Connect with us

कोरबा

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

Published

on

जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में अपना योगदान देना शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि – श्रीमती रेखा विजय अग्रवाल
कोरबा। ग्राम खरहरकुड़ा मड़वारानी में संचालित सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालय नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल में कोरबा की प्रसिद्ध समाजसेविका श्रीमती रेखा विजय अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य एवं विद्यालय की चेयरमेन श्रीमती खूशबु आशीष अग्रवाल व सचिव श्रीमती आरती विकास अग्रवाल के विशिष्ट आतिथ्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरीमामय आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शोमा सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भारत माता, महात्मा गांधी औंर मॉ सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीपप्रज्ज्वलन कर माल्यार्पण किया गया और तैल्यचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। तत्पश्चात् अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण होते ही राष्ट्रीयगीत एवं राष्ट्रगान के साथ भारत माता की जय की गूंज सुनाई दी। अतिथियों को मंच पर आमंत्रित कर पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। स्वागत पश्चात् विद्यालय के बच्चों द्वारा राजकीय गीत एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शोमा सोनी ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुये बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के लिए अंग्रेजी, हिन्दी और संस्कृत भाषा में भाषण प्रस्तुत किया गया। वहीं बच्चों द्वारा देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दिखाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी। सांस्कृतिक कार्यक्रम पश्चात् कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्रीमती आरती विकास अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हमें अमर शहीदों को स्मरण कर उनकी नीतियों, सिद्वॉतों, व्यवहारों को आत्मसात करते हुये राष्ट्र निर्माण में सहयोग देना चाहिए। तत्पश्चात् विद्यालय की चेयरमेन श्रीमती खूशबू आशीष अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आजादी पाना जितना कठिन था, उसकी रक्षा करना उतनी ही बड़ी हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। नशामुक्त भारत एक राष्ट्रव्यापी पहल और संकल्प है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम स्वयं को और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। जिसके लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों, छात्रों ने नशामुक्त भारत के लिए संकल्प लिया। इसके बाद कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा विजय अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि लायंस पब्लिक स्कूल में बच्चों को अनुशासन और नैतिकता की शिक्षा दी जाती है, यह अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा है। शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिकता से ही हम अपने देश के विकास में सहयोग दे सकते हैं। यही हमरी ओर से वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राष्ट्रीय पर्व हम भारतीयों में एक जोश, उत्साह, उमंग और एक नई चेतना का संचार करता है। विद्यार्थियों से यही अपेक्षा करती हंूॅ कि वे अपने गुरूजनों से उचित मार्गदर्शन पाकर भारत के निर्माण में एकता और अखंडता का परिचय देते हुये राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें। विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। अंत में सभी को मिष्ठान वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपप्राचार्या श्रीमती मनोरमा शर्मा, एकेडमिक हेड सुभाष चंद अनंत, लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के सदस्य, शिक्षणगण, छात्रगण, अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

विष्णु भैया की सरकार में किसानों का बढ़ा भरोसा, कृषक चन्द्रहास त्रिपाठी ने सहज धान खरीदी पर जताई खुशी

Published

on

घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुआ धान विक्रय, समय की बचत के साथ खत्म हुई अनावश्यक भागदौड़

21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि, छोटे किसानों को मिलेगा पूरा लाभ

कोरबा 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की सुविधा, समृद्धि और खुशहाली को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी महाअभियान में किसानों को घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा से लेकर उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलने के साथ ही समय की बचत हो रही है और धान विक्रय की प्रक्रिया पहले से अधिक सहज बन रही है।
राज्य सरकार की इसी किसान हितैषी व्यवस्था का लाभ कोरबा जिले के कटघोरा पुरानी बस्ती निवासी कृषक चन्द्रहास त्रिपाठी, पिता मुरारी लाल त्रिपाठी को भी मिल रहा है। श्री त्रिपाठी ने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर आज कटघोरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर 20 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्हें टोकन प्राप्त करने से लेकर उपार्जन केंद्र में धान विक्रय करने तक किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
श्री त्रिपाठी बताते हैं कि वे एक छोटे किसान हैं और उनके पास लगभग एक एकड़ से कुछ अधिक कृषि भूमि है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने लगभग 17 क्विंटल धान का विक्रय किया था। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित हुई है। पहले टोकन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए उपार्जन केंद्र तक आने-जाने में समय लगता था, लेकिन अब घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त होने से उन्हें इस अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है। निर्धारित तिथि की जानकारी होने से वे अपनी सुविधा के अनुसार धान की तैयारी कर सीधे उपार्जन केंद्र पहुंच पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि धान लेकर केंद्र पहुंचने पर भी उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों का सहयोग भी मिलता है। इससे धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही है। श्री त्रिपाठी के अनुसार, किसानों को मिलने वाली इन सुविधाओं से उनका समय बच रहा है और बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ ही आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। विशेष रूप से 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान विक्रय करने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान किए जाने का निर्णय उनके जैसे छोटे किसानों के लिए काफी लाभकारी है। कई बार छोटे किसानों की उपज निर्धारित सीमा से कम होती है, ऐसे में इस निर्णय से उन्हें भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा और मजबूत होगा।
कृषक चन्द्रहास त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु भैया की सरकार में किसानों को अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं। घर बैठे ऑनलाइन टोकन की सुविधा, उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों से धान विक्रय का कार्य आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहल से छोटे और सीमांत किसानों को भी काफी राहत मिल रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

