कोरबा
शिविर में ही समस्या का निराकरण हो जाना एक बड़ी उपलब्धि – मंत्री लखनलाल देवांगन
शहरी क्षेत्र के सुशासन तिहार का शुभारंभ किया उद्योग मंत्री ने
हितग्राहियों को योजनाओं से किया लाभान्वित, सामग्री का किया वितरण
कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में जिले में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इस कड़ी में 1 मई से ग्रामीण क्षेत्र में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम क्षेत्र के शहरी वार्डों की समस्याओं के समाधान हेतु जनसमस्या निवारण शिविर की शुरुआत मुख्य अतिथि, कोरबा के विधायक एवं प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में की गई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया।

नगर पालिक निगम अंतर्गत जोन कार्यालय, पानी टंकी वार्ड में 1 से 10 वार्डों के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री श्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार का आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में होगा। इस तिहार के सफल आयोजन हेतु मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विशेष धन्यवाद करता हूँ, जिनकी पहल से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि इस शिविर में समस्याओं का आसानी से निराकरण हो पाता है क्योंकि सभी विभागीय अधिकारी मौके पर ही उपस्थित रहते हैं। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार में केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी बीहड़ एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पहुँचकर विकास कार्यों का जायजा ले रहे हैं, लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं और उनका त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव और शहर की समस्याएँ भिन्न होती हैं, ऐसे में शिविर में किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण होना एक बड़ी उपलब्धि है।
मंत्री श्री देवांगन ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से राज्य की जनता को व्यापक लाभ प्राप्त हो रहा है और राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि किसी वार्ड में शत-प्रतिशत सूर्यघर स्थापना होने पर उस वार्ड को विकास कार्यों हेतु एक करोड़ रुपए की राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की सड़कों के डामरीकरण की स्वीकृति की जानकारी देते हुए बताया कि इसका कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने सुनालिया मार्ग के अंडरब्रिज निर्माण कार्य के जल्द आरंभ होने तथा शहर के प्रमुख बाजारों में अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने की बात भी कही। मंत्री श्री देवांगन ने नागरिकों से सुशासन तिहार का लाभ लेने और योजनाओं से लाभान्वित होने की अपील की।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वपूर्ण योजना है। हम सभी इस योजना के माध्यम से प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण का प्रयास कर रहे हैं। वार्ड की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए आम नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुशासन तिहार की मंशा बताते हुए कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों को सूचीबद्ध कर उनका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लागू ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अपने आवेदन इस माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन का निराकरण समय-सीमा के भीतर होगा और विलंब होने पर संबंधित अधिकारी पर पेनल्टी भी लगाई जाएगी।

उन्होंने जिले में खनिज न्यास संस्थान द्वारा शिकायतों के निराकरण हेतु जारी टोल-फ्री नंबर, सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर तथा शीघ्र प्रारंभ हो रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी। कलेक्टर ने नागरिकों को मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की जानकारी देते हुए अधिक बिल होने पर इसका लाभ उठाने और सरचार्ज में छूट प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत घरों में सोलर ऊर्जा लगाने से अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याओं के समाधान हेतु शिविर में निःसंकोच आवेदन देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सभी की सहभागिता से कोरबा को स्वच्छ, बेहतर और सुरक्षित बनाने की बात कही। उन्होंने मोबाइल गुम होने पर पुलिस को सूचित कर सीईआईआर पोर्टल में जानकारी दर्ज कराने, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री की रोकथाम हेतु पुलिस को सूचना देने, छेड़छाड़ आदि की घटनाओं पर तत्काल शिकायत करने, घर से बाहर जाने पर पड़ोसियों को सूचित करने और सीसीटीवी लगाने की अपील की। निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने शिविर के आयोजन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों को पीएम आवास शहरी के अंतर्गत आवास की चाबी, भवन अनुज्ञा स्वीकृति, नवीन राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन तथा ट्रायसिकल का वितरण किया गया। इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

