बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा बालकोनगर में विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण, स्टेडियम पुर्ननिर्माण, जुबली पार्क (सिविक में स्थित) के सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न विकास के कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे नागरिकों के दैनिक जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन आए। बालको समुदाय के समग्र कल्याण, स्वस्थ जीवनशैली और हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रतिबद्ध है।
सड़कों का चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण कंपनी द्वारा बालकोनगर में सड़कों के चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसका उद्देश्य स्थानीय यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराना है। चौड़ी सड़कों से वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी। वहीं, नए फुटपाथ बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और दैनिक आवागमन करने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करेंगे। चौड़ी सड़कें, स्वच्छ फुटपाथ और किनारों पर हरियाली का विकास बालकोनगर को अधिक आकर्षक बनाएगा यह विकास कार्य स्थानीय नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंबेडकर स्टेडियम से युवाओं के खेल को मिलेगा बढ़ावा अंबेडकर स्टेडियम में चल रहा मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य बालकोनगर के खिलाड़ियों और स्थानीय समुदाय के लिए बेहद जरूरी था। स्टेडियम की संरचना, ग्राउंड कंडीशन और अन्य खेल सुविधाओं में किए जा रहे सुधारों से यह परिसर पहले से अधिक सुरक्षित, आकर्षक और उपयोगी बन जाएगा।
स्टेडियम के सौंदर्यीकरण से न केवल इसका वातावरण सुधरेगा, बल्कि यह स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों के लिए एक प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित होगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आधुनिक स्वरूप वाला स्टेडियम बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने में भी सक्षम होगा, जिससे बालकोनगर की खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से हो रहा है। पार्क में वॉकिंग पाथ, हरित क्षेत्र का विस्तार, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए सुरक्षित खेल उपकरण तथा ऊर्जा-सक्षम प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था की जा रहा है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पार्क के नियमित रख-रखाव के लिए भी विशेष प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है।
पार्क केवल मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि लोगों के लिए स्वास्थ्य, विश्राम और सामुदायिक मेलजोल का केंद्र बन सके, इसी उद्देश्य से नया स्वरूप दिया जा रहा है। सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह पार्क बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और आनंदमय सार्वजनिक स्थल के रूप में नई पहचान हासिल करेगा।
नेहरू उद्यान के सौंदर्यीकरण के उपरांत, स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में सुबह-शाम टहलने, योग करने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए यहाँ पहुँच रहे हैं। हरियाली, स्वच्छ वातावरण और अत्याधुनिक लाइटिंग की वजह से पार्क पहले से अधिक आकर्षक और सुरक्षित बन गया है। नियमित रूप से टहलने आने वाले लोगों के अनुसार, यह उद्यान अब स्वास्थ्य, विश्राम और मानसिक शांति के लिए एक आदर्श स्थल बन गया है। बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए भी यह स्थान मनोरंजन और सामुदायिक जुड़ाव का केंद्र बन गया है।
बालकोनगर में इंडियन कॉफी हाउस स्वाद की नया केंद्र, नवस्थापित इंडियन कॉफी हाउस (आईसीएच) न केवल स्वादिष्ट कॉफी और व्यंजनों का नया केंद्र बना है, बल्कि यह स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों के लिए सामुदायिक मेलजोल का स्थल भी बन गया है। आधुनिक और सौंदर्यपूर्ण वातावरण में विकसित यह कॉफी हाउस लोगों के लिए बातचीत और अनौपचारिक मुलाकातों के लिए सुकून भरा स्थल बन गया है। स्वाद और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध आईसीएच का आगमन टाउनशिप में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
बालको प्रबंधन सदैव अपने टाउनशिप को बेहतर बनाए रखने हेतु विभिन्न नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयासरत रहा है। नेहरू पार्क परिसर, बालको स्टेडियम, आधुनिक अस्पताल, विद्यालय, हाल ही में खुला नया इंडियन कॉफी हाउस तथा अन्य नागरिक सुविधाएँ नगर के जीवन को समृद्ध बनाती हैं। कंपनी परिवारों के दैनिक जीवन में सुकून और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए नगर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति प्रदान कर रहा है।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।