Connect with us

कोरबा

नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने  एनकॉर्ड समिति की  हुई बैठक

Published

on

अवैध शराब और नशीले उत्पादों के निर्माण-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें – कलेक्टर दुदावत

शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज दायरे में तंबाकू बिक्री पर कड़ी कार्यवाही के दिए निर्देश

कोरबा 06 अक्टूबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने हेतु  जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशे की रोकथाम, तंबाकू नियंत्रण, नशा मुक्ति केंद्र के संचालन, जनजागरूकता तथा अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विभागवार चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले के तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनने हेतु शेष शैक्षणिक संस्थानों को भी शीघ्र तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने कहा। उन्होंने तंबाकू मुक्त घोषित सभी शैक्षणिक संस्थानों  में ‘तंबाकू मुक्त संस्थान’ का बोर्ड प्रमुखता से प्रदर्शित करने निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित  करने निर्देशित किया। उन्होंने जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने की बात कही। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से नशा मुक्ति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने तथा नियमित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने जिले में अवैध शराब एवं नशीले उत्पादों के निर्माण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही  ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब के अवैध निर्माण से जुड़े स्थानों संलिप्त लोगों की पहचान कर  नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक परिसरों में असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई करने निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने नशे के विरुद्ध अभियान को जनसहभागिता से व्यापक स्वरूप देने पर जोर देते हुए विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को निरंतर संचालित करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्परता से आवश्यक कदम उठाने कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,  वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण और खेल सामग्री भेंट कर अदाणी फाउंडेशन ने दिया शिक्षा को बढ़ावा

Published

on

कोरबा। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने सकारात्मक पहल की है। कोरबा पॉवर लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत आसपास के 15 शासकीय विद्यालयों को शिक्षण एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इनमें 9 प्राथमिक, 4 माध्यमिक तथा 2 हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। अदाणी फाउंडेशन की ओर से बेंगचुल, दर्रानहठा, पथाडी, खोदडेल, न्यू पहंदा, ओल्ड पहंदा, रिसदिहापारा, सरगबुंदिया और धंधानी गांवों के विद्यालयों को विभिन्न प्रकार की सामग्री दी गई। इसमें सफेद एवं हरे रंग के दोहरे बोर्ड, बोर्ड मार्कर, चॉक, कक्षा घड़ियां और प्रार्थना सभा सहित विद्यालयीन आयोजनों के लिए ध्वनि यंत्र शामिल हैं। विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ेदान भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को बैग, ज्यामिति बॉक्स और कॉपियों का एक-एक सेट स्कूल किट के रूप में दिया गया। इस तरह कुल 172 विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरित की गई।

खेल और मनोरंजक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उनमें खेल भावना विकसित करने के लिए सभी 15 विद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री प्रदान की गई। हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट बैट और गेंद, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, कैरम बोर्ड तथा शतरंज के सेट दिए गए। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप विशेष खेल सामग्री दी गई। इसमें नरम फुटबॉल, रस्सी कूद, हुला हूप, सॉफ्ट कोन, छोटे कैरम बोर्ड, लूडो, रिंग टॉस और मिनी क्रिकेट सेट शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए सांप-सीढ़ी, शतरंज, स्मृति कार्ड, चित्र कार्ड और विभिन्न प्रकार की पहेलियां भी उपलब्ध कराई गईं।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

दीपावली के अवसर पर मिले इस सहयोग की विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि नई सामग्री से कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने अदाणी फाउंडेशन की ओर से पहले किए गए सहयोगात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए फाउंडेशन और उसकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल शासकीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाने, खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

Continue Reading

कोरबा

हसदेव नदी घाट में पानी भरने तथा खराब मौसम के कारण पुन्नी मेला जनवरी माह के लिए टला

Published

on

कोरबा। अकवान तूफान के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला जनवरी तक के लिए टाल दिया गया है। पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज एक आवश्यक बैठक पुरानी बस्ती में रखा गया। चक्रवाती अकवान तूफान के कारण दो दिनों की बारिश से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण दर्री बराज का गेट खोला गया।

दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पुरानी बस्ती, दुरपा रोड, इंदिरा नगर के हसदेव नदी तट पर पानी का भराव बढ़ गया है , नदी घाट पर कीचड़ के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए पुन्नी मेला आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए पुन्नी मेला को 24 नवंबर के स्थान पर जनवरी माह में मकर संक्रान्ति के दिन आयोजित करने का निर्णय लिया है। कोरबा में पहला अवसर था जब सर्व समाज कोरबा के द्वारा भव्य पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा था लेकिन चक्रवर्ती तूफान ने आयोजन की तैयारियां पर पानी फेर दिया है। आयोजन समिति के संयोजक निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबि देवी सागर सहित आयोजन समिति के सदस्यों भव्य तैयारी के साथ मकर संक्रान्ति के अवसर पर पुन्नी मेला आयोजित करने की जानकारी दिया है।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 11 देरी से चलेंगी:6 से 18 दिसंबर तक गाड़ियां प्रभावित, चौथी लाइन का काम, 27 ट्रेनों पर असर

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर के बीच रद्द रहेंगी। 6 ट्रेनें बीच में समाप्त होंगी और 11 ट्रेनें एक से 9 घंटे की देरी से चलेंगी। इस दौरान कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम होगा। चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी किया जाएगा। रेलवे के इस काम से कुल 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया है।

अंतिम चरण में बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन का काम

बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में है। रेलवे इस परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम पूरा कर रहा है।

रेलवे का कहना है कि चौथी रेल लाइन शुरू होने से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा।

इससे यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन बेहतर होगा और भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677