Connect with us

देश

राम मंदिर में 70 नहीं, 105 बार चढ़ावा चोरी हुई:सुप्रीम कोर्ट में SIT बोली- सभी घटनाएं CCTV में रिकॉर्ड, 2 दिन में चार्जशीट दाखिल होगी

Published

on

अयोध्या, एजेंसी। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा हुआ है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि मंदिर के CCTV फुटेज में चढ़ावा चोरी की 70 नहीं, 105 घटनाएं कैद हुई हैं।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की स्टेटस रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट को जांच की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि

SIT की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। SIT ने CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों की जांच कर आरोपियों की पहचान की है। चढ़ावे और कीमती सामान की रसीदें सॉफ्टवेयर के जरिए तैयार होती हैं और सामान SBI के लॉकर में रखा जाता है। कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर ले लिया है।

इससे पहले 23 जून को पहली SIT ने अपनी प्राइमरी जांच रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 27 अप्रैल से 5 जून के बीच CCTV में लगभग 70 संदिग्ध घटनाएं कैद हुईं थीं।

फुटेज में पुलिस की गिरफ्त में आए 8 आरोपी नोटों की गड्डियां जेब और जूतों में छिपाते हुए दिखे थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दूसरी SIT बनाई गई है, जो जांच कर रही है।

25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल होगी

सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि SIT 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल कर देगी। सुप्रीम कोर्ट ने मजिस्ट्रेट को कानून के मुताबिक चार्जशीट पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

याचिकाकर्ताओं ने SIT रिपोर्ट की कॉपी मांगी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे देने से इनकार कर दिया। CJI की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि वह मामले को सेशन जज के अधिकार क्षेत्र से बाहर नहीं करना चाहती। जरूरत पड़ने पर कोर्ट आगे की जांच के संबंध में आदेश जारी कर सकता है।

22 सितंबर को 90 दिन पूरे, क्या जमानत पर बाहर आएंगे आरोपी?

वरिष्ठ अधिवक्ता शिवम पांडेय के मुताबिक, जिन मामलों में कानून के तहत 90 दिन में चार्जशीट दाखिल करना जरूरी होता है, वहां समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर आरोपी को वैधानिक यानी डिफॉल्ट बेल का अधिकार मिल सकता है। इस मामले में 90 दिन की अवधि पूरी हो रही है। इसलिए पुलिस के लिए चार्जशीट दाखिल करने की समय-सीमा अहम हो गई है।

जुलाई में जारी हुए थे नोटिस

चढ़ावा चोरी के मामले की जांच के लिए जुलाई में सुप्रीम कोर्ट में 4 याचिकाएं दाखिल की गई थीं। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, यूपी सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया था।

याचिकाकर्ताओं में RJD सांसद सुधाकर सिंह, वकील एनके गोस्वामी, अजय कुमार राय और हिंदू धर्म परिषद शामिल हैं। याचिका में राम मंदिर ट्रस्ट के पैसों का पूरा ऑडिट कराने की मांग भी की गई है।

25 जून को 8 लोगों पर दर्ज हुई थी FIR, सभी जेल में

रामजन्मभूमि थाने में 25 जून को 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। इनमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्र शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

आरोपियों पर मंदिर से चोरी, कर्मचारी के तौर पर संपत्ति की चोरी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी की संपत्ति को छिपाने या उसका इस्तेमाल करने में मदद, आपराधिक साजिश और साझा मंशा से अपराध करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की गई है। सभी फैजाबाद जेल में बंद हैं।

पुलिस ने आरोपियों की बताई अलग-अलग भूमिका

पुलिस के मुताबिक, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास बिना किसी औपचारिक आदेश के दानपात्रों की चाबियां थीं। अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र नकदी की गिनती से जुड़े थे। पुलिस का दावा है कि अनुकल्प के घर से करीब 20 लाख और लवकुश के घर से करीब 10 लाख रुपए बरामद हुए।

मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्र भी नकदी की गिनती से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार अविनाश शुक्ल के बैंक खाते से 5 लाख रुपए की रिकवरी हुई थी।

Continue Reading

खेल

एशियन गेम्स में भारत को अब तक 6 मेडल:4 सिल्वर, 2 ब्रॉन्ज; भारत ने पाकिस्तान को टेबल टेनिस में क्लीन स्वीप किया

Published

on

आइची-नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स के दूसरे दिन 4 मेडल जीते। इनमें से 3 मेडल शूटर्स ने दिलाए। जबकि, एक मिक्स्ड मार्शल आर्टस में आया।

