Connect with us

छत्तीसगढ़

बिलासपुर में तालाब को बनाया कृषि-भूमि…25 हजार जुर्माना:समतल बनाने पर SDM ने की जांच, एक सप्ताह में मूल स्वरूप में लाने की दी मोहलत

Published

on

बिलासपुर। बिलासपुर में तालाब को समतल कर कृषि भूमि बनाने का मामला सामने आया है। एसडीएम ने जांच के बाद जमीन मालिक पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही एक सप्ताह के भीतर जमीन की खुदाई कर उसे तालाब का स्वरूप देने का आदेश दिया है। मामला शहर से लगे कोनी का है।

दरअसल, सरकंडा के अशोकनगर चांटीडीह में तालाब को पाटने का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने एसडीएम पीयूष तिवारी के नेतृत्व में टीम का गठित की थी। टीम को वर्तमान में तालाबों की वास्तविक स्थिति जांच कर रिपोर्ट पेश करने निर्देश दिए गए।

राजस्व रिकॉर्ड में तालाब, मौके पर समतल कर बना दिया खेत।

राजस्व रिकॉर्ड में तालाब, मौके पर समतल कर बना दिया खेत।

तालाबों और जल स्रोतों की जांच कर रही राजस्व विभाग की ग्राम कोनी के खसरा नंबर 126 में पहुंची। रिकॉर्ड में खसरा नंबर की जमीन तालाब के रूप में दर्ज थी, लेकिन मौके पर तालाब की जगह समतल भूमि अधिकारियों को दिखाई दी।

जांच में पता चला कि व्यासनारायण पांडेय और सुरेंद्र पांडेय ने तालाब को पाटकर कृषि योग्य जमीन बना दिया है। एसडीएम पीयूष तिवारी ने व्यासनारायण पांडेय और सुरेंद्र पांडेय पर 25 हजार का जुर्माना लगाया है। साथ ही सात दिनों के भीतर मिट्टी हटाकर तालाब को मूल स्वरूप में लौटाने का आदेश दिया है।

जांच में पता चला तालाब को किया समतल

एसडीएम और अतिरिक्त तहसीलदार ने जांच में पाया कि खसरा नंबर 126 राजस्व रिकार्ड और वाजिबुल अर्ज में तालाब के रूप में दर्ज है। इसके बावजूद दोनों जमीन मालिक ने मिट्टी पाटकर इसे खेती योग्य बनाने का प्रयास किया। जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि यह कार्य बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के किया गया है।

कहा- हमारी निजी जमीन

व्यासनारायण और सुरेंद्र पांडेय ने जवाब में बताया कि यह जमीन उनकी निजी संपत्ति है और इसे कृषि भूमि के रूप में उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि यह जमीन कभी भी सार्वजनिक उपयोग के लिए नहीं रही है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने गड्ढों को पाटकर भूमि को समतल किया।

सात दिनों में तालाब न बना तो होगी कार्रवाई

एसडीएम पीयूष तिवारी ने जांच के बाद दोनों को आदेश दिया की तालाब को सात दिनों के अंदर मूल स्वरूप में लाना है। सात दिनों के अंदर इस आदेश का पालन नहीं करने पर प्रशासन स्वयं मिट्टी हटाने की कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई का खर्च दोनों से वसूल किया जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में संविदा भर्ती के लिए 76 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन

Published

on

27 नवंबर को काउंसलिंग के आधार पर जारी होंगे पदस्थापना आदेश

कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षक भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, प्रथम तल में किया गया। सत्यापन के लिए 82 अभ्यर्थियों को सूचना दी गई थी, जिनमें से 76 उपस्थित हुए।

जिले के 15 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 87 पदों पर भर्ती के लिए 29 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की गई। परीक्षा परिणाम 16 नवंबर को घोषित हुआ था। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में 25 नवंबर को दस्तावेज सत्यापन किया गया।

कोरबा में अभ्यर्थियों का पहले पंजीयन किया गया। इसके बाद उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई और आवेदन के समय ऑनलाइन जमा किए गए प्रमाण पत्रों की जांच एवं ऑनलाइन सत्यापन किया गया। कलेक्टर के आदेशानुसार यह कार्य संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज और डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
सत्यापन स्थल पर जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक वल्लभ वैष्णव, समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी पवनदास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दस्तावेज सत्यापन के बाद 27 नवंबर 2026 को काउंसलिंग के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे।

Continue Reading

कोरबा

घटिया चावल वितरण की शिकायत पर जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

Published

on

डीएमएफ के अप्रारंभ और अपूर्ण कार्यों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करें – कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने खाद्य विभाग को प्रकरण की जांच कर चावल वितरण से पहले उसकी गुणवत्ता स्वीकृत करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से राशि जारी होने के लंबे समय बाद भी जनपद पंचायतों के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने और कुछ कार्य अपूर्ण रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि मिलने के बावजूद वर्षों तक निर्माण पूरा नहीं करना गंभीर लापरवाही है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को ऐसे मामलों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने और साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली 15 दिसंबर तक करने को भी कहा।
बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कामकाज, समय सीमा के लंबित प्रकरणों और शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायतों तथा विभागीय मंत्रियों से प्राप्त पत्रों से जुड़े प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की इंडिकेटरवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने पोर्टल पर दर्ज प्रगति और जिले की रैंकिंग की जानकारी ली। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश कृषि,उद्यानिकी, मत्स्य,पशुधन विकास विभाग को दिए। इस दौरान पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से जुड़े संकेतकों की समीक्षा की गई। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य पूरा करने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से लाइवलीहुड कॉलेज में ‘ड्रोन दीदी’ पहल के तहत महिला किसानों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एनएचएम की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने को कहा। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य संबंधी समाचार का संज्ञान लेते हुए उन्होंने नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में कॉलेजों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नोटिस जारी करने को कहा, ताकि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता रैलियां आयोजित करने के निर्देश समाज कल्याण विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल पर्यटन स्थल सहित अन्य पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में काम करने तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि राशि का भुगतान निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

पोड़ी उपरोड़ा तहसील के पटवारियों के प्रभार में संशोधन

Published

on

कोरबा, 25 नवंबर 2026। प्रशासनिक दृष्टि से पोड़ी उपरोड़ा तहसील में पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पोड़ी उपरोड़ा द्वारा 23 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार आठ पटवारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित हल्कों में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संशोधित व्यवस्था के तहत नंदकुमार पथिक को हल्का क्रमांक 05 सारिसमार का प्रभार दिया गया है। प्रशांत दुबे हल्का क्रमांक 02 लेंगी एवं 04 कर्रा का कार्य देखेंगे। विजय सिंह को हल्का क्रमांक 01 पोड़ीकला एवं 13 तनेरा का प्रभार सौंपा गया है। सुखसागर दास महंत संलग्न तहसील कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा में कार्य करेंगे।
इसी प्रकार विनोद अग्रवाल को हल्का क्रमांक 25 केन्दई एवं 24 खिरटी, सत्येन्द्रनाथ सिंह को हल्का क्रमांक 35 सलिहाभाठा, सनत कुमार को हल्का क्रमांक 26 परला तथा श्रीमती सुषमा राठौर को हल्का क्रमांक 42 कोरबी में कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677