Connect with us

खेल

एशियन गेम्स में भारत को अब तक 6 मेडल:4 सिल्वर, 2 ब्रॉन्ज; भारत ने पाकिस्तान को टेबल टेनिस में क्लीन स्वीप किया

Published

on

आइची-नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स के दूसरे दिन 4 मेडल जीते। इनमें से 3 मेडल शूटर्स ने दिलाए। जबकि, एक मिक्स्ड मार्शल आर्टस में आया।

सोमवार को मेंस 10 मीटर राइफल के इंडिविजुअल्स इवेंट में हिमांशु ढिल्लों (252.4 अंक) को सिल्वर और रुद्रांश पाटिल (230.9 अंक) को ब्रॉन्ज मिला। चीन के शेंग लिहाओ (254.2 अंक) ने गोल्ड जीता।

टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर जीता। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों वाली टीम 1890.1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। चीन (1899.9 अंक) पहले और कोरिया (1884.2 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।

इस बीच सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्टस के विवादित मुकाबले में ब्रॉन्ज हासिल किया। यह इस खेल में एशियाड का पहला मेडल भी है।

इंडिया को महिला हॉकी और कबड्‌डी में भी जीत मिली। लेकिन, टेबल टेनिस में भारत की दोनों टीमों ने पाकिस्तान को हराया। खास बात यह रही कि पाकिस्तानी खिलाड़ी एक भी गेम नहीं जीत सके।

भारतीय मेंस राइफल टीम के खिलाड़ी।

भारतीय मेंस राइफल टीम के खिलाड़ी।

भारत 12वें स्थान पर पहुंचा, चीन नंबर-1

भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। उसके खाते में अब 4 सिल्वर समेत 6 मेडल हैं। चीन 23 गोल्ड समेत 38 मेडल लेकर पहले स्थान पर है।

जापान 8 गोल्ड समेत 32 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 5 गोल्ड समेत 23 मेडल के सहारे तीसरे स्थान पर है।

अब तीनों शूटरों के बारे में जानें…

रुद्रांश पाटिल: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय शूटर

रुद्रांश बालासाहेब पाटिल का जन्म 16 दिसंबर 2003 को ठाणे, महाराष्ट्र में हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल के शूटर हैं। उन्होंने 2022 में काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में इंडिविजुअल और टीम इवेंट का गोल्ड जीता। इंडिविजुअल वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले वे अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने। 2022 में वे 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड नंबर-1 भी रहे।

पार्थ राकेश माने: जूनियर वर्ल्ड चैंपियन

पार्थ राकेश माने का जन्म 13 नवंबर 2007 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। उन्होंने 2024 में पेरू के लीमा में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया। इसी साल उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज भी जीता।

हिमांशु ढिल्लों: भारत के उभरते राइफल शूटर

हिमांशु ढिल्लों का जन्म 29 सितंबर 2005 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। 2025 में उन्होंने ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता। 2026 में एशियन चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड अपने नाम किए। म्यूनिख में 2026 के सीनियर वर्ल्ड कप में वे 9वें रहे और क्वालिफिकेशन में 635.7 अंक बनाए।

टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया। तीसरे मैच में पायस जैन ने मुहम्मद खान को सीधे गेम में 11-2, 11-5, 11-7 से हराया।

भारत ने ईरान से मिली हार के बाद जीत की राह पर वापसी की है। भारत टीम इवेंट के क्वार्टर फाइनल में लगभग पहुंच चुका है।

वुशु- आर्यन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

वुशु के पुरुष 56 किग्रा वर्ग में भारत के आर्यन ने अफगानिस्तान के शाहजादा सफी को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आर्यन का अगला मुकाबला कल होगा।

टेबल टेनिस- हरमीत देसाई जीते, भारत ने पाकिस्तान पर बढ़त बनाई

टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है। हरमीत ने खान को सीधे गेम में 11-4, 11-3, 11-5 से हराया।

मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया। अब दूसरे सिंगल्स में जी. साथियान का सामना अब्बास खान से होगा।

वुशु- भारत की रोशिबिना देवी क्वार्टर फाइनल में

भारत की रोशिबिना देवी ने वुशु की महिला 60 kg वेट कैटेगरी में बांग्लादेश की मोस्ट खातून को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

रोशिबिना का सेमीफाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। वे एशियन गेम्स में दो मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने जकार्ता में ब्रॉन्ज और हांगझोउ में सिल्वर मेडल जीता था

