कोरबा
चिर्रा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से किया गया लाभान्वित
शासकीय योजनाओं से जुड़कर उठाए लाभः विधायक रामपुर राठिया
जंगलों की सुरक्षा भी हमारा दायित्व, पात्र व्यक्ति पात्रता के आधार पर पट्टा के लिए करें आवेदनः कलेक्टर
क्षेत्रवासियों से अपने बच्चों के बेहतर भविष्य पर ध्यान देने का किया आग्रह

कोरबा । कोरबा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत चिर्रा में आज विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया एवं कलेक्टर अजीत वसंत की उपस्थिति में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कोरबा श्रीमती हरेश कंवर, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग,एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, जनपद सीईओ श्रीमती कौशम्बी गबेल, सरपंच चिर्रा श्रीमती नीलाबाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
विधायक, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का स्कूली विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य एवं स्वागत गीत के माध्यम से स्वागत किया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को आवेदन के माध्यम से रखा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से आमजनो को शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें लाभान्वित किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत ने आमजनो से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों के आवेदन पर की जाने वाली कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को जागरूक बनने एवं किसी भी प्रकार की प्रलोभन से बचने का किया आग्रह
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक रामपुर श्री राठिया ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का निराकरण एवं उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चिर्रा में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों को शिविर में अपनी समस्याओं का निराकरण कराने एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर लाभांवित होने का आग्रह किया। विधायक श्री राठिया ने ग्रामीणों को ग्राम सभा की बैठक में शामिल होकर योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पात्रतानुसार आप सभी की मांगों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने लोगो को किसी भी प्रकार के प्रलोभन, लालच या किसी के बहकावे में नही आने की अपील की। साथ ही क्षेत्रवासियों से अपने बच्चों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जिससे वे आगे चलकर क्षेत्र का नाम रौशन करें। इसी प्रकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने एवं क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण व विक्रय पर रोक लगाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने मैदानी अमले के अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर आमजनो की समस्याओं को निराकरण करने के दिए निर्देश
शिविर में कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुसार ग्रामीणों की समस्या को दूर करने हेतु सुदूर क्षेत्र में शिविर का आयोजन किया गया है। क्षेत्रवासियों की आवागमन की सुविधा हेतु चिर्रा – श्यांग सड़क मार्ग हेतु 10 करोड़ एवं अमलडीहा मालीकछार सड़क मार्ग निर्माण हेतु 4 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसका निविदा प्रक्रियाधीन है। निविदा कार्यवाही पूर्ण होते ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इससे निश्चित ही क्षेत्रवासी लाभांवित होंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में जर्जर व भवनविहीन स्कूलों के लिए नए विद्यालय भवन स्वीकृत किए गए है। शिविर में पतरापाली, चिर्रा, एलेमा में नए आंगनबाड़ी भवन , पतरापाली में प्राथमिक शाला, सिमकेन्दा में पीडीएस दुकान हेतु नए भवन की मांग का डीएमएफ की आगामी बैठक में प्रस्ताव रखकर भवन निर्माण स्वीकृत किया जाएगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हेतु