जांजगीर-चांपा। में लिफ्ट देने के बहाने युवक को रास्ते में रोककर चाकू दिखाकर लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से जबरन 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उसका मोबाइल भी छीन लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल चाकू और पेचकस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, कन्हाईबंद निवासी मुकेश पटेल ने नैला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह नैला की देसी शराब दुकान गया था। वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी।
पुलिस ने लूटा मोबाइल, चाकू और पेचकस बरामद किया
रास्ते में बाइक रुकवाकर दिखाया चाकू
कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवकों ने बाइक रुकवाई और मुकेश को चाकू दिखाकर रुपए मांगने लगे। मुकेश के पास नकद रकम नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया।
इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए जबरदस्ती 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। वारदात के बाद दोनों मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
तकनीकी जांच से दोनों आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत के बाद नैला चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर शरद कुमार सूर्यवंशी (23) और भानुप्रताप सूर्यवंशी (23) ने लूट और मारपीट की वारदात कबूल कर ली।
मोबाइल, चाकू और पेचकस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुकेश का 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और पेचकस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सूरजपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटे के मर्डर के आरोपी ने जेल में हाथ काटने की कोशिश की है। आरोपी प्रवेश कुमार के हाथ पर नुकीली चीज से कटने के निशान पाए गए, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई और वापस जेल भेज दिया गया है।
मामला जयनगर और विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। आरोपी ने टीचर रजनी बरेठ (40) से पैसे मांगे, नहीं देने पर उसका गला घोंट दिया। वहीं, मृतका के बेटे सूजल बरेठ (18) को सुनसान जगह ले जाकर पत्थर से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में परवेश कुमार उर्फ प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है।
वहीं, आरोपी की पत्नी ने अपने पति को फांसी देने की मांग की है। आरोपी की पत्नी और मृतका एक ही स्कूल में टीचर थीं। उसने बताया कि करीब 15 दिन पहले ही उसके पति ने बिना उसकी मर्जी के उसका एक करोड़ रुपए का बीमा कराया था। उसे शक है कि अगला टारगेट वह खुद थी।
आरोपी की पत्नी ने बताया कि पति ने पुलिस की पूछताछ में टीचर की हत्या इगो में करने की बात कही थी। रजनी ने शायद प्रवेश को ‘नामर्द’ कहा था। आरोपी की पत्नी ने कहा, हो सकता है कि दोनों के बीच अवैध संबंध रहे हों, हालांकि इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
बेटे की लाश सड़क किनारे सुनसान जगह में मिली थी।
महिला सरकारी स्कूल में टीचर थी, उसकी लाश बाथरूम में मिली थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी प्रवेश कुमार ने जेल में हाथ काटने की कोशिश की है।
पत्नी ने कहा-बीमा कराया था, अगला टारगेट मैं थी
दोहरे हत्याकांड के आरोपी प्रवेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी सरिता लकड़ा ने पति से सारे रिश्ते तोड़ने की बात कही और उसे जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की।
सरिता कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगी। उसने बताया कि हत्या की घटना से करीब 15 दिन पहले ही उनके पति प्रवेश ने बिना उनकी मर्जी के टाटा एआईए कंपनी में उनका एक करोड़ रुपए का बीमा कराया था। सरिता ने आशंका जताई कि उनके पति का अगला टारगेट वह खुद थी।
पत्नी बोली- जान का खतरा, पति ने झूठ बोला था
सरिता लकड़ा ने कहा कि अब उसे अपनी जान का डर सता रहा है। पति ने एक करोड़ रुपए का बीमा इसलिए कराया था, ताकि मेरी मौत के बाद बीमा की रकम लेकर वह आसानी से फरार हो सके।
