Connect with us

कोरबा

श्री सप्तदेव मंदिर में 21 नवम्बर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव

Published

on

भव्य श्रृंगार, संगीतमय अखंड ज्योत पाठ, भजन संध्या एवं छप्पन भोग का होगा आयोजन

कोरबा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन द्वादशी (बड़ी बारस) के अवसर पर दिनांक 21 नवम्बर 2026, शनिवार को कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में श्री खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर में बाबा श्याम का मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

राजस्थान के खाटू धाम में उमड़ता है लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब

विदित हो कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी अर्थात बड़ी बारस का श्री खाटू श्याम भक्तों के लिए विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। राजस्थान स्थित विश्वविख्यात श्री खाटू श्याम धाम में इस पावन अवसर पर प्रतिवर्ष विशाल धार्मिक मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं। इसी धार्मिक परंपरा एवं श्रद्धाभाव के अनुरूप श्री सप्तदेव मंदिर में भी यह उत्सव विशेष उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

बाबा श्याम का होगा भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार

इस विशेष अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर परिसर स्थित श्री श्याम दरबार में बाबा श्याम का अत्यंत आकर्षक, मनमोहक एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। बाबा के इस विशेष स्वरूप के दर्शन वर्ष में इसी पावन अवसर पर होते हैं, जिसके दर्शन के लिए श्याम भक्तों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा रहती है।

रायपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायकों की होगी संगीतमय प्रस्तुति

जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर 2:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक श्री श्याम दरबार में संगीतमय श्री श्याम अखंड ज्योत पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस भक्तिमय आयोजन में भजनों की मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देने के लिए रायपुर से सुप्रसिद्ध भजन गायक तरुण सोनी एवं शुभम गोयल एंड पार्टी को आमंत्रित किया गया है। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले मधुर श्याम भजनों से मंदिर परिसर भक्तिरस से गुंजायमान होगा तथा श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में भावविभोर होकर झूमेंगे।

छप्पन भोग एवं भव्य महाआरती के साथ होगा जन्मोत्सव का समापन

धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सायं 7:00 बजे बाबा श्याम को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात भव्य महाआरती संपन्न होगी तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

सपरिवार पधारकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें – अशोक मोदी

श्री सप्तदेव मंदिर परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्याम भक्तों से सादर आग्रह किया है कि वे इस पावन जन्मोत्सव में अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचें। बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर, अखंड ज्योत पाठ एवं भजन संध्या में सहभागी बनें तथा छप्पन भोग एवं महाआरती का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

आइए, इस पावन अवसर पर मिलकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाएं और उनके श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित करें।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के अशोक मोदी को मिला प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’

Published

on

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुए सम्मानित

दशकों से धार्मिक, सामाजिक, जनसेवा एवं व्यावसायिक क्षेत्र में समर्पित योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान, अशोक मोदी की उपलब्धि से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष एवं गौरव का माहौल

कोरबा। कोरबा की धरती पर जन्म लेकर अपनी कर्मभूमि कोरबा को ही बनाते हुए दशकों से धार्मिक, सामाजिक, जनसेवा एवं व्यावसायिक क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी अशोक कुमार मोदी को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन, नई दिल्ली द्वारा उन्हें उनके दीर्घकालीन धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में खचाखच भरे हाल में आयोजित भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026 में देश-विदेश की प्रतिष्ठित विभूतियों के बीच उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

अशोक मोदी कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन भी हैं। उनका यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि कोरबा नगर, औद्योगिक नगरी की प्रतिष्ठा तथा संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनके द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान पूरे क्षेत्र एवं प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाने वाली है।

16 देशों के प्रतिनिधियों, 51 विशिष्ट विभूतियों एंव सैकडों अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों के बीच मिला सम्मान

यह भव्य समारोह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व रखता था। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ लगभग 16 देशों से आए प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने सहभागिता की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान देने वाली देश-विदेश की लगभग 51 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। ऐसी प्रतिष्ठित विभूतियों के बीच कोरबा के अशोक मोदी का सम्मानित होना नगर एवं प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय रहा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री सहित अनेक राष्ट्रीय विभूतियों की उपस्थिति

समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील सिंघवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में परम श्रद्धेय गीता मनीषी, महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

समारोह अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन में, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता तथा राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। देश-विदेश से पधारे अनेक वरिष्ठ समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

दशकों की धार्मिक एवं सामाजिक साधना को मिली राष्ट्रीय पहचान

अशोक कुमार मोदी का व्यक्तित्व व्यवसाय के साथ-साथ धार्मिक आस्था, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का विशिष्ट उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन में धर्म, समाज एवं मानव सेवा को विशेष महत्व दिया है। धार्मिक आयोजनों, मंदिरों की सेवा, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए वे वर्षों से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।

