Connect with us

कोरबा

रंजना में मातृत्व और सेवाभाव का सम्मान, 9 माताओं को मिला ‘माता यशोदा सम्मान’

Published

on

विश्व स्तनपान दिवस पर ‘मातृ दुग्ध दान, ममता सर्वोच्च सम्मान’ का दिया संदेश

कोरबा/कटघोरा। विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर विकासखंड कटघोरा के ग्राम आदर्श पंचायत रंजना में स्वस्थ्य मितानिन कार्यक्रम के तत्वावधान में ‘माता यशोदा सम्मान समारोह—मातृ दुग्ध दान, ममता सर्वोच्च सम्मान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ दुग्ध के महत्व, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य शिशु को जन्म के बाद छह माह तक केवल स्तनपान कराने के लिए माताओं को प्रेरित करना, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना तथा समाज और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना रहा।

जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी माताओं एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

मां का दूध शिशु के स्वस्थ भविष्य की पहली नींव : रुक्मणी यादव

ब्लॉक समन्वयक श्रीमती रुक्मणी यादव ने माता यशोदा के वात्सल्य का उदाहरण देते हुए कहा कि मां और बच्चे के बीच प्रेम, ममता एवं भावनात्मक जुड़ाव स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। मातृत्व त्याग, ममता और जिम्मेदारी का प्रतीक है तथा माताओं का सम्मान वास्तव में मातृत्व का सम्मान है।

छह माह तक केवल स्तनपान जरूरी : वंदना गुप्ता

जिला समन्वयक मितानिन सुश्री वंदना गुप्ता ने कहा कि शिशु को जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध दिया जाना चाहिए। इसके बाद पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना बच्चे के बेहतर विकास के लिए लाभकारी है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मितानिनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

स्तनपान को लेकर भ्रांतियां दूर करने पंचायत स्तर पर हो जागरूकता : राजेश यादव

भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्तनपान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए पंचायत स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। मातृ दुग्ध केवल शिशु का पोषण नहीं, बल्कि उसके स्वस्थ भविष्य की पहली नींव है। स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज का आधार है।

मां का दूध प्रकृति का सर्वोत्तम आहार : रवि रजक

जिला पंचायत प्रतिनिधि रवि रजक ने कहा कि मां का दूध बच्चे के लिए प्रकृति का सर्वोत्तम आहार है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रत्येक मां को स्तनपान के महत्व की सही जानकारी और आवश्यक सहयोग मिलना जरूरी है।

माताओं को नियमित मार्गदर्शन लेने की अपील : ममता मरकाम

सरपंच श्रीमती ममता मरकाम ने माताओं से मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से नियमित मार्गदर्शन लेने तथा स्तनपान को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ पंचायत की आधारशिला हैं।

9 माताओं को ‘माता यशोदा सम्मान’

समारोह में मातृत्व, ममता एवं शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति समर्पण के लिए 9 हितग्राही माताओं को ‘माता यशोदा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित माताओं को प्रमाण पत्र, श्रीफल, फूलमाला एवं सम्मान सामग्री भेंट कर उनके मातृत्व और ममता को नमन किया गया।

सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ‘माता शबरी सम्मान’

समाज सेवा, विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अन्य माताओं एवं महिलाओं को ‘माता शबरी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उनके सेवाभाव, सामाजिक योगदान और जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए प्रमाण पत्र, श्रीफल एवं फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस प्रकार ‘माता यशोदा सम्मान’ मातृत्व, वात्सल्य एवं शिशु के प्रति समर्पण को समर्पित रहा, जबकि ‘माता शबरी सम्मान’ समाज, स्वास्थ्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सेवाभाव और योगदान के सम्मान का प्रतीक बना।

सम्मानित महिलाओं में दुर्गा बाई, सुखवारी, सुकदई, गोहनदई, सावित्री बाई, रंगीना, हरनबाई, उमा बाई, सरकहा, रुमालिया, रमशिला, श्यामबाई, सावित्री, किशोरी बाई, जागृति, केशो बाई, कल्याणी जगत, धुराजा यादव, अनीता केंवट, पदमनी, जमकुमारी, शिवकुमारी, उमा, रामकुंवर एवं आशा सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।

मितानिनों के सेवाभाव का भी सम्मान

ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों को भी सम्मानित किया गया। उनके जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मातृ दुग्ध के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने, शिशु को जन्म से छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा स्तनपान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्रीमती रुक्मणी यादव, सुश्री वंदना गुप्ता, राजेश यादव, रवि रजक एवं श्रीमती ममता मरकाम सहित बड़ी संख्या में माताएं, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाएं, मितानिनें एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

‘मातृ दुग्ध दान, ममता सर्वोच्च सम्मान’ के संदेश के साथ आयोजित यह समारोह मातृत्व, महिला सम्मान तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायक प्रयास रहा।

Continue Reading

कोरबा

बांस शिल्प के लिए बिरहोर परिवारों को दिया जा रहा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

Published

on

परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल

कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।

समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।

प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

Continue Reading

कोरबा

पाली के राजा का भव्य आगमन कल

Published

on

शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी
कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।

गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Continue Reading

कोरबा

शराब पीने के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक से मारपीट एवं जान से मारने की धमकी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित

कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट

दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।

आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई
कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677