खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत एवं सार्वजनिक स्थानों में प्याऊ की व्यवस्था के निर्देश
गर्मी के मद्देनजर जिले में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
लू से बचाव एवं उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात रहने के निर्देश
सुशासन तिहार अवधि में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
समय-सीमा की बैठक
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 1 मई से 10 जून तक प्रदेश के सभी स्थानों में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा की बैठक में सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व, पेंशन तथा राशनकार्ड से संबंधित आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक शहर के वार्डों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। संबंधित जिला अधिकारी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित करेंगे तथा आवेदकों को इसकी जानकारी भी देंगे। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों में पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर स्थलों पर छाया, पंखे तथा कूलर की व्यवस्था करने को भी कहा। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने टीएल में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के महत्वपूर्ण प्रकरणों की भी समीक्षा कर निराकरण में तेजी लाने कहा। खाद एवं बीज भंडारण तथा वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्राम स्तर पर कोटवारों द्वारा मुनादी करने तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी हेतु किसानों का पंजीयन 31 मई से पूर्व अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने तथा आवश्यकतानुसार पटवारियों की ड्यूटी लगाने को कहा।
बैठक में ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने तथा महत्वपूर्ण व्यक्तियों, पुराने जमीदारों, मंदिरों, वैद्यराजों, गुनियाओं एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क कर पांडुलिपियों की जानकारी जुटाने व पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन योगदानकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित करने को कहा। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने पूरे जिले में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब हैंडपंपों की त्वरित मरम्मत तथा शिकायत मिलते ही तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नदी एवं ढोढ़ी का पानी पीने की नौबत न आए। उन्होंने आवश्यक स्थानों में पानी टंकी की स्थापना, नए बोर खनन तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ ग्रामों में पाइपलाइन सुधार कर नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानोंकृग्राम पंचायतों, बैंकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, बाजार और कलेक्ट्रेट परिसरकृमें प्याऊ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों एवं अन्य कार्यालयों के आसपास मिट्टी के घड़े एवं पानी पीने हेतु ग्लास उपलब्ध कराने को कहा। लू से बचाव एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने लू से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी कर आम नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को कलेक्टर ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत मिलते ही संबंधित ग्राम का ट्रांसफार्मर जाँचकर तत्काल बदला जाए तथा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत संबंधी समस्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इंस्टॉलेशन की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। आरबीसी 6-4 तथा स्वेच्छानुदान अंतर्गत प्रदेय राशि समय पर हितग्राहियों को वितरित करने को कहा। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत युवाओं के चयन, महत्वपूर्ण ट्रेड में प्रशिक्षण एवं आवेदन प्राप्त कर काउंसिलिंग आयोजित करने हेतु लाइवलीहुड कॉलेज प्राचार्य तथा जनपद सीईओ को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा 2.0 अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं को पूर्णतः ऑनलाइन मोड में लेकर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा। ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ( पूर्व महापौर रायपुर ) अध्यक्षता संजय कुमार पांडेय, (जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ ) विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पांडे, बी के शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा,राजेंद्र पाण्डेय, वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया । परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार हुए इस सम्मेलन में युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय दिया गया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से 12 जिले के ब्राह्मण परिवार शामिल हुए थे। एक परिवार भोपाल से भी शामिल हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण परिवार के युवक-युवती को एक दूसरे से परिचय करके विवाह करवाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार हुए इस आयोजन का लाभ बहुत सारे ब्राह्मण परिवार को मिलेगा ऐसे कार्य समाज के लिए बहुत अच्छे होते हैं समाज के सभी कार्यों में सभी ब्राह्मणों को तन मन धन से सहयोग करना चाहिए ताकि समाज आगे बढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण परिवार हमेशा एक होकर काम करते हैं और साथ में सभी का सहयोग करते हैं ब्राह्मण वह है जो हमेशा सभी के शुभ कार्यों को आगे बढ़ते हैं ऐसे में यह आयोजन पूरे समाज के लिए बेहतरीन कार्य है। आप सभी समाज के कार्यों में हमेशा सहयोग करके ब्राह्मणों को आगे बढ़ने का कार्य करें। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक, ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया गया है। बी.के. शुक्ला, अध्यक्ष परशुराम ब्राह्मण समाज ने कहा कि सामाजिक एकजुटता एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
परशुराम ब्राह्मण समाज के इस आयोजन में 500 लोग शामिल हुए।
नौकरी पेशा और जनप्रतिनिधियों का नाम, वार्डवासी पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन में पुन: सर्वे कराने की मांग और सर्वे करने वाले दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग 27 तक दावा आपत्ति: वार्ड 1 के कई गरीब परिवार ने दर्ज कराई आपत्ति जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर अधिकारियों ने बना ली लिस्ट कोरबा। इन दिनों नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे का काम हो रहा है। बीते दिन नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 1 में निगम एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कथित रूप से घर-घर जाकर पात्र लोगों की लिस्ट बनाई। 27 नवम्बर तक दावा आपत्ति मांगी गई। दिव्य आकाश को शासकीय पट्टा के लिए अधिकारियों द्वारा बनाई गई लिस्ट हासिल हुई, जिसमें शासकीय पट्टा के लिए ऐसे नामों को पात्र दिखाया गया है, जो या तो नौकरी पेशा में है या फिर जनप्रतिनिधि। पात्र लोगों का नाम लिस्ट में है ही नहीं और वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि लिस्ट एक जनप्रतिनिधि के घर में बैठकर बनाई गई। बड़ी संख्या में वार्डवासी आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और बनाई गई लिस्ट पर अपना दावा आपत्ति दर्ज कराई और पुन: सर्वे कराने की मांग कलेक्टर से की। शासकीय पट्टा के लिए शासकीय सेवक और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर बना लिया पक्का मकान वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते या नौकरी में रहते कोई भी व्यक्ति अवैध कब्जा कर मकान बनाता है, तो यह आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है और जांच में सही पाए जाने पर इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो सकती है। जनप्रतिनिधि भी अपना पद गंवा सकते हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय सेवक और जनप्रतिनिध अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना लिए हैं और इन्हें कार्यवाही का कोई डर नहीं। वार्डवासियों ने शासकीय पट्टा के लिए सर्वे करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग कलेक्टर से की है और नया सर्वे करा कर 40-40, 50-50 साल से रह रहे गरीब परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।
कोरबा। 19 नवम्बर 2026 को भारत स्काऊट्स एवं गाईड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय सेमीनार का आयोजन किया, जिसमें नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) की टीम ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षक अंकुश लाल यादव एवं शिक्षिकता जयंती कंवर ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, समाजसेवा एवं स्काऊट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विद्यालय के डायरेक्टर पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धी बताया और कहा कि यह विद्यालय के उज्ज्वल भाविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण नई शुरूवात है।
सेमिनार एवं सम्मान समारोह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के के खण्डेलवाल सम्बोधित किया और राज्य संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूलभावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।
सेमिनार रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया था। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बालअधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के सम्पादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी युवा नेतृत्व एवं सेवा गतिविधियों के लिए स्काउट्स एवं गाइड्स को प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने किया।
मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।