Connect with us

छत्तीसगढ़

शराब घोटाला केस…ढेबर-टुटेजा समेत 5 को मिली बेल:ट्रायल में देरी बना जमानत का आधार, बेल के बाद भी जेल में रहेंगे पूर्व IAS-कारोबारी

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शराब घोटाला केस में जेल में बंद पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर समेत 5 आरोपियों को जमानत दे दी है। जस्टिस अरविंद्र वर्मा की सिंगल बेंच में ये सुनवाई हुई। हालांकि, DMF केस के कारण बेल मिलने के बाद भी अनिल टुटेजा और अनवर को जेल में ही रहना होगा। वहीं अन्य 3 आरोपी जेल से बाहर आएंगे।

हाईकोर्ट ने ट्रायल में देरी के आधार पर सभी आरोपियों की जमानत अर्जी को मंजूर कर लिया है। बता दें कि इस मामले में टुटेजा और ढेबर समेत अन्य आरोपी 22 माह से जेल में बंद है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार में 3200 करोड़ का आबकारी घोटाला सामने आया था, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने की थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार, शराब नीति बदलकर और नकली होलोग्राम बनाकर स्पेशल सप्लायर्स और आबकारी विभाग के अफसरों के माध्यम से नेताओं ने सिंडिकेट बनाया था।

नकली होलोग्राम लगे शराब की बोतलें सरकारी शराब दुकानों के माध्यम से बेचने के भी आरोप लगे। जिस पर कोई भी टैक्स नहीं दिया गया और शासन को करोड़ों रुपए राजस्व की हानि हुई। ईडी के बाद उनके पत्र के आधार पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने भी मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा,अनवर ढेबर,नितेश पुरोहित, अरविंद सिंह, दीपेंद्र चावला, सौम्या चौरसिया, आबकारी विभाग के 28 अधिकारियों को आरोपी बनाया गया।

पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को जेल में ही रहना पड़ेगा। (फाइल फोटो)

पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को जेल में ही रहना पड़ेगा। (फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने 4 माह बाद जमानत अर्जी लगाने दी थी छूट

स्पेशल कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद ढेबर, टुटेजा समेत अन्य आरोपियों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगी थी, जिसे खारिज कर दी गई थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई। सुप्रीम कोर्ट ने बेल खारिज करते हुए याचिकाकर्ताओं को 5 माह बाद दोबारा हाईकोर्ट में जमानत अर्जी लगाने की छूट दी थी।

जेल में ही रहेंगे टुटेजा-ढेबर, यश, नितेश और दीपेंद्र आएंगे बाहर

इसके बाद सभी आरोपियों ने हाईकोर्ट में दोबारा जमानत याचिका लगाई। आरोपियों की तरफ से एडवोकेट हषवर्धन परगनिहा ने तर्क देते हुए कहा कि ईओडब्ल्यू ने जिस मामले में केस दर्ज किया है, उसमें अभी जांच चल रही है।

ट्रायल से पहले ही आरोपियों को करीब 2 साल से जेल में रखा गया है, जो न्याय के सिद्धांत के खिलाफ है। जस्टिस अरविंद्र वर्मा की सिंगल बेंच ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अनिल टुटेजा,अनवर ढेबर, यश पुरोहित, नितेश पुरोहित और दीपेंद्र चावला की जमानत अर्जी मंजूर कर ली है।

हालांकि, अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा को ईओडब्लू ने 550 करोड़ रुपए के डीएमएफ घोटाले में भी आरोपी बनाया है। उस मामले में जमानत नहीं मिलने के कारण उन्हें जेल में ही रहना होगा। वहीं, नितेश पुरोहित, दीपेंद्र चावला और यश पुरोहित जेल से बाहर आ जाएंगे।

कारोबारी अनवर ढेबर को भी जेल में रहना पड़ेगा। (फाइल फोटो)

कारोबारी अनवर ढेबर को भी जेल में रहना पड़ेगा। (फाइल फोटो)

3200 करोड़ का हुआ था शराब घोटाला

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED की जांच में 3200 करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात सामने आई थी। जिसके बाद ED ने ACB में FIR दर्ज कराई थी। इस घोटाले में राजनेता, आबकारी विभाग के अधिकारी, कारोबारी सहित कई लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज हुई थी।

ED ने अपनी जांच में पाया कि, तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था। एजेंसी का दावा था कि चैतन्य बघेल इस सिंडिकेट के प्रमुख थे और करीब 1000 करोड़ रुपए की राशि संभाली।

Continue Reading

कोरबा

Korba health breaking News : 77 साल की उम्र में फिर चलने-फिरने की उम्मीद: शिवाय हास्पिटल में मीना देशमुख के दोनों घुटनों का सफल रिप्लेसमेंट

