छत्तीसगढ़
महंत के ‘चमचे’ वाले बयान की पायलट से होगी शिकायत:’वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन में शामिल होंगे सचिन, गुटबाजी पर कांग्रेसियों से करेंगे चर्चा
रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ राज्यव्यापी ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। 9 सितंबर को बिलासपुर से बड़े आंदोलन और रैली की शुरुआत होगी। इस आंदोलन में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट भी शामिल होंगे।
उनके दौरे से एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, जबकि दूसरी ओर पार्टी की अंदरूनी सियासत गरमाने के आसार हैं। दरअसल, हाल के दिनों में कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी और अनुशासनात्मक विवाद ने संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी है।
पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे के बयान पर मचे बवाल के बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के “चमचे” वाले बयान ने खींचतान को और गहरा कर दिया है। इन विवादों को लेकर कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी प्रभारी महासचिव पायलट के सामने अपनी-अपनी शिकायतें रखने की तैयारी में हैं।
आरोप यह भी है कि संगठन में कार्रवाई एकतरफा ढंग से की जा रही है। ऐसे में पायलट की मौजूदगी में असंतोष खुलकर सामने आने की संभावना है।

बिहार में आयोजित “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हुए थे।
सभी दिग्गज होंगे एक मंच पर
एआईसीसी के निर्देश पर चल रहे इस आंदोलन के दौरान कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं के एक मंच पर नजर आने की उम्मीद है। बिलासपुर में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के बाद राजधानी रायपुर समेत सभी जिला मुख्यालयों और प्रमुख शहरों में रैलियां आयोजित की जाएंगी। कांग्रेस इसे भाजपा सरकार की नीतियों और चुनाव में “वोट चोरी” के आरोपों के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन बनाने की कोशिश में है।
हालांकि, संगठनात्मक तैयारियों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। एआईसीसी ने इस आंदोलन का कार्यक्रम पहले 22 अगस्त से 7 सितंबर तक निर्धारित किया था, लेकिन राज्य में इसकी गति धीमी रही। अब बिलासपुर से इसकी औपचारिक शुरुआत कर जोर-शोर से आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जा रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने रविंद्र चौबे को महाज्ञानी नेता बताया था।
विवाद-गुटबाजी, कांग्रेस के लिए दोहरी चुनौती
कांग्रेस के भीतर जारी अनुशासनात्मक विवादों और गुटबाजी के बीच यह आंदोलन पार्टी के लिए दोहरी चुनौती साबित हो सकता है। एक ओर भाजपा पर प्रहार की रणनीति है, तो दूसरी ओर संगठन के भीतर उठ रही दरारों को भरने की भी कसौटी होगी। सभी की नजरें अब इस पर टिकी हैं कि सचिन पायलट की मौजूदगी कांग्रेस के भीतर एकजुटता ला पाएगी या अंदरूनी खींचतान और ज्यादा सामने आ जाएगी।
किस बयान पर चल रहा विवाद
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बर्थडे पर कांग्रेस के सीनियर नेता रविंद्र चौबे ने उनकी अगुवाई में बीजेपी से लड़ने का बयान दिया था। रविंद्र चौबे के इस बयान के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने रविंद्र चौबे को महाज्ञानी नेता बताया था।
इन बयानों पर विवाद हुआ और रविंद्र चौबे खिलाफ कांग्रेस के कुछ सीनियर नेता लामबंद हो गए। दिल्ली तक शिकायत देकर कार्रवाई की मांग रखी। इस विरोध को देकर कांग्रेस नेता रविंद्र चौबे ने यू टर्न लिया और दीपक बैज के साथ होने का बयान प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर दिया।

कांग्रेस नेता चरणदास महंत।
इसी बीच कांग्रेस भवन में बैठक आयोजित हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के सामने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। महंत ने कहा कि, चमचों को जिलाध्यक्ष नियंत्रण में रखे ये सीएम और प्रदेश अध्यक्ष बना रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष महंत के इस बयान पर बीजेपी ने आड़े हाथ लिया। कांग्रेस के कुछ नेता भी नाराज हो गए। इन सब नाराजगी को छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात के दौरान शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़
डोंगा-कोहरौद में सड़क मंजूरी पर दूध से नहाया ग्रामीण:15 साल बाद अब बनेगी सड़क, 605.09 लाख की स्वीकृति के बाद ग्रामीणों में उत्साह
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के डोंगा-कोहरौद गांव की 15 साल पुरानी सड़क की समस्या अब खत्म होने की ओर है। राज्य सरकार ने पामगढ़ से भिलौनी के बीच डोंगा-कोहरौद बस्ती की 4.33 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। मंजूरी मिलते ही गांव में खुशी का माहौल है।
यह सड़क वर्षों से जर्जर हालत में थी। निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आमरण अनशन, चक्काजाम और कई चरणों में आंदोलन किया था। लगातार विरोध के बाद आखिरकार सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई।
आंदोलन के दौरान ग्रामीण शनि राम कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने सड़क के गड्ढों में भरे पानी को “साय-साय तालाब” बताते हुए उसी पानी से स्नान किया था। इस वीडियो ने सड़क की बदहाली को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया था।
बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण
प्रशासन ने फिलहाल सड़क की मरम्मत शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार बारिश समाप्त होने के बाद टेंडर और अन्य विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर स्थायी सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
मंजूरी मिलते ही दूध से मनाया जश्न
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद शनि राम कश्यप का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बार वे ग्रामीणों के साथ बाल्टी में दूध लेकर सड़क पर पहुंचे और दूध से स्नान कर खुशी जाहिर की।
शनि राम कश्यप ने इसे राज्य सरकार द्वारा सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने पर आभार व्यक्त करने का प्रतीक बताया। वहीं ग्रामीणों ने भी वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर सरकार और प्रशासन का धन्यवाद किया।

