Connect with us

छत्तीसगढ़

9KG गांजा के साथ नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार:जांजगीर-चांपा में 2 मामलो में हुई गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 9.744 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.98 लाख रुपए है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पहला मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आदतन निगरानी बदमाश रजत उर्फ गोलू दिवान बड़ी मात्रा में गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिर्रा रोड चारपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.744 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 2.40 लाख रुपये बताई गई है।

बता दें कि रजत उर्फ गोलू दिवान पर पहले ही जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी थी। इसके बावजूद वह पुलिस की नजरों से बचकर अपने गृह जिले में गांजा तस्करी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद बम्हनीडीह पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है और जिला दंडाधिकारी को भी इसकी सूचना दी गई है।

रेलवे स्टेशन के पास खड़े थे तस्कर

दूसरा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के पास दो लोग गांजा रखे हुए थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 2.58 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

अभिषेक पहले भी जा चुकी है जेल

पूछताछ में आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर जांजगीर में तस्करी के लिए लाया था। पुलिस ने यह भी बताया कि अभिषेक का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी शराब के एक मामले में जेल जा चुका है।

नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया

दोनों मामलों के वयस्क आरोपियों, रजत उर्फ गोलू दिवान और अभिषेक सूर्यवंशी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग बालक को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह कोरबा भेजा गया है।

ग्राम तालदेवरी में 4.22 लाख की चोरी का खुलासा

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम तालदेवरी में हुई 4.22 लाख रुपये की चोरी का खुलासा बिर्रा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त मारुति इक्को कार जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घटना 29 जनवरी की देर रात तालदेवरी निवासी कृष्णों साहू के घर में हुई। परिवार के सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। सुबह करीब 4 बजे उठने पर कमरे की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे।

चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 22 हजार रुपये आंकी गई। शिकायत के बाद बिर्रा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 29 जनवरी की रात एक इक्को कार घर के आसपास संदिग्ध हालत में दिखाई दी।

संदेह के आधार पर पुलिस ने कनसदा निवासी जितेंद्र साहू (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव निवासी राजकुमार कर्ष (38 वर्ष) की योजना पर चोरी करना स्वीकार किया।

समारोह में मिली जानकारी, बनाई चोरी की योजना

राजकुमार कर्ष ने बताया कि वह 22 जनवरी को अपनी बहन के ससुराल में आयोजित एक समारोह में शामिल होने तालदेवरी गया था। इस दौरान उसका कृष्णों साहू के घर आना-जाना रहा। वहीं उसने अलमारी में रखे जेवर देखे और चोरी की योजना बनाई।

29 जनवरी की रात वह अपने साथी जितेंद्र साहू की इक्को कार से तालदेवरी पहुंचा। देर रात घर का दरवाजा धक्का देकर खोला, अलमारी से जेवर निकाले और कार में बैठकर फरार हो गए।

जीजा को दिए थे कुछ जेवर, मुख्य आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

चोरी किए गए कुछ जेवर राजकुमार ने अपने जीजा विनोद कुमार (39) को दिए थे। पुलिस के अनुसार, राजकुमार कर्ष पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

सिंगल यूज प्लास्टिक…मोबाइल एप से होगी जांच और शिकायतों की निगरानी

Published

on

जांजगीर। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक को लेकर ​नगरीय निकायों में अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के साथ 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

अब अभियान में फील्ड अधिकारियों को एसयूपी (फील्ड इंस्पेक्शन मोबाइल एप) के माध्यम से निरीक्षण करना होगा। इसे जिले के 11 नगरीय निकायों में लागू किया जाएगा। टीम द्वारा शहर में हुए निरीक्षण की रिपोर्ट तत्काल पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। पोर्टल पर विक्रेताओं, उपयोगकर्ताओं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही आम नागरिकों से एसयूपी एप के माध्यम से फीडबैक भी लिया जाएगा। इसके जरिए सिंगल यूज प्लास्टिक से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी। संबंधित स्थानीय निकाय को उनका निराकरण करना होगा।

Continue Reading

कोरबा

बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें कैंसिल:13-14 सितंबर को रायपुर-उरकुरा सेक्शन में काम, तीजा पर मायके जाने वाली महिलाओं की बढ़ी परेशानी