विद्यालयों में आवश्यकतानुसार अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। विद्यालयों में बच्चों को सुबह गर्म नाश्ता प्रदान किया जा रहा है। स्कूल आंगनबाड़ी एवं आश्रम छात्रावास केंद्रों में भोजन पकाने वाले रसोइयों को धुंए से मुक्ति दिलाने हेतु गैस सिलेंडर व निर्बाध रिफलिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की शिकायत पर पुलिस व आबकारी विभाग की समन्वय से कार्यवाही करने की बात कही। वनाधिकार पट्टा के पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता से पट्टा प्रदान करने के लिए कहा। शिविर में कलेक्टर ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा भी हमारा दायित्व है, इस हेतु पात्र व्यक्ति अपने पात्रता के आधार पर पट्टा के लिए आवेदन करें। वन भूमि पर अवैध रूप से काबिज या अपात्र व्यक्ति पट्टा हेतु आवेदन नही करें। उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा के महत्व को समझने एवं अपने बच्चों के बेहतर भविष्य पर ध्यान देने का अपील किया। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी रखने एवं लाभ उठाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने सभी विभागों के मैदानी अमलो के अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजनो की समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों व आमजनो से इस सम्बंध में किसी प्रकार की शिकायत नही आनी चाहिए। सभी विभगीय अधिकारी इसका विशेष ध्यान रखें।
शिविर को जनपद अध्यक्ष कोरबा श्रीमती हरेश कंवर, सरपंच चिर्रा श्रीमती नीलाबाई ने भी संबोधित करते हुए ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने का अपील किया।
गुरमा की पूजा स्व सहायता समूह को मिला तीन लाख का चेक
वन अधिकार पट्टा, नवीन राशन कार्ड, किसान किताब किया गया वितरित
कृषि विभाग की योजना अंतर्गत कृषि उपकरण सामग्री किया गया प्रदान
नन्हे शिशुओं का कराया गया अन्नप्राशन, कुपोषित बच्चों को प्रदान की गई सुपोषण टोकरी
शिविर में विधायक, कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गुरमा की पूजा स्व सहायता समूह की महिलाओं को 03 लाख का बैंक लोन प्रदान किया गया। सिमकेन्दा की सरस्वती समूह, चिर्रा की जय बूढ़ी माँ समूह की महिलाओं को सामुदायिक निवेश राशि के तहत 60-60 हजार का चेक एवं अनिता प्रजापति को व्यक्तिगत आजीविका हेतु मुद्रा लोन के तहत 1 लाख का चेक वितरित किया गया।
कृषि विभाग अंतर्गत चिर्रा के किसान परमेश्वर सिंह, रामनाथ, मुरली, नरेश व जितेंद्र को नेपसेक वितरण किया गया। किसान नारायण सिंह को 1.5 एचपी का विद्युत पंप एवं किसान फिर सिंह को 50 प्रतिशत अनुदान पर पॉवर रीडर प्रदान किया गया।
खाद्य विभाग द्वारा घसनिन मंझवार, देवन्ती राठिया, रामबती अघरिया, कु रीमा व रुबीना को नवीन राशन कार्ड सौपा गया। राजस्व विभाग द्वारा गुरमा के महेश दास, चिर्रा के साध राम, कृष्ण कुमार को किसान किताब एवं सिमकेंदा के इतवारी बाई, सबिता व लछन राम को वन अधिकार पट्टा प्रदान किया गया।
इस दौरान महिला व बाल विकास विभाग द्वारा नन्हें शिशुओं का अन्नप्राशन एवं कुपोषित बच्चों को सुपोषण टोकरी प्रदानकी गई।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं व मांगो के 61 आवेदन प्राप्त हुए। जिसके अंतर्गत 23 आवेदनों का मौके पर निराकरण संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। लंबित आवेदन मांग व शिकायत संबंधी थे। लंबित सभी आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्रता से निराकरण किया जाएगा।
कोरबा
बालको टाउनशिप में फॉरेस्ट वॉकवे बना प्रकृति और स्वास्थ्य का नया केंद्र
बालकोनगर । भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा टाउनशिप में प्रकृति से जुड़ाव को मजबूत करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित बालको फॉरेस्ट वॉकवे का उद्घाटन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा मनीषा कुमार तथा बालको के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कंपनी एवं व्यावसायिक साझेदारों के कर्मचारी उपस्थित थे।