छत्तीसगढ़
नकटी बुलडोजर विवाद पर कांग्रेस का नया आरोप:मो.अकबर बोले- 6 गांवों की जमीन बिल्डरों को देने की तैयारी, निजी हाथों में सौंपने का आरोप
रायपुर, एजेंसी। नवा रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर एक और बड़ा आरोप लगाया है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने दावा किया है कि सरकार नकटी समेत 6 गांवों की करीब 1076 एकड़ जमीन नगर विकास योजना के नाम पर निजी डेवलपर्स को सौंपने की तैयारी कर रही है।
मोहम्मद अकबर ने कहा कि शासकीय दस्तावेजों के मुताबिक नकटी, सेरीखेड़ी, मंदिर हसौद, रमचंडी, बरौंदा और रीको की कुल 436.01 हेक्टेयर (करीब 1076 एकड़) भूमि को विकास योजना के तहत शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि प्रस्तावित योजना में नकटी गांव की जमीन भी शामिल है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या इसमें वही विवादित जमीन भी शामिल है, जहां हाल ही में विध्वंस की कार्रवाई हुई थी।

‘डेवलपर को मिलेगा जमीन विकसित कर बेचने का अधिकार’
अकबर ने दावा किया कि नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) की ओर से जारी निविदा दस्तावेजों के अनुसार, चयनित एजेंसी को सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करनी होंगी। इसके बदले उसे मिक्स यूज भूमि का विकास और उसके विक्रय का अधिकार दिया जाएगा।
अकबर ने आरोप लगाया कि सरकार जमीन सीधे बेचने के बजाय डेवलपर के माध्यम से बेचने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि इस निविदा के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री मो.अकबर
‘पहले पीड़ितों को न्याय मिले’
मोहम्मद अकबर ने कहा कि नकटी गांव में हालिया बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब भी तनाव का माहौल है और प्रभावित परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता पुनर्वास और प्रभावितों को न्याय दिलाना होनी चाहिए, न कि विवादित क्षेत्र की जमीन को विकास योजना में शामिल करना।
उन्होंने मांग की कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों को न्यायपूर्ण और सर्वसम्मत समाधान नहीं मिल जाता, तब तक सरकार इस योजना पर आगे नहीं बढ़े और पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करे।

छत्तीसगढ़
राजनांदगांव IG बालाजी हटाए गए, अजय को कमान:भाजपा नेता को जिंदा जलाने की घटना के बाद कोरिया SP हटे, 12 जिलों में नए कप्तान
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। 25 जनवरी को जारी पिछली तबादला सूची के महज 167 दिन बाद आधा दर्जन से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गईं।
राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमावर को हटाकर अजय कुमार यादव को कमान सौंपी गई है। वहीं, कोरिया में भाजपा नेता को कार समेत जिंदा जलाने की घटना के बाद एसपी हरीश राठौर को हटाकर नई पदस्थापना दी गई।
इधर, जुआ-सट्टा की शिकायत मिलने के बाद बलौदाबाजार की एसपी भावना गुप्ता को मुख्यालय वापस बुलाया गया। सरकार ने कई जिलों के एसपी बदलकर कानून-व्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया है।

मयंक गुर्जर को सुकमा जिले का एसपी बनाया गया है।
राजनांदगांव रेंज आईजी बने अजय यादव
तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव अजय कुमार यादव का है। उन्हें नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है।
वहीं राजनांदगांव रेंज के तत्कालीन आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है। बस्तर आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल की भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना की गई है।

प्रशांत अग्रवाल की रायपुर पुलिस मुख्यालय में वापसी हुई है।
12 जिलों के एसपी बदले गए
जारी आदेश के मुताबिक, 12 जिलों के SP बदले गए हैं। 4 DIG स्तर के अधिकारियों का तबादला हुआ है। रायपुर जोन के 3 DCP को बस्तर भेजा गया है। रॉबिन्सन गुरिया को पुलिस अधीक्षक, गरियाबंद से पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), रायपुर नगरीय बनाया गया है।
उमेश प्रसाद गुप्ता बीजापुर एसपी
जिलों में भी बड़े पैमाने पर एसपी बदले गए हैं। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
Uncategorized10 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
