Connect with us

कोरबा

खेतों में नहीं चाहिए पानी, फिर भी नहरों के गेट खुले

Published

on

कोरबा। सिंचाई के लिए पानी की डिमांड अब नहीं है। इसके बाद भी नहरों से पानी छोड़ा जा रहा है। किसान खेतों में पानी नहीं रोक रहे हैं। इस वजह से खेतों से होते हुए पानी नदी और नालों में जा रहा है। खेतों में पानी भरने की वजह से धान की बालियां निकलने में समय लग रहा है। कहां कितनी पानी की जरूरत है, इसकी निगरानी भी नहीं हो रही है। अभी दोनों नहरों में 4260 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

बांगो बांध की सिंचाई क्षमता ढाई लाख हेक्टेयर है। जिले में करीब 5 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होती है। इस साल अच्छी बारिश की वजह से सिंचाई के लिए पानी की मांग काफी कम रही। इस वजह से नहरों की क्षमता से कम पानी छोड़ना पड़ा। अभी भी एक नहर में करीब 2600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अब धान की बालियां निकलने लगी है। नहर का पानी आने से बालियां निकालने में देरी हो रही है। इस वजह से कई किसान परेशान हैं। सारागांव शाखा नहर से उमरेली, सुखरीकला क्षेत्र में सिंचाई होती है, लेकिन नहर का पानी अब सीधे सोन नदी में जा रहा है।

नवापारा के किसान शांतिलाल ने बताया कि जिन खेतों में पानी की धार चल रही है, वहां धान की बालियां निकलने में समय लग रहा है। इसके पीछे लगी फसल की बालियां निकल चुकी हैं। इस वजह से अब नहर को बंद करना चाहिए। ^कृषि विभाग के उपसंचालक डीपीएस कंवर ने कहा धान की बालियां निकलने पर पानी की अधिक जरूरत नहीं होती। खेत में नमी से फसल तैयार हो जाती है। खेत में पानी होने से फसल लेट में तैयार होती है।

छठ पूजा तक नहीं छोड़ेंगे हसदेव दर्री बराज से रोजाना पानी छोड़ने की नौबत थी, लेकिन अब छठ पूजा तक पानी नहीं छोड़ेंगे। सिंचाई के लिए भी मांग कम होने से हाइडल पावर प्लांट को 72 घंटे के बजाय 38 घंटे ही चला रहे हैं। इससे करीब 4500 क्यूसेक पानी आ रहा है, जिसे नहरों में छोड़ रहे हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

श्री सप्तदेव मंदिर में 21 नवम्बर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव

Published

on

भव्य श्रृंगार, संगीतमय अखंड ज्योत पाठ, भजन संध्या एवं छप्पन भोग का होगा आयोजन

कोरबा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन द्वादशी (बड़ी बारस) के अवसर पर दिनांक 21 नवम्बर 2026, शनिवार को कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में श्री खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर में बाबा श्याम का मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

राजस्थान के खाटू धाम में उमड़ता है लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब

विदित हो कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी अर्थात बड़ी बारस का श्री खाटू श्याम भक्तों के लिए विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। राजस्थान स्थित विश्वविख्यात श्री खाटू श्याम धाम में इस पावन अवसर पर प्रतिवर्ष विशाल धार्मिक मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं। इसी धार्मिक परंपरा एवं श्रद्धाभाव के अनुरूप श्री सप्तदेव मंदिर में भी यह उत्सव विशेष उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

बाबा श्याम का होगा भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार

इस विशेष अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर परिसर स्थित श्री श्याम दरबार में बाबा श्याम का अत्यंत आकर्षक, मनमोहक एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। बाबा के इस विशेष स्वरूप के दर्शन वर्ष में इसी पावन अवसर पर होते हैं, जिसके दर्शन के लिए श्याम भक्तों में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा रहती है।

रायपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायकों की होगी संगीतमय प्रस्तुति

जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर 2:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक श्री श्याम दरबार में संगीतमय श्री श्याम अखंड ज्योत पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस भक्तिमय आयोजन में भजनों की मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देने के लिए रायपुर से सुप्रसिद्ध भजन गायक तरुण सोनी एवं शुभम गोयल एंड पार्टी को आमंत्रित किया गया है। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले मधुर श्याम भजनों से मंदिर परिसर भक्तिरस से गुंजायमान होगा तथा श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में भावविभोर होकर झूमेंगे।

छप्पन भोग एवं भव्य महाआरती के साथ होगा जन्मोत्सव का समापन

धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सायं 7:00 बजे बाबा श्याम को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात भव्य महाआरती संपन्न होगी तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

सपरिवार पधारकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें – अशोक मोदी

श्री सप्तदेव मंदिर परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्याम भक्तों से सादर आग्रह किया है कि वे इस पावन जन्मोत्सव में अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचें। बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर, अखंड ज्योत पाठ एवं भजन संध्या में सहभागी बनें तथा छप्पन भोग एवं महाआरती का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

आइए, इस पावन अवसर पर मिलकर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाएं और उनके श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित करें।

Continue Reading

कोरबा

सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन 02 दिसंबर तक

Published

on

कोरबा 20 नवंबर 2026। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा 6 वीं एवं 9 वीं में प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन 02 दिसंबर 2026 रात्रि 11.50 बजे तक किये जा सकते हैैं। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जायेगी। प्रवेश हेतु आनलाइन आवेदन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की अधिकारिक वेबसाइट WWW.nta.ac.in  या https//exams.nta.ac.in/sainik-school-society  पर किये जा सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

भारत मंडपम में महक रहे कोरबा के सुगंधित चावल, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा देशभर के ग्राहकों का प्यार

Published

on

आईआईटीएफ-2026 में कोरबा और दंतेवाड़ा के एफपीओ को मिला राष्ट्रीय बाजार का मंच

कोरबा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर ( आईआईटीएफ -2026) में छत्तीसगढ़ के खेतों की खुशबू देशभर के लोगों तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के अंतर्गत कोरबा और दंतेवाड़ा के कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अपने स्थानीय एवं जैविक कृषि उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। 13 से 27 नवंबर तक चल रहे इस मेले में छत्तीसगढ़ के उत्पाद आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं।

कोरबा जिले के महामाया एफपीओ के स्टॉल पर सुगंधित चावल, ब्लैक राइस, काजू, चीनी शक्कर चावल, रामजीरा चावल और अन्य स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। सुगंधित धान से तैयार चावल की विशिष्ट खुशबू, गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में आगंतुक उत्पादों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उपभोक्ता चावल की विशेषताओं, उत्पादन प्रक्रिया और जैविक खेती में अपनाई जाने वाली पद्धतियों को जानने में भी रुचि दिखा रहे हैं।
मेले में देशभर के कृषक उत्पादक संगठन अपने क्षेत्र के विशिष्ट उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। ईरान, अफगानिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के उत्पादों एवं प्रतिनिधियों की मौजूदगी से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले रहा है। ऐसे व्यापक मंच पर कोरबा और दंतेवाड़ा के एफपीओ अपने क्षेत्र की कृषि विविधता और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं।
भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय और जैविक कृषि उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग को प्रोत्साहित करना और किसानों को बड़े बाजार से जोड़ना है। मेले के माध्यम से किसान सीधे उपभोक्ताओं तक अपने उत्पाद पहुंचा पा रहे हैं। इससे उत्पादों की पहचान बढ़ाने, बेहतर मूल्य पाने और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं को बल मिल रहा है।
कोरबा की ओर से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल, महामाया एफपीओ के संचालक इतवारी प्रसाद बंजारे और जैविक खेती करने वाले प्रगतिशील किसान विजय सिंह कंवर मेले में सहभागिता कर रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले से सहायक संचालक कृषि भोला लाल पैंकरा उपस्थित हैं।
आईआईटीएफ -2026 में कोरबा एवं दंतेवाड़ा के कृषि उत्पादों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्थानीय किसानों और एफपीओ के लिए नए बाजारों तक पहुंच बनाने की उम्मीद मजबूत हुई है। यह मंच छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल और अन्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677