वाशिंगटन,एजेंसी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका में ट्रम्प के दावे को खारिज किया। जयशंकर ने कहा- भारत-पाकिस्तान सीजफायर में अमेरिका के साथ व्यापार का कोई संबंध नहीं है।
मंगलवार को अमेरिका में न्यूजवीक मैगजीन के CEO देव प्रसाद के साथ इंटरव्यू के दौरान उन्होंने ये बात कही।
जयशंकर ने कहा- 9 मई की रात अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पीएम मोदी से बात की थी। मैं भी उस दौरान उसी कमरे में था। वेंस ने चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान भारत पर बड़े हमले की योजना बना रहा है। पीएम मोदी ने इसकी परवाह न करते हुए कहा था- हमले का जवाब दिया जाएगा।
विदेश मंत्री ने कहा- अगली सुबह (10 मई) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पीएम से संपर्क किया। कहा- पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार है। इसके बाद पाकिस्तान के DGMO मेजर जनरल काशिफ अब्दुल्ला ने भारत के DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई से संपर्क किया और सीजफायर की रिक्वेस्ट की थी।
दरअसल, 10 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की सबसे पहली सूचना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने X पोस्ट के जरिए दी थी। ट्रम्प ने कई मौके पर कहा है कि भारत-पाकिस्तान को व्यापार न करने की धमकी दी थी, इसके बाद दोनों देश सीजफायर के लिए माने।
जयशंकर बोले- कूटनीति और व्यापार संबंधी चर्चा पूरी तरह से अलग
जयशंकर ने कहा- घटनाक्रम उस तरह से नहीं हुआ था। कूटनीति और व्यापार संबंधी चर्चा पूरी तरह से अलग हैं। मुझे लगता है कि व्यापार से जुड़े लोग वही कर रहे हैं जो उन्हें करना चाहिए, जैसे- नंबर, लाइनों, प्रोडक्ट्स और व्यापार समझौता। वे सभी इसके प्रोफेशनल हैं और फोकस्ड हैं।
जयशंकर ने कहा-
भारत का रुख साफ है आतंकवादियों को किसी भी तरह से नहीं छोड़ा जाएगा। अब उन्हें प्रॉक्सी को तौर पर नहीं देखा जाएगा। आतंकियों को पालने वाली सरकारों को नहीं बख्शेंगे।
जयशंकर बोले- पहलगाम अटैक सोचा समझा आर्थिक युद्ध था
चर्चा के दौरान जयशंकर ने कहा कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला सोचा समझा आर्थिक युद्ध था। इसका मकसद कश्मीर में पर्यटन उद्योग को बर्बाद करना था। यह हमला पर्यटन पर हमला था, जो कश्मीर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
आतंकी चाहते थे कि लोग डरें, पर्यटक न आएं और घाटी का आर्थिक ढांचा टूट जाए। हमलावरों ने धार्मिक पहचान के आधार पर लोगों को अलग किया और फिर हत्या की, ताकि सांप्रदायिक तनाव फैल सके।
कार्यक्रम में भारतीय मूल के कई लोग शामिल हुए। इनमें उद्योग जगत से जुड़े हुए कई लोग भी शामिल थे।
जयशंकर बोले- भारत अब न्यूक्लियर हथियारों की धमकी से डरने वाला नहीं
जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद का भारत करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि भारत अब न्यूक्लियर हथियारों की धमकी से डरने वाला नहीं हैं।
जयशंकर ने कहा- अब यह डर दिखाने का वक्त चला गया है कि दोनों देश परमाणु ताकतें हैं इसलिए भारत को संयम बरतना चाहिए। अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम भी जवाब देंगे और सीधा उनपर जो हमला करते हैं। न आतंकियों को छूट मिलेगी, न उनके आका सुरक्षित रहेंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने फिर भारत-पाकिस्तान सीजफायर का क्रेडिट लिया
ईरान जंग रुकवाने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गाजा में इजराइल और हमास के बीच युद्ध खत्म करवाने के संकेत थे। इसके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का भी क्रेडिट लिया था।
उन्होंने कहा था कि मैंने अपने अधिकारियों से दोनों देशों के साथ सभी समझौते रद्द करने के लिए कहकर भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोक दिया था। सभी ने देखा कि भारत-पाकिस्तान एक बड़ी जंग के कगार पर थे।