डबल मेडल के साथ हिमांशु

भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार दूसरी जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया। काकामिगाहारा में पूल-बी के मुकाबले में दीपिका सेहरावत, रुतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने 3-3 गोल किए। भारत की यह लगातार दूसरी जीत है।

तैराकी: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक में आखिरी स्थान पर रहे

श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में आखिरी स्थान पर रहे। उन्होंने 25.52 सेकंड का समय निकाला।चीन के जू जियायु ने 24.04 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता।

बैडमिंटन : भारतीय मेंस टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया

भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने ग्रुप स्टेज के मैच में बांग्लादेश को 3-0 से हराया दिया। तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने अल-अमीन जुमार को 21-15, 21-9 से हराया। दूसरा गेम सिर्फ 9 मिनट चला।

इससे पहले आयुष शेट्‌टी और लक्ष्य सेन ने अपने-अपने मैच जीते। इस जीत के साथ टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। जहां भारत का सामना जापान से होगा।

कबड्डी: भारत ने जापान को 49-24 से हराया

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने पहले ग्रुप मैच में मेजबान जापान को 49-24 से हराया। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में भारत ने हाफ टाइम तक 31-9 की बढ़त बना ली थी।

टीम ने दूसरे हाफ में 18 अंक और जोड़े। टीम ग्रुप ए में जापान, दक्षिण कोरिया, चाइनीज ताइपेई और बांग्लादेश के साथ है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को दक्षिण कोरिया से होगा।

मुकाबले से पहले भारतीय कबड्‌डी टीम।

मुकाबले से पहले भारतीय कबड्‌डी टीम।

सॉफ्ट टेनिस: जय-आध्या की जोड़ी क्वार्टर फाइनल से चूकी

जय मीणा और आध्या तिवारी सॉफ्ट टेनिस के मिक्स्ड डबल्स इवेंट के पहले राउंड में हार गई है। भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी। उसे फिलीपींस के शेरविन नुगुइट और क्रिस्टी सैनोसा ने 5-2 से हराया। इस मैच का सेट स्कोर 4-2, 2-4, 2-4, 3-5, 2-4, 5-3, 6-8 रहा।

मैच में पॉइंट सेलिब्रेट करते जय-आध्या।

मैच में पॉइंट सेलिब्रेट करते जय-आध्या।

सुचिका की हार के बाद विवाद

सुचिका की हार पर विवाद खड़ा हो गया है। सुचिका के कोच निखिल कुंदर ने बताया कि तय समय तक मैच बराबर था।’

कुंदर ने कहा- ‘एक जज ने भारत के पक्ष में फैसला दिया, जबकि 2 ने एक्स्ट्रा राउंड में सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता माना। निखिल ने कहा, ‘हमने फैसले को चुनौती दी है। उम्मीद है कि इससे अंतिम नतीजा बदलेगा।’

यह है नियम?

मैच ड्रा होने पर कम वजन वाले खिलाड़ी को विजेता माना जाता है। सिंगापुर की खिलाड़ी का वजन सुबह के वेट इन में सुचिका से 700 ग्राम कम था, इसलिए उन्हें विजेता घोषित कर फाइनल में भेज दिया गया।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स : सुचिका ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

सुचिका तारियाल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा कैटेगरी का सेमीफाइनल मैच हार गईं। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

सुचिका को सिंगापुर की हुई हून टियो ने 2-0 से हराया। नतीजे के बाद सुचिका भावुक हो गईं। उन्होंने अंपायर्स के फैसले को चैलेंज किया।

मेडल के साथ सुचिका तरियाल।

मेडल के साथ सुचिका तरियाल।

बॉक्सिंग: सुमित राउंड ऑफ-16 में पहुंचे

सुमित ने बॉक्सिंग के मेंस 70 kg में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को हराया। वे राउंड ऑफ-16 में पहुंच गए हैं। सुमित ने तीसरे राउंड में संभलकर खेलते हुए 5-0 से जीत दर्ज की। वह पूरे मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा प्रभावी रहे।

रेफरी ने सुमित को सर्वसम्मत से विजेता घोषित किया।

रेफरी ने सुमित को सर्वसम्मत से विजेता घोषित किया।

टेबल टेनिस- भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने ग्रुप-एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर टॉप किया।

सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद 17 साल की सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।

