सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में पिछले 5 दिनों में 3 हाथियों की मौत हुई है। सरगुजा में गुरुवार रात खेतों में फसल बचाने के लिए लगाए गए बिजली वाले तार की चपेट में आने से बेबी एलिफेंट की मौत हो गई। हाथियों का झुंड मौके पर पहुंचा। दल रातभर वहीं घूमता रहा और चिंघाड़ता रहा। घटना उदयपुर वन परिक्षेत्र की है।
एक दिन पहले रायगढ़ में बुधवार को हाथी शावक का शव तालाब में मिला। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में आशंका है कि हाथियों के झुंड में दबने के बाद शावक पानी में डूब गया होगा। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। घटना तमनार रेंज की है।
वहीं, जशपुर में शनिवार को करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से नर हाथी की मौत हो गई। वन विभाग की जांच के मुताबिक, जंगल और खेत की सीमा पर वन्यजीवों के शिकार के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर तक बिजली का तार बिछाया गया था। इसी तार की चपेट में आने से हाथी की मौत होने की आशंका है। घटना दुलदुला वन परिक्षेत्र की है।
फसलों को बचाने के लिए खेतों में बिजली तार लगाया गया था।
बिजली तार की चपेट में आने से हाथी शावक की मौत हो गई।
केस- 1 सरगुजा में करंट की चपेट में आया शावक, मौत
पहली घटना सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक अलकापुरी के जंगल में पिछले कई दिनों से हाथियों का दल घूम रहा है। हाथियों से फसल बचाने के लिए किसानों ने खेतों के चारों ओर 1 किलोमीटर से ज्यादा इलाके में झटका देने वाला तार लगाया है।
बुधवार रात करीब 10 बजे हाथी का शावक इस तार की चपेट में आ गया। उसकी सूंड और पैर में तार फंस गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस खेत के आसपास झटका तार लगाया गया है, वह झिरमिटी सरपंच चंदन एक्का और उनके परिवार के लोगों की जमीन है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
27 हाथियों का दल घूम रहा
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों की पहचान कर नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में करीब 27 हाथियों का दल घूम रहा है। वन विभाग की टीम आसपास अवैध हुकिंग की भी जांच कर रही है।
करंट को लेकर स्थानीयों की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि झटका मशीन के करंट से किसी जानवर या व्यक्ति की मौत नहीं हो सकती। उनका कहना है कि मामले की जांच होनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि तार में सीधे करंट लगाया गया होगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद हाथियों का दल रातभर मौके पर डटा रहा और चिंघाड़ता रहा। हाथियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहमे रहे। वन विभाग हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार करेगा।
केस- 2 रायगढ़ में तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत
दूसरी घटना रायगढ़ के तमनार रेंज की है। दरअसल, वन परिक्षेत्र के सामारूमा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से करीब 50 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। यह दल हर शाम सड़कों पर भी आ रहा था। मंगलवार देर रात हाथियों का झुंड छैडोरिया क्षेत्र के एक तालाब में नहाने या पानी पीने उतरा था।
इसी दौरान झुंड में मौजूद शावक पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका। बुधवार सुबह वन विभाग को शावक के तालाब में डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद एसडीओ, रेंजर समेत वनकर्मी मौके पर पहुंचे और शावक को बाहर निकलवाया। उसकी उम्र करीब 3-4 दिन बताई जा रही है।
रायगढ़ में तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
घरघोड़ा सब डिवीजन के SDO आशुतोष मंडावा ने बताया कि छैडोरिया गांव के पास तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केस- 3 जशपुर में करंट के तार की चपेट में नर हाथी की गई जान
तीसरी घटना जशपुर के दुलदुला वन परिक्षेत्र की है। 24 सितंबर की सुबह ढोढ़ीआरा गांव के नोनपानी जंगल में हाथी का शव मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि जंगल और खेत की सीमा पर करीब 1.5 किलोमीटर तक करंट वाले तार बिछाए गए थे। वन विभाग के मुताबिक, जंगली सूअर या अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए तार बिछाए जाने की आशंका है। इसी तार के संपर्क में आने से हाथी की मौत होने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान संदिग्ध लोगों से अलग-अलग पूछताछ की गई। इसके बाद टीम ने ढोढ़ीआरा गांव में तीन मकानों की तलाशी ली। यहां बिजली का करंट लगाने में इस्तेमाल होने वाले तार और अन्य सामग्री मिली। एक मकान से मोर के पंख और वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाला फंदा भी बरामद हुआ।