दोनों के पास परमाणु ताकत है। मैंने दोनों को धमकी दी कि अगर जंग नहीं रुकी तो अमेरिका दिल्ली और इस्लामाबाद के साथ व्यापार नहीं करेगा। तब जाकर दोनों लड़ाई रोकने के लिए राजी हुए।
10 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर हुआ था
22 अप्रैल को पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए इंडियन एयरफोर्स ने 6-7 मई की आधी रात 1:05 बजे पाकिस्तान और PoK में एयर स्ट्राइक की। सिर्फ 25 मिनट चले ऑपरेशन में 7 शहरों में 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक एकदूसरे पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद 10 मई को सीजफायर हुआ था। ट्रम्प ने सबसे पहले अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी थी। तब से वे 15 बार से ज्यादा बार भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष खत्म कराने का दावा कर चुके हैं।
हालांकि, भारत लगातार यह कहता रहा है कि सीजफायर पर सहमति भारत-पाकिस्तान के सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच सीधी बातचीत के बाद हुई थी। हालांकि, पाकिस्तान ने कई बार राष्ट्रपति ट्रम्प को सीजफायर का क्रेडिट दिया है।
कुआलालंपुर, एजेंसी। एशिया पैसिफिक एयरलाइंस एसोसिएशन (एएपीए) ने शुक्रवार को कहा कि विमानन उद्योग आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं से परेशान है और यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियां ही उठाएं। पश्चिम एशिया संकट के कारण विमानन कंपनियों को परिचालन और वित्तीय चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस संकट से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर भी पाबंदियां लगी हैं।
एएपीए के महानिदेशक वोंग होंग ने कहा, ”संघर्ष, तेल की आपूर्ति में बाधाएं, वैश्विक व्यापार तनाव और तेजी से बदलती नीतियां हवाई क्षेत्र तक पहुंच, हवाई यातायात के प्रवाह, ईंधन बाजारों और यहां तक कि विमानन कंपनियों के पूरे नेटवर्क के अर्थशास्त्र को बदल रही हैं।” संगठन के अध्यक्षों की 70वीं सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाएं हमारी सुधार और वृद्धि की महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में लगातार परेशानी पैदा कर रही हैं।”
वोंग ने कहा, ”विमानों की आपूर्ति सीमित बनी हुई है। इंजन की उपलब्धता और रखरखाव में आ रही अड़चनें विमानों के बेड़े के इस्तेमाल को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, आपूर्ति में लंबे समय तक हो रही देरी से क्षमता की योजना बनाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।” आपूर्ति श्रृंखला की समस्याओं के कारण विमानों के लंबित ऑर्डर की संख्या 16,000 से अधिक होने का अनुमान है। विमानों की आपूर्ति में लंबा समय लगने से विमानन कंपनियों के अधिक ईंधन दक्षता वाले विमानों को बेड़े में शामिल करने के प्रयासों में भी देरी हो रही है। वोंग ने विमानन उद्योग के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की योजना पर कहा, ”हम सभी विमानन क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की तात्कालिकता को समझते हैं। हकीकत यह है कि यह बदलाव अब भी कठिन, महंगा और असमान है।”
उन्होंने साथ ही कहा कि सतत बदलाव का पूरा बोझ केवल विमानन कंपनियों पर नहीं डाला जा सकता। वोंग ने जोर दिया कि सरकारों, ईंधन उत्पादकों, हवाई अड्डों, निवेशकों और व्यापक विमानन क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा, ”बेशक, हम सभी चाहते हैं कि हवाई यात्रा अधिक पर्यावरण अनुकूल हो, लेकिन एसएएफ की मौजूदा कीमतों पर चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि पर्यावरण अनुकूल उड़ानें भरते हुए हमारा वित्तीय प्रदर्शन और खराब न हो जाए।” दीर्घकाल में एशिया प्रशांत क्षेत्र में वृद्धि की मजबूत संभावनाओं पर महानिदेशक ने कहा, ”मध्यम वर्ग का विस्तार, लोगों की खर्च करने योग्य आय में वृद्धि, बढ़ता शहरीकरण और अंतरराष्ट्रीय यात्रा के प्रति बढ़ती रुचि एशिया प्रशांत क्षेत्र की विमानन कंपनियों के लिए वृद्धि के मजबूत आधार हैं।”
