेहतर यातायात व्यवस्था, जनसुविधाओं के विस्तार और शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत व नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की उपस्थिती में रायपुर में पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कन्सेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर

Published

on

कोरबा नगर निगम को 40 EV बस होंगे प्रदाय

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी पहल पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आधुनिक, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में रायपुर में कन्सेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगरीय परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की पहल को आगे बढ़ाया गया।

इस योजना का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी लाने, ईंधन पर निर्भरता घटाने और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

कोरबा जैसे औद्योगिक शहर के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में यह पहल विशेष महत्व रखती है। आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से आम नागरिकों को आवागमन के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने और शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा, नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक निलेश क्षीरसागर, तथा नगर पालिक निगम कोरबा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पीएम ई-बस सेवा योजना से कोरबा के शहरी विकास, स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ भविष्य के लिए टिकाऊ एवं आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677