सरगुजा, एजेंसी। अंबिकापुर शहर की अंदरूनी सड़कों की खस्ताहालत को लेकर मंत्री और सांसद की भी नेशनल हाईवे के अफसर नहीं सुन रहे हैं। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अफसर ढीठ हो चुके हैं। 15 दिन में सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का काम नहीं हुआ तो मैं रौद्र रूप दिखाऊंगी। जनता ने मुझे वोट दिया है और हमारी जिम्मेदारी है कि सड़कें ठीक हों।
दरअसल, अंबिकापुर शहर की प्रमुख सड़कें नेशनल हाईवे के तहत आती हैं। इनमें देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड और बिलासपुर रोड की सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों की बारिश के दौरान दुर्दशा हो गई थी। नेशनल हाईवे ने सदर रोड और देवीगंज रोड में पेंच रिपेयरिंग का कुछ काम कराया, लेकिन यह भी कुछ दिनों बाद उखड़ गई है। स्कूल रोड पर इतने गड्ढे हैं कि रोज हादसे हो रहे हैं।
बारिश के बाद निगम ने भी भरवाए थे गड्ढे।
भड़की महापौर, बोली- ढीठ अफसर नहीं सुन रहे
सड़कों की दुर्दशा को लेकर सर्वाधिक किरकिरी नगर निगम की हो रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार से शहर में विकास की गंगा बहाने के वादे के साथ निगम की सत्ता में आसीन भाजपा महापौर को रोज लोगों की खरी-खोटी सुननी पड़ रही है। लगातार हो रही किरकिरी से महापौर मंजूषा भगत भी अफसरों पर बिफरी हुई हैं।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि, कई बार सांसद (चिंतामणि महाराज), मंत्री (राजेश अग्रवाल) ने नेशनल हाईवे के अफसरों से बात की, लेकिन वे इतने ढीठ हैं कि सुन ही नहीं रहे हैं। पेंच रिपेयरिंग का टेंडर हो चुका है। यदि 15 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो मैं उग्र रूप दिखाऊंगी।
महापौर ने कहा कि जनता ने हमें वोट दिया है। शहर की सड़कें अच्छी हों, यह हमारी जवाबदेही है। नगर की जनता हमें टैक्स देती है। एनएच की सड़क है, तो हम अपना ठीकरा उन पर नहीं फोड़ सकते।
वन टाइम इम्प्रूवमेंट का प्रस्ताव
नेशनल हाईवे-43 पर लुचकी घाट से मनेंद्रगढ़ रोड पर रेलवे स्टेशन तक वन टाइम इम्प्रूवमेंट के तहत 44.82 करोड़ रुपए स्वीकृत किया गया है। इसके तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से गांधी चौक होते हुए देवीगंज रोड, सदर रोड से खरसिया चौक तक नई सड़क बनाई जाएगी। खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
वन टाइम इम्प्रूवमेंट के बाद सड़क नगर निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी। नेशनल हाईवे का यह काम भी शुरू नहीं हो सका है। कुछ स्थानों पर सिर्फ पेंच रिपेयरिंग का काम कराया गया है।
कोरबा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा सहित प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता, बुद्धि के देवता हैं। यह पावन पर्व हमें विवेक, सकारात्मक सोच, परस्पर प्रेम, भाईचारे और एकजुटता के साथ समाज एवं प्रदेश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान श्री गणेश से प्रार्थना की कि सभी के जीवन से विघ्न-बाधाओं का निवारण हो तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो। साथ ही समाज में आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता और मजबूत हो। “गणपति बप्पा की कृपा से हर घर में खुशियों का दीप जले, हर परिवार सुखी और समृद्ध हो तथा हमारा कोरबा एवं छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े—इसी मंगलकामना के साथ गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं।”
युवा शक्ति संगठन और ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा जनदर्शन ज्ञापन, 7 दिनों में कार्रवाई न होने पर उग्र जन-आंदोलन व PIL की चेतावनी
कोरबा/बिलासपुर। सीपत-कुली-खमहरिया मार्ग पर रोजाना उड़ती भयंकर धूल, जर्जर सड़क और भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही, अब मासूम स्कूली बच्चों के जीवन और आम ग्रामीणों की सांसों पर भारी पड़ रही है। इस सड़क पर हो रही मौतों और प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ युवा शक्ति संगठन एवं क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों कुली, खमहरिया, कुकदा, मडई, ऊनी, लुतरा, बछौद एवं सीपत ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर बिलासपुर को जनदर्शन में एक कड़ा ज्ञापन सौंपा है ।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर धूल नियंत्रण और सड़क निर्माण पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्र की पीड़ित जनता स्कूली बच्चे और जनप्रतिनिधि अहिंसक व लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जन-आंदोलन के लिए बाध्य होंगे ।
