रायपुर, एजेंसी। रायपुर से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव IAS अमित कटारिया के बीच चल रहा विवाद अब और बढ़ता नजर आ रहा है। सांसद के बाद मध्यप्रदेश की पूर्व सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयश्री बनर्जी भी इस मामले में सामने आई हैं।
जयश्री बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजकर अमित कटारिया के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जयश्री बनर्जी ने 5 अगस्त 2026 को लोकसभा अध्यक्ष को यह पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से उन्हें रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की ओर से IAS अमित कटारिया के खिलाफ की गई शिकायत की जानकारी मिली।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में लोकसभा सचिवालय की ओर से तथ्यात्मक जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा जयश्री बनर्जी ने 108 एंबुलेंस टेंडर की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जयश्री बनर्जी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
108 एंबुलेंस टेंडर में कथित गड़बड़ी का मुद्दा
पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी ने अपनी शिकायत में अमित कटारिया के स्वास्थ्य विभाग में कार्यकाल के दौरान 108 एंबुलेंस सेवा के टेंडर का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में कथित तौर पर नियमों की अनदेखी और अनियमितताओं के आरोपों की जांच कराने की मांग की है।
जयश्री बनर्जी ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा सीधे आम लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी है। ऐसे में टेंडर प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर हैं। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
बृजमोहन अग्रवाल का आरोप है कि स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने फोन पर उनसे कथित तौर पर कहा, “जो करना है कर लो।”
लोकसभा अध्यक्ष से तीन मांगें
जयश्री बनर्जी ने पत्र में लोकसभा अध्यक्ष से सांसद बृजमोहन अग्रवाल की शिकायत का संज्ञान लेने, अमित कटारिया के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने और जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार साबित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और जनप्रतिनिधियों के सम्मान की रक्षा के लिए इस मामले में उचित कदम उठाना जरूरी है।
अमित कटारिया के कथित व्यवहार को सांसद के विशेषाधिकार और केंद्र सरकार के प्रोटोकॉल से जोड़ते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
20 मई को फोन पर बातचीत के बाद शुरू हुआ विवाद
पूरे विवाद की शुरुआत 20 मई 2026 को हुई बताई जा रही है। बृजमोहन अग्रवाल का आरोप है कि स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने फोन पर उनसे कथित तौर पर कहा, “जो करना है कर लो।” सांसद के मुताबिक, जनहित से जुड़े उनके कई पत्रों और स्मरण पत्रों का लंबे समय से जवाब नहीं दिया जा रहा था।
इसके अगले दिन 21 मई को बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा अध्यक्ष को शिकायत भेजी। उन्होंने अधिकारी के कथित व्यवहार को सांसद के विशेषाधिकार और केंद्र सरकार के प्रोटोकॉल से जोड़ते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने कार्मिक मंत्रालय से मामले में तथ्यात्मक जानकारी मांगी। मामला सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से लेना चाहिए।
रायपुर 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और अध्यक्ष की नियुक्ति के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि सीजीपीएससी के अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शासकीय सेवाओं में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जल्द ही नए पदों के लिए वेकेंसी निकलेगी। युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था, विशेष कीर्तन समागम में हुए शामिल
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा, सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का भी होगा निर्माण
गुरु नानक देव जी का प्रेम, समानता और मानवता का संदेश संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री साय
गढ़फुलझर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजकर पवित्र धाम के रूप में किया जाएगा विकसित
महासमुंद 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा महासमुंद जिले का गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। इस पवित्र स्थल को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। गढ़फुलझर का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रद्धा, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बने। मुख्यमंत्री श्री साय आज महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग पांच शताब्दी पूर्व उनके आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग इस क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सभी समुदायों की भावनाओं से जुड़े इस स्थल का समग्र विकास किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि गढ़फुलझर एक ऐसे पवित्र धाम के रूप में प्रतिष्ठित हो, जहां आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश भी प्रसारित हो।
’नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा’
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन तथा सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में और सुदृढ़ होगी।
’गुरु नानक देव जी के आदर्शों में समाहित है मानव कल्याण का मार्ग’
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समूची मानवता के कल्याण का संदेश है। श्सरबत दा भलाश् की भावना हमें सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज की सेवा भावना, परिश्रम और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और मानवीय एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेद नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है, जो समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण बना रहे, यही हमारा संकल्प है।
’गढ़फुलझर की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। छत्तीसगढ़ की धरती जहां भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में विख्यात है, वहीं गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर भी प्रदेश की समृद्ध धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष महत्व प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं से नानकसागर एवं गढ़फुलझर के विकास को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक होगी।
इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
रायपुर, एजेंसी। रायपुर में AICC सचिव नियुक्त होने के बाद पूर्णचंद (कोको) पाढ़ी पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए, आतिशबाजी की गई और समर्थकों ने नारे लगाए। एयरपोर्ट से शहर पहुंचने के रास्ते में भी अलग-अलग जगहों पर उनका स्वागत किया गया।
कोको पाढ़ी की नियुक्ति के बाद उनके पहले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। स्वागत के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
पूर्णचंद पाढ़ी ने अपनी राजनीतिक शुरुआत युवा कांग्रेस से की थी। उन्होंने ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया। इसके बाद भानुप्रतापपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष और कांकेर लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित हुए। संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया।
वर्ष 2018 में उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 2022 में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और संगठन प्रभारी बनाए गए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों में जिम्मेदारी निभाई।
अब AICC सचिव के साथ ओडिशा के सहप्रभारी
हाल ही में पार्टी की चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार के बाद उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें ओडिशा का सहप्रभारी भी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति को युवा कांग्रेस के संगठनात्मक सफर से राष्ट्रीय कांग्रेस में मिली नई जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान PCC संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश लखमा, अशरफ हुसैन, अजीत कुकरेजा, प्रशांत बोकाडे, आशीष अवस्थी, सत्येंद्र चेलक और जीशान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और समर्थक मौजूद रहे।