Published

on

15 दिन की फिजियोथैरेपी से मिली नई राह

कोरबा। उम्र के 77वें पड़ाव पर जब घुटनों का दर्द जिंदगी की रफ्तार थामने लगे, चलना-फिरना मुश्किल हो जाए और रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी चुनौती बन जाएं, तब उम्मीद की एक किरण किसी वरदान से कम नहीं होती। कुछ ऐसी ही कहानी है कोरबा की 77 वर्षीय श्रीमती मीना मनोहरराव देशमुख की, जिन्होंने घुटनों की गंभीर परेशानी से राहत पाने के लिए उपचार का रास्ता चुना। टीपी नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल में उनके दोनों घुटनों का सफल रिप्लेसमेंट किया गया।
इस सर्जरी को वरिष्ठ जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. संतोष राठौड़ (Ms Ortho) ने अंजाम दिया। सर्जरी के बाद बेहतर रिकवरी के लिए मरीज को नियमित फिजियोथेरेपी से जोड़ा गया। डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में लगातार 15 दिनों तक फिजियोथेरेपी कराई गई। उपचार के बाद मीना देशमुख की सामान्य गतिविधियों की ओर वापसी की प्रक्रिया में सुधार देखने को मिल रहा है।
77 साल की उम्र, लेकिन उम्मीदों ने नहीं मानी हार
बढ़ती उम्र के साथ घुटनों की परेशानी कई बार इंसान को दूसरों पर निर्भर बना देती है। चलने, उठने-बैठने और दैनिक कामकाज में होने वाला दर्द जीवन की सहजता छीन लेता है। 77 वर्षीय मीना देशमुख के लिए भी घुटनों की समस्या एक बड़ी चुनौती थी।
ऐसे समय में दोनों घुटनों का रिप्लेसमेंट कराने का निर्णय उनके बेहतर जीवन की उम्मीद से जुड़ा था। शिवाय हॉस्पिटल की मेडिकल टीम ने सर्जरी और उसके बाद की रिकवरी की प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया।
ऑपरेशन के बाद 15 दिन तक जारी रही मेहनत, फिजियोथेरेपी ने निभाई अहम भूमिका
नी रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद असली चुनौती मरीज को दोबारा चलने-फिरने के लिए तैयार करना होता है। इसमें फिजियोथेरेपी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
मीना देशमुख ने डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 15 दिनों तक नियमित फिजियोथेरेपी कराई। चरणबद्ध व्यायाम और लगातार अभ्यास के जरिए घुटनों के मूवमेंट, मांसपेशियों की मजबूती और चलने-फिरने की क्षमता को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया।
कोरबा में ही उपलब्ध हो रही आधुनिक ऑर्थोपेडिक चिकित्सा सुविधा
शिवाय हॉस्पिटल की इस सर्जरी को कोरबा और आसपास के मरीजों के लिए एक सकारात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अब जोड़ प्रत्यारोपण और उसके बाद पुनर्वास जैसी सुविधाओं के लिए स्थानीय स्तर पर उपचार का विकल्प उपलब्ध है।
डॉ. संतोष राठौड़ के नेतृत्व में सफल सर्जरी और डॉ. अमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में फिजियोथेरेपी की प्रक्रिया ने यह संदेश दिया है कि बेहतर चिकित्सा और नियमित पुनर्वास से उम्र के इस पड़ाव पर भी बेहतर जीवन की उम्मीद कायम रखी जा सकती है। मीना देशमुख की कहानी सिर्फ एक सर्जरी की सफलता नहीं, बल्कि उम्र के उस पड़ाव पर नई उम्मीद की कहानी है, जहां इंसान फिर से अपने पैरों पर आत्मनिर्भर होकर चलने का सपना देखता है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

24-कैरेट, 22-कैरेट और 18-कैरेट सोने की कीमतों में भारी गिरावट, देखें 10 ग्राम गोल्ड का नया रेट

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। आज, शनिवार 21 नवंबर 2026 को सर्राफा बाजार से आम ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर आई है। भारत में सोने की कीमतों में लगातार छठे दिन गिरावट जारी रही। आज शनिवार को 24-कैरेट, 22-कैरेट और 18-कैरेट सोने की कीमतों में 3,700 रुपये से लेकर 4,900 रुपये (प्रति 100 ग्राम) तक की कटौती दर्ज की गई है।

दुनिया भर में कीमती धातुओं के लिए यह पिछले आठ महीनों का सबसे खराब हफ्ता रहा है। स्पॉट गोल्ड की कीमत लगभग 3,450 डॉलर प्रति औंस है, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना बढ़कर 99% हो गई है, जिससे अमेरिकी डॉलर 19 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। 16 नवंबर से 21 नवंबर के बीच, 24-कैरेट सोने की कीमत में 10 ग्राम पर 12,540 रुपये और 100 ग्राम पर 1,25,400 रुपये की भारी गिरावट आई है।
 
