समय सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश, कुल 123 आवेदन हुए प्राप्त
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर जांच कर गंभीरता से समय सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए हैं।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए, जिसके अंतर्गत नवीन अंत्योदय पात्रता कार्ड, वन पट्टे का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन, सीपेट में प्रवेश, स्कॉलरशिप, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, स्कूलों में मानदेय शिक्षक की भर्ती में अनियमितता की शिकायत जांच, जमीन का सीमांकन, बैटरी ट्राई साइकिल, बिजली बिल अधिक आने की शिकायत, अतिक्रमण पर कार्यवाही , सड़क मरम्मत, पेंशन दिलाने, मुआवजा सहित अन्य विषयों के आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निराकरण के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा/दीपका। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने चलती मालगाड़ी पर पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से उनके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान कोयला लोड करने जा रहे थे। मालगाड़ी जैसे ही दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, अज्ञात लोगों ने इंजन पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया। इसी दौरान एक पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर लगा। उन्हें गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा। इसके बाद चलती मालगाड़ी को तुरंत रोकना पड़ा।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी लोको पायलट ने अपने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही मालगाड़ी
पथराव के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रेलवे कर्मचारियों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं होती रहती हैं। इससे लोको पायलट और दूसरे कर्मचारियों की जान को खतरा रहता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पथराव करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा एसईसीएल कॉलोनी में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते बचा। नशे में धुत दो फोर व्हीलर चालकों की रेसिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल में जा घुसी।
हादसे में बाउंड्री वॉल टूट गई, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम कुसमुंडा कॉलोनी में दो फोर व्हीलर चालक नशे की हालत में रेसिंग कर रहे थे। दोनों वाहन एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश में तेज रफ्तार से चल रहे थे।
इसी दौरान एक बोलेरो का चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक हिस्सा टूट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मंदिर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
रेसिंग के दौरान सड़क पर चल रहे राहगीर भी बाल-बाल बचे। हादसे के बाद एक वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर भाग गया, जबकि बोलेरो चालक मौके पर ही नशे की हालत में पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और कॉलोनीवासियों की भीड़ जमा हो गई। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। अक्सर यहां युवक बाइक और फोर व्हीलर पर स्टंट करते और हंगामा मचाते हैं। कई बार ऐसी लापरवाही से हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
लोगों का कहना है कि शाम होते ही नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगता है और वे तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। आज तो बड़ा हादसा टल गया, लेकिन अगर समय रहते इन पर लगाम नहीं लगी तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
घटना की सूचना कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
ननद के निधन के बाद 9 वर्षों से उसके बच्चे को अपना दूध पिलाकर कर रही परवरिश, सरपंच ने श्रीफल, साड़ी एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मान
कोरबा/रामपुर। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नोनदरहा में ग्राम स्वास्थ्य समिति एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर माता यशोदा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत सरपंच पुनिराम राठिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समारोह में अपने ननद के निधन के बाद उसके बच्चे को अपने बच्चे की तरह अपनाकर पिछले नौ वर्षों से उसका पालन-पोषण करने वाली माता सनकुंवर राठिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती नीलाबाई कलमसिंह राठिया, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती त्रिवेणी राठिया, उपसरपंच विसातराम राठिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा पंच श्रीमती रतियानो बाई, गुड्डी बाई राठिया सहित ग्राम स्वास्थ्य समिति के सदस्य, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक श्रीमती गेंदबाई साहू ने माता यशोदा सम्मान समारोह की उपयोगिता एवं विश्व स्तनपान सप्ताह के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवजात शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिशु को जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध दिया जाना चाहिए तथा छह माह पूर्ण होने के बाद स्तनपान के साथ उपयुक्त ऊपरी आहार शुरू किया जाना चाहिए।
नौ वर्षों से निभा रही हैं मां का फर्ज
माता यशोदा सम्मान समारोह का उद्देश्य ऐसी माताओं के त्याग, ममता और समर्पण को सम्मान देना है, जो बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पालन-पोषण के लिए प्रेरणादायी भूमिका निभाती हैं। इसी भावना के तहत ग्राम नोनदरहा की श्रीमती सनकुंवर राठिया को सम्मानित किया गया।
बताया गया कि करीब नौ वर्ष पूर्व उनकी ननद का निधन हो गया था। उस समय उनके बच्चे की जिम्मेदारी परिवार के सामने एक बड़ी चुनौती थी। ऐसे कठिन समय में सनकुंवर राठिया ने बच्चे को अपने बच्चे की तरह अपनाया और अपने स्वयं के बच्चे के साथ उसे भी अपना दूध पिलाकर बड़ा किया। उन्होंने मातृत्व की भावना को केवल जन्म देने तक सीमित न रखते हुए ममता, त्याग और जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इस मानवीय एवं संवेदनशील कार्य के लिए सरपंच पुनिराम राठिया ने माता सनकुंवर राठिया को श्रीफल, साड़ी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती नीलाबाई कलमसिंह राठिया ने माता सनकुंवर को साड़ी भेंट की तथा बच्चे को नगद राशि देकर प्रोत्साहित किया। मितानिनों द्वारा भी बच्चे के लिए कपड़े भेंट कर सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया गया।
मां और बच्चे की देखभाल पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम श्रीमती प्रेमलता कंवर ने माताओं को स्तनपान के महत्व, मां एवं बच्चे की उचित देखभाल तथा शिशु के स्वस्थ विकास के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने माताओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, शिशु के पोषण पर ध्यान देने तथा छह माह तक केवल स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन मदन लाल श्रीवास, मितानिन प्रशिक्षक द्वारा किया गया। समारोह में प्रमुख रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुमारी सुमन यादव नोनदरहा ,मितानिन उर्मिला राठिया, दिलेश्वरी, अंबालिका, नीराबाई, रूखमणी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुरुति पटेल, महेश्वरी गोस्वामी, सक्रिय महिला रुकसाना बानो, रजनी राठिया सहित ग्राम स्वास्थ्य समिति के सदस्य, गर्भवती महिलाएं एवं शिशुवती माताएं उपस्थित रहीं।
समारोह में उपस्थित लोगों ने माता सनकुंवर राठिया के त्याग और ममता की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम ने न केवल स्तनपान के महत्व का संदेश दिया, बल्कि मातृत्व की संवेदना, त्याग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया।