रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने कई जगह भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बना डिप्रेशन अभी सक्रिय है। इसके असर से अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
कोरबा में लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% पहुंच गया है। एहतियातन 5 गेट खोलकर 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा गया। इसके बाद प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।
पिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हुई। कुसमी में सबसे ज्यादा 180 मिमी (7.1 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। दौरा कोचली, बिहारपुर और प्रतापपुर में 130-130 मिमी (5.1-5.1 इंच) बारिश हुई।
3005 क्यूसेक पानी यानि करीब 85 हजार लीटर पानी छोड़ा गया है।
मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% पहुंच गया है।
कोरबा के इन गांवों में बाढ़ का अलर्ट
मिनीमाता बांगो डैम के 5 गेट खोले जाने के बाद प्रशासन ने जिले के 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।
अगले 2 दिन इन इलाकों में ज्यादा असर
मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
ओवरऑल छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी (26.3 इंच) बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिमी (28.9 इंच) होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक 65.6 मिमी (2.6 इंच) कम बारिश हुई है।
बारिश में कमी का स्तर -9 प्रतिशत है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की कुल बारिश अभी सामान्य श्रेणी में है।
शियर जोन का मतलब जानिए
शियर जोन वायुमंडल में वह इलाका होता है जहां अलग-अलग ऊंचाई पर चलने वाली हवाओं की दिशा या रफ्तार में फर्क होता है। यानी नीचे की हवा जिस दिशा में चल रही है, उससे ऊपर की हवा की दिशा या स्पीड अलग हो सकती हैइससे वातावरण में हवा का सिस्टम अस्थिर होता है और बादल बनने तथा बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।
नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश
जिलेवार देखें तो नारायणपुर में सबसे ज्यादा 1043.9 मिमी (41.1 इंच) बारिश दर्ज हुई है। यहां सामान्य बारिश 780.7 मिमी (30.7 इंच) है, यानी सामान्य से 34 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी (37.3 इंच), बीजापुर में 870.6 मिमी (34.3 इंच), जांजगीर में 857.3 मिमी (33.8 इंच) और महासमुंद में 835.6 मिमी (32.9 इंच) बारिश हुई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां सामान्य बारिश 598.2 मिमी (23.6 इंच) के मुकाबले 948.2 मिमी (37.3 इंच) बारिश दर्ज हुई। यानी बारिश 59 प्रतिशत ज्यादा रही। इसके बाद नारायणपुर में 34 प्रतिशत, मुंगेली में 32 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 28 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत और जांजगीर में 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।
सरगुजा में सबसे ज्यादा कमी
प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश की कमी सरगुजा में 51 प्रतिशत है। यहां सामान्य 773.2 मिमी (30.4 इंच) के मुकाबले सिर्फ 379.6 मिमी (14.9 इंच) बारिश हुई है। इसके बाद जशपुर में 45 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत, कांकेर में 35 प्रतिशत, सूरजपुर में 22 प्रतिशत और बस्तर तथा कबीरधाम में 21-21 प्रतिशत कमी है।
रायपुर में सामान्य से 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश
राजधानीरायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी (28.7 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 641.9 मिमी (25.3 इंच) है। यानी 85.9 मिमी (3.4 इंच) ज्यादा बारिश हुई है और बारिश सामान्य से 13% अधिक है। प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, 6 जिलों में सामान्य से ज्यादा और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।
बालकोनगर, 23 नवंबर, 2026। वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने दैहानपारा सहित क्षेत्र में लगभग 400 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बालको के अधिकारी और समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
कंपनी के निर्माण परियोजना के अंतर्गत यह कार्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और स्थानीय आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित सड़क निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क बेहतर संपर्क, सुगम आवाजाही और क्षेत्र के लोगों की दैनिक गतिविधियों को सहज बनाने में सहायक होगी। इस निर्माण कार्य से स्थानीय आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ लोगों के जीवन में सुविधा और सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।
बालको की सामुदायिक विकास परियोजनाओं की सराहना करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा, “बालको आसपास के क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास में निरंतर अपनी भूमिका निभा रहा है। औद्योगिक विकास के साथ-साथ कंपनी स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए सार्थक पहल कर रही है। कंपनी द्वारा सामुदायिक भवन, सड़क, पुल और नाली निर्माण जैसे आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। दैहानपारा में सड़क निर्माण जैसी पहल स्थानीय लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। बालको सामुदायिक विकास के लिए लगातार प्रयासरत है और क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।”
क्षेत्र में सामुदायिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बालको निरंतर प्रयासरत है। पिछले चार वर्षों में कंपनी ने 45 समुदाय में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण एवं विकास किया है, जिनमें सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, सामुदायिक शौचालय, सड़क, पुल और नाली अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन विकास कार्यों से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में मदद मिल रही है। आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक कल्याण के माध्यम से बालको आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में योगदान दे रहा है।
कोरबा 23 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित है। जिले के 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केन्द्रो में माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर ने बताया कि 15 नवम्बर से आज दिनांक तक जिले में कुल 9409.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। सोमवार 23 नवम्बर को कुल 2272.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। समितियों में 25 नवम्बर बुधवार को 3522.00 क्विंटल धान खरीदी हेतु टोकन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सहूलियत हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। धान विक्रय हेतु आए किसानो ने पारदर्शी एवं त्वरित धान प्रकिया के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए समर्थन मूल्य में धान की बिक्री होने पर खुशी जाहिर की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने धान खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेजयल, छांव, बैठक, शौचालय आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही राजस्व, खाद्य, मंडी सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम का गठन कर खरीदी केंद्रों में अवैध धान के आवक पर रोक लगाने हेतु सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
27 एवं 28 नवंबर को सत्यापन और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग के बाद जारी होंगे नियुक्ति आदेश
कोरबा, 23 नवंबर 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया का आगामी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 25 और 26 नवंबर को जिला मुख्यालय में किया जाएगा। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को शेष सत्यापन तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग की कार्यवाही पूरी कर नियमानुसार नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 1/463863/2026/सेजेस भर्ती/2026-27 के अनुसार, जिले के आरक्षण रोस्टर के अनुरूप तैयार मेरिट एवं चयन सूची 21 नवंबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकृत पोर्टल पर जारी की गई है। अभ्यर्थी सूची में अपना नाम और चयन संबंधी विवरण देख सकते हैं। दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, आयु तथा आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जाँच की जाएगी। प्रस्तुत मूल दस्तावेजों का ऑनलाइन आवेदन और चयन सूची में दर्ज जानकारी से मिलान किया जाएगा। विज्ञापन में निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर जाँच के बाद सत्यापन प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तावेज सत्यापन तथा कंप्यूटर संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख लेकर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सत्यापन एवं आगे की नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।