जांजगीर-चांपा। में लिफ्ट देने के बहाने युवक को रास्ते में रोककर चाकू दिखाकर लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से जबरन 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उसका मोबाइल भी छीन लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल चाकू और पेचकस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, कन्हाईबंद निवासी मुकेश पटेल ने नैला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह नैला की देसी शराब दुकान गया था। वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी।
पुलिस ने लूटा मोबाइल, चाकू और पेचकस बरामद किया
रास्ते में बाइक रुकवाकर दिखाया चाकू
कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवकों ने बाइक रुकवाई और मुकेश को चाकू दिखाकर रुपए मांगने लगे। मुकेश के पास नकद रकम नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया।
इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए जबरदस्ती 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। वारदात के बाद दोनों मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
तकनीकी जांच से दोनों आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत के बाद नैला चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर शरद कुमार सूर्यवंशी (23) और भानुप्रताप सूर्यवंशी (23) ने लूट और मारपीट की वारदात कबूल कर ली।
मोबाइल, चाकू और पेचकस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुकेश का 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और पेचकस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभनपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी एवं सिद्धार्थ शंभू के साथ सुनी ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी
प्रधानमंत्री देशवासियों के असाधारण कार्यों और नवाचारों को दे रहे राष्ट्रीय पहचान: मुख्यमंत्री साय
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और नवाचारों का निरंतर उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय – मुख्यमंत्री साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी एवं सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं। ऐसे प्रेरक उदाहरण देशवासियों में समाज और राष्ट्र के लिए कुछ नया करने का भाव जागृत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कडि़यों में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं, जल संरक्षण, पोषण और नवाचार से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता से स्थान दिया है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का उल्लेख कर बस्तर की खेल प्रतिभाओं एवं समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दी है। आज शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा बस्तर अपनी युवा प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरिया जिले में जल संरक्षण के अभिनव ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ की भी सराहना की है, जिसके तहत किसान अपनी भूमि के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। इससे सिंचाई के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। इसी प्रकार ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण से जुड़े ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का उल्लेख छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी में कार्यक्रम की 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देश के सामान्य नागरिकों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती और बुनकरी से महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान और खादी की बढ़ती लोकप्रियता जैसे प्रेरक प्रयासों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने ई-संजीवनी, आधुनिक अनुसंधान, युवाओं के डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व को भी रेखांकित किया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में सहभागिता, स्वच्छता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार हमें अपने आसपास हो रहे सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देते हैं। ‘मन की बात’ ने स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, नवाचार, सेवा और जनभागीदारी को जन-जन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। इन्हीं सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ और देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ेंगे। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत रविवार को दुर्ग में संयुक्त प्रेसवार्ता की। इसमें पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची से हटाए गए 13.3 करोड़ नाम वापस जोड़ने और मतदाता सूची की जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शन की तैयारी तेज हो गई है। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश ठाकुर ने दुर्ग में पत्रकारवार्ता लिया। राजेश ठाकुर ने कहा कि, नौकरानी हो या अंबानी, सबको बराबर वोट डालने का अधिकार मिले।
इस दौरान दावा किया कि रैली में 10 लाख से ज्यादा लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि देशभर में 208 पर्यवेक्षक बनाए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जुटाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दुर्ग सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे।
दुर्ग में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान ठाकुर ने मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सदन से सड़क और न्यायालय तक लड़ाई लड़ेगी। उनके मुताबिक, हर नागरिक को वोट देने का समान अधिकार मिला है और पार्टी इसे छिनने नहीं देगी।