सोने का हाल- 
इस हफ्ते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना करीब 9% टूटकर 3,550 डॉलर प्रति औंस के नीचे चला गया, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। इसका सीधा असर घरेलू वायदा बाजार (MCX) पर पड़ा है, जहां सोना 1,22,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा है।

चांदी की चमक भी फीकी-
सोने के साथ-साथ चांदी में भी इस सप्ताह 13% से अधिक की बड़ी गिरावट आई है। वैश्विक बाजार में चांदी 42 डॉलर प्रति औंस के करीब आ गई है, जबकि MCX पर यह 1,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे फिसल गई है।  पिछले एक महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो चांदी की कीमतों में कुल 25% से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की जा चुकी है। 

भारत में आज (21 नवंबर 2026) सोने के ताजा भाव
शनिवार को घरेलू बाजार में शुद्ध सोने (24 कैरेट) के दाम 100 ग्राम पर 4,900 रुपये घटकर 12,50,800 रुपये पर आ गए हैं, जबकि 10 ग्राम सोने के लिए ग्राहकों को 490 रुपये कम यानी 1,25,080 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, जेवराती सोने (22 कैरेट) की कीमत 100 ग्राम पर 4,500 रुपये गिरकर 11,46,500 रुपये और 10 ग्राम पर 450 रुपये कम होकर 1,14,650 रुपये हो गई है। इसके अलावा, 18 कैरेट सोने का भाव 100 ग्राम पर 3,700 रुपये घटकर 9,38,100 रुपये और 10 ग्राम पर 370 रुपये गिरकर 9,3810 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

वज़न (ग्राम)    24K सोना                22K सोना                       18K सोना 
1 ग्राम          रू.12,508 (-रू.49)           रू.11,465 (-रू.45)           रू.9,381 (-रू.37)
8 ग्राम          रू.1,00,064 (-रू.392)      रू.91,720 (-रू.360)         रू.75,048 (-रू.296)
10 ग्राम        रू.1,25,080 (-रू.490)      रू.1,14,650 (-रू.450)      रू.93,810 (-रू.370)
100 ग्राम     रू.12,50,800 (-रू.4,900)  रू.11,46,500 (-रू.4,500)  रू.9,38,100 (-रू.3,700)

पिछले 6 दिनों में कब-कितना टूटा 24 कैरेट सोना?
इस पूरे हफ्ते बाजार में लगातार गिरावट का ट्रेंड देखने को मिला। 16 से 21 नवंबर के बीच 999 शुद्धता वाले सोने में प्रति 10 ग्राम पर कुल 12,540 रुपये और प्रति 100 ग्राम पर 1,25,400 रुपये की कमी आई है:
16 नवंबर: 100 ग्राम पर रू.8,200 की गिरावट।
17 नवंबर: 100 ग्राम पर रू.7,600 की कमी।
18 नवंबर: 100 ग्राम पर रू.27,800 (10 ग्राम पर रू.2,780) की गिरावट।
19 नवंबर: 100 ग्राम पर रू.25,700 (10 ग्राम पर रू.2,570) की कमी।
20 नवंबर: एक ही दिन में सबसे बड़ी गिरावट, 100 ग्राम पर रू.51,200 (10 ग्राम पर रू.5,120) सस्ता हुआ सोना।
21 नवंबर: 100 ग्राम पर रू.4,900 (10 ग्राम पर रू.490) की और गिरावट।

Continue Reading

कोरबा

जिले में अभियान चलाकर ग्रामीणों के आवास हर हाल में कराएं पूर्ण : सीईओ प्रतीक जैन

Published

on

पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश

विकसित भारत-जी राम जी के तहत हर गांव में मिलेगा रोजगार

कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों को विशेष अभियान चलाकर हर हाल में पूर्ण कराएं। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए स्वीकृत प्रधानमंत्री जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री जैन ने कहा कि मैदानी अमला हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखे, क्षेत्र का नियमित भ्रमण करे तथा आवास निर्माण में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण कराए। जनपद पंचायत स्तर पर हितग्राहीवार समीक्षा कर आवास पूर्णता के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत बालिका शौचालय, डिफंक्ट बोरवेल, मुक्तिधाम, पंचायत भवन, खाद्यान्न भंडारण केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, धरसा एवं अन्य मूलभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य 01 दिसंबर से प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को कार्यों से जोड़ते हुए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मिट्टीमूलक एवं श्रममूलक कार्यों के साथ जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो सके।

सीईओ ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से अधिकाधिक कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित करने पर जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा पंचायत स्तर पर अपूर्ण निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गंभीरता, पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण एवं समयबद्ध कार्यवाही अनिवार्य है। कार्यों में लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सहायक कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677