24 सितंबर की सुबह ढोढ़ीआरा गांव के नोनपानी जंगल में हाथी का शव मिला था।
निशानदेही पर जंगल से भी बिजली तार बरामद
वन विभाग के मुताबिक, पोनहारी गांव के सलिंदर और रूपेश से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर जंगल में करीब 1 किलोमीटर दूर नाले के पास छिपाकर रखा बिजली तार बरामद किया गया। तार बिछाने के रास्ते, घटनास्थल और बरामदगी की प्रक्रिया की फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
11 लोगों के समूह के शामिल होने की जानकारी
वन विभाग के अनुसार, पूछताछ में करीब 11 लोगों के वन्यजीवों के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार बिछाने में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि हाथी की मौत के बाद तार को घटनास्थल से हटाकर कुछ सामग्री घर और कुछ सामान जंगल में छिपा दिया गया था।
जांच में सामने आए तथ्यों और बरामद साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने आरोपितों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग की टीम ने मौत मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
18 घंटे में 6 गिरफ्तार, 5 की तलाश जारी
वन विभाग के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के करीब 18 घंटे के भीतर संदिग्ध आरोपियों की तलाश, गिरफ्तारी और न्यायिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अब तक छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर टोप्पो निवासी धुरीअंबा, अगसतुस एक्का निवासी कोहड़ाफारी, रूपेश एक्का निवासी धुरीअंबा, दिनेश राम निवासी ढोढ़ीआरा, सलिंद्र राम निवासी कोहड़ाफारी और तरसियुस राम निवासी कोहड़ाफारी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल कराया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज गया है।
कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में विद्या भारती के क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता बाल वर्ग में ऊंची कूद में भैया सतीश पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, शालिनी राज ने किशोर वर्ग प्रांतीय एथलेटिक्स 3000 मी दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों भैया बहन को विद्यालय के प्रबंधन समिति के पदाधिकारीयों द्वारा पदक प्रशस्ति पत्र, गुलदस्ता, पुष्प, माला, तिलक अभिनंदन के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक कौशल सिंह राज, कोषाध्यक्ष बिहारी लाल नवलानी, शिवकुमार चौहान, अरविंद पांडे, जयपाल विनायक की उपस्थिति में स्वागत कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम पर व्यवस्थापक कौशल सिंह राज ने भैया बहनों द्वारा प्रशस्ति पत्र की सराहना करते हुए कहा की विद्यालय और नगर के लिए गौरव की बात है। कहते हुए भैया बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया। विद्यालय के सभी भैया बहनों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत और अभिनंदन किया, पूरा विद्यालय परिवार खुशी से दोनों भैया बहन को गले लगा कर शुभकामनाएं दिए, सभी आचार्य परिवार ने दोनों भैया बहन को मंगलमय शुभकामनाएं आशीर्वाद प्रदान किया। इस एथलेटिक्स प्रतियोगिता के खेल प्रमुख ब्रह्म सिंह जगत को इस उपलब्धि के लिए समिति ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य चूड़ामणि साहू ने विजेता भैया बहन के द्वारा प्राप्त पदक प्रशस्ति पत्र की सराहना करते हुए पूरे विद्यालय के लिए यह गर्व व सम्मान का प्रतीक है ।
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के लिए मतदान केंद्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान के सुचारू क्रियान्वयन हेतु 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों BLO का 30 सितम्बर 2026 को इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के पाली ब्लॉक का प्रशिक्षण जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष में तथा पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण स्वामी आत्मानंद सजेस विद्यालय पोड़ीउपरोड़ा में सम्पन्न हुआ। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बूथ लेवल अधिकारियों BLO का प्रशिक्षण मनोज कुमार बंजारे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र तथा सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में उपस्थित बीएलओ को संबोधित करते हुए एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने मतदान केन्द्रों में स्वीप कार्ययोजना के तहत् सुव्यवस्थित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएलओ को अपने मतदान केंद्र में ईएलसी क्लब गठित कर उसके नोडल अधिकारी के रूप में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किए।
पाली एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बूथ लेवल अधिकारियों के प्रशिक्षण में उपस्थित सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों BLO को अपने मतदान केंद्र अंतर्गत भावी मतदाताओं के रूप में 14 से 17 वर्ष आयु के कक्षा 9 वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं एवं 18 से 25 वर्ष के नवीन युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं सहित सभी मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने जागरूकता बढ़ाने के लिए निर्देशित किए।
उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों BLO को भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने मतदान केन्द्रों में मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किए जाने के लिए कहा। उन्होंने सभी बीएलओ से चुनावी साक्षरता एवं जागरूकता गतिविधियों में भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रियाओं पर सभी मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए कहा। प्रशिक्षण में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों BLO को मतदाता पंजीकरण प्रक्रियाओं और मतदाता सेवाओं के बारे में सभी मतदाताओं को जागरूकता लाने के लिए बूथ लेवल पर इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देशित किया।
प्रशिक्षण में तहसीलदार भूषण मंडावी, नायब तहसीलदार श्रीमती राशिका अग्रवाल, विकास खंड शिक्षा अधिकारी पाली कुमदेश गोभिल, विकास खंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा के राजेश्वर दयाल, विधानसभा ईएलसी प्रभारी डॉ. टीआर कश्यप पाली कॉलेज स्वीप नोडल अधिकारी रीता पटेल,मास्टर ट्रेनर्स फरेम कुमार डहरिया, रामचरण साहू, कामता प्रसाद जायसवाल, दिनेश कुमार यादव, महावीर प्रसाद चन्द्रा, भूपेंद्र सिंह कंवर सहित अनुविभागीय निर्वाचन कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा के कर्मचारी- मनोहर सोरथे एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली की कर्मचारी अश्विनी किरण सहित 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाली एवं पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बूथ लेवल अधिकारी BLO उपस्थित थे।
कोरबा। थाना कोतवाली कोरबा पुलिस द्वारा फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम को दो महत्वपूर्ण सफलताएँ प्राप्त हुई हैं।
पांच वर्ष पुराने प्रकरण से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना, पिता राजेश सागर, निवासी माझी मोहल्ला, धनुहारपारा, कोरबा को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली कोरबा में अपराध क्रमांक 137/20, धारा 147, 455, 364, 294, 506, 323 भादवि एवं 3, 2(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।
उक्त प्रकरण में आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर चालान माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय में पेशी के दौरान आरोपी अनुपस्थित होकर अपने सकूनत से फरार हो गया था।
आज दिनांक 30.09.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर स्थायी वारंटी आलोक सागर उर्फ सोना को गिरफ्तार किया गया।
मारपीट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
इसी प्रकार थाना कोतवाली कोरबा के अपराध क्रमांक 759/26, धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया, पिता अमीत कुरैशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीतामणी चंडिका मंदिर के बगल, मेन रोड, कोरबा को भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण के अनुसार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया द्वारा अपने साथी गौतम उर्फ काड़े के साथ मिलकर प्रार्थी समीर कुरैशी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई तथा पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई गई थी।
उक्त प्रकरण में आरोपी के साथी गौतम उर्फ काड़े को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। प्रकरण में फरार आरोपी समीर कुरैशी उर्फ माया को आज दिनांक 30.09.2026 को गिरफ्तार कर रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस की अपील
थाना कोतवाली कोरबा पुलिस द्वारा फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की लगातार पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी हेतु अभियान जारी है। आम नागरिकों से भी अपील है कि फरार आरोपियों अथवा वारंटियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।