सोमवार को मेंस 10 मीटर राइफल के इंडिविजुअल्स इवेंट में हिमांशु ढिल्लों (252.4 अंक) को सिल्वर और रुद्रांश पाटिल (230.9 अंक) को ब्रॉन्ज मिला। चीन के शेंग लिहाओ (254.2 अंक) ने गोल्ड जीता।

टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर जीता। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों वाली टीम 1890.1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। चीन (1899.9 अंक) पहले और कोरिया (1884.2 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।

इस बीच सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्टस के विवादित मुकाबले में ब्रॉन्ज हासिल किया। यह इस खेल में एशियाड का पहला मेडल भी है।

इंडिया को महिला हॉकी और कबड्‌डी में भी जीत मिली। लेकिन, टेबल टेनिस में भारत की दोनों टीमों ने पाकिस्तान को हराया। खास बात यह रही कि पाकिस्तानी खिलाड़ी एक भी गेम नहीं जीत सके।

भारतीय मेंस राइफल टीम के खिलाड़ी।

भारतीय मेंस राइफल टीम के खिलाड़ी।

भारत 12वें स्थान पर पहुंचा, चीन नंबर-1

भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। उसके खाते में अब 4 सिल्वर समेत 6 मेडल हैं। चीन 23 गोल्ड समेत 38 मेडल लेकर पहले स्थान पर है।

जापान 8 गोल्ड समेत 32 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 5 गोल्ड समेत 23 मेडल के सहारे तीसरे स्थान पर है।

अब तीनों शूटरों के बारे में जानें…

रुद्रांश पाटिल: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय शूटर

रुद्रांश बालासाहेब पाटिल का जन्म 16 दिसंबर 2003 को ठाणे, महाराष्ट्र में हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल के शूटर हैं। उन्होंने 2022 में काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में इंडिविजुअल और टीम इवेंट का गोल्ड जीता। इंडिविजुअल वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले वे अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने। 2022 में वे 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड नंबर-1 भी रहे।

पार्थ राकेश माने: जूनियर वर्ल्ड चैंपियन

पार्थ राकेश माने का जन्म 13 नवंबर 2007 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। उन्होंने 2024 में पेरू के लीमा में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया। इसी साल उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज भी जीता।

हिमांशु ढिल्लों: भारत के उभरते राइफल शूटर

हिमांशु ढिल्लों का जन्म 29 सितंबर 2005 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। 2025 में उन्होंने ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता। 2026 में एशियन चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड अपने नाम किए। म्यूनिख में 2026 के सीनियर वर्ल्ड कप में वे 9वें रहे और क्वालिफिकेशन में 635.7 अंक बनाए।

टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया। तीसरे मैच में पायस जैन ने मुहम्मद खान को सीधे गेम में 11-2, 11-5, 11-7 से हराया।

भारत ने ईरान से मिली हार के बाद जीत की राह पर वापसी की है। भारत टीम इवेंट के क्वार्टर फाइनल में लगभग पहुंच चुका है।

वुशु- आर्यन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

वुशु के पुरुष 56 किग्रा वर्ग में भारत के आर्यन ने अफगानिस्तान के शाहजादा सफी को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आर्यन का अगला मुकाबला कल होगा।

टेबल टेनिस- हरमीत देसाई जीते, भारत ने पाकिस्तान पर बढ़त बनाई

टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है। हरमीत ने खान को सीधे गेम में 11-4, 11-3, 11-5 से हराया।

मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया। अब दूसरे सिंगल्स में जी. साथियान का सामना अब्बास खान से होगा।

वुशु- भारत की रोशिबिना देवी क्वार्टर फाइनल में

भारत की रोशिबिना देवी ने वुशु की महिला 60 kg वेट कैटेगरी में बांग्लादेश की मोस्ट खातून को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

रोशिबिना का सेमीफाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। वे एशियन गेम्स में दो मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने जकार्ता में ब्रॉन्ज और हांगझोउ में सिल्वर मेडल जीता था

डबल मेडल के साथ हिमांशु

भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार दूसरी जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया। काकामिगाहारा में पूल-बी के मुकाबले में दीपिका सेहरावत, रुतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने 3-3 गोल किए। भारत की यह लगातार दूसरी जीत है।

तैराकी: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक में आखिरी स्थान पर रहे

श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में आखिरी स्थान पर रहे। उन्होंने 25.52 सेकंड का समय निकाला।चीन के जू जियायु ने 24.04 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता।

बैडमिंटन : भारतीय मेंस टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया

भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने ग्रुप स्टेज के मैच में बांग्लादेश को 3-0 से हराया दिया। तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने अल-अमीन जुमार को 21-15, 21-9 से हराया। दूसरा गेम सिर्फ 9 मिनट चला।