सरिता ने बताया कि घटना वाली रात भी पति ने पेंड्रा जाने की बात कहकर उसे गुमराह किया था। उन्हें इस हत्याकांड की जानकारी बाद में पुलिस के जरिए मिली। सरिता ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग की है।
चार साल से लिव इन में थे
हत्याकांड का आरोपी प्रवेश कुमार मूल रूप से हरियाणा के करनाल जिले का रहने वाला है। वह ऑटो पार्ट्स सप्लाई का कारोबार करता था और विश्रामपुर में रह रहा था। कोरोना काल में उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। उसने कारोबार के लिए बैंक से 20 लाख रुपए का लोन भी लिया था।
आर्थिक तंगी के कारण उसे अपनी दुकान बंद करनी पड़ी। इसके बाद वह अलग-अलग दुकानों पर ऑटो पार्ट्स की सप्लाई करने लगा। सरिता लकड़ा के संपर्क में आने के बाद दोनों वर्ष 2022 से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। सरिता ने बताया कि इस वारदात के बाद उन्होंने अपनी मांग का सिंदूर मिटा दिया है।
नार्मद कहने पर हत्या, कहा- हो सकता है अवैध संबंध
सरिता ने बताया कि उनके पति प्रवेश कुमार ने पुलिस की पूछताछ में कहा था कि उसने इगो में आकर रजनी की हत्या कर दी। सरिता के मुताबिक, रजनी ने शायद प्रवेश को ‘नामर्द’ कहा था, जिसके कारण उसने हत्या की।
सरिता ने यह भी कहा कि हो सकता है कि प्रवेश और रजनी के बीच अवैध संबंध रहे हों, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
टीचर और बेटे की हुई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क के किनारे एक लड़के का शव मिला था। लड़के की हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया था।
मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी थी।
मां का शव बाथरूम में मिला
देर रात पुलिस सुजल के घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था। इसके बाद बिश्रामपुर पुलिस ने सुजल के रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेठ (40) का शव भी संदिग्ध हालत में मिला।
पति से तलाक के बाद बेटे के साथ रहती थी
रजनी बरेठ बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में टीचर थीं। पति से 5 साल पहले तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। घटना के बाद पुलिस ने कई संदेहियों से पूछताछ की।
मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन भी निकाली गई।
सहेली के पति पर गया शक
जांच के दौरान रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ एक महिला टीचर के पति परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36) की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस को CCTV में एक व्यक्ति टीचर के घर की ओर जाते दिखा था। जांच के बीच संदिग्ध फरार हो गया था। इसके बाद 22 अक्टूबर को पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया।
पैसे देने से मना करने पर मां की हत्या
पूछताछ में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेठ और सुजल बरेठ की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में टीचर थीं, जिसके कारण आरोपी का रजनी बरेठ के घर आना-जाना था।
आरोपी ने मोटर-पार्ट्स के व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपये का लोन लिया था और उसे पैसों की जरूरत थी। उसे पता था कि रजनी बरेठ ने भी 19 लाख रुपये का लोन लिया है।
9 अक्टूबर की दोपहर आरोपी पैदल रजनी बरेठ के घर पहुंचा। रजनी शाम को ड्यूटी से लौटीं, तो सुजल ट्यूशन के लिए घर से चला गया। प्रवेश ने रजनी से पैसे मांगे। उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया।
बाथरूम में गला दबाकर मार डाला
पैसों के लालच में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेठ से झूमाझटकी की। जब रजनी भागने लगीं, तो आरोपी ने उन्हें बाथरूम में खींचकर उनके सिर पर शैंपू की बोतल मारी और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
आरोपी प्रवेश कुमार
सबूत मिटाने बेटे को मार डाला
