कोरबा
“का हाल हे कका……. कोई तकलीफ़ तो नहीं?” : कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण
किसानों से चर्चा कर खरीदी व्यवस्था की ली जानकारी
कोरबा। “का हाल हे कका…….. कोई तकलीफ़ तो नहीं? कौन सा धान है, कितना धान है? खरीदी केंद्र में भी 10 हजार रुपये तक निकालने की सुविधा है३ तत्काल आवश्यकता हो तो पैसे निकाल सकते हैं….. कोई समस्या हो तो बताइए।”
इन्हीं सरल और आत्मीय शब्दों के साथ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पाली विकासखंड स्थित धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया और किसानों से खरीदी व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

कलेक्टर ने केंद्र में धान बेचने आए किसानों के धान की नमी एवं गुणवत्ता की स्वयं जांच कर खरीदी की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने ग्राम नान पुलाली के किसान उमेंद सिंह सहित अन्य किसानों से संवाद किया। किसानों ने बताया कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन कटाया था और आज बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों में केवल वास्तविक एवं पात्र किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र में आने वाले धान की अनिवार्य रूप से पलटी कराकर ढेरी लगाई जाए तथा नमी की जांच के बाद ही खरीदी की जाए। उन्होंने कहा कि पुराने, अवमानक एवं अनुपयोगी धान की खरीदी पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी अधिकारी सतर्क एवं संवेदनशील रहें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम रोहित सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कोरबा
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में योग कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कोरबा। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर एच टी पी पी दर्री में योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में पतंजलि महिला समिति की योग शिक्षिकाओं श्रीमती ललिता केंवट एवं श्रीमती इंदु रजक द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात श्रीमती भावना देवांगन द्वारा ध्यान साधना कराई गई, जिससे उपस्थित सभी ने मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने उपस्थित सभी अतिथियों, योग शिक्षिकाओं एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही तथा कार्यक्रम उत्साह एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ।


कोरबा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोरबा में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित
योग को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण का करें संकल्प – मंत्री गुरु खुशवंत साहेब
स्वस्थ जीवन के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं – महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत
योग से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में होती है वृद्धि – कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री खुशवंत साहेब ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री खुशवंत साहेब ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। कौशल विकास के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का विकास भी आवश्यक है, जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मंत्री खुशवंत साहेब ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि प्रतिदिन योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तथा परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण तथा विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने का आह्वान किया।

महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग बहुत जरूरी है।शारीरिक रूप से भाग दौड़ की जिंदगी में नाना प्रकार की बीमारियों से बचे रहने के लिए योग बहुत फायदेमंद है। इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देशन में पूरे देश सहित राज्य मे योग दिवस मनाया जा रहा है। योग से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती हैं एवं मनुष्य निरोग रहता है। इस हेतु सभी को अपने दिनचर्या में योग को अपनाना चाहिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि योग अपने शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। योग एक शारिरिक अभ्यास ही नहीं अपितु शरीर और मन का संतुलन बनाने का प्रयास है। इससे शारीरिक और मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है। उन्होने सभी से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने एवं योगमय जीवन अपनाकर निरोग बनने का अपील किया।


कार्यक्रम में योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे ने योग के महत्व को बताते हुए योग को नियमित रूप से अपने जीवन मे शामिल करने प्रेरित किया।

मंत्री खुशवंत साहेब सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने ताड़ासन, पवन मुक्तासन, हलासन, शवासन, कपाल भारती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि का सामूहिक योगाभ्यास करके स्वस्थ जीवन, नियमित योग एवं जन-जागरूकता का संदेश दिया।

सामूहिक योग कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई।


कोरबा
बिहान ने बदली तकदीर – संघर्ष से सफलता तक सावित्री बिस्वास की प्रेरक उड़ान
कोरबा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका परिणाम है कि अनेक महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज में नई पहचान स्थापित कर रही हैं।

विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत गुरमा की निवासी श्रीमती सावित्री बिस्वास ऐसी ही प्रेरणादायक महिलाओं में शामिल हैं, जिन्होंने संघर्षपूर्ण परिस्थितियों से निकलकर आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल कायम की है। सीमित आय और आजीविका के सीमित साधनों के बीच जीवनयापन कर रहीं सावित्री बिस्वास ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन की दिशा बदल दी। बिहान योजना के माध्यम से उन्हें वित्तीय साक्षरता, उद्यम विकास, समूह प्रबंधन और आजीविका संवर्धन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जिससे उनमें आत्मविश्वास और व्यवसायिक समझ विकसित हुई।
जिला प्रशासन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से उनके समूह को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि और बैंक ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ उठाते हुए उन्होंने लगभग 60 हजार रुपये की पूंजी से किराना और फैंसी स्टोर की शुरुआत की। व्यवसाय में सफलता मिलने पर उन्होंने एक लाख रुपये के निवेश से चप्पल दुकान शुरू की। बाद में सीएलएफ से दो लाख रुपये का ऋण लेकर कृषि सेवा केंद्र स्थापित किया तथा बैंक और सीएलएफ से लगभग छह लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर मेडिकल स्टोर एवं कृषि सेवा केंद्र का विस्तार किया।
आज सावित्री बिस्वास फैंसी स्टोर, कपड़ा दुकान, चप्पल दुकान, राशन दुकान, बर्तन दुकान, मेडिकल स्टोर और कृषि सेवा केंद्र सहित विभिन्न व्यवसायों का सफल संचालन कर रही हैं। उनके परिश्रम, दूरदर्शिता और वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है कि उनकी वार्षिक आय लगभग 7 लाख 70 हजार रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक प्रगति का असर उनके परिवार के जीवन स्तर पर भी स्पष्ट दिखाई देता है। उनका एक पुत्र बी. फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा है, पुत्री बीएससी नर्सिंग की शिक्षा प्राप्त कर रही है, जबकि छोटा पुत्र चॉइस सेंटर का संचालन कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है।
सावित्री बिस्वास की सफलता अब केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है। वे गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़ने, नियमित बचत करने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनकी प्रेरणा से अनेक महिलाएं किराना, कपड़ा, चप्पल व्यवसाय और होटल संचालन जैसे कार्यों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना रही हैं।
सावित्री बिस्वास का मानना है कि यदि महिलाओं को अवसर, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। वे अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन कोरबा को देती हैं, जिनके सहयोग से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला। उनकी कहानी यह साबित करती है कि संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण महिलाएं न केवल अपने जीवन को बदल सकती हैं, बल्कि पूरे समाज में परिवर्तन की नई मिसाल भी स्थापित कर सकती हैं।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