इससे पहले आयुष शेट्‌टी और लक्ष्य सेन ने अपने-अपने मैच जीते। इस जीत के साथ टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। जहां भारत का सामना जापान से होगा।

कबड्डी: भारत ने जापान को 49-24 से हराया

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने पहले ग्रुप मैच में मेजबान जापान को 49-24 से हराया। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में भारत ने हाफ टाइम तक 31-9 की बढ़त बना ली थी।

टीम ने दूसरे हाफ में 18 अंक और जोड़े। टीम ग्रुप ए में जापान, दक्षिण कोरिया, चाइनीज ताइपेई और बांग्लादेश के साथ है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को दक्षिण कोरिया से होगा।

मुकाबले से पहले भारतीय कबड्‌डी टीम।

मुकाबले से पहले भारतीय कबड्‌डी टीम।

सॉफ्ट टेनिस: जय-आध्या की जोड़ी क्वार्टर फाइनल से चूकी

जय मीणा और आध्या तिवारी सॉफ्ट टेनिस के मिक्स्ड डबल्स इवेंट के पहले राउंड में हार गई है। भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी। उसे फिलीपींस के शेरविन नुगुइट और क्रिस्टी सैनोसा ने 5-2 से हराया। इस मैच का सेट स्कोर 4-2, 2-4, 2-4, 3-5, 2-4, 5-3, 6-8 रहा।

मैच में पॉइंट सेलिब्रेट करते जय-आध्या।

मैच में पॉइंट सेलिब्रेट करते जय-आध्या।

सुचिका की हार के बाद विवाद

सुचिका की हार पर विवाद खड़ा हो गया है। सुचिका के कोच निखिल कुंदर ने बताया कि तय समय तक मैच बराबर था।’

कुंदर ने कहा- ‘एक जज ने भारत के पक्ष में फैसला दिया, जबकि 2 ने एक्स्ट्रा राउंड में सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता माना। निखिल ने कहा, ‘हमने फैसले को चुनौती दी है। उम्मीद है कि इससे अंतिम नतीजा बदलेगा।’

यह है नियम?

मैच ड्रा होने पर कम वजन वाले खिलाड़ी को विजेता माना जाता है। सिंगापुर की खिलाड़ी का वजन सुबह के वेट इन में सुचिका से 700 ग्राम कम था, इसलिए उन्हें विजेता घोषित कर फाइनल में भेज दिया गया।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स : सुचिका ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

सुचिका तारियाल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा कैटेगरी का सेमीफाइनल मैच हार गईं। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

सुचिका को सिंगापुर की हुई हून टियो ने 2-0 से हराया। नतीजे के बाद सुचिका भावुक हो गईं। उन्होंने अंपायर्स के फैसले को चैलेंज किया।

मेडल के साथ सुचिका तरियाल।

मेडल के साथ सुचिका तरियाल।

बॉक्सिंग: सुमित राउंड ऑफ-16 में पहुंचे

सुमित ने बॉक्सिंग के मेंस 70 kg में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को हराया। वे राउंड ऑफ-16 में पहुंच गए हैं। सुमित ने तीसरे राउंड में संभलकर खेलते हुए 5-0 से जीत दर्ज की। वह पूरे मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा प्रभावी रहे।

रेफरी ने सुमित को सर्वसम्मत से विजेता घोषित किया।

रेफरी ने सुमित को सर्वसम्मत से विजेता घोषित किया।

टेबल टेनिस- भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने ग्रुप-एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर टॉप किया।

सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद 17 साल की सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।

श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारत की जीत पक्की की। श्रीजा ने केवल 11 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले ग्रुप में इंडोनेशिया और सिंगापुर को हराया था।

मैच खत्म होने के बाद सुतीर्था और अलीना ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।

मैच खत्म होने के बाद सुतीर्था और अलीना ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।

Continue Reading

देश

केरलम में लैंडस्लाइड-बाढ़ से 5 मौतें:यूपी में 3 बच्चों की जान गई, ललितपुर में पुल पर पानी, गुजरात के भावनगर-राजकोट में सड़कें डूबीं

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। केरलम में सोमवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में यलो अलर्ट जारी किया है।

इससे पहले रविवार को भारी बारिश ने इडुक्की, मलप्पुरम सहित कई जिलों में तबाही मचाई। लैंडस्लाइड, मडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग लापता हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश में बारिश का असर अभी भी कई इलाकों में है। उन्नाव की बस्तियों में नाव चल रही है। बाराबंकी में रविवार को बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