आरोपी ने बताया कि बेटे सुजल को पता था कि घर पर उसकी मां और आरोपी मौजूद थे, इसलिए उसने सुजल को भी मारने की प्लानिंग की। वह रजनी के घर जाने वाले रास्ते के तिराहे पर करीब 3 घंटे तक सुजल का इंतजार करता रहा। रात करीब 9 बजे सुजल आया, तो उसने कहा कि तेरी मम्मी मेरे घर पर हैं।
आरोपी सुजल को कार में बैठाकर घुमाते हुए अंबिकापुर लेकर आया और उसे मैगी खिलाई। रात को वे राईं जंगल में बाथरूम जाने के बहाने रुके, जहां आरोपी ने सुजल के गले में स्टॉक कसकर उसे मारने की कोशिश की।
सीमेंट के टुकड़े से सिर-सीने पर मारा
सुजल भागने लगा, तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में रखकर वह कालीघाट पहुंचा, जहां सड़क के किनारे उसने सुजल का शव फेंक दिया।
सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, ज्वेलरी एवं अन्य सामान बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल, गहने और अन्य सामान बरामद किया है। जांच में आरोपी की पत्नी की इस हत्याकांड में कोई भूमिका नहीं मिली है।
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में ग्रामीण ने शराब में सुहागा (बोरेक्स पाउडर) मिलाकर 2 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) शामिल है।
आरोपी राजा खरे ने जोहित खरे से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। ट्रेडिंग में नुकसान होने के कारण वह पैसे लौटाने के दबाव में था। पुलिस के मुताबिक, राजा ने पूछताछ में बताया कि उधारी की रकम वापस मांगने से वह मानसिक रूप से परेशान था।
इसी वजह से उसने जोहित की हत्या की योजना बनाई और उन्हें शराब में सुहागा मिलाकर पिला दिया। उस समय जोहित के साथ रामखिलावन जांगड़े भी थे, इसलिए उन्हें भी वही शराब पिलाई गई। दोनों की मौत हो गई। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी बोला- मैं खुद वो शराब पीना चाहता था।
सुहागा मिला शराब पीने के बाद दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है।
23 अक्टूबर की शाम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास चखना दुकान में शराब पीने के बाद क्लिनिक संचालक जोहित खरे और पार्षद रामखिलावन जांगड़े की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
PM रिपोर्ट में जहरीली शराब में मौत की पुष्टि
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि जोहित और रामखिलावन घटना वाले दिन शाम को घूमने निकले थे। शाम करीब 7:30 बजे जोहित की बेटी मनीषा को उनके पिता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली।
आरोपी ने बताया- पुड़िया से कुछ मिलाकर दिया था
अस्पताल में जोहित ने बताया कि पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे ने धोखे से शराब में कुछ मिलाकर उन्हें पिलाया था। पुलिस ने राजा खरे को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के 3 क्वार्टर मंगवाए थे।
दोनों ने एक क्वार्टर शराब पी। इसके बाद राजा ने हेलीपैड के पास जोहित और रामखिलावन को बुलाया और एक क्वार्टर में अपनी जेब में रखी पुड़िया से कुछ मिलाकर उन्हें दे दिया। पुलिस की गाड़ी आते देख मुकेश मौके से भाग गया। पुलिस इसकी तलाश कर रही है।
4 महीने पहले लिए थे 10 लाख उधार
मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब 4 महीने पहले जोहित से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। उसने रकम लौटाने के लिए दो चेक दिए, लेकिन दोनों बाउंस हो गए।
23 अक्टूबर को जोहित ने फोन कर पैसे मांगे तो राजा ने शाम को मिलने और रकम लौटाने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, उसी शाम राजा ने मुकेश कश्यप से शराब मंगवाई। इसके बाद उसने शराब में सुहागा मिला दिया। जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े के पहुंचने पर उसने उन्हें शराब पीने के लिए दी।
सिम्स में इलाज के दौरान बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े की मौत हो गई।
जिंदा रहते जोहित ने बताया था – जबरदस्ती शराब पिलाई
शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। जोहित ने अस्पताल में बेटी को बताया कि राजा ने जबरदस्ती शराब पिलाई थी और उसमें जहर मिलाया था। इलाज के दौरान जोहित की मौत हो गई, जबकि रामखिलावन की तबीयत भी बिगड़ गई।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजा ने उधारी के 10 लाख रुपए लौटाने के दबाव में जोहित की हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की गई है। पुलिस ने राजा खरे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
UTT 24वीं छत्तीसगढ़ राज्य एवं अंतर जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026: सीनियर महिला वर्ग में समाया पांडे पहली बार विजेता बनी तथा होप्स (UNDER-11) में शिवाय मेघानी एवं इशी मिश्रा विजेता बने
सीनियर पुरुष , जुनियर (UNDER-17) एवं कैडेट (UNDER-13) के मुकाबले अंतिम चरण में
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम एवं सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के सहयोग से दिनांक 22 से 25 अक्टूबर 2026 तकसप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, बुढ़ापारा, रायपुर में आयोजित “UTT 24वीं छत्तीसगढ़ राज्य एवं अंतर जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026” कल सीनियर महिला एकल वर्ग तथा यूथ UNDER-11 (होप्स) बालक एवं बालिका एकल वर्ग संपन्न हुयी । उक्त प्रतियोगिता के सम्बन्ध में आयोजन सचिव विनय बैसवाड़े ने जानकारी दी की प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, रायपुर अंचल (छ.ग. एवं उड़ीसा) के अंचल प्रमुख कृष्ण मोहन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनांदगांव जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंग बग्गा ने किया तथा विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के सचिव सार्थक शुक्ला थे। मंच पर अयोजन सचिव विनय बैसवाड़े, मुख्य निर्णायक विमल नायर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ के सचिव शकील साजिद ने किया।
प्रतियोगिता में समाया पांडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर महिला एकल में पहली बार विजेता बनी| प्रतियोगिता में कल खेले गये फायनल मैच के परिणाम निम्नानुसार है:-
प्रतियोगिता में आज सीनियर पुरुष एकल वर्ग, यूथ UNDER-17 (जुनियर) तथा यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालक एवं बालिका एकल वर्ग के अंतिम दौर के मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें फायनल के मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में अभी तक खेले गए मैचों के परिणाम निम्नानुसार है:-सीनियर पुरुष वर्ग:- सेमीफायनल – सागर घाटगे ने (रायपुर) ने अरिंदम देबनाथ (रायपुर) को 4 -3 तथा रामजी कुमार (रायपुर) ने विशाल डेकाटे (रायपुर) को 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
यूथ UNDER-17 (जुनियर) बालक वर्ग:-
सेमीफायनल – आर्यन सिंह (रायपुर) ने विहान अग्रवाल (रायपुर) को 3-0 तथा दीक्षांत कुमार जांगड़े (बिलासपुर) ने
श्रेष्ठ मिश्रा (रायपुर) को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यूथ UNDER-17 (यूथ) बालिका वर्ग:- सेमीफायनल – समाया पांडे (रायपुर) ने लावण्या पांडे (रायपुर) को 3-0 तथा वेदी कछवाहा (रायपुर) ने सौबाना रक्षिता (दुर्ग) को 3-0 से हराकर फायनल में प्रवेश किया ।
यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालक वर्ग:-
सेमीफायनल – विवान बैसवाड़े (रायपुर) ने अथर्व साहू (दुर्ग)को 3-2 तथा आदित्य सोनी (दुर्ग) ने शिवाय मेघानी (बिलासपुर) को 3-0 से हराकर फाइनल मे प्रवेश किया।
यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालिका वर्ग:- सेमीफायनल – इशी मिश्रा (रायपुर) ने अक्षिता बीनू (बिलासपुर) को 3-2 तथा सौबाना रक्षिता (दुर्ग) ने आरुषि मढ़रिया (दुर्ग) को 3-0 से हराकर फाइनल मे प्रवेश किया ।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतर्राष्ट्रीय अंपायर विमल नायर, सहायक मुख्य निर्णायक अजीत बेनर्जी, शिशिर गुप्ता एवं पी.एन. मजुमदार हैं।
उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रतियोगिता के आयोजन सचिव विनय बैसवाड़े ने दी।