प्रेसवार्ता में एआईसीसी पर्यवेक्षक और झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, सुबोध हरितवाल, आरएन वर्मा, दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।
दुर्ग के कांग्रेस भवन में पत्रकारों को संबोधित करते राजेश ठाकुर।
भाजपा के बड़े नेताओं के उतरने पर कसा तंज
राजेश ठाकुर ने कहा कि पहले भाजपा के प्रवक्ता इस मुद्दे पर जवाब देते थे, लेकिन अब रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पता चलता है कि कांग्रेस के उठाए सवालों का असर हो रहा है।
ठाकुर ने कहा कि देश को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस की भी है और इसी उद्देश्य से पार्टी दिल्ली में पूरी ताकत के साथ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि लोगों में मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर चिंता है और आम लोग भी इस अभियान से जुड़ रहे हैं। ठाकुर ने पीलीभीत मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां दो लोगों के निलंबन से भी सवाल उठते हैं।
एसआईआर पर बोले- सिर्फ चुनाव आयोग की बात मानना काफी नहीं
चुनाव आयोग के इस तर्क पर कि एसआईआर के जरिए मृत, अपात्र और अवैध रूप से दर्ज नाम हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस को नाम हटाने की प्रक्रिया से नहीं, बल्कि उसमें कथित गड़बड़ियों से आपत्ति है। उन्होंने फॉर्म-6 के इस्तेमाल और फैसले लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा के बीच मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने के मामलों की जांच होनी चाहिए और जिन लोगों के वोट काटे गए हैं, उन्हें उनका अधिकार वापस मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब हो या अमीर, हर नागरिक के वोट का समान महत्व है।
व्यापारियों से रैली में सहयोग की अपील
दिल्ली में प्रस्तावित रैली से व्यापारियों को होने वाले नुकसान की आशंका पर ठाकुर ने कहा कि एक दिन के कार्यक्रम से व्यापार को कितना नुकसान होगा, इस पर सवाल उठाने के बजाय वोट के अधिकार की चिंता भी करनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से भाजपा और आरएसएस के एजेंडे के दबाव में नहीं आने और रैली में सहयोग करने की अपील की।
ठाकुर ने कहा कि यदि किसी व्यापारी पर दबाव बनाया जाता है, तो राहुल गांधी उनके साथ खड़े होंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की यह लड़ाई केवल पार्टी की नहीं, बल्कि नागरिकों के मताधिकार की है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
महाराष्ट्र में कुछ महीनों में 39 लाख मतदाता बढ़ने का दावा
पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि बेंगलुरु के महादेवपुरा क्षेत्र में 5 तरह की गड़बड़ियों के जरिए 1 लाख 250 मतदाताओं के वोट प्रभावित होने का आरोप है। इनमें गलत तस्वीरों, आवेदन पत्रों के गलत इस्तेमाल और संदिग्ध नामों का मामला शामिल है।
चौबे ने दावा किया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच कुछ महीनों में 39 लाख मतदाता बढ़ गए, जबकि इससे पहले के पांच साल में 32 लाख मतदाता बढ़े थे। उन्होंने मतदाता सूची से हटाए गए नामों को वापस जोड़ने और सभी राजनीतिक दलों को पूरा आंकड़ा डिजिटल रूप में देने की मांग की।
चलाया जाएगा वोट रक्षक अभियान- राकेश ठाकुर
सुबोध हरितवाल ने चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने वाले प्रावधानों पर सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
वहीं दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में वोट रक्षक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत घर-घर संपर्क और चौपाल के जरिए उन लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। प्रभावित लोगों को कानूनी मदद देने की भी बात कही गई।
दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात युवाओं के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला भिलाई के अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी सोच, मेहनत और नए विचार ही भारत के भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। युवाओं को अपनी क्षमता पहचानकर देश और समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।
भिलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में शामिल हुए पदाधिकारी।
डॉ. सरोज पांडेय ने कहा कि आज का दौर तेजी से बदलती तकनीक और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल किताबी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें नए कौशल सीखने, तकनीक को समझने और अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने पर भी ध्यान देना होगा। लगातार सीखने की आदत, अनुशासन और आत्मविश्वास से युवा अपने लिए नए अवसर बना सकते हैं।
असफलताओं से सीखें, चुनौतियों से न घबराएं
डॉ. पांडेय ने विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है कि वे अपने लक्ष्य तय करें और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करें। केवल अपने करियर के बारे में सोचना ही काफी नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। युवा समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए पहल कर सकते हैं। जनहित के कामों में भाग लेना, लोगों के प्रति जिम्मेदारी निभाना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना भी देश सेवा का हिस्सा है।
युवाओं को अपनी बात रखने का मंच देना उद्देश्य
भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कहा कि मन की बात युवाओं के साथ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनना है। युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मक सोच को सही दिशा देने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। इससे उन्हें अनुभवी लोगों से मार्गदर्शन मिलता है और वे सामाजिक व राष्ट्रीय जिम्मेदारियों को समझ पाते हैं।