गुजरात के भावनगर और राजकोट में रविवार को करीब आधे घंटे तेज बारिश में ही सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। भावनगर के महुवा में साढ़े 4 इंच और राजकोट के गोंडल में साढ़े 3 इंच बारिश हुई।

जूनागढ़ के गिरनार जंगल में अचानक बाढ़ आ गई। यहां आत्मेश्वर महादेव मंदिर के रास्ते में बच्चे-बूढ़े सहित 40 से ज्यादा श्रद्धालु फंस गए। वन विभाग और फायर ब्रिगेड ने सभी को बचाया।

दूसरी ओर, राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ बारिश कमजोर पड़ने लगी है। गर्मी बढ़ने से जैसलमेर में रविवार को तापमान 40.3°C पहुंच गया।

सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

गुजरात के भावनगर में भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया।

गुजरात के भावनगर में भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया।

केरल के वट्टावडा कोट्टाकांबूर में लैंडस्लाइड से दो भाई-बहनों की मौत हो गई।

केरल के वट्टावडा कोट्टाकांबूर में लैंडस्लाइड से दो भाई-बहनों की मौत हो गई।

ओडिशा पुरी में रविवार को तेज बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग जगन्नाथ मंदिर पहुंचे।

ओडिशा पुरी में रविवार को तेज बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग जगन्नाथ मंदिर पहुंचे।

तमिलनाडु के धर्मपुरी में भारी बारिश के बाद मुथमपट्टी में कराडु के पास पटरियों पर गिरी चट्टान गिरी, जो नागरकोइल-बेंगलुरु एक्सप्रेस से टकराई।

तमिलनाडु के धर्मपुरी में भारी बारिश के बाद मुथमपट्टी में कराडु के पास पटरियों पर गिरी चट्टान गिरी, जो नागरकोइल-बेंगलुरु एक्सप्रेस से टकराई।

रविवार को अहमदाबाद में तेज बारिश के बीच लोग गणेश विसर्जन के लिए जाते दिखे।

रविवार को अहमदाबाद में तेज बारिश के बीच लोग गणेश विसर्जन के लिए जाते दिखे।

Continue Reading

देश

टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन का कार्यकाल बढ़ाने को गैरकानूनी बताया:कहा– बहुमत नहीं, डायरेक्टर्स की मंजूरी जरूरी, टाटा संस चेयरमैन का कार्यकाल 3 दिन पहले बढ़ा था

Published

on

मुंबई, एजेंसी। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का कार्यकाल 5 साल बढ़ाने को टाटा ट्रस्ट ने गलत बताया है।

टाटा ट्रस्ट का कहना है कि सिर्फ बोर्ड में बहुमत से वोट मिलने से चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति नहीं हो सकती। कंपनी के नियमों में उनके द्वारा नामित डायरेक्टर्स की सहमति जरूरी है।

ट्रस्ट्स ने कहा- उनके नॉमिनी डायरेक्टर नोएल टाटा के विरोध के बाद भी यह प्रस्ताव पास होना अवैध है।

बता दें कि टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस में 66% हिस्सेदारी है, इसलिए ट्रस्ट की आपत्ति का कंपनी के कंट्रोल और लीडरशिप पर असर पड़ सकता है।

टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का कार्यकाल 17 सितंबर को 5 साल बढ़ाकर 2032 तक कर दिया गया था। वे फरवरी 2027 में रिटायर होने वाले थे। चंद्रशेखरन ने पिछले महीने 12 अगस्त 2026 को इस्तीफा दे दिया था।

तब नोएल टाटा से मतभेद और ट्रस्ट में खींचतान की वजह बनी थी। एन चंद्रशेखरन का कार्यकाल बढ़ाने के फैसले को अभी सालाना आम बैठक में मंजूरी मिलना बाकी है।

2 नॉमिनी डायरेक्टर्स में बहुमत के लिए 2 वोटों की जरूरत, 1 की नहीं

टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन यानी कंपनी के कानून के मुताबिक, किसी भी बड़े फैसले या प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नोमिनेटेड डायरेक्टर्स के बहुमत का समर्थन अनिवार्य है।

17 सितंबर की मीटिंग में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन के री-अपॉइंटमेंट के खिलाफ वोट दिया था, जबकि ट्रस्ट्स के दूसरे नॉमिनी डायरेक्टर वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था। पूरे बोर्ड में प्रस्ताव के पक्ष में 4 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा था।

