Connect with us

छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेताओं का सोशल मीडिया रिपोर्ट कार्ड:भूपेश बघेल तीनों प्लेटफॉर्म पर मजबूत, दीपक बैज का X कमजोर, महंत-मरकाम इंस्टाग्राम पर पीछे

Published

on

रायपुर,एजेंसी। राजनीति अब सिर्फ मंच और मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल की स्क्रीन पर भी इसकी मजबूत मौजूदगी है। नेता का बयान हो या सरकार पर हमला, कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया के जरिए बात हजारों लोगों तक पहुंच जाती है।

ऐसे में नेताओं के लिए Facebook, Instagram और X सिर्फ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनता तक पहुंचने का बड़ा माध्यम बन चुके हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस के बड़े नेताओं के सोशल मीडिया आंकड़ों पर नजर डालें तो एक दिलचस्प तस्वीर सामने आती है।

राजनीतिक कद बड़ा है, लेकिन डिजिटल पहुंच हर नेता की उतनी मजबूत नहीं है। दैनिक भास्कर ने कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के इंस्ट्राग्राम, फेसबुक और एक्स पर फॉलोअर्स का डेटा देखा। कई नेताओं की एक प्लेटफॉर्म पर अच्छी पकड़ है, जबकि दूसरे प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स की संख्या काफी कम है।

आईटी एक्सपर्ट मोहित साहू ने बताया कि आंकड़ों को अगर देखें तो छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सबसे मजबूत सोशल मीडिया पकड़ भूपेश बघेल की है, टीएस सिंहदेव दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की सोशल मीडिया मौजूदगी अभी कमजोर है।

खास बात यह है कि भूपेश बघेल की पकड़ सिर्फ फेसबुक और X तक सीमित नहीं है। इंस्टाग्राम पर भी उन्हें करीब 4.68 लाख लोग फॉलो करते हैं। यही आंकड़ा उन्हें दूसरे नेताओं से अलग करता है। तीनों प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी मजबूत मौजूदगी साफ दिखाई देती है।

बैज का फेसबुक मजबूत, लेकिन X पर बड़ी कमी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सोशल मीडिया आंकड़ों में प्लेटफॉर्म के बीच बड़ा अंतर नजर आता है।

फिलहाल बैज की सोशल मीडिया पहुंच फेसबुक पर मजबूत है, लेकिन X पर उनका दायरा 13 हजार से भी कम है।

चरणदास महंत का इंस्टाग्राम कमजोर

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के तीनों प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स हैं, लेकिन इनके आंकड़ों में बड़ा अंतर नजर आता है।

फेसबुक की तुलना में इंस्टाग्राम पर चरणदास की फॉलोइंग करीब 11 गुना कम है। इंस्टाग्राम पर रील्स और छोटे वीडियो के जरिए युवा यूजर्स तक पहुंच बनाने का बड़ा मौका है। ऐसे में प्रदेश के प्रमुख नेताओं में शामिल चरणदास महंत की इंस्टाग्राम पहुंच अपेक्षाकृत कमजोर नजर आती है।

मोहन मरकाम का X मजबूत, इंस्टाग्राम बेहद कमजोर

X की तुलना में इंस्टाग्राम पर मोहन मरकाम की फॉलोइंग करीब 19 गुना कम है। एक ही नेता की सोशल मीडिया पहुंच में प्लेटफॉर्म के हिसाब से इतना बड़ा अंतर बताता है कि नेताओं की पकड़ अभी सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक जैसी नहीं है।

ताम्रध्वज साहू: मौजूदगी है, लेकिन बड़ी पहुंच नहीं

ताम्रध्वज साहू का सबसे मजबूत प्लेटफॉर्म X है, जहां करीब 71 हजार फॉलोअर्स हैं। हालांकि यहां भी उनकी फॉलोइंग 1 लाख से कम है। कुल मिलाकर, तीनों प्लेटफॉर्म पर मौजूदगी के बावजूद ऐसा कोई प्लेटफॉर्म नहीं है, जहां ताम्रध्वज साहू की डिजिटल पहुंच बहुत बड़ी दिखाई देती हो।

कवासी लखमा का इंस्टाग्राम पर अकाउंट ही नहीं

कवासी लखमा के सोशल मीडिया आंकड़े बाकी नेताओं से अलग नजर आते हैं। इंस्टाग्राम पर उनका अकाउंट नहीं है।

