कोरबा/पाली। पाली के वरिष्ठ युवा कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि नगर पंचायत पाली के वार्ड क्रमांक 10 आरामिल मोहल्ला निवासी अनिल गुप्ता की माताश्री श्रीमती जानकी गुप्ता का बितीरात 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। आज उनका अंतिम संस्कार स्थानीय मुक्तिधाम में किया जा रहा है। श्रीमती जानकी गुप्ता सेवानिवृत्त प्रधानपाठक मदनलाल गुप्ता की धर्मपत्नी हैं। श्रीमती जानकी गुप्ता पति, पुत्र सहित भरापूरा परिवार रोता बिलखता देवलोक गमन कर गई। 11 बजे उनके पार्थिव शरीर के लिए अंतिम यात्रा निज निवास से मुक्तिधाम के लिए प्रारंभ हो गई है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पाली सहित आसपास के लोग शामिल हो रहे हैं।
अटल जी की पुण्यतिथि पर भाजपाइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा अटल परिसर में श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की व अटल परिसर में प्रदर्शित पट चित्रों का अध्ययन एवं अवलोकन कर श्रद्धेय वाजपेई जी के जीवन और विचारों से प्रेरणा प्राप्त की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अटल जी के राष्ट्रनिर्माण में योगदान, उनके आदर्शों, विचारों और सुशासन की प्रतिबद्धता को स्मरण किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, योगेश जैन, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, प्रिती स्वर्णकार, राकेश नागरमल अग्रवाल, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, सूरज पांडेय, राजेश लहरे, अजय चंद्रा, प्रकाश अग्रवाल, मोंटी पटेल, संजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और सुशासन को नई दिशा दी। उनका जीवन, व्यक्तित्व और विचार सदैव देशवासियों तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कोरबा। 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के ट्रांसपोर्टनगर स्थित तिलक भवन परिसर में ध्वजारोहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
ध्वजारोहण से पूर्व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सम्माननीय सदस्यों द्वारा भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। तत्पश्चात प्रातः 9:00 बजे पूरी गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात उपस्थितजन ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा तिलक भवन परिसर गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप-सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य नवाब हुसैन, राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू) समेत प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, पूर्व सचिव मनोज ठाकुर, पूर्व उपाध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर, वरिष्ठ सदस्य विजय खेत्रपाल, लक्ष्मीकांत जोशी, सुशील दास, रवि पी सिंह, सुखसागर मन्नेवार, दीपक जैन, अरविन्द पाण्डेय, राजेश कुमार, विजय सिंह, युधिष्ठिर राजवाड़े, मधु डिडवानिया, कैलाश यादव, कृष्णा राठौर, प्रीतम जायसवाल, रेनू जायसवाल, मुस्कान भंडारी, निर्मला राठौर, प्रतिमा सरकार, आशा सिंह, भुवनेश्वर महतो, संजीत सिन्हा, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य नीलम दास पड़वार, अंकित सिंह, राजा मुखर्जी, संदीप केशरवानी, रमेश वर्मा, अनूप स्वर्णकार, विकास निर्मलकर, गयानाथ मौर्य, विमल मित्तल, राजीव प्रजापति, राजेश प्रजापति, राजेश प्रजापति, जीवन चौहान, शैलेश भावनानी, संतोष दीवान एवं अन्य सदस्य, उनके परिवारजन, पत्रकार साथी, कन्हैया पटेल, अनीस प्रसाद, रघु, अजय डहरिया समेत बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में क्लब के केयर टेकर गुणसागर महिलांगे एवं स्वच्छता मित्र मोहन राव का विशेष सहयोग रहा।
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने कई जगह भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बना डिप्रेशन अभी सक्रिय है। इसके असर से अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
कोरबा में लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% पहुंच गया है। एहतियातन 5 गेट खोलकर 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा गया। इसके बाद प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।
पिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हुई। कुसमी में सबसे ज्यादा 180 मिमी (7.1 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। दौरा कोचली, बिहारपुर और प्रतापपुर में 130-130 मिमी (5.1-5.1 इंच) बारिश हुई।
3005 क्यूसेक पानी यानि करीब 85 हजार लीटर पानी छोड़ा गया है।
मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48% पहुंच गया है।
कोरबा के इन गांवों में बाढ़ का अलर्ट
मिनीमाता बांगो डैम के 5 गेट खोले जाने के बाद प्रशासन ने जिले के 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। इनमें बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।
अगले 2 दिन इन इलाकों में ज्यादा असर
मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
ओवरऑल छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी (26.3 इंच) बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिमी (28.9 इंच) होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक 65.6 मिमी (2.6 इंच) कम बारिश हुई है।
बारिश में कमी का स्तर -9 प्रतिशत है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की कुल बारिश अभी सामान्य श्रेणी में है।
शियर जोन का मतलब जानिए
शियर जोन वायुमंडल में वह इलाका होता है जहां अलग-अलग ऊंचाई पर चलने वाली हवाओं की दिशा या रफ्तार में फर्क होता है। यानी नीचे की हवा जिस दिशा में चल रही है, उससे ऊपर की हवा की दिशा या स्पीड अलग हो सकती हैइससे वातावरण में हवा का सिस्टम अस्थिर होता है और बादल बनने तथा बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।
नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश
जिलेवार देखें तो नारायणपुर में सबसे ज्यादा 1043.9 मिमी (41.1 इंच) बारिश दर्ज हुई है। यहां सामान्य बारिश 780.7 मिमी (30.7 इंच) है, यानी सामान्य से 34 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 948.2 मिमी (37.3 इंच), बीजापुर में 870.6 मिमी (34.3 इंच), जांजगीर में 857.3 मिमी (33.8 इंच) और महासमुंद में 835.6 मिमी (32.9 इंच) बारिश हुई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां सामान्य बारिश 598.2 मिमी (23.6 इंच) के मुकाबले 948.2 मिमी (37.3 इंच) बारिश दर्ज हुई। यानी बारिश 59 प्रतिशत ज्यादा रही। इसके बाद नारायणपुर में 34 प्रतिशत, मुंगेली में 32 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 28 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत और जांजगीर में 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।
सरगुजा में सबसे ज्यादा कमी
प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश की कमी सरगुजा में 51 प्रतिशत है। यहां सामान्य 773.2 मिमी (30.4 इंच) के मुकाबले सिर्फ 379.6 मिमी (14.9 इंच) बारिश हुई है। इसके बाद जशपुर में 45 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत, कांकेर में 35 प्रतिशत, सूरजपुर में 22 प्रतिशत और बस्तर तथा कबीरधाम में 21-21 प्रतिशत कमी है।
रायपुर में सामान्य से 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश
राजधानीरायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिमी (28.7 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 641.9 मिमी (25.3 इंच) है। यानी 85.9 मिमी (3.4 इंच) ज्यादा बारिश हुई है और बारिश सामान्य से 13% अधिक है। प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, 6 जिलों में सामान्य से ज्यादा और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।