लंदन, एजेंसी। ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में दिवाली समारोह के दौरान पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 9 नवंबर को वेस्टमिंस्टर स्थित पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर के चोलमोंडेली कक्ष और छत पर आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रिटिश सांसदों, सामुदायिक नेताओं और ब्रिटिश एशियाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया। लेबर एशियंस सोसायटी की ओर से आयोजित इस समारोह का नेतृत्व हियर एंड नाउ365 के संस्थापक मनीष तिवारी ने किया, जबकि इसकी मेजबानी लेबर एशियंस सोसायटी के संरक्षक लॉर्ड उदय नागराजू ऑफ ब्लूम्सबरी ने की। कार्यक्रम में तबले और हारमोनियम की सजीव संगत के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। ब्रिटिश संसद के इस प्रतिष्ठित सदन में पहली बार हुए इस आयोजन को समुदाय के लिए एक यादगार क्षण बताया गया।
दोनों विश्व युद्धों में शहीद भारतीय सैनिकों को भी किया याद यह कार्यक्रम ब्रिटेन में रिमेंबरेंस संडे के एक दिन बाद आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत मनीष तिवारी के नेतृत्व में एक मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान युद्धों में देश के लिए अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। विशेष रूप से भारतीय उपमहाद्वीप के उन सैनिकों को भी याद किया गया, जिन्होंने दोनों विश्व युद्धों में ब्रिटिश सेनाओं के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी। मनीष तिवारी ने अपने संबोधन में दिवाली को विभिन्न समुदायों और धर्मों को जोड़ने वाला प्रकाश पर्व बताया। उन्होंने कहा कि दिवाली समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाने वाली रोशनी है और हमारी साझा प्राचीन विरासत का अहम हिस्सा है। यह पर्व हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध समुदायों के साथ-साथ आज ब्रिटेन में हर पृष्ठभूमि के लोगों द्वारा मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ लॉर्ड्स में पहली बार हनुमान चालीसा का पाठ होना ऐसा पल है, जिसे समुदाय लंबे समय तक याद रखेगा।
लॉर्ड उदय नागराजू ने बताई दिवाली की अहमियत मेहमानों का स्वागत करते हुए लॉर्ड उदय नागराजू ने सार्वजनिक जीवन में लेबर एशियंस सोसायटी के योगदान और विभिन्न समुदायों को एक साथ लाने के उसके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। हाउस ऑफ लॉर्ड्स में इस समारोह की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने मनीष तिवारी और लेबर एशियंस सोसायटी की पूरी टीम का आभार भी जताया। लेबर एशियंस सोसायटी के अध्यक्ष अत्ता हक ने लॉर्ड उदय नागराजू, हियर एंड नाउ365 और कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने ब्रिटिश एशियाई समुदाय की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न समुदायों के बीच संबंध मजबूत करने के लिए संगठन के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत समारोह में स्मेथविक से सांसद गुरिंदर सिंह जोसन, ईलिंग साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा, मानवीय सहायता संगठन गो धर्मिक के संस्थापक हनुमान दास और ग्रांट थॉर्नटन से चंद्रू अय्यर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनके अलावा समुदाय के नेताओं, कारोबार जगत के प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मारिया सरोया हक ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले मेजबान, प्रायोजकों, संगीतकारों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। समारोह का समापन छत पर मेहमानों के एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
