Connect with us

छत्तीसगढ़

CM साय ने की अग्रसेन-जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा:अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ 2026 में हुए शामिल, कहा-अग्र समाज परिश्रमी-परोपकारी, सभी क्षेत्र में अग्रणी

Published

on

सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ 2026 में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। अग्र समाज की मांग पर मुख्यमंत्री ने भगवान अग्रसेन की जीवनी को माध्यमिक कक्षाओं के पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रस्ताव रखने की भी बात कही।

अग्रवाल समाज का प्रांतीय महाधिवेशन और दशम अलंकरण समारोह ‘अग्र महाकुंभ 2026’ अंबिकापुर में आयोजित किया गया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अग्रवाल समाज मेहनती और सेवा भावना वाला समाज है। समाज के लोग जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते हैं।

उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज की ओर से सार्वजनिक कन्या विवाह, सांझा चूल्हा और धर्मशाला निर्माण जैसे काम किए जाते हैं। इसके अलावा हेल्थ कैंप और आई कैंप भी लगाए जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी अग्रवाल समाज ने बढ़-चढ़कर लोगों की मदद की। समाज की ओर से आइसोलेशन सेंटर बनाने, दवाइयां उपलब्ध कराने, इलाज में मदद करने और जरूरतमंदों को भोजन कराने जैसे काम किए गए। इसके लिए उन्होंने अग्रवाल समाज की सराहना की।

अग्र महाकुंभ को संबोधित करते मुख्यमंत्री साय

अग्र महाकुंभ को संबोधित करते मुख्यमंत्री साय

विकास में महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज उद्योगों के जरिए छत्तीसगढ़ और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। समाज के लोग माइंस और अलग-अलग उद्योगों में काम कर लाखों लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान अग्रसेन के बताए रास्ते पर चलते हुए अग्रवाल समाज सेवा के कामों में भी आगे रहता है।

अग्रवाल समाज की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। इससे पहले इस दिन ऐच्छिक अवकाश का प्रावधान था। मुख्यमंत्री ने भगवान अग्रसेन की जीवनी को माध्यमिक स्तर की पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने के लिए प्रस्ताव रखने का भी आश्वासन दिया।

समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में हुई शामिल

समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में हुई शामिल

समाज के लिए सभी मिलकर लें संकल्प-राजेश

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज संकल्प ले कि समाज का कोई प्रतिभाशाली संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। जरूरतमंद परिवार को चिकित्सा और शिक्षा के लिए संघर्ष न करना पड़े। सक्षम परिवार जरूरतमंदों के साथ मजबूती से खड़े हों तो समाज आगे बढ़ेगा।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने आयोजन के लिए बधाई दी।

महाकुंभ में शामिल अग्रवाल समाज के पदाधिकारी व सदस्य

महाकुंभ में शामिल अग्रवाल समाज के पदाधिकारी व सदस्य

अग्र समाज मांगने वाला नहीं, देने वाला-कुलभूषण

अग्रवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने कहा कि अग्रवाल समाज मांगने वाला नहीं, यह देने वाला समाज है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आपको प्रदेश में सामाजिक कार्य करने में गरीबों की सेवा करने में जहां भी हमारे समाज की जरूरत हो, समाज आपके साथ खड़ा है।

कुलभूषण मित्तल ने कहा कि लीडरशिप में अग्रवाल समाज द्वितीय क्रम में रहते हैं, लेकिन प्रथम क्रम को चलाते हैं। देशभर में जितने आर्थिक सुधार हुए, उनमें एक न एक अग्रवाल छिपा है, जिसने उसे आगे बढ़ाया है।

पहले दिन उत्साह के साथ शुभारंभ

अग्र महाकुंभ 2026 का उद्घाटन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विस अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, संपत अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत सहित अन्य अतिथि शामिल हुए।

उद्घाटन कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सरगुजा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि सहित अग्रवाल सभा के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Continue Reading

कोरबा

रबी सीजन में टोकन और क्यूआर कोड से उर्वरक वितरण शुरू

Published

on

नई डिजिटल व्यवस्था से खाद की उपलब्धता और बिक्री पर रहेगी निगरानी

कोरबा 05 नवंबर 2026। रबी सीजन 2026-27 में रासायनिक उर्वरकों का पारदर्शी और सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिले में आज से ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (एफएफएस) सॉफ्टवेयर के माध्यम से टोकन आधारित व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत किसान मोबाइल ऐप से खाद की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं। दुकान पर टोकन का क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद उर्वरक दिया जाएगा।