हालांकि, ट्रस्ट्स का कहना है कि जब बोर्ड में उनके 2 प्रतिनिधि हैं, तो बहुमत का मतलब दो वोट होता है, न कि एक। ऐसे में यह शर्त पूरी नहीं हुई और प्रस्ताव खारिज माना जाएगा।

टाटा ट्रस्ट्स ने कहा- स्पेशल वोट से प्रस्ताव पास नहीं किया जा सकता

टाटा ट्रस्ट्स ने साफ किया कि जब कोई प्रस्ताव नियम के तहत पहले ही खारिज हो चुका हो, तो चेयरमैन अपने स्पेशल वोट का इस्तेमाल करके उसे दोबारा मंजूर नहीं करा सकते।

ट्रस्ट्स का कहना है कि दोनों प्रतिनिधियों के अलग-अलग वोट देने से कोई भ्रम या अड़चन पैदा नहीं हुई थी। नियम (AoA) के मुताबिक, जवाब पहले से ही ‘ना’ था।

चेयरमैन का स्पेशल वोट सिर्फ तब काम आता है, जब पक्ष और विपक्ष में बराबर-बराबर वोट पड़े हों, खारिज हो चुके फैसले को बदलने के लिए नहीं।

साइरस मिस्त्री केस का हवाला देकर कहा- सुप्रीम कोर्ट में कही बात से पीछे नहीं हट सकते

टाटा ट्रस्ट्स ने याद दिलाया कि साइरस मिस्त्री को हटाने के समय टाटा संस ने खुद अदालत में ट्रस्ट्स के विशेष वोटिंग अधिकारों का समर्थन किया था।

ट्रस्ट्स का कहना है कि तब टाटा संस ने सुप्रीम कोर्ट में माना था कि ये नियम बड़े शेयरहोल्डर्स यानी ट्रस्ट्स के हक की रक्षा के लिए जरूरी हैं।

अब टाटा संस अपने ही उस पुराने रुख से पीछे नहीं हट सकती, जिसके बचाव के लिए वह देश की सबसे बड़ी अदालत तक गई थी।

12 अगस्त को कहा- अगला कार्यकाल नहीं लेंगे, 17 सितंबर को टाटा संस ने बढ़ाया

चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी 2027 तक है। उन्होंने 12 अगस्त को कहा था कि वे अगला कार्यकाल नहीं लेंगे।

इसके बाद नॉमिनेशन कमेटी ने 3 सितंबर को उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया। 17 सितंबर को चंद्रशेखरन तैयार हो गए।

ग्रुप में पहली बार रिटायरमेंट उम्र के बाद भी कार्यकाल बढ़ा

टाटा ग्रुप में पहली बार किसी ग्रुप एग्जीक्यूटिव को 65 साल की तय रिटायरमेंट उम्र के बाद भी पद बनाए रखने पर सहमति बनी। टाटा ग्रुप की पॉलिसी के मुताबिक एग्जीक्यूटिव आमतौर पर 65 साल की उम्र में रिटायर होते हैं। हालांकि, नॉन-एग्जीक्यूटिव पद पर वे 70 साल तक रह सकते हैं।

चंद्रशेखरन अभी 63 साल के हैं। अगर वे चेयरमैन बने रहेंगे तो उनका नया कार्यकाल 2032 में खत्म होगा, तब वे 70 साल के होंगे। चंद्रशेखरन अक्टूबर 2016 में पहली बार टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए थे।

टाटा में चंद्रशेखरन अहम क्यों?

  • समूह का रेवेन्यू तिगुना: 2019 में 6 लाख करोड़ था। 2026 में 16.24 लाख करोड़ हो गया।
  • टाटा संस की संपत्ति चौगुनी: 2018 में 43,252 करोड़ थी। 2026 में 1,79,010 करोड़ हो गई है।
  • लिस्टेड कंपनियों का पूंजीकरण तिगुना: 2020 में 9.2 लाख करोड़ था। 2026 में 24 लाख करोड़ रहा।

टाटा ग्रुप, टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स में फर्क जानिए

  • टाटा ग्रुपः टाटा नाम से चलने वाली अलग-अलग कंपनियों और कारोबारों को मिलाकर टाटा ग्रुप बनता है। जैसे- टीसीएस, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा पावर और एअर इंडिया।
  • टाटा संसः टाटा संस, टाटा ग्रुप की मुख्य कंपनी है। यह ग्रुप की बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है और बड़े फैसलों में अहम भूमिका निभाती है।
  • टाटा ट्रस्ट्सः टाटा ट्रस्ट्स सामाजिक और परोपकारी काम करने वाले ट्रस्टों का समूह है। इसके पास टाटा संस की करीब 66% हिस्सेदारी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677