लगभग 785 मीटर लंबे इस फॉरेस्ट वॉकवे को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है कि लोग हर कदम पर प्रकृति की विविधता का अनुभव कर सकें। वॉकवे के दोनों ओर विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष लगाए गए हैं, जो न केवल हरियाली बढ़ाते हैं बल्कि वातावरण को शुद्ध और शांत बनाते हैं। इन पेड़ों की छाया और प्राकृतिक सुंदरता वॉकवे को एक सुकून भरा अनुभव प्रदान करती है। फॉरेस्ट वॉकवे केवल एक पथ नहीं, बल्कि एक सोच है, एक ऐसा प्रयास जो टाउनशिप निवासियों को प्रकृति के करीब लाने, फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
बालको टाउनशिप में लगातार हो रहे सुधार और सौंदर्यीकरण प्रयासों के तहत यह फॉरेस्ट वॉकवे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह टाउनशिप के सकारात्मक परिवर्तन की कहानी को आगे बढ़ाती है और समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम है।
कंपनी के सीईओ एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि बालको फॉरेस्ट वॉकवे केवल एक इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं, बल्कि कंपनी की सोच और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हम मानते हैं कि प्रकृति के साथ बिताया हर पल हमारे जीवन को बेहतर बनाता है, चाहे वह स्वास्थ्य हो, मानसिक शांति हो या पर्यावरण के प्रति जागरूकता। यह वॉकवे टाउनशिप में एक संतुलित, स्वस्थ और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उन कर्मठ कर्मचारियों और बिज़नेस पार्टनर्स के योगदान को भी सराहा गया, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह वॉकवे संभव हो सका। बालको प्रबंधन ने भविष्य में भी टाउनशिप में ऐसे और विकास कार्यों एवं सुधारों को जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे स्थानीय नागरिकों लिए एक स्वस्थ, सुंदर और समृद्ध वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

कोरबा
कोरबा में हनुमान जयंती कार्यक्रम में हादसा:काली मां बनकर करतब दिखा रही महिला आग की चपेट में आई, बचाने आए दो साथी भी झुलसे
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान करतब दिखाते समय एक महिला आग की चपेट में आ गई। महिला को बचाने आए दो साथी भी आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में महिला समेत तीनों झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भिलाई रेफर कर दिया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। यह घटना रजगामार चौकी इलाके के मेन क्लब एरिया में हुई।

शोभायात्रा में महिला काली मां बनी करतब दिखा रही थी, अचानक आग की चपेट में आ गई।

महिला को बचाने के प्रयास में उसके दो अन्य साथी भी आगे आए, वे भी आग की चपेट में आ गए।

इस हादसे में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
दरअसल, हनुमान सेवा समिति की ओर से गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा था। दिन में भंडारे और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी, बस्ती और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
वहीं, शाम को समिति की ओर से शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इस शोभायात्रा में दुर्ग से आए कलाकार करतब दिखा रहे थे। लगभग छह से सात कलाकार विभिन्न देवी-देवताओं जैसे शंकर जी, हनुमान जी, दुर्गा माता और काली माता का रूप धारण कर प्रदर्शन कर रहे थे।

हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान सेवा समिति की ओर से निकाली जा रही थी शोभायात्रा

शोभायात्रा में कलाकार मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आग के साथ प्रदर्शन कर रहे थे।
करतब के दौरान कलाकार मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आग के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान काली मां बनी एक महिला अचानक आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही वह खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगी। उसे बचाने के प्रयास में उसके दो अन्य साथी भी आगे आए, वे भी आग की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाया और तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

कोरबा
नम: सामूहिक विवाह का दिव्य आयोजन:108 दिव्यांग/निर्धन जोड़ों को मिला पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सानिध्य एवं राज्यपाल रमेन डेका सहित लाखों हाथों का शुभ आशीर्वाद
शुभता का संदेश:नवदम्पत्तियों का जीवन सुख-समृद्ध एवं खुशहाल बने-नमन पाण्डेय