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तीज पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और दूसरे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा।

इसके चलते 13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 2 मेमू ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित रहेगा। रेलवे के मुताबिक यह काम उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग के लिए किया जा रहा है।

यात्रियों के लिए जरूरी बात

तीजा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार मायके आने-जाने के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में 13 और 14 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेन नंबर जरूर चेक कर लें। रद्द ट्रेन से यात्रा की योजना है तो वैकल्पिक ट्रेन या बस की व्यवस्था पहले कर लेना बेहतर होगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

मंत्री खुशवंत के बड़े भाई ने ज्वॉइन की कांग्रेस:भूपेश बघेल ने कराया प्रवेश, ढालदास बोले- जनता जानती है कि भाजपा क्या कर रही है

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने कांग्रेस ज्वॉइन कर ली। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान उन्हें कांग्रेस में प्रवेश कराया।

ढाल दास ने कहा कि जनता भी जानती है कि भाजपा क्या कर रही है। अगर कांग्रेस मुझे मौका देती है तो मैं मुंगेली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहूंगा। पार्टी जहां से मुझे चुनाव लड़ने के लिए चयनित करेगी, मैं वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं।

उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने से पहले मैंने अपने भाई और पिताजी से बातचीत की थी और उन्हें इस बारे में बताया था। दोनों ने अपनी सहमति दे दी। वहीं उनके भाई मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तोड़ने की नीति से काम करती है।

रायपुर में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ढाल दास को कांग्रेस में प्रवेश कराया।

रायपुर में पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ढाल दास को कांग्रेस में प्रवेश कराया।

सामाजिक-राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है परिवार

ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनका परिवार सामाजिक और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली माना जाता है। ऐसे में एक ही परिवार के एक सदस्य के भाजपा सरकार में मंत्री होने और दूसरे के कांग्रेस में शामिल होने को सियासी तौर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

गुरु बालदास के 4 बेटे, ढाल दास सबसे बड़े

सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब का परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा से जुड़ा हुआ है। गुरु बालदास के चार बेटे हैं- ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास। उनकी एक बेटी भी है। इनमें ढाल दास सबसे बड़े बेटे हैं।

गुरु परिवार का सतनामी समाज में धार्मिक और सामाजिक प्रभाव माना जाता है। गिरौधपुरी धाम और भंडारपुरी धाम से जुड़े प्रमुख आयोजनों में परिवार की सक्रिय भूमिका रहती है।

मंत्री के भाई का कांग्रेस में जाना क्यों अहम?

ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने को सिर्फ एक राजनीतिक ज्वाइनिंग के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। वे मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई हैं और गुरु बालदास के परिवार से आते हैं। ऐसे में उनके कांग्रेस में जाने से एक ही परिवार के राजनीतिक रूप से अलग-अलग दलों में होने का समीकरण सामने आया है।

ढाल दास ने मुंगेली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। मुंगेली विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है और इसे भाजपा के मजबूत प्रभाव वाली सीट माना जाता है। यहां भाजपा के पुन्नूलाल मोहले लंबे समय से प्रमुख राजनीतिक चेहरा हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की थी।

2023 के चुनाव में पुन्नूलाल मोहले को 85,429 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी संजीत बनर्जी को 73,648 वोट मिले थे। दोनों के बीच जीत का अंतर 11,781 वोट रहा था। ऐसे में अगर भविष्य में कांग्रेस ढाल दास को मुंगेली से अपना प्रत्याशी बनाती है, तो चुनावी समीकरण कुछ बदले हुए नजर आ सकते हैं।

कांग्रेस तोड़ने के नीयत से काम करती है- मंत्री खुशवंत

मंत्री खुशवंत साहेब ने भाई के कांग्रेस प्रवेश को लेकर कहा कि वह मेरे भाई हैं। सुख-दुख हो या किसी तरह का तीज-त्योहार, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ मिलते हैं और आगे भी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत ही समाज और परिवार को तोड़ने की रही है।

उन्होंने कहा कि एक धर्म को दूसरे धर्म से, एक समाज को दूसरे समाज से और एक परिवार को दूसरे परिवार से लड़ाने की कांग्रेस कितनी भी कोशिश कर ले, वह कभी सफल नहीं होगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677