श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारत की जीत पक्की की। श्रीजा ने केवल 11 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले ग्रुप में इंडोनेशिया और सिंगापुर को हराया था।

मैच खत्म होने के बाद सुतीर्था और अलीना ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।

मैच खत्म होने के बाद सुतीर्था और अलीना ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।

Continue Reading

खेल

एशियन गेम्स के पहले दिन भारत को 2 सिल्वर:दोनों राइफल शूटिंग में आए, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी मेडल पक्का

Published

on

आइची- नागोया/ नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने 20वें एशियन गेम्स के पहले दिन 2 सिल्वर मेडल जीत लिए हैं। दोनों मेडल 10 मीटर राइफल शूटिंग में आए। जबकि स्विमिंग और वुशु के मेडल गंवाए हैं।

रविवार को एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर राइफल इंडिविजुअल्स इवेंट में 252.4 अंक के साथ सिल्वर जीता। वे 0.6 अंक से गोल्ड मेडल चूक गईं। जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 पॉइंट्स लेकर गोल्ड जीता।

इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 1898.0 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में एलावेनिल, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद शामिल रहीं।

सिल्वर मेडल के साथ भारतीय महिला टीम।

सिल्वर मेडल के साथ भारतीय महिला टीम।

सुचिका ने पहला मेडल पक्का किया

सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेडिशनल कैटेगरी (-60 kg) के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया। उन्होंने मंगोलिया की अल्तनचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया।

क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद सुचिका तरियाल।

क्वार्टर फाइनल मैच जीतने के बाद सुचिका तरियाल।

चीन 11 गोल्ड के साथ नंबर-1, भारत 10वें स्थान पर आया

भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर है। चीन 11 गोल्ड समेत 20 मेडल जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं, मेजबान जापान 6 गोल्ड के साथ नंबर-2 पर है।

टेबल टेनिस- मेंस टीम को ईरान ने हराया

टेबल टेनिस के मेंस टीम ग्रुप-F मुकाबले में भारत को ईरान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। मानुष शाह को नोशाद अलामियान ने 3-0 से हराया, जबकि मानव ठक्कर भी बेन्यामिन फराजी के खिलाफ 0-3 से हार गए।

इसके बाद हरमीत देसाई ने नीमा अलामियान के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेला, लेकिन 2-3 से हार गए। इस जीत के साथ ईरान ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया।

फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं-वलारिवन

एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल जीतने वाली एलावेनिल वलारिवन ने कहा- ‘यह पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। यह पूरी टीम का कॉन्फिडेंस बढ़ाएगा।’

  • फाइनल हारने पर कहा- ‘मेडल पक्का होने के बाद मैं थोड़ी रिलैक्स हो गई थीं। मुझे फाइनल में अपने प्रदर्शन पर और काम करने की जरूरत है।
  • अपने प्रदर्शन पर कहा, ‘मुझे लगा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। मेरे लिए यह सीखने की प्रोसेस है। मैं अब आराम और रिकवरी पर ध्यान दूंगी।
  • मजाक में कहा कि उन्हें अपना बिस्तर बहुत याद आ रहा है। वे कोच व टीम साथियों के साथ मेडल सेलिब्रेट करना चाहती हैं।

टेबल टेनिस- भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराया

भारत ने सिंगापुर को 3-2 से हराकर रोमांचक मैच अपने नाम किया। यशस्विनी घोरपड़े ने लोय मिंग को रोमांचक मुकाबले में 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत की जीत पक्की की।

इससे पहले यशस्विनी ने अपने दोनों मैच जीते, जबकि श्रीजा अकुला ने अपना दूसरा मैच जीतकर भारत की वापसी की उम्मीद बनाए रखी।

तैराकी- ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक में छठे स्थान पर रहे

भारतीय तैराक ऋषभ दास 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग के फाइनल में छठे स्थान पर रहे। वे हीट्स में 54.85 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे थे। इस इवेंट का गोल्ड चीन के जियायु शू ने जीता। जापान के हिदेकाजु ताकेहारा को सिल्वर और साउथ कोरिया के जुहो ली को ब्रॉन्ज मिला।

हॉकी- भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर हॉकी टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। भारत ने 13 गोल किए, जबकि इंडोनेशिया सिर्फ एक गोल कर सका। क्रेग फुल्टन की टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को श्रीलंका से होगा।