कोरबा/ढपढप। अपना आश्रम सेवा समिति के आयोजकत्व में माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा प्रबंधन की पहल पर 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं ढपढप की पावन धरती में परिणय सूत्र में आबद्ध हुए। नवदाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने पर अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जहां सानिध्य मिला, वहीं छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका सहित लाखों हाथों का शुभ आशीर्वाद मिला। माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक, पुजारी एवं राजपुरोहित पंडित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने शुभता का संदेश दिया और कहा कि नवयुगल नवदाम्पत्य जीवन में सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन को प्राप्त करें। श्री पाण्डेय ने कहा कि मातारानी के आशीर्वाद से हमें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि हम इतना विशाल और भव्यता के साथ यह नेक कार्य कर सके।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री की दिव्य वाणी से गूंजता रहा मंत्रोच्चार

ढपढप की पावन धरती में जब 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं शादी के जोड़े में सजधज कर कथा स्थल/विवाह स्थल पहुंचे तो हजारों लोग जहां कन्यादान के लिए घराती बने, वहीं दुल्हों की ओर से भी बाराती के रूप में हजारों लोग शामिल हुए और जब सौभाग्यकांक्षी, चिरंजीवियों का मिलन हुआ, तो चारों तरफ से सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन का आशीर्वाद के लिए पुष्पवर्षा हुई और जब युगल सात फेरे ले रहे थे, तो हनुमंत भक्त पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से दिव्य मंत्रोच्चार चारों तरफ गूंजने लगा। घराती-बाराती इस दिव्य नम: सामूहिक विवाह से उल्लास और उमंग के साथ नाचने, गाने लगे। इस दिव्य दृश्य को देखकर हर कोई रोमांचित हो रहा था। दिव्यांगों और निर्धनों के इस अनुपम परिणय उत्सव को देखकर ऐसा लग रहा था, मानो प्रकृति ने भी अपनी सारी खुशी इन नवयुगलों के जीवन में उड़ेल दिया हो और इन्हें आशीर्वाद दे रही हो। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में यह जीवन का उत्सव सम्पन्न हुआ और उनका शुभ आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।
राज्यपाल रमेन डेका ने नवयुगलों को दिया शुभ आशीर्वाद, 05-05 हजार देने की घोषणा

प्रोटोकाल के तहत छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ठीक 11.00 बजे परिणय स्थल ढपढप पहुंचे और नवयुगलों को अपना शुभ आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से सभी नवदम्पत्तियों को 05-05 हजार देने की घोषणा की।
आयोजन समिति ने उपहार देकर नवदम्पत्तियों को विदा किया

आयोजन समिति दिव्यांगों एवं निर्धन कन्याओं का अभिभावक के रूप में शादी का खर्चा उठाया और नवयुगलों को उपहार दिया। आयोजन समिति ने 108 निर्धन/दिव्यांग कन्याओं को नवदाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने पर अपना शुभ आशीर्वाद प्रदान किया।
लाखों हाथों ने दिया शुभ आशीर्वाद





कोरबा में पहली बार दिव्यता, भव्यता और इतना बड़ा विशाल जनसमूह ढपढप की पावन धरती पर दिखा। एक तरफ 05 दिवसीय दिव्य श्रीहनुमंत कथा सम्पन्न हो रही थी, दूसरी तरफ 108 निर्धन एवं दिव्यांग कन्याओं का घर बस रहा था। करीब 01.00 लाख लोग यहां मौजूद थे। लाखों हाथों ने इन दिव्य एवं गरीब कन्याओं को पूरे मन से अपना शुभ आशीर्वाद प्रदान किया और खुशहाल, समृद्ध जीवन के लिए प्रभु से कामना की।
शुभता का संदेश:नवयुगलों का जीवन सुख-समृद्ध एवं खुशहाल बने-नमन पाण्डेय


इस दिव्य आयोजन की सफलता के लिए आयोजन समिति और कोरबा वासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नमन पाण्डेय ने दिव्यांग/निर्धन 108 कन्याओं के नवजीवन में प्रवेश करने पर शुभता का संदेश दिया और कहा कि मातारानी नवदम्पत्तियों के जीवन में खुशहाली एवं समृद्धि लाए और उनके जीवन को वैभवशाली बनाए।


-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