Continue Reading

कोरबा

विस्थापित ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे:3 दिन में गांव खाली कराने का आरोप, बोले-6 जगह बसाया, लेकिन सड़क-पानी जैसी सुविधाएं नहीं मिली

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन और SECL कुसमुंडा प्रबंधन के खिलाफ दंडवत न्याय यात्रा निकाली। ग्रामीण सड़क पर लेटकर घंटाघर अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

उनका आरोप है कि एसईसीएल ने बिना बसाहट की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया और परिवारों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसा दिया। विस्थापन के बाद से इन जगहों पर सड़क, पानी, नाली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं।

उन्होंने कहा कि तूफान और बारिश में अस्थायी मकान टूट गए। ऐसे में ग्रामीणों ने जल्द सुविधाएं देने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर खदान बंद कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

वहीं, SECL प्रबंधन का कहना है कि विस्थापित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास एसईसीएल की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों में सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें, उनका समाधान संवाद से किया जाएगा।

विस्थापित ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली।

विस्थापित ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली।

ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

ग्रामीण सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

ग्रामीणों ने घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की।

ग्रामीणों ने घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की।

सड़क पर दंडवत होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने सोमवार सुबह 10 बजे घंटाघर अंबेडकर चौक से दंडवत न्याय यात्रा शुरू की। वे हाथों में आवेदन लेकर सड़क पर दंडवत होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यात्रा देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

6 जगहों पर बसाया, लेकिन नहीं मिलीं बुनियादी सुविधाएं

ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने बिना रहने की व्यवस्था किए महज 3 दिन में गांव खाली करा लिया। इसके बाद गांव के लोगों को 6 अलग-अलग जगहों पर बसाया गया। विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

ग्रामीणों के मुताबिक, इन जगहों पर सड़क, नाली, पीने का पानी, चारागाह, मुक्तिधाम, देव स्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान, सार्वजनिक शौचालय और मवेशी शेड की व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि कई बैठकों में एसईसीएल प्रबंधन ने मकान किराया देने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली।

आरोप है कि विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

आरोप है कि विस्थापन के बाद से किसी भी बसाहट स्थल पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी गईं।

तूफान और बारिश में टूटे अस्थायी मकान

ग्रामीणों ने बताया कि बसाहट स्थलों पर बनाए गए झोपड़ीनुमा अस्थायी मकान हाल के चक्रवाती तूफान और बारिश में टूट गए। पक्के मकान बनाने के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है।

उनका कहना है कि खदान के पहाड़ के किनारे हाई वॉल नहीं बनाई गई है। इसके कारण पहाड़ से मलबा और पानी निर्माणाधीन मकानों में घुस रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार चक्रवात, भारी बारिश और ठंड में भी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। महिलाओं और पुरुषों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी।

ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी।

कई बार आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि बसाहट स्थलों पर सुविधाएं देने की मांग को लेकर उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन दिए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

उन्होंने 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना पहले ही कलेक्टर और एसपी को दे दी थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही बसाहट स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे खदान बंद कर आंदोलन करेंगे।

एसईसीएल बोला- विस्थापितों का सम्मानजनक पुनर्वास प्राथमिकता

इस मामले में एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार एसईसीएल के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है।

पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।

ग्रामीणों को अगर कोई समस्या है तो संवाद और समन्वय के जरिए उसका समाधान किया जाएगा। हम ग्रामीणों से अपील करते हैं कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करें।

Continue Reading

कोरबा

सीएनसी डॉ. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग के क्रियाकलापों की सराहना की

Published

on

सीएनसी डॉ. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग के क्रियाकलापों की सराहना की

  • भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ का एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह आयोजित

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ राज्य में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूल भावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा 19 नवंबर को रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में डॉ. खंडेलवाल ने खरगोश और कछुए की कहानी के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति, निरंतर प्रयास और धैर्य का संदेश रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और युवाओं को सेवा एवं नेतृत्व के अवसर प्रदान करना स्काउटिंग के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। विशिष्ट अतिथि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के संपादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी अपना उद्बोधन दिया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ निरंतर नए आयाम स्थापित करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने राज्य में संचालित स्काउटिंग गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष जी. स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं श्रीमती सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677