प्रमुख मुद्दे और धरातल की खौफनाक सच्चाई
धूल के गुब्बार से दम घुटता बचपन
प्राथमिक शाला कुली की कक्षाओं के अंदर दिनभर धूल भर रही है, जिससे बच्चों के फेफड़े आंखों और त्वचा पर गंभीर असर पड़ रहा है। वहीं खमहरिया हायर सेकंडरी स्कूल के पास उड़ती धूल के कारण दृश्यता (Visibility) शून्य हो जाती है, जिससे बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है ।
15 से अधिक निर्दोषों की मौत
बीते कुछ समय में केवल ग्राम कुली में ही इस जर्जर सड़क व भारी वाहनों के कारण 15 से अधिक ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हाल ही में दिनांक 06/09/2026 को इसी मार्ग पर एक 35 वर्षीया महिला ने अपनी जान गंवा दी ।
रू.19.84 करोड़ का टेंडर स्वीकृत फिर भी निर्माण ठप
PWD विभाग द्वारा सड़क निर्माण का कार्य स्वीकृत होने के बावजूद प्रारंभ नहीं कराया गया है, स्ट्रीट लाइट के अभाव में रात में हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है ।
ओवरलोडिंग और भ्रष्टाचार का खेल
25 टन क्षमता वाली ग्रामीण सड़क पर 55 टन भार की अनुमति देकर जनसुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। 18-पहिया वाहनों द्वारा हवा में पहिया उठाकर (Axle Lift) चलने से लीलागर नदी का पुल अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो चुका है ।
प्रशासनिक संवेदनहीनता
सीपत थाना प्रभारी (TI) और क्षेत्रीय तहसीलदार द्वारा स्थल निरीक्षण और सही रिपोर्टिंग न करने का आरोप है। अधिकारियों द्वारा रोज मर रहे लोग, यह कोई बड़ी बात नहीं, जैसी संवेदनहीन टिप्पणियां जनता के जख्मों पर नमक छिड़क रही हैं ।
ग्रामीणों व युवा शक्ति संगठन की प्रमुख माँगें
नियमित जल छिड़काव:- कुली से खमहरिया मार्ग पर टैंकरों द्वारा रोजाना कम से कम 4-5 बार अनिवार्य जल छिड़काव आज ही से शुरू हो ।
तत्काल सड़क निर्माण व नो-एंट्री:- स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ हो और स्कूली बच्चों के आवागमन के समय सुबह व शाम भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित नो-एंट्री किया जाए ।
सख्त जांच व कानूनी कार्रवाई:- PDPP Act सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत ओवरलोड व नियमविरुद्ध वाहनों पर कार्रवाई हो तथा शराबी व बिना लाइसेंस चालकों की सघन जांच हो ।
लापरवाह अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई:- कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने वाले PWD RTO माइनिंग अधिकारियों सीपत TI और तहसीलदार पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाए ।
मुआवजा:- 06/09/2026 की घटना में मृत महिला के परिजनों को तत्काल उचित शासकीय आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ।
आंदोलन एवं कानूनी जंग का ऐलान
युवा शक्ति संगठन के प्रतिनिधि अर्जुन वस्त्रकर ने कहा हम अपने बच्चों के फेफड़ों में जहर और सड़कों पर अपनों की लाशें और नहीं देख सकते। यदि 7 दिनों के भीतर जल छिड़काव और सड़क निर्माण पर काम शुरू नहीं हुआ, तो हम सड़कों पर उतरकर जन-प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही मानवाधिकार आयोग (NHRC) बाल संरक्षण आयोग एवं उच्च न्यायालय बिलासपुर में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी ।
हेमंत पाणिग्रही ने दिए प्रभावी मीडिया मैनेजमेंट के टिप्स, प्रियंका गिरी ने आगामी अभियानों की मीडिया रणनीति पर दिया जोर
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महिला मोर्चा के मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण मासिक वर्चुअल बैठक सोमवार को आयोजित हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, मीडिया कवरेज की रणनीति और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
वर्चुअल बैठक में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश शाश्वत, प्रदेश महामंत्री शीतल नायक सहित प्रदेश सहसंयोजक, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ताओं ने सहभागिता की।
मीडिया विभाग की सक्रियता की हेमंत पाणिग्रही ने की सराहना
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने महिला मोर्चा के मीडिया विभाग के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला मोर्चा का मीडिया विभाग संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की दिशा में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन के कार्यक्रमों को व्यापक जनसमर्थन और प्रभावी मीडिया कवरेज दिलाने के लिए मीडिया के साथ बेहतर समन्वय, समाचारों की प्रस्तुति में कसावट, तथ्यात्मकता और त्वरित संवाद बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रेस नोट को अधिक चुस्त, स्पष्ट, सटीक और समाचार माध्यमों के अनुरूप बनाने के साथ-साथ कार्यक्रमों की पूर्व सूचना, फॉलोअप और विजुअल कवरेज पर भी विशेष ध्यान देने के टिप्स दिए।
पाणिग्रही ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की यात्रा से जुड़े आयोजनों तथा आगामी जन्मदिवस के अवसर पर प्रस्तावित एक माह के कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में मीडिया की भूमिका को प्रारंभ से ही योजना का हिस्सा बनाकर बेहतर और प्रभावी कवरेज सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप देने पर चर्चा
बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रदेश संयोजक कमलेश शाश्वत ने अभियान को छत्तीसगढ़ में प्रभावी एवं व्यापक स्वरूप देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के संगठनात्मक क्रियान्वयन, कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के निर्धारण और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला मोर्चा द्वारा ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और परिवारों तक पहुंच बनाई जाएगी। जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान महिलाओं द्वारा रंगोली तैयार की जाएगी। छत्तीसगढ़ महतारी की विशेष रंगोली भी देशभर में आयोजित होने वाली रंगोली गतिविधियों के साथ केंद्रीय आयोजन का हिस्सा बनेगी।
विभा अवस्थी ने उत्साह के साथ भागीदारी का किया आह्वान
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने मीडिया विभाग की सक्रियता की सराहना करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी अभियानों में उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
प्रदेश महामंत्री शीतल नायक ने आगामी कार्ययोजना के जमीनी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने जिला एवं मंडल स्तर पर महिला मोर्चा की इकाइयों को सक्रिय एवं तैयार रहने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से संचालन हो सके।
प्रियंका गिरी के नेतृत्व में मीडिया विभाग की आगामी रणनीति
बैठक की आयोजक एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने प्रदेशभर से जुड़े मीडिया पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों की मीडिया रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिला मोर्चा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रियंका गिरी ने कहा कि महिला मोर्चा की प्रदेशभर में होने वाली गतिविधियों को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उसके उद्देश्य, जनभागीदारी और सामाजिक प्रभाव को भी प्रभावी तरीके से सामने लाना जरूरी है। उन्होंने जिला मीडिया टीमों से स्थानीय स्तर पर मीडिया संस्थानों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने, समय पर प्रेस नोट एवं समाचार सामग्री उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो कवरेज को व्यवस्थित रूप से साझा करने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रदेश की महिला मीडिया टीम द्वारा लगातार मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से आने वाले दिनों में महिला मोर्चा की गतिविधियों को और व्यापक मीडिया प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर समन्वय एवं प्रभावी मीडिया प्रबंधन का भरोसा दिलाया।
जिलों की मीडिया टीमों ने रखे सुझाव
मासिक वर्चुअल बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जिलों की मीडिया टीमों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जिला मीडिया प्रभारियों एवं प्रवक्ताओं ने आगामी आंगन मिलन सहित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए।
बैठक का समापन आगामी कार्यक्रमों को संगठनात्मक मजबूती, बेहतर जनसंपर्क और प्रभावी मीडिया कवरेज के साथ प्रदेशभर में सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।