Connect with us

कोरबा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सूचकांक में कोरबा जिले ने हासिल किया प्रथम स्थान

Published

on

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी के कुशल नेतृत्व में कोरबा जिले ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विभिन्न सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत् मॉनिटरिंग, टीम भावना, समर्पण तथा स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर मेहनत का परिणाम है। यह पूरे स्वास्थ्य विभाग कोरबा के लिए गौरव का विषय है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति को बढ़ाने के उद्देश्य से कुछ प्रमुख सूचकांकों को मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में शामिल किया गया है। साथ ही भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आउटपुट इंडिकेटर्स निर्धारित किए गए हैं। इन दोनों प्रमुख सूचकांकों को आधार बनाकर जिलों का स्वास्थ्य स्कोर कार्ड तैयार किया गया है। पचास बिंदुओं पर आधारित स्कोर कार्ड के अनुसार जिलों को विभिन्न श्रेणियों-ग्रीन, ऑरेंज, येलो और रेड में वर्गीकृत किया गया है। ग्रीन श्रेणी में कोरबा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों-मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं स्ट्रोक रोकथाम कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिकल सेल रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा डायलिसिस सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य संपादित किए गए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की गई। नियमित समीक्षा, जनजागरूकता अभियान एवं सतत स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से आमजन तक लाभ पहुँचाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम जिले की रैंकिंग में परिलक्षित हुए।

Continue Reading

कोरबा

उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की पहल

Published

on

कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर हुई बैठक
कोरबा, 25 अक्टूबर 2026। जिले में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री दुदावत ने औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनकी वर्तमान एवं भविष्य की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान उपलब्ध होने के बावजूद रोजगार नियोजन की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उद्योगों को आईटीआई से जोड़कर उनकी जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही, उद्योगों में युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने औद्योगिक संस्थानों से आगामी तीन वर्षों में आवश्यक ट्रेड और कुशल कार्यबल के संबंध में लिखित फीडबैक देने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई में आगामी पांच वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और उभरते ट्रेडों में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि औद्योगिक नीति के तहत उद्योग यदि अपनी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करते हैं, तो उद्योग स्थापना तथा प्रशिक्षण शुल्क में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ मिल सकता है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्योग संघ के अध्यक्ष, जिला रोजगार अधिकारी, लाईवलीहुड कॉलेज, जिले के आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रतिनिधि, सीपेट, मेडिकल कॉलेज और न्यू कोरबा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों सहित एनटीपीसी, बालको, अदाणी, एसीबी इंडिया एवं एसईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको के प्रतिनिधियों सहित अन्य उद्योगपति भी बैठक में शामिल हुए।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया निरीक्षण

Published

on

20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए रू.24 करोड़ से अधिक स्वीकृत; समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कोरबा, 25 अक्टूबर 2026। कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए डामरीकरण कार्य प्रारंभ हो गया है। उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने और निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।

उद्योग मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए रू.24 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर किया गया था। इसके बाद शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू हुआ।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से कराने और कार्य के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश दिए।
शहर के प्रमुख मार्गों के डामरीकरण से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और कोरबा के आधारभूत विकास को गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्रीमती रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, चंद्रलोक सिंह, मुकुंद कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

अंतरविद्यालयीन किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी का शानदार प्रदर्शन

Published

on

दो स्वर्ण एवं पाँच रजत सहित कुल सात पदक जीतकर विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
कोरबा। अंतरविद्यालयीन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026, कोरबा में एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल, मड़वारानी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण एवं पाँच रजत सहित कुल सात पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में दीपेश यादव एवं देव बरेठ ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए, जबकि अभिनव वैष्णव, धनराज पटेल, आयुष खांडेय, नितिश सिंह तंवर एवं विवेक दास महंत ने रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, दृढ़ संकल्प और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करते हुए उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करने तथा विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद्र अनंत ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।

इस शानदार सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने पदक विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल, मड़वारानी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677