कोरबा
8 मई को सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में रिलीज़ होगी छत्तीसगढ़ी फिल्म – मोला लव होगे
कोरबा। अनुमोद फिल्मस के बैनर तले बनी फिल्म मोला लव होगे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत संपूर्ण छत्तीसगढ़ में 8 मई को रिलीज हो रही है। निर्माता निर्देशक अनुमोद राजवैध के अनुसार यह फिल्म छतीसगढ़ की सबसे अलभ रोमांटिक और पारिवारिक फिल्म होगी। फिल्म में नए-नए कलाकार डेब्यू कर रहे हैं, जैसे नायक के रूप में है छत्तीसगढ़ के नवोदित सुपरस्टार आयुष राजवैद्य जो छत्तीसगढ़ समेत राष्ट्रीय स्तर पर अपने अभिनीत नाटकों के जरिए पहले ही अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा चुके हैं। फिल्म की नायिका है भानुप्रतापपुर की तियंजली गोस्वामी जिनकी नायिका के रोल में यह पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म है। इसके साथ ही फिल्म में छत्तीसगढ़ के सुपरस्टार करन खान, रजनीश झांझी, संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, जागेश्वरी मेश्राम, विक्रम राज जैसे जाने-माने दिग्गज कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। छतीसगढ़ी फिल्मों में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर नए और पुराने कलाकारों का संगम देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के इतिहास में विगत 26 वर्षों में यह पहला अवसर होगा जिसमें सुपरस्टार करन खान और छत्तीसगढ़ के सशक्त अभिनेता रजनीश झांझी एक दूसरे के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी व पटकथा अनुमोद राजवैद्य ने लिखी है। फिल्म के संगीतकार हैं अनुग्रह मिडियन, प्रदीप साठिया, ओमकार चौहान ने और गानों को आवाज़ दी है शेख अमिन, अनुराम शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी , दीक्षा धनगर और दीपिका धनगर ने।
फिल्म के तीन गीत डोंट टचमाय गगरी, मोला मुम्बई घुमा दे राजा और नैना रे नैना को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। गीत बहुत ही कर्णप्रिय बने हैं जिनमें छत्तीसगढ़ की शानदार लोकेशन और सुंदर फिल्मांकन चार चांद लगा रहे हैं।
निर्माता निर्देशक अनुमोद राजवैद्य की छत्तीसगढ़ी फिल्म “बिदाई” के बाद यह दूसरी फिल्म है जबकि अनुमोद
फिल्म्स के बैनर तले ” मोला लव होगे” पहली फिल्म है।
इस फिल्म का पिक्चराइजेशन पूर्णतः छत्तीसगढ़ में ही किया गया है। फिल्म मोला लव होगे एक ऐसे युवा वर्ग का प्रतिनिधित्व करती है जो पढ़ा लिखा है और उसके बावजूद उसकी जड़ें पूरी तरह से अपने परिवार से जुड़ी हुई हैं। फिल्म में रोमांस, एक्शन, कॉमेडी, थ्रिल, सस्पेंस सभी कुछ है और फिल्म विशुद्ध रूप से पारिवारिक फिल्म है जिसे छत्तीसगढ़ की जनता अपने परिवार व बच्चों के साथ बैठकर आराम से देख सकती है। फिल्म 8 मई को छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख शहरों की टॉकीजों समेत सभी मल्टीप्लेक्स में एक साथ रिलीज होने वाली है।

कोरबा
SECL कुसमुंडा में भूविस्थापितों का हल्लाबोल, 5 घंटे थमे मशीनों के पहिए
प्रबंधन ने हेडक्वार्टर उच्च स्तरीय बैठक के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
कोरबा/कुसमुंडा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कुसमुंडा क्षेत्र में भूविस्थापितों ने अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सुबह आठ बजे से प्रदर्शनकारियों ने खदान में कोयला खनन और परिवहन कार्य में लगी मशीनों को रोक दिया। पांच घंटे तक चले इस चक्का जाम और उग्र प्रदर्शन के बाद प्रबंधन द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया ।