वजन कम करने सौना बाथ लेने गया भारतीय खिलाड़ी बेहोश, एशियाड से बाहर

एशियाड में हिस्सा लेने गया भारतीय खिलाड़ी सौना बाथ के दौरान बेहोश हो गया। इसके बाद उसे मेडिकल अनफिट घोषित कर दिया गया।

MMA फाइटर वरुण सान्याल 77 KG वेट कैटेगरी का क्वार्टर फाइनल खेलने वाले थे। वरुण शनिवार रात को वजन कम करने के लिए सौना बाथ लेने गए थे। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा और मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की।

भारत महिला क्रिकेट के फाइनल में, श्रीलंका से मुकाबला 22 सितंबर को

भारतीय टीम महिला क्रिकेट के फाइनल में पहुंच गई है। उसने रविवार को बांग्लदेश को 114 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम इंडिया का फाइनल मैच 22 सितंबर को श्रीलंका से होगा।

बैडमिंटन: भारत ने कजाकिस्तान को 3-0 से हराया

भारतीय महिला टीम ने बैडमिंटन के पहले राउंड में कजाकिस्तान को 3-0 से हराया। भारतीय टीम ने तीनों मुकाबलों में जीतकर क्लीन स्वीप किया।

तन्वी शर्मा ने आखिरी मुकाबले में डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराया। इससे पहले उन्नति हुड्‌डा ने अलीसा कुलेशोवा को 21-7, 21-10 से और पीवी सिंधु ने कामीला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से हराया।

भारत अब महिला टीम इवेंट में पदक पक्का करने के लिए 22 सितंबर को जापान से भिड़ेगा।

पहले मैच के दौरान भारतीय स्टार पीवी सिंधु।

पहले मैच के दौरान भारतीय स्टार पीवी सिंधु।

हॉकी- भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में जीत से शुरुआत की है। उसने रविवार को अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया।

नागोया में खेले गए पूल बी के विमेंस मैच में दीपिका ने सबसे ज्यादा 8 गोल दागे। उन्होंने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए। वे महिला हॉकी के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं।

एलावेनिल ने सिल्वर दिलाया, आखिरी शॉट में गोल्ड छूटा

भारतीय शूटर एलावेनिल वलारिवन ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में फाइनल की शुरुआत से बढ़त बनाई। वे 21 शॉट तक गोल्ड मेडल की दावेदार थीं।

22 शॉट के बाद एलावेनिल 231.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर आ गईं। हिनाता 232.2 अंक के साथ पहले स्थान पर थीं।

अंतिम शॉट में एलावेनिल ने 10.1 अंक बनाए। हिनाता ने 10.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। मजबूत प्रदर्शन के बाद एलावेनिल को सिल्वर मेडल मिला। भारतीय शूटर सोनम मस्कर ने 167.0 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं।

टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम भी जीती

टेनिस टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने जीत से शुरुआत की है। ग्रुप-F में भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।

  • पहला मैच: जी. साथियान ने एम. नेगारा को 3-0 से हराया।
  • दूसरा मैच: मानव ठक्कर ने एम. जुनिंद्रा को 3-2 से हराया।
  • तीसरा मैच: मनुष शाह ने ए. प्रतामा को 3-0 से हराया।

भारत का अगला मुकाबला 20 सितंबर को ईरान के खिलाफ दोपहर 3 बजे से होगा।

शूटिंग- 2 भारतीय 10 मीटर राइफल के फाइनल में

  • सोनम मस्कर ने तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 634.1 अंक हासिल किए।
  • एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक के साथ 7वें स्थान पर रहीं। वे भी फाइनल में पहुंची।

शूटिंग- महिला 10 मी. राइफल टीम इवेंट में सिल्वर आया, चीन को गोल्ड

भारत ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर जीता। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद की टीम ने 1898.0 अंक हासिल किए।

चीन ने 1904.2 अंकों के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड जीता। मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह एची-नागोया 20वें एशियन गेम्स में भारत का पहला पक्का मेडल है।