श्री सप्तदेव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने समाज को धर्म, संस्कार एवं सेवा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया है। जरूरतमंदों की सहायता, गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण, सामाजिक सहयोग, धार्मिक आयोजनों तथा जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। धार्मिक एवं सामाजिक सेवा को उन्होंने केवल अपना दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग बनाया है।

व्यावसायिक क्षेत्र में भी श्री मोदी ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। कृष्णा ग्रुप के माध्यम से उन्होंने विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं मानवीय संवेदनाओं को सदैव महत्व दिया है। उनका प्रयास रहा है कि व्यवसाय केवल आर्थिक उन्नति का माध्यम न बने, बल्कि रोजगार, सामाजिक सहयोग एवं राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।

उनकी कार्यशैली में धार्मिक संस्कार, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्य एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यही कारण है कि कोरबा में व्यावसायिक एवं सामाजिक दोनों क्षेत्रों में उनका विशिष्ट स्थान बना है। उनके द्वारा किए जा रहे निरंतर सेवा कार्य अनेक लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बने हैं।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन को मिला सशक्त नेतृत्व एवं नई पहचान

अशोक मोदी विगत दो वर्षों से छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन ने प्रदेशभर में सामाजिक एकता, संगठन विस्तार, अग्रवाल समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने, धार्मिक गतिविधियों एवं जनसेवा के कार्यों को नई गति प्रदान की है।

उनकी सोच समाज को केवल संगठित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना भी उनका प्रमुख उद्देश्य रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाने तथा समाज के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ऐसे समर्पित नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी, सदस्य एवं अग्रबंधु के लिए भी अत्यंत गर्व एवं गौरव का विषय है। यह उपलब्धि संगठन की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान करने के साथ-साथ प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित करेगी।

कोरबा से छत्तीसगढ़ तक बधाइयों एवं शुभकामनाओं का सिलसिला

अशोक कुमार मोदी को प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान पर कोरबा नगर सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं अग्रवाल समाज के सदस्यों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

सभी ने इसे अशोक मोदी के वर्षों के सेवाभाव, समर्पण एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान बताते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से न केवल कोरबा नगर, बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को धर्म, समाज, मानवता एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Continue Reading

कोरबा

मोदी सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं और विष्णुदेव सरकार के फैसलों से अन्नदाताओं को मिल रहा आर्थिक संबल : रजनीश सिंह

Published

on

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक एवं लाभकारी बनाने और अन्नदाताओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए संचालित योजनाओं तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए जा रहे किसान हितैषी निर्णयों को लेकर गुरुवार, 19 नवंबर को कोरबा के टी.पी. नगर स्थित तिलक भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह के मुख्य वक्तव्य में आयोजित इस प्रेस वार्ता में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा एवं एमआईसी मेंबर नरेंद्र देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रजनीश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) जैसी योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार इन योजनाओं के साथ राज्य की परिस्थितियों और किसानों की जरूरतों के अनुरूप महत्वपूर्ण निर्णय लेकर अन्नदाताओं को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, खेती की लागत में राहत, फसलों का उचित मूल्य और कृषि क्षेत्र में विविधीकरण को बढ़ावा देना है।

कृषक उन्नति योजना में बड़ा निर्णय, प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता

श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत देते हुए प्रति एकड़ 13,839 रुपये की समान आदान सहायता राशि देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पूर्व में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी कर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर सुनिश्चित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य और निर्धारित दर के अंतर की राशि दी जाती रही है। अब योजना में बदलाव करते हुए प्रति एकड़ की दर से समान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को अपनी आवश्यकता और सुविधानुसार धान विक्रय करने की स्वतंत्रता मिलेगी तथा रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य और राज्य सरकार द्वारा किसानों को दिए जा रहे अतिरिक्त आर्थिक सहयोग से छत्तीसगढ़ के धान उत्पादक किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन, अन्य फसल लेने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़

रजनीश सिंह ने बताया कि सरकार केवल धान की खेती तक सीमित न रहकर किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर भी प्रोत्साहित कर रही है। धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है। इस घटक में अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।

इसी तरह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है। इस श्रेणी में अब तक 4 लाख 26 हजार 185 किसानों ने 2 लाख 6 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।

योजना की उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने कहा कि खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसमें खरीफ 2023 में 13,289 करोड़, खरीफ 2024 में 11,976 करोड़ तथा खरीफ 2025 में 10,639 करोड़ रुपये शामिल हैं।