फेसबुक और X को मिलाकर भी कवाली लखमा के फॉलोअर्स करीब 9 हजार ही हैं। आज इंस्टाग्राम युवाओं तक पहुंचने का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में किसी बड़े नेता की इस प्लेटफॉर्म पर मौजूदगी नहीं होना उनके सोशल मीडिया नेटवर्क में डिजिटल गैप को दिखाता है।

फूलोदेवी नेताम की पहुंच भी हजारों में

राज्यसभा सांसद और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के सोशल मीडिया आंकड़े भी अपेक्षाकृत छोटे हैं।

तीनों प्लेटफॉर्म को मिलाकर उनके करीब 20 हजार फॉलोअर्स हैं। यानी महिला कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व की डिजिटल पहुंच भी फिलहाल सीमित नजर आती है।

रविंद्र चौबे की मौजूदगी फेसबुक और इंस्टाग्राम तक सीमित

रविंद्र चौबे के इंस्ट्राग्राम पर 27.6 हजार और फेसबुक पर 34 हजार फॉलोअर्स हैं। दिए गए आंकड़ों में उनका X अकाउंट शामिल नहीं है। यानी उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक रविंद्र चौबे की सोशल मीडिया मौजूदगी फिलहाल फेसबुक और इंस्ट्राग्राफ तक ही सीमित दिखाई देती है।

विकास उपाध्याय की फेसबुक पर मजबूत पकड़

विकास उपाध्याय के तीनों प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स हैं।

कांग्रेस के कई नेताओं के सोशल मीडिया आंकड़ों में यही पैटर्न दिखाई देता है। फेसबुक पर अच्छी पहुंच, लेकिन इंस्ट्राग्राम और X पर अपेक्षाकृत कम फॉलोअर्स।

सिर्फ फॉलोअर्स से पूरी कहानी नहीं बनती

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ज्यादा फॉलोअर्स का मतलब यह नहीं है कि नेता की हर पोस्ट वायरल होगी। इसी तरह कम फॉलोअर्स वाला नेता भी किसी एक मुद्दे पर बड़ी पहुंच हासिल कर सकता है।

इसलिए सोशल मीडिया पर किसी नेता की पकड़ समझने के लिए सिर्फ फॉलोअर्स नहीं, बल्कि views, likes, comments, shares और engagement जैसे आंकड़ों को भी देखना जरूरी है।

Continue Reading

कोरबा

07 दिसम्बर को जरूरतमंदों को कंबल, स्वेटर व कपड़ों का वितरण करेगा लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल एवं लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा

Published

on


दमखाचा में होगा आयोजन
कोरबा/मड़वारानी। मानवीय सेवा के क्षेत्र में अद्भूत कार्य कर लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल ने समाज को नई प्रेरणा दी है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल एवं नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के संयुक्त तत्वावधान में 07 दिसम्बर 2026 को ग्राम पंचायत दमखाचा में जरूरतमंदों को कंबल, स्वेटर एवं कपड़ों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।
लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के मार्गदर्शक एवं एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के संस्थापक डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में ऐसे लोग आज भी मौजूद हैं, जिनकी आर्थिक आजादी आधी-अधूरी है, ऐसे जरूरतमंदों को 07 दिसम्बर को ग्राम पंचायत दमखाचा के क्रिकेट मैदान में गरम वस्त्रों-स्वेटर, कंबल एवं कपड़ों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. राजकुमार अग्रवाल के साथ अतिथि के रूप में रीजन चेयरमेन एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल, जोन चेयरमेन लायन मनोज गुप्ता, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के अध्यक्ष लायन दर्शन अग्रवाल, सचिव लायन सुरेन्द्र डनसेना, एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल की चेयरमेन लायन खुशबू आशीष अग्रवाल सहित ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे।

Continue Reading

कोरबा

​कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की 18 सूत्रीय मांगों पर गेवरा प्रबंधन के साथ सकारात्मक वार्ता संपन्न, एक दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन अगली बैठक तक स्थगित

Published

on

​कोरबा/गेवरा। ​कोयला मजदूर पंचायत (HMS) गेवरा प्रोजेक्ट के सचिव एस. सी. मंसूरी द्वारा गेवरा प्रबंधन को प्रेषित 18 सूत्रीय मांग पत्र एवं 1 दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन की चेतावनी पर प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए दिनांक 28 नवंबर 2026 को एक उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता का आयोजन किया ।

​बैठक की शुरुआत में गेवरा परियोजना के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए परिचय प्राप्त किया और प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीकांत मल्लिकपका को मांग पत्र के बिंदुओं पर चर्चा शुरू करने का निर्देश दिया एक-एक कर सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें प्रमुख मुद्दों पर प्रबंधन द्वारा निम्नलिखित ठोस आश्वासन एवं निर्देश जारी किए गए l

