Connect with us

कोरबा

पीएम आवास के नाम पर पैसा मांगने पर होगी एफआईआर, कलेक्टर ने दिए निर्देश

Published

on

स्कूलों से दूर होगी पेयजल की समस्या, डीईओ से सूची मंगाई गई

अवैध धान की खरीदी-परिवहन रोकने निरीक्षण और नाकों पर जाँच के निर्देश

अवैध रेत उत्खनन पर सतत कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर अजीत वसंत की समय-सीमा बैठक-विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा, योजनाओं में पारदर्शिता और कड़ी निगरानी के निर्देश

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति तथा राजस्व एवं जनकल्याण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्यों की पूर्ति तथा पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


पीएम आवास योजना में अनियमितता पर करे कठोर कार्रवाई
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आवास समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हितग्राही से आवास स्वीकृति या निर्माण के नाम पर राशि मांगने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाए। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को पीएम आवास हितग्राहियों की शिकायतें नियमित रूप से सुनने के निर्देश देते हुए नागरिकों से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति योजना के नाम पर धन की मांग करता है, तो इसकी सूचना जिला पंचायत सीईओ अथवा एसडीएम को दें।
एसआईआर पुनरीक्षण-गणना पत्रक वितरण के बाद जमा न होने वाले प्रकरणों पर नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने असंग्रहित गणना पत्रकों के मामलों में संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दावा-आपत्ति प्राप्त करने तथा जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत एवं वार्ड कार्यालय जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सूचियां चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआईसी वेबसाइट पर सूची अपलोड करने तथा एक सप्ताह के भीतर डिजिटाइजेशन कार्य में प्रगति लाने पर जोर दिया।


अवैध धान परिवहन रोकथाम-जांच नाकों पर सख्त निगरानी के निर्देश
बैठक में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जाँच नाकों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता के साथ अवैध धान परिवहन रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों पर एसडीएम, तहसीलदार सहित निरीक्षण दलों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से जब्त धान की सुपुर्दगी के बाद उसकी पुनः रिसाइक्लिंग कर उपार्जन केंद्रों में विक्रय न हो सके, इसके लिए सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान का समय पर उठाव, किसानों के फोटो को ऐप में अपलोड करने, सभी सीसीटीवी को क्रियाशील रखने और पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण होने तक वंचित किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना नंबर वाले वाहनों पर परिवहन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश भी एसडीएम को दिए गए।
आंगनबाड़ी से इस वर्ष स्कूल जाने वाले बच्चों के जाति प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के डीपीओ को निर्देशित किया कि इस वर्ष आंगनबाड़ी से विद्यालय प्रवेश हेतु जाने वाले बच्चों की सूची एसडीएम को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने फरवरी माह तक इन बच्चों के जाति प्रमाणपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
रिमेडियल कक्षाएं प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने दसवीं कक्षा के कमजोर विद्यार्थियों के लिए 22 दिसंबर से रिमेडियल कक्षाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि निर्धारित स्थान पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा छात्र-छात्राओं के लिए पृथक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों की तहसीलवार सूची एकत्र कर उनके जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनवाने के बाद अपार आईडी तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यालयों में पेयजल उपलब्धता की सूची तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में पेयजल की वास्तविक स्थिति का सर्वे कर सूची प्रस्तुत करें, ताकि डीएमएफ से आगामी अवधि में बोरवेल अथवा हैंडपंप के माध्यम से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
ग्राम पंचायत के विरुद्ध वसूली प्रकरण दर्ज करने के निर्देश
जनपदों से प्राप्त डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को पूर्ण नहीं करने वाले ग्राम पंचायतों की सूची के आधार पर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों के विरुद्ध वसूली संबंधी प्रकरण दर्ज किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों में आधार इन-बिल्ट बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू करने के भी निर्देश दिए।
जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक-अवैध रेत परिवहन पर सख्ती के निर्देश
समय-सीमा बैठक के बाद जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने एसडीएम को अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग द्वारा लंबित रेत खदानों से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ कटघोरा निशांत कुमार, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, प्रशिक्षु आईएएस क्षितिज गुरभेले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

भगवान सहस्त्रबाहु जयंती समारोह में शामिल हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूजा-अर्चना कर समाज को दी शुभकामनाएं

