छत्तीसगढ़
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जीपीएम जिले को मिली न्यायिक विकास की बड़ी सौगात
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने किया वर्चुअल भूमि पूजन
पेंड्रारोड में आवासीय परिसर और मरवाही में बनेगा आधुनिक सिविल कोर्ट भवन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को बड़ी न्यायिक सौगात देते हुए पेंड्रारोड में न्यायिक कर्मचारियों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवासीय परिसर तथा मरवाही में नवीन सिविल कोर्ट भवन निर्माण कार्य का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण पहल से जिले की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित एनआईटी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि न्यायिक भवनों और आवासीय परिसरों का निर्माण आधुनिक सुविधाओं, सुरक्षा और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए किया जाए, ताकि यह निर्माण पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय बन सके।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की पोर्टफोलियो जज श्रीमती रजनी दुबे भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल रहीं। पेंड्रारोड में न्यायिक कर्मचारियों के लिए कुल 26 आवासों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 8 जी-टाइप, 10 एच-टाइप तथा 8 आई-टाइप आवास शामिल हैं। यह आवासीय परिसर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे न्यायिक कर्मचारियों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। वहीं मरवाही में बनने वाला नवीन सिविल कोर्ट भवन आधुनिक न्यायिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों न्यायिक सेवाओं का अधिक सुगम एवं व्यवस्थित लाभ मिल सकेगा।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश द्वारा वर्चुअली भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर पेंड्रारोड में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेशबाबू साहू एवं कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेशभर के न्यायाधीश भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।
कोरबा
शराब दुकान के बाहर मारपीट, युवक का जबड़ा टूटा:दो गुटों में झगड़ा, बीच-बचाव करने गए युवक पर 7-8 लोगों ने किया हमला, केस दर्ज
कोरबा। कोरबा में शराब दुकान के बाहर दो गुटों में हुई मारपीट में बीच-बचाव करने गए एक युवक का जबड़ा टूट गया। घटना बीती रात रामपुर बस्ती में हुई, जहां 7-8 लोगों ने युवक पर ईंट-पत्थर से हमला किया। घायल युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।

सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित 27 वर्षीय करण बरेठ मारुति एजेंसी में काम करता है। वह रात करीब 9:40 बजे ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी उसने रामपुर भट्टी के सामने तुलसीराम चौहान और रमेश एक्का को लड़ते देखा। रमेश के बुलाने पर करण वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा।



आरोपियों ने ईंट-पत्थर से करण के जबड़े पर किया हमला
इसी दौरान तुलसीराम के दोस्त बंटी चौहान, शुभम चौहान और 7-8 अन्य साथी कार और बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने करण और रमेश एक्का पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट-पत्थर से करण के जबड़े पर वार किया, जिससे वह पूरी तरह टूट गया।
हमलावर करण को वहीं छोड़कर रमेश एक्का को गाड़ी में बैठाकर ढेंगुरनाला पुल की ओर ले गए। सूचना मिलने पर करण के पिता राजेश बरेठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करण को खून से लथपथ पाया, जिसके सिर, कान और जबड़े में गंभीर चोटें थीं। करण को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन में जबड़ा टूटने की पुष्टि हुई।

शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
करण को पहले जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
राजेश बरेठ की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने बंटी चौहान, शुभम चौहान और अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR नंबर 419/26 दर्ज की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 3(5), 3(1)-BNS के तहत पंजीकृत किया गया है।
घायल युवक के पिता ने बताया कि शराब दुकान पर भीड़भाड़ के दौरान रमेश का शराब लेने को लेकर किसी युवक से विवाद हुआ था, जिसके बाद बाहर मारपीट शुरू हो गई।
कोरबा
कोरबा में खाद्य पदार्थों की जांच में सैंपल फेल:ADM कोर्ट ने 8 व्यापारियों पर 25 हजार से 1 लाख तक का जुर्माना लगाया
कोरबा। कोरबा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की जांच में सैंपल फेल होने पर कटघोरा और कोरबा ADM कोर्ट ने 8 व्यापारियों पर 25 हजार से 1 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया है। विभाग ने रायपुर लैब की रिपोर्ट के आधार पर यह प्रकरण ADM कोर्ट में प्रस्तुत किया था।

खाद्य एवं सुरक्षा विभाग समय-समय पर जांच अभियान चलाता है। इसी कड़ी में विभागीय अधिकारियों ने शहरी व उपनगरीय क्षेत्रों की दर्जन भर से अधिक राशन, मिष्ठान भंडार और डेयरी दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए थे। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए रायपुर स्थित लैब भेजा गया था।
लैब रिपोर्ट में कई खाद्य पदार्थों में खामियां पाई गईं, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया। इसके बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ ADM कोर्ट में प्रकरण प्रस्तुत किए गए।



ADM कोर्ट ने कई दुकानों और होटलों पर लगाया जुर्माना
ADM कोर्ट में सुनवाई के बाद दर्री स्थित स्वाद रेस्टोरेंट पर 1 लाख रुपए, जय कृष्ण डेली नीड्स पर 60 हजार रुपए, मुरली होटल पर 50 हजार रुपए, बीकानेर स्वीट्स पर 50 हजार रुपए, युवराज ट्रेडर्स पर 30 हजार रुपए, श्याम स्वीट्स जेलगांव पर 25 हजार रुपए, शुभम डेयरी उरगा पर 20 हजार रुपए और सुनीता डेयरी उरगा पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
इसके अतिरिक्त, बालाजी वाटन इंडस्ट्रियल एरिया, नेचुरल स्वीट्स निहारिका, निर्मल डेयरी कुसमुंडा, मां कालिका डेयरी कुसमुंडा, अपना मार्ट आरएसएस नगर, गीता एजेंसी सीतामणी और फोर सीजन रेस्टोरेंट सहित 6 अन्य दुकानों के खिलाफ भी प्रकरण तैयार किए गए हैं। इन मामलों पर जल्द सुनवाई होगी।


इसी क्रम में, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बुधवारी में चल रहे डिज्नीलैंड मेला का भी औचक निरीक्षण किया। टीम ने फूड कारोबारियों को नियमानुसार खाद्य लाइसेंस रखने, दर प्रदर्शित करने, कम मात्रा में फूड कलर का उपयोग करने और एमआरपी से अधिक मूल्य पर बिक्री न करने की समझाइश दी। नियमों की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़
बलरामपुर : ’अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 8 नग साल लट्ठा सहित पिकअप वाहन जब्त’
’दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए’

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर वनमंडल के अंतर्गत वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वनमण्डलाधिकारी आलोक वाजपेयी के निर्देशन तथा उप वनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल मानिकपुर अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि मानपुर क्षेत्र से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 9601 में साल प्रजाति के 8 नग लट्ठे (करीब 1.915 घनमीटर) लोड पाए गए। वाहन में सवार विष्णु गुप्ता एवं सर्वाेत्तम गुप्ता, निवासी ग्राम बानापती, लकड़ी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने वाहन सहित वनोपज को जब्त कर लिया।
प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।
कार्रवाई में वनपरिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना, वनपाल धनश्याम शर्मा, प्रहलाद तिवारी, वनरक्षक अजीत कुजूर, शिवशंकर सिंह, देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह एवं सुरेन्द्र सिंह ओइके सहित वन विभाग का अमला उपस्थित रहा।
-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized7 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
