Connect with us

कोरबा

गर्मी में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए अभी से तैयारी सुनिश्चित करेंः आशुतोष पांडेय

Published

on

नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हेतु दिए गए निर्देश
समय-सीमा की बैठक
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज तथा शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए सभी को निर्देशित किया कि लोगों को पीने के पानी के लिए समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यापक तैयारी आवश्यक है। उन्होंने नगरीय निकायों में आवश्यकता अनुसार टैंकरों की व्यवस्था करने, पाइपलाइन बिछाने तथा खराब हैंडपंपों को ठीक कराने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त श्री पांडेय ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए खाद्य अधिकारी को उठाव में प्रगति लाने के निर्देश दिए। पीडीएस में खाद्यान्न के भंडारण और वितरण की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी दुकानों में समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा के बाहर के मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल सिग्नेचर, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार तथा मसाहती ग्रामों के प्रकाशन सहित सभी राजस्व कार्यों की समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
किसान योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, एग्रीटेक पोर्टल में किसानों की प्रविष्टियों तथा केसीसी के प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अपात्र किए गए किसानों के आवेदनों की जाँच कर पात्रता की स्थिति मिलने पर उन्हें केसीसी का लाभ प्रदान करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में निगमायुक्त ने सीएमएचओ को आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड, व्यवंदन कार्ड और एचआरपी से संबंधित कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी, रेडी-टू-ईट, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, धरती आबा, पीएम जनमन योजना तथा स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर उसे तेज़ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगरीय निकायों में पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन, पीएम आवास शहरी, शौचालय निर्माण और पीवीटीजी घरों में सोलर पैनल लगाने की तैयारियों की समीक्षा की। विद्युत विभाग को ट्रांसफॉर्मर की मांग को ध्यान में रखते हुए जोनल स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। पीएम जनमन योजना अंतर्गत आवास निर्माण, सड़क, पेयजल, आंगनबाड़ी निर्माण, मोबाइल टॉवर की स्थापना सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई, और निर्माणाधीन आवासों को बारिश से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समय-सीमा के अंतर्गत पीएमओ, मानवाधिकार, सीएम जनदर्शन के लंबित प्रकरणों के निपटारे के निर्देश दिए गए। जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को आभा आईडी में पंजीकरण, सभी विभागों को आदिवासी उपयोजना 275(क) के अंतर्गत जानकारी उपलब्ध कराने तथा निर्माण पोर्टल में अद्यतन जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए।
बैठक में वनमंडल अधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 23 जुलाई को, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

Published

on

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार, 23जुलाई को दोपहर 12 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्यों राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेगी।

शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर प्रेस क्लब, बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों और मीडिया जगत में उत्साह का माहौल है।

कोरबा प्रेस क्लब ने जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Continue Reading

कोरबा

अवॉर्ड सेरेमनी में लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल को मिला अनेकों सम्मान

Published

on

बिलासपुर के होटल इंटरसिटी में आयोजित हुआ भव्य समारोह
कोरबा। द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233सी अवॉर्ड सेरेमनी सत्र 2025-26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पीएमजेएफ विजय अग्रवाल ने बिलासपुर के होटल इंटरसिटी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट 3233सी के सभी क्लबों ने भाग लिया, जिसमें लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल को समाज सेवा, जनकल्याण, एवं उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह सम्मान क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ एवं पर्यावरण संरक्षण तथा जनहितकारी गतिविधियों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
संस्थापक पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में मिला सम्मान

लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल के संस्थापक क्लब एडवाजर पीएमजीएफ डॉ राजकुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन विजय अग्रवाल द्वारा आउटस्टैंडिंग क्लब डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल को प्रदान किया गया।

बेस्ट जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल आटो सेन्टर को, आउटस्टैंडिंग क्लब अध्यक्ष अवॉर्ड लायंस सुरेंद्र कुमार डनसेना, कैबिनेट मेम्बर सर्विस एक्सीलेंस अवॉर्ड लायंस मनोज कुमार गुप्ता एवं वुमेंस लायंस मेंबरशिप ग्रोथ के लिए लायंस श्रीमती विनीता गुप्ता को सम्मानित किया गया।
पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने दी बधाई

लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के एडवाइजर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं संस्थापक पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने क्लब को अवार्ड मिलने पर अपनी टीम को बधाई दी और कहा कि यह सम्मान टीम की संयुक्त गतिविधियों के कारण मिला। हम आने वाले सत्र में और बेहतर करने का प्रयास करेंगे और मुझे आशा है कि नए अध्यक्ष लायन दर्शन अग्रवाल और उनकी टीम लायनवाद को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए प्रयास करेगी।

Continue Reading

कोरबा

झेरिया यादव समाज की कमान अब सैलाना यादव के हाथों में, रायपुर में हुई घोषणा, बधाई देने वालों का उमड़ा जनसैलाब

Published

on

कोरबा। झेरिया यादव समाज के संगठनात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। रायपुर में आयोजित समाज के गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने सैलाना-बाबूलाल यादव को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति मे झेरिया यादव समाज का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की औपचारिक घोषणा की। घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित समाजजनों ने पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।

दीपका (जिला कोरबा) निवासी सैलाना-बाबूलाल यादव की प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की सूचना मिलते ही पूरे कोरबा जिले सहित प्रदेशभर के समाजजनों में उत्साह का माहौल बन गया। उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ देने वालों का ताँता लग गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवाओं एवं महिलाओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में झेरिया यादव समाज नई ऊर्जा, नई सोच और मजबूत संगठन के साथ आगे बढ़ेगा।इनके पिता श्री रोहित कुमार यादव लवसरा शक्ति मे शिक्षक तथा पति एस ई सी एल मे कर्मचारी रहें है।

समाजजनों ने कहा कि सैलाना-बाबूलाल यादव लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं तथा समाज की एकता, शिक्षा, युवा नेतृत्व और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं। उनकी सक्रियता, संगठन क्षमता एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

समाज के वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सैलाना-बाबूलाल यादव समाज को नई दिशा देंगे, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे तथा संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।

इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर कोरबा सहित प्रदेशभर के समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सैलाना-बाबूलाल यादव को उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677