वाशिंगठन, एजेंसी। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट PJ.2.1 दुनिया के कई देशों में फैल रहा है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में पहली बार इसकी पहचान हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और एशिया के कुछ हिस्सों में भी इसके संक्रमण सामने आए हैं। इसके तेजी से बढ़ते प्रसार ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है और एक बार फिर कोरोना संक्रमण की नई लहर की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शुरुआती शोध के मुताबिक, PJ.2.1 कोरोना वायरस का एक अत्यधिक परिवर्तित रूप है। इसके स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलाव हुए हैं। हालांकि, शुरुआती प्रयोगों से संकेत मिला है कि इसके तेजी से फैलने की वजह वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता के बजाय इंसानी कोशिकाओं से मजबूती से जुड़ने की क्षमता हो सकती है।
कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन उसकी बाहरी सतह पर मौजूद संरचना होती है। इसी की मदद से वायरस इंसानी कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें प्रवेश करता है। PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन में बड़ी संख्या में बदलाव पाए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इतने अधिक बदलाव वाले वायरस को ‘साल्टेशन वेरिएंट’ कहा जाता है। ऐसे वेरिएंट में सामान्य रूप से धीरे-धीरे बदलाव होने के बजाय एक साथ बड़ी संख्या में आनुवंशिक परिवर्तन दिखाई देते हैं। ‘जर्नल ऑफ इन्फेक्शन’ में प्रकाशित शोध के अनुसार, PJ.2.1 की तेजी से फैलने की एक संभावित वजह ACE2 रिसेप्टर से इसका मजबूत जुड़ाव है। ACE2 इंसानी कोशिकाओं की सतह पर मौजूद एक रिसेप्टर है, जिसका इस्तेमाल कोरोना वायरस कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए करता है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन ने कुछ अन्य वेरिएंट की तुलना में कोशिकाओं में प्रवेश की अधिक क्षमता दिखाई। शोधकर्ताओं का मानना है कि ACE2 से मजबूत जुड़ाव इस वेरिएंट के प्रसार को बढ़ावा दे सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी और अध्ययन की जरूरत है।
क्या वैक्सीन की इम्युनिटी को दे सकता चकमा ? नए वेरिएंट को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या यह पहले से बनी प्रतिरक्षा को कमजोर कर सकता है। शुरुआती शोध में इस सवाल का कुछ हद तक जवाब मिला है। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने नए वेरिएंट के अनुरूप तैयार की गई वैक्सीन की खुराक ली थी, उनके शरीर में बनी एंटीबॉडी PJ.2.1 को निष्क्रिय करने में प्रभावी रहीं। अध्ययन में इस वेरिएंट ने दूसरे प्रमुख वेरिएंट की तुलना में एंटीबॉडी से बच निकलने की असाधारण क्षमता नहीं दिखाई। इससे संकेत मिलता है कि इसका तेजी से फैलना केवल प्रतिरक्षा को चकमा देने की वजह से नहीं है। हालांकि, अलग-अलग लोगों में प्रतिरक्षा का स्तर अलग हो सकता है और इस विषय पर निगरानी जरूरी है।
कनाडा से अमेरिका और यूरोप तक फैला शोध के अनुसार, PJ.2.1 की पहली पहचान 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो में हुई थी। इसके बाद कनाडा के अन्य प्रांतों में भी इसके मामले सामने आए।30 जून को अमेरिका के न्यूयॉर्क में इसका पहला मामला मिला। इसके बाद कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई। इसके अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजराइल, फ्रांस और स्पेन में भी इस वेरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है। PJ.2.1 के तेजी से फैलने से कोरोना संक्रमण की एक और लहर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती शोध में इस वेरिएंट के अधिक गंभीर बीमारी पैदा करने, अस्पताल में भर्ती होने या मौतों का खतरा बढ़ाने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके व्यवहार, प्रसार और मौजूदा प्रतिरक्षा पर प्रभाव को समझने के लिए लगातार निगरानी और विस्तृत अध्ययन जरूरी है।