फाइनल मैच के दौरान भारतीय महिला टीम की एलावेनिल वलारिवन।

फाइनल मैच के दौरान भारतीय महिला टीम की एलावेनिल वलारिवन।

सुचिका के बारे में जानिए

  • 36 साल की सुचिका लंबे समय से कई मुकाबला खेलों में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने जूडो, कुराश, जिउ-जित्सु और अब MMA में अपना करियर बनाया है।
  • सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भी हिस्सा लिया।
  • 2024 में सुचिका जिउ-जित्सु की वर्ल्ड चैंपियन बनी थीं। खेल से दूर होने के बाद दोस्तों के प्रोत्साहन पर उन्होंने दोबारा प्रतियोगिताओं में वापसी की।
  • सुचिका ने MMA को नई चुनौती के तौर पर चुना। घुटने की चोट और कई मुश्किलों के बावजूद उन्होंने इस खेल में एशियन गेम्स डेब्यू किया।
मेडल पक्का करने के बाद सुचिका।

मेडल पक्का करने के बाद सुचिका।

Continue Reading

कोरबा

योनेक्स सनराइज़ स्टेट मिनी एवं सब जूनियर बैडमिंटन स्पर्धा में कोरबा का प्रतिनिधित्व करेंगे आरिव, श्रेष्ठा और आदित्य

Published

on

कोरबा। रविवार को कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय चयन स्पर्धा आयोजित की गई थी। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि यह चयन स्पर्धा अगले महीने रायपुर में 3 से 7 अक्टूबर के मध्य होने वाली योनेक्स सनराइज़ 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मिनी और सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने कोरबा की टीम चयन के लिए रखी गई थी। नगर निगम कॉलोनी कोरबा स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के भव्य डबल बैडमिंटन कोर्ट में हुई स्पर्धा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। स्पर्धा के नतीजों की बात करें तो अंडर 11 बालक वर्ग में आरिव घिरे, अंडर 11 बालिका वर्ग में श्रेष्ठा साहू विनर रहे। इसी तरह अंडर 13 बालक वर्ग में आदित्य धनराज, अंडर 13 बालिका वर्ग में भी श्रेष्ठा साहू चयन स्पर्धा के विजेता चुने गए। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि चारों विजेता खिलाड़ी छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में अगले महीने रायपुर में 3 से 7 अक्टूबर के मध्य योनेक्स सनराइज़ 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मिनी और सब-जूनियर ( अंडर 11 और अंडर 13 वर्ग बालक और बालिका) बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के मेन ड्रॉ में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अंडर 11 बालक वर्ग में वेदांत कौशिक, अंडर 11 बालिका वर्ग में सुप्रीता मामिलापल्ली रनर अप रहे। इसी तरह अंडर 13 बालक वर्ग में विवान साहू और अंडर 13 बालिका वर्ग में सोनाली सोनल फेलिक्स उप विजेता रहे। प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अंपायर की आसंदी से अमरजीत और करण का विशेष सहयोग रहा। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों के लिए आगामी स्टेट टूर्नामेंट में जीत की शुभकामनाएं दीं हैं।

Continue Reading

कोरबा

अंतर क्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27, SECL गेवरा क्षेत्र ने रचा इतिहास, अपने नाम किया विजेता का खिताब

Published

on

कोरबा/गेवरा। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL द्वारा आयोजित अंतर क्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27 का सफल समापन 08 सितंबर 2026 को SECL बैकुंठपुर क्षेत्र में हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में SECL गेवरा क्षेत्र की टीम ने अपनी अद्भुत रणनीति उत्कृष्ट प्रदर्शन और बेमिसाल खेल भावना के दम पर प्रथम स्थान हासिल कर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की ।

प्रतियोगिता के दौरान गेवरा क्षेत्र की टीम ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टीम के कप्तान अरविन्द अहिरवार के कुशल नेतृत्व में सभी खिलाड़ियों ने अपनी तीक्ष्ण बुद्धि और बेहतर तालमेल का परिचय दिया ।

विजेता टीम के सितारे

कप्तान – अरविन्द अहिरवार, सुजीत झा, ऋषभ विश्वकर्मा, मकसूद, पवन कुमार देवांगन, अमित कुमार पटेल

टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर गेवरा क्षेत्र प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने विजेताओं को बधाई दी और कहा कि यह जीत केवल खेल की सफलता नहीं बल्कि टीम वर्क अनुशासन और समर्पण का जीवंत प्रतीक है ।

गेवरा क्षेत्र के इन होनहार खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और रणनीति पर संपूर्ण SECL परिवार को गर्व है। यह जीत आने वाली प्रतियोगिताओं में नई ऊंचाइयों को छूने का मार्ग प्रशस्त करेगी ।

गेवरा क्षेत्र की इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है, सभी ने विजेता टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सफलता की राह पर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी हैं ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677