गन्ना उत्पादक किसानों को 425 रुपये से अधिक तक का भुगतान

रजनीश सिंह ने कहा कि गन्ना उत्पादक किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए श्री सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ने का उपार्जन मूल्य 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) और राज्य शासन के घोषित उपार्जन मूल्य के अंतर की राशि गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में किसानों को दी जा रही है। प्रदेश के चार शक्कर कारखानों से संबद्ध किसानों को शक्कर रिकवरी के आधार पर अलग-अलग दरों से भुगतान किया जा रहा है। कवर्धा शक्कर कारखाने से जुड़े किसानों को 488.67 रुपये, पण्डरिया के किसानों को 455.10 रुपये, बालोद के किसानों को 432.62 रुपये तथा सूरजपुर के किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य निर्धारित करने तथा राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त प्रोत्साहन देने की व्यवस्था से गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिल रहा है।

पीएम-आशा योजना से दलहन-तिलहन किसानों को एमएसपी का संरक्षण

श्री सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के माध्यम से दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज बेचने का अवसर मिल रहा है। इसके तहत खरीफ मौसम में अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंग एवं मूंगफली तथा रबी मौसम में चना, मसूर एवं सरसों का उपार्जन किया जाता है।

वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्र अधिसूचित किए गए थे। इन केंद्रों के माध्यम से अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों की कुल 3 लाख 72 हजार 39 क्विंटल खरीदी की गई और किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इसमें सर्वाधिक 3 लाख 54 हजार 127 क्विंटल चने का उपार्जन 24,257 किसानों से किया गया, जिसके एवज में 207.59 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम-आशा योजना और राज्य सरकार की उपार्जन व्यवस्था मिलकर दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को बाजार में उचित मूल्य दिलाने की दिशा में काम कर रही है।

श्री अन्न उत्पादन को बढ़ावा, 15 दिसंबर से शुरू होगा कोदो-कुटकी-रागी का उपार्जन

श्री सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में मोटे अनाज यानी श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी कोदो, कुटकी एवं रागी के उत्पादन, उपार्जन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन संघ (मार्कफेड) के माध्यम से कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है तथा उपार्जन केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है।

रागी की खरीदी भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी, जबकि कोदो एवं कुटकी का उपार्जन राज्य शासन द्वारा गठित समिति की निर्धारित दर पर किया जाएगा। उपार्जित श्री अन्न को नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से मांग एवं उपलब्धता के अनुसार आंगनबाड़ियों और माध्यमिक शालाओं में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रसंस्करण इकाइयों तथा अन्य शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थाओं को भी इसकी आपूर्ति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इससे मिलेट्स उत्पादक किसानों को उचित मूल्य मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी और छत्तीसगढ़ को श्री अन्न उत्पादन एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

केंद्र और राज्य की योजनाओं से मजबूत हो रही किसानों की आर्थिक स्थिति

रजनीश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध करा रही है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को बीमा सुरक्षा प्रदान की जा रही है। पीएम-आशा के माध्यम से दलहन एवं तिलहन उत्पादकों को मूल्य संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषक उन्नति योजना, फसल विविधीकरण प्रोत्साहन, गन्ना उत्पादकों को अतिरिक्त राशि तथा श्री अन्न के उपार्जन जैसे निर्णयों से प्रदेश के किसानों को लाभ पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय से किसानों को आर्थिक सहायता, उचित मूल्य, बाजार सुरक्षा और खेती के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य हो रहा है। सरकार का संकल्प है कि अन्नदाता आर्थिक रूप से मजबूत हों, कृषि लाभकारी बने और छत्तीसगढ़ का किसान समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, संरक्षक कमलेश यादव, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा रामनारायण सराफ, लक्ष्मीकांत जोशी, बी.डी. शर्मा, नीरज ठाकुर, संजय राठौर व अमित स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

लूटपाट एवं मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

राताखार बाईपास रोड पेट्रोल पंप के पास प्रार्थी से की थी मारपीट एवं लूटपाट
लूटे गए मोबाइल, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त चोरी के दोपहिया वाहन बरामद
अपराध क्रमांक 937/2026, धारा 309(4), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत कार्यवाही

कोरबा। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 18.11.2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रामसागरपारा निवासी प्रार्थी के साथ मारपीट कर मोबाइल एवं नगदी रकम लूटने की घटना घटित घटना के आरिपियों को पकड़ने में सफलता मिली है,
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए लखन राजपूत एवं रवि निषाद उर्फ दादू एवं कमल निषाद को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन एवं लूटे गए सामान की बरामदगी की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं विवरण

  1. लखन राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामसागरपारा, कोरबा।
  2. रवि निषाद उर्फ दादू, उम्र 22 वर्ष, निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा।
  3. ⁠कमल निषाद उर्फ़ टेंगना निवासी रातखर बाईपास रोड कोरबा।

कोरबा पुलिस की अपील
किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 में दें।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677