  1. ​रेस्ट शेल्टर की सुविधा
  2. 240 टन डंपर पार्किंग स्थल पर कर्मचारियों के लिए तत्काल रेस्ट शेल्टर बनाने तथा उसमें पंखा कूलर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया ।
  3. ​धूल (डस्ट) नियंत्रण
  4. दीपका कॉलोनी व ऊर्जानगर क्षेत्र में उड़ रही धूल की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए ।
  5. ​ओवरटाइम का पूर्ण भुगतान
  6. महाप्रबंधक ने स्पष्ट आश्वस्त किया कि परियोजना के अंदर कराए गए कार्य के ओवरटाइम (OT) में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी और कर्मचारियों को पूरा भुगतान किया जाएगा ।
  7. ​ठेका कर्मियों का बोनस
  8. जिन प्राइवेट (ठेका) कर्मचारियों को अब तक बोनस का भुगतान नहीं हुआ है उन्हें शीघ्र ही बोनस दिलाने की बात कही गई ।
  9. पैदल मार्ग का सुधार व सफाई
  10. श्रमिक चौक (गेवरा परियोजना) से सुरक्षा चौक तक बने पैदल रास्ते की मरम्मत एवं प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारी को आदेशित किया गया ।
  11. ​ठेका कर्मियों के शोषण पर रोक व निशुल्क BTC ट्रेनिंग
  12. प्राइवेट कर्मचारियों के अधूरे वेतन भुगतान और बीटीसी (BTC) ट्रेनिंग के नाम पर प्रति कर्मचारी 2,000 से 3,000 रुपये की अवैध वसूली व ट्रेनिंग के दिन ड्यूटी कराए जाने के मामले पर महाप्रबंधक ने कड़ा रुख अपनाया उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि बीटीसी ट्रेनिंग पूर्णतः निशुल्क है किसी भी कर्मी को पैसा देने की आवश्यकता नहीं है और ट्रेनिंग के दिन ठेकेदार द्वारा कर्मियों से ड्यूटी नहीं कराई जाएगी ।

​आंदोलन स्थगित करने का निर्णय

शेष बचे अन्य मुद्दों पर चर्चा हेतु दिसंबर के प्रथम सप्ताह में पुनः बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी प्रबंधन के आग्रह एवं मुख्य मांगों पर मिले सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए संगठन द्वारा 1 दिसंबर से होने वाले आंदोलन को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया है ।

​इस अवसर पर सचिव एस. सी. मंसूरी ने कहा कि कोयला मजदूर पंचायत (HMS) श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर संघर्षरत है और मजदूरों की सुरक्षा सम्मान तथा वेलफेयर से जुड़े हर मुद्दे को हल कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा ।

​बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित

​प्रबंधन पक्ष:- कुमार गौरव (महाप्रबंधक गेवरा परियोजना) उमेश कुमार (खान प्रबंधक) मुकेश अग्रवाल (विद्युत एवं यांत्रिक प्रभारी) विजय अग्रवाल (सिविल विभाग प्रभारी) एवं श्रीकांत मल्लिकपका (प्रबंधक मानव संसाधन) ​

संगठन पक्ष:- एस. डी. मानिकपुरी (महामंत्री गेवरा क्षेत्र) एस. सी. मंसूरी (सचिव गेवरा प्रोजेक्ट) एस. पी. तांती (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष) शकील अहमद मकसूद सुशील श्रीवास वी. सी. ग्रीन मनोज शर्मा मार्तंड सिंह रविंद्र सिंह सोनू राम मनीष कुमार विनोद कुमार पटेल दिनेश यादव अजहर अली निहाल कुमार धीरज कुमार एवं कृष्णा एक्का ।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में नाबालिग का विवाह रुकवाया:परिजनों को दिलाई शपथ, बाल विवाह मुक्त अभियान की रैली में 500 से ज्यादा लोग शामिल

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिली। पुलिस और महिला-बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। टीम ने परिजनों को समझाइश देकर बाल विवाह नहीं कराने की शपथ भी दिलाई।

बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जिला प्रशासन, महिला-बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं ने जागरूकता रैली निकाली। इसमें 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली के जरिए लोगों को बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

मुखबिर से एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और परिजनों व संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों को समझाइश दी गई है।

सभी ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभाएं

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर असर पड़ता है। यह उनके अधिकारों और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

कलेक्टर ने बताया कि केंद्र सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677