प्रमुख मांगें जिन पर हुआ आंदोलन

भूविस्थापितों ने अपनी समस्याओं के स्थायी निराकरण के लिए प्रबंधन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख बिंदु रखे:-
- अर्जन के बाद जन्म (नीति निर्धारण):- जमीन अधिग्रहण के बाद परिवार में जन्मे सदस्यों के लिए रोजगार और पुनर्वास की स्पष्ट नीति बनाई जाए ।
- लंबित प्रकरणों का निपटारा:- वर्षों से लंबित पड़े पुराने मामलों की फाइलें धूल फांक रही हैं, जिनका तत्काल निराकरण हो ।
- अवैध कब्जे पर अंकुश:- बलरामपुर दुरपा और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे गैर-कानूनी कब्जों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ।
- आउटसोर्सिंग में स्थानीय भागीदारी:- खदान में संचालित आउटसोर्सिंग कार्यों में स्थानीय भूविस्थापितों को प्राथमिकता दी जाए ।
प्रबंधन से वार्ता और सफलता

आंदोलन की उग्रता को देखते हुए कुसमुंडा प्रबंधन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने भूविस्थापितों की मांगों को जायज माना और निम्नलिखित आश्वासन दिए:-
उच्च स्तरीय बैठक:- पांच दिनों के भीतर CMD (बिलासपुर) स्तर पर एक आवश्यक बैठक आहूत की जाएगी जिसमें विस्थापितों की नीतिगत समस्याओं का स्थायी निराकरण खोजा जाएगा ।
तत्काल रोजगार:- कोयला और मिट्टी उत्खनन कार्य में लगी आउटसोर्सिंग कंपनियों में 15 भूविस्थापितों को स्थायी रूप से रोजगार देने की मांग पर प्रबंधन ने मुहर लगाई है, एक सप्ताह के भीतर इन्हें काम पर रखने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी ।
जिनके नेतृत्व में यह आंदोलन हुआ गोमती केवट ने क्या कहा, यह हमारे हक की लड़ाई है। प्रबंधन ने पांच दिनों के भीतर CMD स्तर की बैठक और 15 विस्थापितों को तत्काल रोजगार देने का भरोसा दिया है, यदि समय सीमा के भीतर वादे पूरे नहीं हुए तो आंदोलन और भी उग्र होगा ।
प्रबंधन के ठोस आश्वासन और सकारात्मक रुख के बाद दोपहर एक बजे भूविस्थापितों ने खदान का कार्य सुचारू रूप से चलने दिया और धरना समाप्त किया ।

कोरबा
डोंगानाला के स्वसहायता समूह को मिला 21 लाख रुपए का लाभांश
प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह के निर्देश पर वन विभाग ने किया भुगतान
2.55 करोड़ रुपए के वन औषधि उत्पादों की बिक्री से समूह को हुआ लाभ
कोरबा। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत डोंगानाला स्थित वन धन विकास औषधि प्रसंस्करण केंद्र से जुड़ी महिला स्वसहायता समूह हरि बोल को वन औषधि उत्पादों के विक्रय से 20 लाख 75 हजार रुपए का लाभांश प्राप्त हुआ है। राशि मिलने से समूह की महिलाओं में खुशी की लहर है और उनके चेहरे उत्साह से खिल उठे हैं।

समूह की सदस्यों ने इस उपलब्धि के लिए प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती निहारिका बारिक सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिनके निर्देश पर वन विभाग द्वारा लाभांश राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया।

उल्लेखनीय है कि वन धन केंद्र के माध्यम से तैयार हर्बल एवं वन औषधि उत्पादों का विक्रय नियमित रूप से किया जा रहा है। मार्ट के अलावा आयुष को भी बड़े पैमाने पर उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। केंद्र द्वारा आयुष को कुल 2 करोड़ 55 लाख रुपए के हर्बल उत्पादों का विक्रय किया गया, जिसमें हिंग्वाष्टक चूर्ण, शतावरी चूर्ण, अविपत्तिकर चूर्ण, शितोप्लादी चूर्ण एवं अर्जुनत्वक चूर्ण जैसे उत्पाद शामिल हैं।

प्रमुख सचिव श्रीमती सिंह ने 16 अप्रैल 2026 को कोरबा जिले के प्रवास के दौरान वन विभाग को निर्देश दिए थे कि विक्रय से प्राप्त राशि का लाभांश शीघ्रता से संबंधित स्वसहायता समूह को प्रदान किया जाए। उनके निर्देशों के परिपालन में यह राशि समूह के खातों में अंतरित की गई है।

लाभांश प्राप्त होने पर समूह की महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आय से उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक सशक्त बनेंगी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति भी आभार जताया है।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized7 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
