कोरबा/कोरिया। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोरबा जिले की है जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारी और 100 मीटर तक घसीटा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
दूसरी घटना, कोरिया जिले की है जहां नेशनल हाईवे 43 अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। 8 अक्टूबर की रात हुए हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। मामला चरचा थाना क्षेत्र का है।
ये तस्वीर कोरबा की है, अज्ञात वाहन के घसीटने से बाइक के परखच्चे उड़ गए।
युवक की मौत के बाद लाश को स्थानीय लोगों ने गमछे से ढक दिया।
केस 1
युवक को 100 मीटर तक घसीटा
पहली घटना कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश गुप्ता (35) और एक अन्य युवक किसी काम से बाहर निकले थे। बुधवार रात वह जटगा अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान लखनपुर के पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर ने मार दिया और 100 मीटर तक घसीटते ले गया। जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद ड्राइवर भागा
हादसे में बाइक चला रहे ओमप्रकाश की मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं। टक्कर मारने के बाद ड्रावर वाहन लेकर फरार हो गया। घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने फौरन मामले की जानकारी कटघोरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान की और उनके परिजनों को सूचित किया।
हादसे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, इस दौरान स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड पर भारी वाहनों का दबाव अधिक है और तेज रफ्तार के कारण कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा प्रशासन से सड़कों की मरम्मत और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और ड्राइवर की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि पंचनामा कर शव को पीएम के भेजा गया है। आगे की कार्रवाई जा रही है।
ये तस्वीर कोरिया की है, खड़े ट्रक से टकराने के बाद बाइक सवार 2 युवकों की जान चली गई।
दूसरी घटना कोरिया की
दूसरी घटना कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, बिशुनपुर का रहने वाला बाइक सवार वीरेंद्र राजवाड़े (22) अपने रिश्तेदार नरेश राजवाड़े (21) के साथ बाइक से बैकुंठपुर की ओर से वापस बिशुनपुर जा रहे थे। रात करीब 12.30 बजे नेशनल हाईवे 43 पर बाइक तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
सिर में गंभीर चोट बनी मौत की वजह
इस हादसे में दोनों बाइक सवार के सिर पर गंभीर चोटें आईं और बेहोश हो गए। घटना की सूचना पर चरचा थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को एम्बुलेंस की मदद से पास के अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
युवकों के सिर में गंभीर चोट आने से ब्लडिंग हुई।
घर से 500 मीटर दूर हादसा
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार में सामने से आ रहे किसी वाहन की लाइट के कारण युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख सके और तेज रफ्तार में ट्रक के साइड से जा टकराए।
हादसे में मृत युवक बीरेंद्र राजवाड़े का घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर ही है। वे घर पहुंच पाते, इससे पहले ही हादसा हो गया। पुलिस मामले में मर्ग कायम करे आगे जांच पड़ताल कर रही है।
एम्बुलेंस से दोनों को अस्पताल ले गया गया। इससे पहले दोनों की मौत हो चुकी थी।
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में सुबह उस वक्त पर्यटनों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा मिला। किंग कोबरा की जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तीखार खान ने तत्काल वन विभाग एवं नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दिया, जिसके बाद सारथी ने अपने अजगर बहार के स्थानीय टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल ,नरेश, देव मरावी को तत्काल सतरेगा के लिए रवाना कर साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय दिया एवं उनके निर्देशानुसार उपवनमण्डलाधिकारी रामसिंह राठिया उत्तर के मार्गदर्शन एवं बालकों रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन कोरबा से रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच कर सर्वप्रथम विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली को बंद करवाया गया, फिर पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई, इतने फुर्तीले और लंबे सांप को देख कर लोग जिज्ञासा वश फोन से वीडियो बनाने से नहीं चुके, साथ ही मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा के पश्चात किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
कोरबा जिले के लेमरू, बालको , पसरखेत , करतला, कुदमुरा एवं आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार सामने आ रहे हैं, छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का सकारात्मक संकेत माना जा सकता है, साथ ही यह बात भी सिद्ध करता हैं कि एक ही सांप बार बार रेस्क्यु नहीं हो रहे बल्कि सभी किंग कोबरा दूसरे से भिन्न हैं। हालांकि, क्षेत्र में इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ रही है। आज किसी क्षेत्र में किंग कोबरा दिखाई देने पर लोग उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। सूचना का समय पर मिलना और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होकर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
वन विभाग एवं नोवा नेचर ने आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के पेयजल अभावग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बांगो डेम से पेयजल उपलब्ध कराने की बात रखी। इस संबंध में संबंधित विभागों को क्षेत्र की आवश्यकता, तकनीकी संभावनाओं एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को बैठक में रखा गया, जिस पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।