Published

on

जायसवाल कलार समाज का सामाजिक विकास एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठित करने में महत्वपूर्ण योगदान : जयसिंह अग्रवाल

कोरबा। भगवान सहस्त्रबाहु जयंती के पावन अवसर पर आज छत्तीसगढ़ कलार महासभा परिक्षेत्र, कोरबा द्वारा SECL हेलीपैड के समीप स्थित जायसवाल समाज के सामाजिक भवन में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के प्रथम सत्र में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय जायसवाल प्रथम सत्र के कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता कर समाज की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने समस्त समाजजनों को भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जायसवाल कलार समाज ने सामाजिक एकता, संगठन, शिक्षा, संस्कृति एवं समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समाज की संगठित शक्ति और आपसी सहयोग ही उसकी प्रगति का आधार है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित भव्य समारोह एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों और समस्त समाजजनों को बधाई दी।

श्री अग्रवाल ने कहा कि अपने मंत्रीत्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सभी समाजों की सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनेक समाजों को भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने की पहल की थी। उनका सदैव प्रयास रहा है कि प्रत्येक समाज को अपने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवसर मिलने पर समाज की आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे कोरबा नगर पालिक निगम के पार्षद एवं समाज के कोरबा अध्यक्ष अनुज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जयसिंह अग्रवाल का समाज के प्रति योगदान केवल भूमि एवं भवन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भवन में पानी, बिजली सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उनके प्रयासों से उपलब्ध कराई गईं।

उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल ने हमेशा समाज के सभी वर्गों और समुदायों के उत्थान, सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा आपसी सद्भाव एवं समरसता को बढ़ावा देने के लिए सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने समाज की ओर से श्री अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

समारोह में समाज के पदाधिकारीगण, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

Continue Reading

कोरबा

उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की लोकमंगल एवं जनकल्याण की कामना

Published

on

कोरबा। पूर्वांचल के लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल आज प्रातः कोरबा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ उदीयमान भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली बनाए रखने की मंगल कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है, जो आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है।

इस अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एन. सिंह, दर्री ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित पूर्वांचल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का समापन, ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ

Published

on

पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी आवास आवंटन की दिशा में महत्वपूर्ण डिजिटल पहल

बिलासपुर/कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में 17 अगस्त 2026 से 16 नवंबर 2026 तक संचालित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का लोकार्पण किया गया। यह पोर्टल आवास आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एसईसीएल की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है।

पोर्टल का लोकार्पण हरीश दुहन, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एसईसीएल द्वारा बिरंची दास, निदेशक (मानव संसाधन); डी. सुनील कुमार, निदेशक (वित्त); हिमांशु जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा नृपेंद्र नाथ, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

‘ई-आवास’ पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग एवं सिस्टम विभाग के समन्वित सहयोग से किया गया है। यह पोर्टल कर्मचारियों को आवास संबंधी सेवाएँ एकीकृत एवं डिजिटल माध्यम से प्रदान करेगा तथा आवास आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम करते हुए पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करेगा।

अपने संबोधन में हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विशेष रूप से मानव संसाधन विभाग द्वारा कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई इस प्रणाली की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इससे आवास प्रबंधन और आवंटन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनेगी।

ई-आवास पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं ट्रैकिंग, HR/SAP आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची निर्माण, नियमानुसार आवास आवंटन, आरक्षण एवं विशेष प्रावधानों का अनुपालन, डिजिटल आवंटन आदेश जारी करना, आवासों की रियल-टाइम स्थिति, आवास परिवर्तन एवं पारस्परिक विनिमय की सुविधा तथा सुरक्षित डिजिटल अभिलेख एवं ऑडिट ट्रेल जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

श्री दुहन ने यह भी कहा कि तीन माह के सतर्कता अभियान की समाप्ति के बाद भी इस दौरान प्राप्त सीख और अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि पारदर्शिता, सतर्कता तथा सत्यनिष्ठा संगठन के प्रत्येक स्तर पर और अधिक सुदृढ़ हो सके।
निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ई-आवास पोर्टल का लोकार्पण एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन एवं कर्मचारी-केंद्रित मानव संसाधन प्रबंधन को नई दिशा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677