नई व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना, वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है। एफएफएस सॉफ्टवेयर के जरिए विक्रेताओं के स्टॉक, उर्वरक की प्राप्ति, दैनिक बिक्री और शेष उपलब्धता का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एमओपी, एनपीके सहित अन्य उर्वरकों की बिक्री और स्टॉक की जानकारी के आधार पर अधिकारी मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित समीक्षा कर सकेंगे।
जिले के किसान आधार कार्ड या फार्मर आईडी की सहायता से ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान घर बैठे खाद की प्री-बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर टोकन का क्यूआर कोड स्कैन कराना जरूरी होगा। निर्धारित समय में स्कैन नहीं कराने पर बुकिंग स्वतः निरस्त हो जाएगी। किसान कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
आज मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-टोकन जारी किए गए। नई प्रक्रिया के तहत उर्वरक प्राप्त करने वाले किसानों ने व्यवस्था को सहज बताया। इसके सुचारू संचालन के लिए कृषि विभाग और सहकारी समितियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से एफएफएस ऐप के माध्यम से ही खाद की बुकिंग और खरीदी करने की अपील की है। ऐप पर टोकन बनाने में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या सहकारी समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।

Continue Reading

कोरबा

सेवा सेतु से बढ़ी शासकीय सेवाओं तक पहुंच, नागरिकों को मिल रही सुविधा

Published

on

आवेदन के तीन दिन में मिला आय प्रमाण पत्र, सेवा सेतु से आसान हुई राह

समय और धन दोनों बचे, तीन दिन में मिल गया प्रमाण पत्र” – सुश्री पायल नेटी

कोरबा  05 नवम्बर 2026। आवश्यक शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए पहले नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने, बार-बार आने-जाने और अपना समय व धन खर्च करने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल से शासकीय सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है। अब च्वाइस सेंटर के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बन रही है।
पाली तहसील अंतर्गत ग्राम नांनबांका निवासी सुश्री पायल नेटी, पुत्री भगवान सिंह नेटी, को भी इस सुविधा का लाभ मिला। उन्होंने 30 सितंबर को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक च्वाइस सेंटर के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन के महज तीन दिन बाद, 3 अक्टूबर को उनका आय प्रमाण पत्र जारी हो गया। कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें अनावश्यक भागदौड़ और कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
पायल नेटी अपने अनुभव साझा करते हुए बताती हैं, “पहले आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालयों में जाना पड़ता था। आने-जाने में समय लगता था और पैसे भी खर्च होते थे। अब च्वाइस सेंटर के माध्यम से आवेदन करने पर मुझे केवल तीन दिन में आय प्रमाण पत्र मिल गया। इसके लिए न तो अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ी और न ही बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े। इससे मेरे समय और धन दोनों की बचत हुई है।”
पायल के अनुसार, सेवा सेतु के माध्यम से जरूरी शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हुई है। च्वाइस सेंटर के जरिए आवेदन की सुविधा मिलने से लोगों को अपने आवश्यक कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे शासकीय सेवाओं तक आम नागरिकों की पहुंच बढ़ रही है और उनका समय भी बच रहा है।
सेवा सेतु की इस पहल की सराहना करते हुए पायल नेटी एवं उनके पिता भगवान नेटी ने बताया सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेना पहले की तुलना में काफी सरल हुआ है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने पर महज तीन दिनों में आय प्रमाण पत्र जारी होना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा, “सरकार की इस पहल से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है। कम समय में जरूरी प्रमाण पत्र मिल जाने से भागदौड़ कम हुई है और समय व धन की बचत भी हो रही है। मैं चाहती हूं कि ऐसी सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। जनसुविधा को प्राथमिकता देने वाली इस पहल के लिए उन्होंने  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।

Continue Reading

कोरबा

आयुष्मान योजना में अनियमितता पर हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित

Published

on

अस्पताल को नए मरीज भर्ती नहीं करने और योजना से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश

कोरबा 05 नवंबर 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों की नियमित निगरानी एवं जांच की जा रही है। इसी क्रम में 30 सितंबर 2026 को कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल ( HOSP22P147364) का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जांच दल ने अस्पताल में कई अनियमितताएं पाईं। इनमें मरीजों के परिजनों से नगद राशि लिए जाने संबंधी बयान, भर्ती अभिलेखों में गलत मोबाइल नंबर दर्ज होना, भर्ती फाइलों में दर्ज 68 मोबाइल नंबरों का गलत अथवा उपयोग में नहीं होना, नवजात शिशुओं के उपचार से संबंधित अनियमितताएं तथा पैथोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी से जुड़े अभिलेख उपलब्ध न होना शामिल है।
इन अनियमितताओं के संबंध में अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक एवं तथ्यों के अनुरूप नहीं पाया गया। मरीजों से संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में गंभीर वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताएं सामने आईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने बताया कि अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा जुलाई 2026 में जारी दिशा-निर्देशों की कंडिका 6.4.1 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अंतर्गत हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल, कटघोरा का आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित किया गया है। इस अवधि में अस्पताल को योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं करने तथा अस्पताल एवं परिसर से योजना से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677